नैनीताल:आप भी रहिये सावधान!जंगली पौधे के पकौड़े खाना पड़ा भारी,एक ही परिवार के 8 लोग हुए बीमार, बीडी पांडे अस्पताल में हुए भर्ती
नैनीताल में जंगल से लाई गई जंगली सब्जी को जीरक समझकर खाना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। गलती से नशीले पौधे की सब्जी के पकौड़े खाने से परिवार के 8 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में जिला अस्पताल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इनमें दो लोगों की हालत अधिक नशे के कारण गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एक परिवार के कुछ सदस्य जंगल से सब्जी लेकर घर पहुंचे थे। पौधे की सही पहचान नहीं होने के कारण उसे जीरक की सब्जी समझ लिया गया। इसके बाद इससे पकौड़े बनाए गए और परिवार के सदस्यों ने उनका सेवन कर लिया।
पकौड़े खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के लोगों को नशा महसूस होने लगा और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन सभी को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुनील कुमार के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने पर मरीजों ने पूछताछ में जीरक के पकौड़े खाने की बात बताई। चिकित्सकीय जांच के बाद सामने आया कि उन्होंने भूलवश नशीले जंगली पौधे का सेवन कर लिया था।
अस्पताल में भर्ती आठ मरीजों में से छह की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि दो मरीजों पर नशे का असर अधिक होने के कारण उनका उपचार और निगरानी जारी है।
डॉक्टरों की चेतावनी
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि जंगल से मिलने वाले किसी भी पौधे, पत्ते या जंगली सब्जी की सही पहचान और विशेषज्ञ की सलाह के बिना उसका सेवन न करें। केवल देखने में किसी पौधे का सब्जी या खाद्य पौधे जैसा लगना उसके सुरक्षित होने की गारंटी नहीं है।
सावधानी जरूरी है, क्योंकि जंगल की हर हरी चीज खाने लायक नहीं होती।