Good Morning India: 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर आज होगा मतदान! ओडिशा के हॉस्पिटल में लगी भयानक आग, ICU में भर्ती 10 मरीजों की मौत! यूपी में पकड़ी गई पाकिस्तानी जासूस इरम! मौत की अफवाहों पर भड़के नेतन्याहू, बोले- अभी हम जिंदा हैं! उत्तराखण्ड में बदला रहेगा मौसम का मिजाज
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, दिल्ली शराब नीति केस में के कविता को CBI नोटिस, आज कोर्ट में सुनवाई। वहीं राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान, नतीजे भी आज ही घोषित होंगे। इधर इंडिगो आज से 28 मार्च तक मिडिल ईस्ट के लिए 252 उड़ानें संचालित करेगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर वे मरीज शामिल हैं, जो ट्रॉमा केयर ICU में भर्ती थे। घटना सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जब ट्रॉमा केयर के इमरजेंसी विभाग की पहले मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल के फायर सेफ्टी सिस्टम को सक्रिय किया गया और अस्पताल के फायर विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। आग पर काबू पाने के लिए तुरंत तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों के परिजन घबराकर इधर-उधर भागने लगे। स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। गंभीर हालत वाले मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन ICU में स्थानांतरित किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इधर सोमवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई देगा। नॉर्थ इंडिया में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है, वहीं पश्चिम और दक्षिण में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर और पहाड़ी राज्यों में मौसम सुहावना रह सकता है। वहीं मुंबई और दक्षिण के राज्यों में गर्मी का असर दिखाई देगा। सोमवार को दिल्ली एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं, वहीं कुछ इलाकों में अच्छी बारिश भी हो सकती है। सुबह और शाम की ठंड रहेगी।
उधर मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सालों से कुटुंब न्यायालय में चल रहे पति–पत्नी के विवाद का आखिरकार खात्मा हो गया। दोनों के राज़ी होने का कारण उनकी मासूम बेटी रही। दंपत्ति ने समझदारी दिखाते हुए देरी से ही, लेकिन समझौता कर लिया। नेशनल लोक अदालत का आयोजन शनिवार को न्यायालय परिसर में हुआ। यहां पर कुटुंब न्यायालय में करीब 20 मामलों में दंपतियों के बीच समझौते हुए। जो दंपती न्यायालय में शामिल नहीं हो पाए, उनके समझौते मोबाइल के जरिए ऑनलाइन कराए। जिन्होंने न्यायालय में उपस्थित होकर समझौता किया, न्यायाधीश ने उन्हें अपने हाथों से एक फल का पौधा, तुलसी का पौधा भेंट किया। जानकारी के मुताबिक पति धर्मेंद्र (परिवर्तित नाम) दिल्ली में जॉब करता है, जबकि पत्नी ज्योति (परिवर्तित नाम) खंडवा में रहती है। शादी के बाद पत्नी दिल्ली नहीं जाना चाहती थी, जबकि पति उसे व दिव्यांग बेटी को लेकर दिल्ली में रहना चाहता था। शनिवार को कुटुंब न्यायाधीश योगराज उपाध्याय ने दोनों को ऑनलाइन समझाइश दी और बेटी की परवरिश के लिए एक साथ रहने के लिए समझौता करवाया।
उधर देश में आज 16 मार्च को राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव होगा। ये चुनाव 10 राज्यों में आयोजित होगा, क्योंकि इन सीटों पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल अगामी अप्रैल महीने में खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राज्य सभा इलेक्शन के लिए 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और फिर उसी शाम को 5 बजे से वोटों की काउंटिंग शुरू हो जाएगी। इन चुनावों के माध्यम से महाराष्ट्र, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, हरियाणा, असम, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सीटों पर नए राज्यसभा सांसद चुने जाएंगे। अगर सीटों की बात करें तो महाराष्ट्र की सबसे ज्यादा 7, तमिलनाडु की 6 और पश्चिम बंगाल में 5 सीटें हैं। बिहार में भी 5 सीटों के लिए राज्यसभा सांसद का चुनाव होना है। वहीं ओडिशा में 4, असम में 3 और तेलंगाना, छत्तीसगढ़ व हरियाणा में 2-2 सीटों पर वोटिंग होगी। साथ ही, हिमाचल प्रदेश की 1 सीट के लिए चुनाव कराया जाएगा।
