Good Morning India: 20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, कई अहम बिल हो सकते हैं पेश! PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बढ़ा गुस्सा, आज बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान! सरकार ने अब टेलीग्राम को भेजा नोटिस! उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट

Good Morning India: Parliament's Monsoon Session to begin on July 20; several key bills likely to be tabled! Growing anger against Pakistan in PoK; major protests announced for today! Government send

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे दादर से राम रक्षा आंदोलन करेंगे। वहीं, आज महिला विश्व कप का फाइनल भी है। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से होगा।  

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पाकिस्तानी सरकार और फौज के खिलाफ आम लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। रावलाकोट में हुई एक बड़ी रैली के दौरान सीनियर एडवोकेट मेहराह ख्वाजा ने पाकिस्तानी फौज पर निर्दोष नागरिकों की "निर्मम हत्या" का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी भी कानून में सेना को लोगों की जान लेने का हक नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान के पॉलिटिकल लीडरशिप पर भी निशाना साधा और कहा कि अगर वह जनता की समस्याओं का हल नहीं कर सकते तो उन्हें सत्ता छोड़ देनी चाहिए। जनसभा को संबोधित करते हुए मेहराह ख्वाजा ने ब्रिटेन सहित विदेशों में रह रहे कश्मीरी लोगों से आज (5 जुलाई को) बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का अनुरोध किया। ख्वाजा ने कहा कि बर्मिंघम से लंदन तक रहने वाले सारे कश्मीरियों को पाकिस्तान के अत्याचारों के विरुद्ध आवाज बुलंद करनी चाहिए ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान PoK के हालात की तरफ जाए।

इधर देश में मॉनसून अब पूरी तरह एक्टिव हो चुका है और तेजी से उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। एक तरफ जहां महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व के कुछ राज्यों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में आंधी, तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन 20 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तमिलनाडु, झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, केरल, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।

उधर ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के जनाजे की रस्में शुरू हो चुकी हैं। इस बीच, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने बीते शनिवार को कहा कि देश अपने शहीद नेता के झंडे को कभी झुकने नहीं देगा। उनका उठाया झंडा हमेशा बुलंद रखेगा। ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमलों में शहीद किए गए खामेनेई के प्रति ईरानी जनता की निष्ठा हमेशा कायम रहेगी।मसूद पेजेशकियन ने अपने X पोस्ट में लिखा, "ईरान की महान जनता, जिसके दिल दुख से तो भरे हैं लेकिन उम्मीद भी है, यह साबित करेगी कि जिस झंडे को ऊंचा रखने के लिए हमारे शहीद नेता ने संघर्ष किया, वह कभी जमीन पर नहीं गिरेगा। हम चाहते हैं कि धरती पर प्रताड़ित लोगों को नेतृत्व और विरासत दी जाए।" 

इधर दिल्ली से सटे नोएडा सेक्टर 18 से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां बीते शनिवार की रात को सेक्टर 18 की मल्टी लेवल कार पार्किंग से कूदकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि नोएडा सेक्टर 18 एक बड़ा मार्केट है, जहां शॉपिंग करने के लिए पूरे दिल्ली-एनसीआर से लोग आते हैं और ये काफी भीड़ वाला इलाका है। मृतका की पहचान सीतू तलवार के रूप में हुई है। पुलिस ने जब सीतू तलवार के परिजनों से संपर्क किया तो परिजनों का कहना था कि सीतू लंबे समय से डिप्रेशन का शिकार थी। वह इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

उधर राजधानी दिल्ली के रनहोला इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फोन पर किसी और से बात करने के शक में अपनी पत्नी की बैटरी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 02 जुलाई की है। मृतक पति की पहचान विनय (28 वर्ष) और पत्नी की पहचान निशा (24 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की शादी 5 साल पहले हुई थी और उनकी 3 साल की एक बेटी भी है। वे पिछले 6-7 महीनों से बाहरी दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में किराए के मकान में रह रहे थे। घटना वाले दिन विनय को अपनी पत्नी निशा पर किसी और से फोन पर बात करने का शक हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विनय ने पास रखी एक भारी बैटरी से निशा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

इधर संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को बताया कि भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मानसून सत्र 2026 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दे दी है। यह सत्र 20 जुलाई, 2026 को शुरू होगा और 13 अगस्त, 2026 तक चलेगा, जिसमें राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक बहस, चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, मानसून सत्र में सरकार की तरफ से कई अहम बिल पेश किए जा सकते हैं। वहीं, यह सत्र भारी हंगामेदार हो सकता है। विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी, विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक समेत कई अन्य मुद्दों को सदन में उठा सकता है। साल 2025 में संसद का मानसून सत्र 32 दिनों तक चला था। सत्र 21 जुलाई 2025 से 21 अगस्त 2025 तक आयोजित किया गया था। इस दौरान दोनों सदनों में 15 विधेयक पारित किए गए थे। इस बार मानसून सत्र पिछली साल की तुलना में छोटा होगा। इस बार मानसून सत्र 24 दिन का निर्धारित किया गया है।

उधर मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Telegram पर फिल्मों और OTT प्लेटफॉर्म के पायरेटेड कंटेंट के ब्रॉडकास्ट को लेकर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में केंद्र सरकार ने टेलीग्राम को नोटिस जारी किया और कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाले चैनल्स और कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम से कहा कि वह ऐसे सभी चैनल्स और कंटेंट के विरुद्ध तुरंत एक्शन करे, जिनके जरिए बिना इजाजत फिल्मों और ओटीटी कंटेंट को इलीगल तरीके से ब्रॉडकास्ट या शेयर किया जा रहा है। मंत्रालय ने टेलीग्राम को यह भी कहा कि वह 15 दिन के अंदर एक्शन टेकन रिपोर्ट सौंपे। इस रिपोर्ट में टेलीग्राम को यह बताना होगा कि नोटिस मिलने के बाद उसने पायरेसी रोकने को लेकर क्या-क्या कदम उठाए। केंद्र सरकार का मानना है कि इस एक्शन का मकसद देश की क्रिएटर इकोनॉमी को सुरक्षित रखना और ऑनलाइन पायरेसी से उन्हें होने वाले नुकसान पर रोकथाम करना है।

इधर भारत सरकार ने UAPA के तहत 23 लोगों को आतंकवादी घोषित कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज (4 जुलाई 2026 को) इस संबंध में Gazette नोटिफिकेशन जारी किया। नोटिफिकेशन में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े कई पाकिस्तान आधारित आतंकियों के नाम शामिल हैं। भारत सरकार के अनुसार, ये सभी व्यक्ति आतंकियों की भर्ती, प्रशिक्षण, फंडिंग, हथियारों की आपूर्ति, घुसपैठ और आतंकी हमलों को अंजाम दिलाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जारी 23 आतंकियों की इस लिस्ट में मसूद इलियास कश्मीरी (JeM) को 2022 के सुनजवां आर्मी कैंप हमले की साजिश से जोड़ा गया। वहीं, मोहम्मद मुसद्दिक (JeM) पर सुनजवां हमले में घुसपैठ और आतंकी ऑपरेशन के समन्वय का आरोप है। मुफ्ती मोहम्मद असगर खान भी इस लिस्ट में है, जो 2016 नागरोटा आर्मी कैंप हमले से जुड़े घुसपैठ नेटवर्क का प्रमुख संचालक बताया जाता है।

उधर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाली अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई का रविवार सुबह 3:15 बजे रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के कला एवं संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दुर्ग जिले की निवासी तीजन बाई ने अपनी अद्भुत गायन शैली, दमदार प्रस्तुति और सशक्त अभिनय के माध्यम से पंडवानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने महाभारत की कथाओं को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत कर देश-विदेश के लाखों दर्शकों का दिल जीता।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों के बीच धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हल्ला मचाने से कुछ नहीं होगा। विपक्ष सबूत दे, हम सभी तरह की जांच को तैयार हैं। मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पूर्व में केदारनाथ धाम में सोना चोरी के जो आरोप लगे थे, उनकी जांच में कुछ नहीं मिला था। मंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम मामले की मैंने खुद जांच कराई थी। जो सोना था, उसमें मंदिर समिति ने सोने की परत मंदिर के गर्भगृह में चढ़ाने के साथ ही उसकी सुरक्षा के लिए प्लास्टिक कोटिंग भी कराई हुई थी। उसी पर सवाल उठाते हुए 200 किलो सोना चोरी के निराधार आरोप लगाए गए थे। बदरीनाथ, केदारनाथ में दान की परंपरा वर्षों पुरानी है। कहा, कर्मचारी पर जो आरोप लगे हैं, उस पर हमने सख्त निर्देश दिए हैं। जांच कराई जा रही है। साथ ही बीकेटीसी अध्यक्ष को बोला गया है कि सीसीटीवी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। मंत्री ने कहा कि विपक्ष आरोप लगाकर केवल माहौल बना रहा है, जो गलत है। सबूत है तो सरकार को दे।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चंपावत के दौरे पर रहेंगे। सुबह कैलाश मानसरोवर यात्रियों के दल को रवाना करेंगे। इसके बाद शारदा तटबंध कार्य का शुभारंभ और मुख्य सेवक संवाद करेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अपने भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रविवार को नगला तराई, खटीमा ऊधमसिंह नगर से प्रस्थान कर सुबह 9:15 बजे पर्यटक आवास गृह टनकपुर चंपावत पहुंचेंगे तथा वहां कैलाश मानसरोवर यात्रा- 2026 के प्रथम दल के यात्रियों के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। तत्पश्चात 10:15 बजे वह कार से पर्यटक आवास गृह टनकपुर से प्रस्थान कर 10:30 बजे बूम शारदा स्नान घाट, ऊंचौलीगोठ पहुचेंगे तथा वहां शारदा तटबंधन निर्माण का शिलान्यास भूमि पूजन कार्यक्रम एवं मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।