Good Morning India: यूपी के आगरा में 'दृश्यम' जैसी खौफनाक वारदात, पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाई लाश, 45 दिन बाद खुला राज! Instagram पर आपत्तिजनक ऐड, सरकार ने Meta को जारी किया नोटिस! यहां दवा बताकर इंडिया पोस्ट के जरिए हो रही थी गांजे की होम डिलीवरी! राम मंदिर के बाद बदरीनाथ धाम में हेरफेर के आरोप, जांच के आदेश! लिंक में पढ़ें खास खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वह राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। इधर ईरान में अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम आज से शुरू होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी के आगरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सिकंदरा थाना क्षेत्र निवासी महिला रूबी ने अपने पति की हत्या कर अपने ही घर के बाथरूम में दफना दिया। इस घटना को छुपाने के लिए उसने उस पर टाइल्स भी लगवा दी और फिर 45 दिन तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस वेरिफिकेशन करने पहुंची, तो रूबी घबरा गई। पुलिस ने जब पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना का खुलासा होने के बाद बड़ी संख्या में इलाके के लोग मौके पर पहुंच गए। सनसनीखेज वारदात से कॉलोनी के लोग हैरत में हैं। मामला थाना सिकंदरा के प्राक्षी टावर चौकी क्षेत्र का है। मूलरूप से भरतपुर के रंजीत नगर के रहने वाले 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा सिकंदरा में दहतोरा के रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। घर में उनकी पत्नी रूबी, मां कमला और 2 बेटियां भी साथ रहती थीं। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। वारदात वाले दिन रूबी ने बड़ी ही सोची-समझी साजिश के तहत दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया था। इसके बाद उसने रात के खाने में सुरेंद्र के लिए विशेष रूप से खीर बनाई और उसमें भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं। खीर खाने के बाद जब सुरेंद्र बेहोश हो गया तो रूबी ने उसकी हत्या कर दी। अगली सुबह उसने सबूत छिपाने के उद्देश्य से पति के शव को घर के अंदर बने बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रूबी सामान्य रूप से रहने लगी। वह घरवालों और आसपास के लोगों से भी लगातार पति के लापता होने की बात कहती रही। इस बारे में 26 मई को रूबी ने ही गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले में सत्यापन और पूछताछ के लिए जब घर पहुंची, तो रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। वहीं, सुरेंद्र के भाई ने भी पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन जांच कराई। इस दौरान पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ। इसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
इधर देश भर में मानसून का असर तेज होता जा रहा है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 जुलाई को गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों और राजस्थान-हरियाणा के कुछ इलाकों में और बढ़त दर्ज कर ली है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य और पश्चिम भारत समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर भारत में करवट बदल रहा है। ऐसे में मौसम विभाग 18 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के अनुसार, 4 से 6 जुलाई के दौरान कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात में और 4 जुलाई यानी आज पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, केरल, नागालैंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र में अलर्ट जारी किया है।
उधर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले में स्थित जिवानी के पनवान इलाके में मौजूद पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर शुक्रवार शाम बड़ा हमला हुआ। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी यानी कि BLA ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के 30 से ज्यादा जवान मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, BLA ने बताया कि यह 'फिदायी' या आत्मघाती हमला उसके विशेष दस्ते मजीद ब्रिगेड ने किया। संगठन के मुताबिक, हमलावर अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे विस्फोटकों से भरे एक माजदा ट्रक को सीधे कोस्ट गार्ड के किलेनुमा कैंप में घुसा दिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने अपने बयान में कहा, 'इस शक्तिशाली विस्फोट के कारण कोस्ट गार्ड का किले जैसा बना कैंप पूरी तरह मलबे में बदल गया।' संगठन के मीडिया विंग हक्काल ने 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप के अंदर प्रवेश करता दिखाई देता है और थोड़ी ही देर बाद जबरदस्त विस्फोट होता है। इसके बाद जारी किए गए अन्य वीडियो में कैंप का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह नजर आने का दावा किया गया है। BLA के मुताबिक, ट्रक में हुए विस्फोट के तुरंत बाद उसके विशेष लड़ाकू दस्ते फतेह स्क्वाड ने चारों ओर से कैंप पर समन्वित हमला कर दिया।
इधर MeitY ने सोशल मीडिया कंपनी Meta को एक बार फिर से नोटिस जारी किया है। यह पिछले 3 दिन में दूसरी बार है जब मार्क जुकरबर्ग की कंपनी को भारत सरकार की तरफ से नोटिस दिया गया है। पहले वॉट्सऐप यूजरनेम को लेकर मेटा से स्पष्टीकरण मांगा गया था। अब इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए कुछ आपत्तिजनक ऐड को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को सरकार ने तलब किया है। सरकारी सूत्रों की मानें तो मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टग्राम पर कुछ ऐसे ऐड शेयर किए गए हैं, जिनमें बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट (CSAM) हैं। इसे लेकर मेटा के अधिकारियों को सरकार ने तलब किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा ने इन आपत्तिजनक विज्ञापनों को इंस्टाग्राम को हटा लिया है। कंपनी का कहना है कि मेटा हमेशा से बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक सामाग्रियों को एक सीरियस उल्लंघन के तौर पर देखता है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेटेड डिटेक्शन सिस्टम के साथ-साथ डेडिकेटेड रिव्यू टीम भी है। यही नहीं, कंपनी NSMEC यानी नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉयटेड चिल्ड्रेन के साथ साझेदारी भी की है।
