Aug 23, 2026 Login

नैनीताल:नैनीझील के आसपास नजूल संपत्तियों पर प्रशासन की नजर,पांच लीज समाप्त संपत्तियों का मांगा हिसाब!लिंक में पढ़ें कौन सी है ये पांच संपत्तियाँ

Nainital: The administration is keeping an eye on the Nazul properties around Naini Lake, demanding an account of five lease-expired properties. Read the link to find out which these five properties

नैनीताल। झील के आसपास नजूल संपत्तियों के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में ऐसी पांच संपत्तियां सामने आई हैं, जिनकी लीज अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनका उपयोग जारी बताया जा रहा है।

प्रशासन ने इस मामले में नगर पालिका से संपत्तियों का विस्तृत रिकॉर्ड तलब किया है। पालिका से न केवल लीज की अवधि और मौजूदा स्थिति की जानकारी मांगी गई है, बल्कि यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि लीज खत्म होने के बाद इन संपत्तियों का इस्तेमाल किस प्रावधान के तहत किया जा रहा है।

एसडीएम नवाजिश खलिक के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर चिह्नित पांच संपत्तियों में मल्लीताल स्थित गोवर्तधन हॉल,मॉल रोड स्थित सीतापुर आई अस्पताल,क्वालिटी रेस्टोरेंट,तल्लीताल स्थित सेंट जोसेफ स्कूल का बोट हाउस और गवर्नर बोट हाउस के समीप स्थित खाली बोट स्टैंड शामिल हैं।

प्रशासन अब इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, लीज की स्थिति और वर्तमान उपयोग की जांच करेगा। नगर पालिका से इस संबंध में स्पष्टीकरण भी लिया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि नजूल संपत्ति की लीज समाप्त होने के बाद उसका इस्तेमाल स्वतः वैध नहीं माना जा सकता। इसके लिए निर्धारित नियमों और सक्षम स्तर से मिली अनुमति का पालन जरूरी है। जांच में यदि लीज शर्तों का उल्लंघन, अवैध कब्जा या किसी तरह का अनधिकृत उपयोग सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कवायद को लंबे समय से इस्तेमाल हो रही नजूल संपत्तियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि नगर पालिका की रिपोर्ट में इन संपत्तियों के इस्तेमाल को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और लीज समाप्त होने के बावजूद इनके उपयोग की अनुमति किस आधार पर बनी हुई है।