इधर ईरान पर इजरायल और अमेरिका का हमला जारी है। वहीं ईरान भी रह-रहकर इजरायल और खाड़ी देशों में अमेरिका ठिकानों को निशाना बना रहा है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी थीं। लेकिन अब अपनी मौत की अफवाहों पर चुटकी लेते हुए रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया जिसमें वह सड़क किनारे बाजार में कॉफी का ऑर्डर देते नजर आ रहे हैं। रविवार को नेतन्याहू ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्हें कॉफी लेने के दौरान कहते सुना जा सकता है, "बहुत बढ़िया (कॉफी देने वाले विक्रेता से), धन्यवाद।" वीडियोग्राफर से पूछते हुए वह कहते हैं, "तुमने मुझसे क्या पूछना चाहते हो?" जब उन्हें बताया गया कि कुछ चैनल यह खबर फैला रहे हैं कि उनकी मौत हो चुकी है तो नेतन्याहू हंसते हुए उत्तर देते हैं, "मैं तो कॉफी के लिए ही मर रहा हूं।"
उधर पाकिस्तान से जुड़े कथित जासूसी नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए गाजियाबाद पुलिस ने एक महिला को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार, संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय की रहने वाली इरम उर्फ शाने मेहराज पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप है। आरोपी महिला को गाजियाबाद पुलिस की टीम ने दीपा सराय से हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इरम के मोबाइल फोन से कई अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसके फोन में दिल्ली-एनसीआर के डिफेंस से जुड़े संवेदनशील इलाकों की लोकेशन, फोटो और वीडियो मौजूद थे। इसके अलावा कुछ विदेशी मोबाइल नंबरों पर की गई चैटिंग के भी प्रमाण मिले हैं, जिन्हें खुफिया ऐजेंसियां गंभीरता से जांच रही हैं।
इधर अंबाला के बराड़ा में तीन शातिरों से बरामद एक किलो 975 ग्राम आरडीएक्स के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपितों ने तमाम खुलासे किए हैं, वहीं पुलिस ने चौथे आरोपित को पंजाब से दबोच लिया है। आरोपितों में कंबासी के जंगवीर, मेरठ के गुदली बाजार का अनस राइन व राजस्थान के अजमेर का रहने वाला अली अकबर शामिल है। बताया जा रहा कि देश के कई राज्यों में भीड़भाड़ वाले स्थान टारगेट पर थे, लेकिन ऐन वक्त पर टारगेट बदल दिए गए। क्योंकि ब्लास्ट के लिए आरडीएक्स समय पर नहीं मिला। तमाम जगहों की वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी गई ताकि टारगेट को सेट किया जा सके।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है, रविवार को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं देहरादून, हरिद्वार समेत प्रदेशभर में कई जगह बारिश हुई, जिससे एक बार फिर ठंड लौट आई है। रविवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। सुबह बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं केदारनाथ धाम में भी अच्छी बर्फबारी हुई। कड़ाके की ठंड और विषम परिस्थितियों के बावजूद यहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान मुस्तैदी से डटे हुए हैं। इस बीच देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश होने की भी संभावना है और ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।
इधर अल्मोड़ा जिले के भतरौजखान थाना क्षेत्र के डढरिया में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रामनगर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में प्राथमिक उपचार के बाद रामनगर रेफर कर दिया गया है, जबकि तीसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
उधर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में हुए बजट सत्र के बाद आज देहरादून में कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गैरसैंण बजट सत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हुआ है। राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही बजट पेश करना स्थापित संसदीय परंपराओं के विरुद्ध है। उन्होंने बजट चर्चा के दौरान सदन में मंत्रियों और भाजपा विधायकों की बेहद कम मौजूदगी को जनता के प्रति जिम्मेदारी का अभाव बताया। उन्होंने विकासनगर, मसूरी और यमुना कॉलोनी में सरकारी एवं सिंचाई विभाग की कीमती जमीनों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी का गंभीर आरोप लगाया। विपक्ष ने स्पष्ट किया कि 1.11 लाख करोड़ के बजट के साथ ही राज्य पर कर्ज का भार भी बढ़कर लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। उन्होंने सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में चर्चा से बचने और केवल अपना एजेंडा चलाने का आरोप जड़ा।