उधर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का बड़ा बयान सामने आया है। खुद आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस पूरे विवाद पर आधिकारिक तौर पर पक्ष रखा। होसबाले ने कहा कि राम मंदिर में चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे रामभक्तों की भावना को आघात पहुंचा है। SIT जांच का हम स्वागत करते हैं। इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन और सरकार से व्यवस्था की सभी कमियों को तुरंत दूर करने की मांग भी की है। दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, ''श्री राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष, करोड़ों राम भक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यही वजह है कि यह मंदिर पूरे हिंदू समाज की आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अयोध्या स्थित श्री रामलला मंदिर के दान पात्रों में जमा धनराशि की चोरी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।'' आरएसएस ने कहा कि इस घटना से पूरे समाज और राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसलिए इस मामले को सामान्य अपराध की तरह नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े गंभीर विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।
इधर तेलंगाना के हैदराबाद में पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कथित तौर पर 21 राज्यों में ग्राहकों तक गांजा पहुंचाने के लिए इंडिया पोस्ट के स्पीड पोस्ट नेटवर्क और प्राइवेट कूरियर सर्विस का इस्तेमाल करता था। इस मामले से एक ऐसा डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल सामने आया है जिसमें खरीदारों के घर तक पोस्टल पार्सल के जरिए ड्रग्स पहुंचाई जाती थी। इस मामले की जांच हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग (H-NEW) ने की। जांच तब शुरू हुई तब अधिकारियों ने झारखंड के इसरी बाजार पोस्ट ऑफिस से हैदराबाद के एक ग्राहक के नाम बुक किया गया गांजे का पार्सल पकड़ा। बाद में जांच में फुसरो बाजार पोस्ट ऑफिस से भेजे गए एक और कंसाइनमेंट का पता चला, जिससे जांचकर्ताओं को देशव्यापी नारकोटिक्स नेटवर्क का खुलासा करने में मदद मिली। आरोप है कि यह सिंडिकेट रोजाना 80-100 ग्राहकों के ऑर्डर पूरे करता था और 8-10 स्पीड पोस्ट पार्सल भेजता था। हर पार्सल में 50-250 ग्राम गांजा होता था, जिसकी कीमत 1 हजार 500 से 8 हजार रुपये के बीच होती थी। पुलिस का अनुमान है कि इस धंधे से रोजाना लगभग 1 लाख रुपये की कमाई होती थी, जिससे महीने का टर्नओवर 30-35 लाख रुपये और सालाना कमाई 4-5 करोड़ रुपये तक पहुंचती थी।
उधर अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआइटी) ने दूसरे दिन भी लगभग आठ घंटे पड़ताल की। ट्रस्ट के लिए भूमि खरीद को लेकर विभिन्न बैंकों से हुए लेन-देन का सत्यापन किया। गणना में शामिल रहने वाले बैंक कर्मिंयों को बुलाकर पूछताछ की। गणना और पिछले कुछ वर्षों के आंतरिक अंकेक्षण से जुड़े रिकार्डों को देखा और कुछ कागजात कब्जे में भी लिए। मंदिर से जुड़े तीनों जिम्मेदार लोग चंपतराय, अनिल मिश्र तथा गोपाल राव की संपत्तियों का विवरण भी देखा। शाम सात बजे टीम लखनऊ रवाना हो गई। वहीं, पुलिस टीम ने विवेचक क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी के निर्देशन में आरोपित अविनाश शुक्ल को कस्टडी रिमांड पर लेकर दिनभर उसके कमरे और बताए गए स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रीजा कार सहित कुछ संपत्तियों का पता चला है, कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
इधर लगभग चार महीने के इंतजार के बाद ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के अंतिम संस्कार की रस्में शुक्रवार से शुरू हो गईं। ईरानी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक नौ जुलाई तक चलने वाले इन समारोहों को केवल राजकीय शोक तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि इन्हें ईरान अपनी धार्मिक, राजनीतिक और जनसमर्थन की ताकत के प्रदर्शन के रूप में भी पेश कर रहा है। सरकार और धार्मिक नेतृत्व लोगों से बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर खामेनेई को श्रद्धांजलि देने की अपील कर रहे हैं। समारोह में 1.5 से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान है। फिलहाल तेहरान की ग्रैंड मोसाला मस्जिद में खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के ताबूत रखे गए हैं। इनमें उनके एक दामाद, सबसे बड़ी बेटी, 14 माह की पोती जहरा मोहम्मदी गोलपायेगानी और नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की पत्नी के ताबूत भी शामिल हैं। खामेनेई के पार्थिव शरीर को ईरानी झंडे में लपेटा गया है, जबकि ताबूत पर 'या हुसैन' अंकित लाल ध्वज रखा गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मानसून के सक्रिए होते ही मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी से राहत मिली है। लेकिन मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन का सीधा असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश का सिलसिला थमा तो आधे दिन तक उमस और गर्म हवाओं ने झुलसाया। इस बीच प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में चार जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश होने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में गर्जन और बिजली चमकने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो नौ जुलाई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।
इधर अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का मामला सामने आने के बाद बदरीनाथ धाम में भी चढ़ावे और दान में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। इस पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा है कि मंदिर समिति ने आरोपों को अत्यंत गंभीरता से लिया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंदिर समिति ने आरोपों की जांच के लिए समिति गठित करने के आदेश दे दिए हैं। इस मामले में स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। जांच पूरी होने के बाद अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की बात कही गई है। बता दें कि 2025 में बदरीनाथ धाम में 51 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे।