Good Morning India: अमेरिकी हमलों से फिर दहला ईरान, भीषण बमबारी! बैंकॉक के पब में बड़ा अग्निकाण्ड, 27 लोगों की मौत! कतर के पूर्व अमीर शेख हमद के निधन पर भारत में राष्ट्रीय शोक! 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट! मुंबई में 7 साल की बच्ची से दरिंदगी, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सोमवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। वहीं राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद दुःखद खबर सामने आई है, यहां सोमवार सुबह-सुबह एक पब में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। आग लगने की इस घटना में 27 लोगों की मौत हो गई है। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में पब के मेन गेट से आग और धुएं का गुबार निकलते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई। आग लगने से यहां कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और बाद में आग पर काबू पाया। बचाव कर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि 27 लोगों की मौत हुई है और कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की अभी जांच की जा रही है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब आधा घंटा लगा। घटना के बाद की तस्वीरों में जले हुए टेबल-कुर्सियां और पब का क्षतिग्रस्त अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है।
इधर सोमवार की सुबह अमेरिका ने ईरान पर नए सिरे से हमला शुरू कर दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद तेहरान की उस क्षमता को और कम करना है, जिससे वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले आम नाविकों और कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाता है। ये हमले तब किए गए जब ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक कंटेनर जहाज पर हमला किया, जिससे उसमें आग लग गई और चालक दल का एक सदस्य लापता हो गया। X पर एक पोस्ट में, CENTCOM ने कहा कि ये हमले कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर ईरानी सेना को जवाबदेह ठहराने के लिए किए गए। CENTCOM ने कहा, "आज शाम 5 बजे ET (पूर्वी समय) पर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं ने ईरान के खिलाफ और हमले शुरू किए ताकि होर्मुज स्ट्रेट से आसानी से गुजरने वाले आम नाविकों और कमर्शियल जहाजों पर हमला करने की उनकी क्षमता को और कम किया जा सके। कमांडर-इन-चीफ ने ईरानी सेना को जवाबदेह ठहराने के लिए ये हमले करने का निर्देश दिया है।" वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय ने हाल ही में हुए अमेरिकी सैन्य हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने इन हमलों को UN चार्टर का "खुला उल्लंघन" बताया है और वॉशिंगटन पर क्षेत्रीय स्थिरता को नुकसान पहुंचाने और युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में चेतावनी दी कि जो भी देश अपनी ज़मीन या सुविधाओं का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों के लिए होने देगा, वह ईरान के जवाबी हमलों का वैध निशाना बन सकता है। साथ ही, मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र से आग्रह किया कि वह अमेरिका को इन आक्रामक कार्रवाइयों के लिए ज़िम्मेदार ठहराए।
उधर अमेरिका के वरिष्ठ सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 11 जुलाई को 71 वर्ष की आयु में अचानक निधन हो गया। उनके कार्यालय ने बताया कि शनिवार शाम को उनके कैपिटल हिल स्थित आवास पर दिल का दौरा (कार्डियक अरेस्ट) पड़ने से उनका देहांत हुआ। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का आदेश दिया है। लिंडसे ग्राहम इस्राइल के कट्टर समर्थक और ईरान के साथ शांति वार्ता के धुर विरोधी थे। उन्होंने पाकिस्तान की भूमिका पर भी हमेशा गंभीर सवाल उठाए। उनकी इसी ईरान-विरोधी नीति के कारण, ईरान समर्थक प्रदर्शनों में उनकी तस्वीरों के साथ उन्हें जान से मारने की धमकियां तक दी गई थीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मेरे प्रिय मित्र और एक महान व्यक्ति सीनेटर लिंडसे ग्राहम के असाधारण जीवन और उपलब्धियों के सम्मान में, जिन्होंने हमारे देश और अपने प्रिय गृह राज्य दक्षिण कैरोलिना के लिए बहुत कुछ हासिल किया, मैं पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडों को शनिवार शाम 6 बजे तक आधा झुकाने का आदेश दे रहा हूं। भगवान आपको आशीर्वाद दें लिंडसे!'
इधर दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब जीत लिया है। 12 जुलाई को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने जर्मनी के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव को एक हाई वोल्टेज मैच में हरा दिया। इस शानदार जीत के साथ ही सिनर ने अपने करियर की पांचवीं ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस जीत के साथ ही सिनर ने ज्वेरेव को लगातार 10वीं बार हराया है। इसके अलावा, वह टेनिस के इतिहास में लगातार दो बार विंबलडन का खिताब जीतने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल मैच का पहला सेट बहुत ही रोमांचक रहा। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, जिससे मैच टाईब्रेक में पहुंच गया। इस दौरान ज्वेरेव ने एक जोरदार फोरहैंड विनर शॉट मारकर पहला सेट अपने नाम कर लिया। यह पॉइंट जीतते ही उन्होंने बहुत ही जोश के साथ अपनी खुशी मनाई। दूसरे सेट में भी दोनों खिलाड़ियों ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले। लेकिन सेट के आखिरी समय में ज्वेरेव थोड़े हताश दिखने लगे। सिनर ने इसी बात का फायदा उठाया और टाईब्रेक में बढ़त बनाते हुए दूसरा सेट जीत लिया। इस तरह मैच एक-एक सेट की बराबरी पर आ गया। करीब ढाई घंटे से भी ज्यादा चले इस मैच के तीसरे सेट में ज्वेरेव को पहली बार बढ़त बनाने का मौका मिला। लेकिन इसी दौरान सिनर के एक ड्रॉप शॉट को रोकने के चक्कर में वह फिसलकर कोर्ट पर गिर गए। ज्वेरेव अपने दाहिने घुटने को पकड़कर दर्द से कराहने लगे, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद सभी फैंस की सांसें अटक गईं। इसके बाद भी ज्वेरेव ने पट्टी बंधवाने के बाद खेलना जारी रखा। लेकिन अगले ही गेम में सिनर ने उनका सर्विस गेम जीत लिया और 5-3 से आगे हो गए। इस बात से हताश होकर ज्वेरेव ने गुस्से में अपना रैकेट कोर्ट पर ही पटक दिया। फिर सिनर ने यह तीसरा सेट भी अपने नाम कर लिया और मैच में 2-1 की बढ़त बना ली।
उधर छत्तीसगढ़ के एक इंजीनियर ने हरियाणा के गुरुग्राम में चाकू मारकर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या करने के कुछ समय बाद आरोपी ने एक ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी श्रेष्ठ मलिक (25) और उसकी प्रेमिका इशारा अयूबी (25) के रूप में हुई है। अयूबी उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली थी। दोनों गुरुग्राम की एक ही निजी कंपनी में काम करते थे। मलिक सेक्टर-55 स्थित एक पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास में रहता था। यह घटना तब सामने आई जब अयूबी के परिवार वालों ने उससे संपर्क न हो पाने पर शनिवार को सेक्टर-56 थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अयूबी के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की, जो सेक्टर-55 में मलिक के पीजी की मिली। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर अयूबी का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि उसकी चाकू मारकर हत्या की गई थी।
इधर संसद के मानसून सेशन की शुरुआत से 1 दिन पहले यानी 19 जुलाई को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में केंद्र सरकार अपने विधायी एजेंडे की रूपरेखा पेश करेगी, जबकि विपक्षी पार्टियां उन मुद्दों को सामने रखेंगी जिन्हें वे मानसून सेशन के दौरान उठाना चाहते हैं। संसद के हर सत्र से पहले होने वाली यह सर्वदलीय बैठक 19 जुलाई को सुबह 11 बजे शुरू होगी। केंद्र सरकार के पास इस बार कई अहम विधेयकों का एजेंडा है और मानसून सेशन में कई अहम बिल पेश किए जा सकते हैं। हालांकि, यह मानसून सेशन काफी हंगामेदार रहने की आशंका है। दूसरी तरफ, पिछले कुछ समय में कई विपक्षी दलों में टूट और अंदरूनी कलह भी देखने को मिले हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद TMC में भी उथल-पुथल मची हुई है। TMC के 20 सांसद, नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने संसद के निचले सदन लोकसभा में ममता बनर्जी गुट के सांसदों से अलग बैठने की मांग की है। वहीं, टीएमसी के 3 राज्यसभा सांसद भी पार्टी से इस्तीफा देकर BJP का दामन थाम चुके हैं।
उधर भारत सरकार ने कतर के पूर्व शासक और 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर सम्मान प्रकट करते हुए सोमवार, 13 जुलाई को देश भर में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान देश भर में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। 74 वर्ष की आयु में निधन हो चुके शेख हमद के सम्मान में कतर ने भी रविवार से चार दिवसीय सार्वजनिक शोक का ऐलान किया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सोमवार को पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें भारत का सच्चा दोस्त और एक दूरदर्शी नेता बताया, जिन्होंने कतर के विकास का नेतृत्व किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, "एक दूरदर्शी नेता जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि के ऊंचे स्तर तक पहुंचाया, हम उन्हें एक सच्चे दोस्त के रूप में भी याद करते हैं, जिनसे मुझे फरवरी 2024 में कतर की अपनी पिछली यात्रा के दौरान मिलने का सौभाग्य मिला था।" पीएम मोदी ने अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इधर सोमवार तड़के जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में 3.6 तीव्रता का हल्का भूकंप आया, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने इसकी पुष्टि की है। NCS द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, यह झटके रात 2 बजे महसूस किए गए और इस भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। राहत की बात यह रही कि इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक भूकंप की वजह से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या संपत्ति की क्षति की कोई खबर सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि इसी साल फरवरी के महीने में भी इस जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.6 मापी गई थी और उस समय भूकंप का केंद्र जिले का पट्टन इलाका था।
उधर देश के मैदानी इलाकों में मॉनसून अचानक थम गया है लेकिन आज सोमवार से फिर से आफत की बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अब 18 राज्यों के लिए बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले चार दिनों तक देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार वर्षा की आशंका जताई है। मौसम विभाग की ओर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी बारिश का अलर्ट है। वहीं, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी चार दिनों तक बारिश के आसार है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा के लिए खास तौर पर अलर्ट जारी किया गया है।
इधर मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बिल्डिंग में कार्यरत वॉचमैन ने एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस थाने के बाहर सैकड़ों लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पायधुनी स्थित एक गोदाम में वॉचमैन के रूप में कार्यरत था। उसने शौचालय के अंदर मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित बच्ची को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस दरिंदगी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग पायधुनी पुलिस थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम के तल्ख तेवरों ने आम जनजीवन खासा प्रभावित कर दिया है। हालांकि, रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर कुछ धीमा रहा, लेकिन बीते दिनों की वर्षा से पैदा हुई मुश्किलें अभी भी बरकरार हैं। जगह-जगह भूस्खलन के कारण संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं और उन्हें खोलने के लिए प्रशासन व संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हैं। यमुनोत्री मार्ग तीन दिन से अवरुद्ध है। मानसून के तल्ख तेवरों से चारधाम यात्रा भी लगातार बारिश से प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन और मलबा आने के कारण लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों व मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
इधर उत्तराखंड विधानसभा और सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 7 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं। यह ठगी सचिवालय और विधानसभा में निदेशक के पीए के सेवानिवृत्त होने के कारण पद खाली होने पर नौकरी दिलाने के नाम पर की गई। जानकारी के मुताबिक, सहस्त्रधारा रोड निवासी मुकेश कुमार ने थाना रायपुर में एक शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया है कि उसकी मुलाकात सचिवालय के सामने मोहम्मद आरिफ नामक व्यक्ति से हुई थी। आरिफ ने खुद को सचिवालय और विधानसभा की एक निदेशक का चालक (ड्राइवर) के साथ सरकारी कर्मचारी बताया था। कुछ समय तक दोनों के बीच बातचीत होती रही, जिसके बाद आरिफ ने कहा कि निदेशक के पीए के सेवानिवृत्त होने के कारण पद खाली हो रहा है और वो उसकी नियुक्ति करा सकता है। पीड़ित का आरोप है कि आरिफ ने नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 6 लाख रुपए, शैक्षणिक दस्तावेजों की हस्ताक्षरित प्रतियां और फोटो ले लिए। इसके बाद उसने बीती 6 जनवरी 2026 को ज्वॉइनिंग कराने का भरोसा दिया, लेकिन 5 जनवरी के बाद उसका फोन उठाना बंद कर दिया। उसके बाद पीड़ित ने जानकारी जुटाई, तो पता चला कि आरिफ अपनी पत्नी से कथित तौर पर संबंधित अधिकारी बनकर बात करवाता था, जिससे पीड़ित को विश्वास दिलाया जाता रहा।