Good Morning India: दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने लिया संन्यास! अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा आज, ‘किल ट्रम्प’ के नारे लगे! केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सिया ने वारदात से पहले पढ़ा था राजा रघुवंशी केस! गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधे आमिर खान! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Legendary footballer Neymar retires! Ayatollah Ali Khamenei’s final journey today; ‘Kill Trump’ slogans raised! Major revelation in the Ketan Agarwal murder case: Siya had read ab

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन देशों के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की अहम बैठक होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में रविवार को उनके तीन बेटे मसूद, मेयसम और मुस्तफा शामिल हुए। हालांकि खामेनेई के बेटे और उत्तराधिकारी मुजतबा खामेनेई समारोह से दूर रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल से जान का खतरा होने के कारण उन्होंने सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार में हिस्सा नहीं लिया। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतिम संस्कार के दौरान लोगों ने ‘किल ट्रम्प' और ‘किल बीबी’ (इजराइल के प्रधानमंत्री) के नारे लगाए। साथ ही, पूर्व सुप्रीम लीडर का बदला लेने की मांग की। आज सोमवार को तेहरान की सड़कों से खामेनेई की भव्य अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसमें लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। खामेनेई के ताबूत को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा। धार्मिक नेता, सरकारी अधिकारी और सेना के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इधर पुणे के लोहगढ़ में केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंटरनेट पर इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी जुटाई थी। पुलिस के मुताबिक सिया ने इंटरनेट पर यह भी सर्च किया था कि ‘क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं के साथ मारपीट होती है’। यह पूरी जानकारी सिया के दोनों मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से मिली। पुलिस 2 दिन पहले सिया को उसके घर लेकर गई थी, जहां उसके बेडरूम से दूसरा मोबाइल भी जब्त किया है। घटना वाले दिन के कुछ चश्मदीद भी मिले हैं, जिनके बयान जांच को और मजबूत कर रहे हैं। 18 जून को सिया और चेतन ने केतन को पुणे के लोहगढ़ फोर्ट से 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मार डाला। फिलहाल दोनों 16 जुलाई तक येरवदा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 

उधर महाराष्ट्र के मुंबई में भारी बारिश के चलते एक बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मुंबई के मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां तेज बारिश के बीच स्लैब गिर गया और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। शताब्दी हॉस्पिटल के डॉक्टर पटेल ने बताया कि पांच लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। इन सभी को मृत घोषित कर दिया गया है। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि तीन मंजिला 'चॉल' का एक हिस्सा ढह जाने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर समेत तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, बीएमसी के वार्ड कार्यालय और '108' एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। 'चॉल' पुराने समय की कम लागत वाली आवासीय इमारतें होती हैं, जिनमें लंबी साझा बालकनी और एक-एक कमरे वाले छोटे घर होते हैं। 

इधर फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील का छठी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया है। नॉर्वे ने एक रोमांचक मैच में 5 बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस हार के कुछ ही देर बाद ब्राजील के महान खिलाड़ी नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का एलान कर दिया है। इसके साथ ही ब्राजील के फुटबॉलर के एक शानदार दौर का अंत हो गया। मैच के बाद भावुक होकर रोते हुए नेमार ने कहा कि मैंने पूरी कोशिश की, मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। अब सब खत्म हो गया है। मैंने जहां से शुरुआत की थी, आज मेरा यह सफर यहीं खत्म हो गया। उन्होंने ब्राजील के लिए कुल 130 मैच खेले, जिसमें 80 गोल किए और 59 बार दूसरे खिलाड़ियों को गोल करने में मदद की। इस तरह वह ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। अपने करियर में नेमार ने ब्राजील को 2013 का फीफा कन्फेडरेशन कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने 2016 के रियो ओलंपिक में अपने देश के मैदान पर टीम को पहली बार ऐतिहासिक ओलंपिक गोल्ड मेडल भी दिलाया था।

उधर राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों के बीच सोमवार को राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक हो रही है। यह बैठक दोपहर तीन बजे राम मंदिर के अंदर ही गेस्ट हाउस में होगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले मणि राम दास छावनी में ये मीटिंग होनी थी, लेकिन मीडिया और प्राइवेसी के चलते ट्रस्ट की तरफ से मंदिर परिसर के अंदर मीटिंग करने का फैसला लिया गया। इधर रविवार एसआईटी ने जेल के अंदर पांच आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान सीओ ने आरोपियों से कुछ प्रॉपर्टीज के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। हालांकि, बैठक के दौरान चंपत राय के इस्तीफे और एसआईटी की जांच में सामने आए पहलुओं पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा। ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर भी चर्चा होना तय है। बता दें कि राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा चंदा घोटाला सामने आने के बाद इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि, उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए गए हैं। इस पर सोमवार को चर्चा होगी। अगर इन दोनों या इनमें से किसी एक पदाधिकारी का इस्तीफा स्वीकार होता है तो इनकी जगह नई नियुक्ति पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य हैं। इनमें से 12 सदस्यों को केंद्र सरकार ने मनोनीत किया था। वहीं, तीन सदस्यों का चुनाव बोर्ड की पहली मीटिंग में हुआ था।

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि वह ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे के दौरान सिर्फ "एक शॉट" में देश के बचे हुए पूरे नेतृत्व को खत्म कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा। ट्रंप ने 'एक्सियोस' से बातचीत में कहा, "वे सब वहां मौजूद हैं। एक शॉट और हम उन सभी को खत्म कर सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करने जा रहे हैं, क्योंकि तब हमारे पास बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा...वे डील करने के लिए भीख मांग रहे हैं।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि दोनों पक्षों ने खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम खत्म होने तक बातचीत से एक हफ्ते का ब्रेक लेने का फैसला किया है। ट्रंप के मुताबिक, इस दौरान कोई भी पक्ष एक-दूसरे पर हमला नहीं करेगा।

उधर एक्टर आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट ने कानूनी तौर पर शादी कर ली। दोनों ने रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे मुंबई के पाली हिल (बांद्रा) स्थित आमिर के घर पर शादी के कागजात पर साइन किए। यह एक प्राइवेट मैरिज सेरेमनी थी, जिसमें दोनों परिवारों के लोग और कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए। शादी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज के रूप में रजिस्टर की गई। इसके बाद सभी मेहमानों के लिए लंच का आयोजन रखा गया। आमिर की शादी में शामिल होने के लिए उद्योगपति मुकेश अंबानी, डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर समेत करीबी लोग और परिवार के सदस्य ही पहुंचे। जब आमिर और गौरी शादी के पेपर पर साइन कर रहे थे, उस समय गौरी की पहली शादी से बेटा और आमिर की दूसरी शादी से बेटे आजाद भी मौजूद थे। इस दौरान आजाद ने आमिर की रिंग का बॉक्स, जबकि गौरी के बेटे ने उनकी रिंग का बॉक्स पकड़ा था।

इधर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने वॉट्सएप के विवादित यूजरनेम फीचर पर जवाब देने के लिए मेटा की समयसीमा को तीन दिन और बढ़ा दिया है। एक सरकारी अधिकारी ने रविवार को बताया कि अब कंपनी को 9 जुलाई तक अपना जवाब सौंपना होगा। इससे पहले सरकार ने इस मामले में वॉट्सएप से 6 जुलाई तक जवाब मांगा था। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह नोटिस मेटा को तब जारी किया गया, जब सरकार ने इस नए फीचर को लेकर डिटेल एक्सप्लेनेशन की मांग की। इसके साथ ही सरकार ने मेटा को सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक इस पूरे मामले पर बातचीत और परामर्श की प्रोसेस पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस फीचर को भारत में रोलआउट (लॉन्च) न किया जाए। मेटा के मालिकाना हक वाले प्लेटफॉर्म वॉट्सएप ने हाल ही में एक नए यूजरनेम फीचर की घोषणा की थी। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपना फोन नंबर शेयर किए बिना भी दूसरों से बातचीत कर सकेंगे। यह यूजर्स के लिए एक ऑप्शनल यूनिक आइडेंटिफायर (पहचान) की तरह काम करेगा। यह यूजरनेम हमेशा '@' सिंबल से शुरू होगा, जैसे- @Name123। इसका इस्तेमाल करके दूसरे लोग आपको मैसेज या कॉल कर सकेंगे और आपका फोन नंबर पूरी तरह से प्राइवेट रहेगा। यह यूजरनेम आपके प्रोफाइल पर दिखने वाले डिस्प्ले नेम से अलग होगा। डिस्प्ले नेम एक जैसा हो सकता है, लेकिन यूजरनेम हर अकाउंट के लिए बिल्कुल यूनिक होगा।

उधर यूपी के जौनपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां महिला के क्षत-विक्षत शव का पुलिस ने 14 घंटे में खुलासा कर दिया है। मोबाइल चैट को लेकर विवाद में आरोपी हेमल खखरिया ने महिला की हत्या कर शव के तीन टुकड़े कर फेंक दिए। पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार हुआ, उससे हथियार व साक्ष्य बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि चार जुलाई को वह मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर से अपने किराए के कमरे पर लेकर आया था। कमरे पर मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आईडीपीएल चौकी की बांध विस्थापित कॉलोनी में एक युवक ने नशा करने से रोकने पर 12 बोर के तमंचे से अपनी ही मां को गोली मार दी। गोली लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात विस्थापित कॉलोनी में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुमित गौड़ नशे का आदी है। रविवार रात जब उसकी मां ऊषा देवी ने उसे नशा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में सुमित ने घर में मौजूद 12 बोर के तमंचे से अपनी मां पर फायर कर दिया। 

इधर उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने काशीपुर से एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर के आधार पर दो अलग-अलग कूटरचित लाइसेंस तैयार कराकर दो हथियार खरीदे थे। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलविन्दर सिंह पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह, निवासी काशीपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार, कारतूस तथा फर्जी शस्त्र लाइसेंस भी बरामद किया गया है। एसटीएफ का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की जांच के दौरान ऐसे कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि यह केवल उत्तराखण्ड तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि इसके तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। इसी कारण यह मामला अब राष्ट्रीय स्तर की जांच का विषय बनता जा रहा है।

उधर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तीन कांग्रेसी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया है। जिसके तहत पिथौरागढ़ पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पिथौरागढ़ की पूर्व महिला जिला अध्यक्ष भावना नगर कोटी और दीपक लुंठी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी पत्र में पिथौरागढ़ के तीनों नेताओं को पार्टी से निकालने से जुड़ा आदेश जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे प्रदेश भर में 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' आयोजित किया जा रहे हैं। जिसके तहत बीती 30 जून को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में इन तीनों नेताओं ने गणेश गोदियाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपने सहयोगियों के साथ कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया, जो कि घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया।