Good Morning India: अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर, दो हफ्ते तक हमले रोकने को तैयार ट्रंप, Gold की कीमतों में जबरदस्त उछाल! मौसम के तल्ख तेवर, उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में बड़ा अलर्ट! जस्टिस नागरत्ना की अहम टिप्पणी, किसी महिला को 3 दिन के लिए अछूत नहीं माना जा सकता! यशस्वी-वैभव ने खेली तूफानी पारी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर अंतिम कैबिनेट बैठक कर सकते हैं। वहीं आज आईपीएल में दिल्ली और गुजरात के बीच मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान और अमेरिका में आखिरकार 2 हफ्ते का सीजफायर हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की शर्तों पर ईरान पर 2 हफ्ते तक हमले नहीं करने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान से हमें 10 सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जिस पर हम विचार कर रहे हैं। इस बीच ट्रंप ने दावा किया है कि उनका मानना है कि ईरान को चीन ने बातचीत के लिए राजी किया है। इससे पहले ट्रंप ने पाकिस्तान को ईरान को सीजफायर के लिए मनाने के लिए धन्यवाद किया था। वहीं ईरान का दावा है कि हमारी 10 शर्तों को ट्रंप ने मान लिया है। अगर हमारे ऊपर अब हमला नहीं होता तो हमारी सेना 2 हफ्ते तक सीजफायर का पालन करेगी। इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने तत्काल हमले रोकने का आदेश दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की ओर से मैं अपने प्रिय भाइयों, पाकिस्तान के माननीय प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का इस क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के लिए उनके अथक प्रयासों के लिए हार्दिक आभार और सराहना व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री शरीफ के ट्वीट में किए गए भाईचारे वाले अनुरोध के जवाब में तथा अमेरिका द्वारा उसके 15-पॉइंट प्रस्ताव के आधार पर वार्ता का अनुरोध करने और POTUS द्वारा ईरान के 10-पॉइंट प्रस्ताव के सामान्य ढांचे को वार्ता का आधार मानने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए मैं ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से घोषणा करता हूं कि यदि ईरान पर हमले रोके जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं अपनी रक्षात्मक कार्रवाइयां बंद कर देंगी। आगामी दो सप्ताह की अवधि के लिए, हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग संभव होगा, जो ईरान की सशस्त्र सेनाओं के साथ समन्वय करके और तकनीकी सीमाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा सकता है।"
इधर ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने अपना वक्तव्य जारी किया है जिसमें पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत को याद किया और ईरान के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा, अल्लाह के नाम पर, जो अत्यंत दयालु और रहम करने वाला है। ईरान के महान, गौरवशाली और वीर लोगों को यह सूचित किया जाता है कि ईरानी राष्ट्र के विरुद्ध अपने अन्यायपूर्ण, अवैध और आपराधिक युद्ध में शत्रु को एक निर्विवाद, ऐतिहासिक और करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस्लामी क्रांति के शहीद नेता, ग्रैंड आयतुल्लाह इमाम खामेनेई (उन पर शांति हो) के पवित्र रक्त के आशीर्वाद, इस्लामी क्रांति के नेता और सेनापति, आयतुल्लाह सैयद मोजतबा खामेनेई (अल्लाह उनकी रक्षा करे) के नेतृत्व और मार्गदर्शन तथा योद्धाओं की वीरता के बल पर ईरान ने एक महान विजय प्राप्त की है और संयुक्त राज्य अमेरिका को अपनी 10 सूत्री योजना स्वीकार करने के लिए विवश किया है। इस योजना में अहिंसा, होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का निरंतर नियंत्रण, संवर्धन की स्वीकृति, सभी प्रतिबंधों को हटाना, संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों को समाप्त करना, ईरान को मुआवजा देना और क्षेत्र से अमेरिकी सेनाओं की वापसी शामिल है। हम इस विजय पर ईरानी जनता को बधाई देते हैं और इस बात पर ज़ोर देते हैं कि अंतिम परिणाम प्राप्त होने तक एकता, दृढ़ता और दूरदर्शी नेतृत्व अनिवार्य हैं। पिछले 40 दिनों में, ईरान और प्रतिरोध बलों ने दुश्मन को अविस्मरणीय प्रहार दिए हैं।
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में ही स्पॉट गोल्ड 2.3% की छलांग लगाकर $4,811.66 प्रति औंस के लेवल पर पहुंच गया। आपको बता दें कि मंगलवार को सोने में 1.2% की बढ़त देखी गई थी, लेकिन ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर किए गए पोस्ट ने आग में घी का काम किया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अगले दो हफ्तों तक ईरान पर कोई हमला नहीं करेगा और उन्हें ईरान की ओर से एक 10-सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जो बातचीत के लिए एक व्यावहारिक आधार हो सकता है। इस खबर के बाद निवेशकों ने सुरक्षा के लिहाज से सोने में निवेश बढ़ा दिया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने के लिए अगला बड़ा पड़ाव $4,930 है। अगर तेजी जारी रहती है, तो जल्द ही सोना $5,000 के ऐतिहासिक स्तर को चुनौती दे सकता है। दिलचस्प बात यह है कि 28 फरवरी को ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से सोने की कीमतों में अब तक 8% से अधिक की गिरावट देखी गई थी। लेकिन अब युद्धविराम की खबरों और ऊर्जा संकट के कारण पैदा हुई अनिश्चितता ने इसे फिर से निवेशकों की पहली पसंद बना दिया है।
इधर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को केरल के सबरीमाला मंदिर समेत विभिन्न उपासना स्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट की जज बी.वी. नागरत्ना ने सबरीमाला संदर्भ के दौरान कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि किसी महिला को महीने में 3 दिन "अछूत" माना जाए और फिर चौथे दिन अछूत मानना बंद कर दिया जाए। उनकी यह टिप्पणी तब आई जब 9 जजों की एक बेंच केरल के सबरीमाला मंदिर सहित धार्मिक स्थलों पर महिलाओं से भेदभाव और विभिन्न धर्मों द्वारा पालन की जाने वाली धार्मिक स्वतंत्रता के दायरे और सीमा से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई कर रही थी। वहीं, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में सरकार का रुख एकदम क्लीयर कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह मासिक धर्म के मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर रोक का संबंध मासिक धर्म से नहीं है और यह प्रतिबंध केवल आयु वर्ग के आधार पर लगाया गया है। उन्होंने कहा, ''स्पष्ट कर दें। सबरीमाला मंदिर केवल एक विशेष आयु वर्ग के लिए है। इसमें कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। देश और दुनिया भर में भगवान अय्यप्पा के मंदिर सभी उम्र की महिलाओं के लिए खुले हैं। यह केवल एक मंदिर है जहां यह रोक है। यह एक अनूठा मामला है।
उधर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर से आईपीएल में विस्फोटक पारी खेली। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मंगलवार को खेले गए मुकाबले में वैभव ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया। जब तक वे क्रीज पर रहे, चौके और छक्कों की बारिश होती रही। इस बीच मैच के बाद विरोधी टीम के कप्तान यानी हार्दिक पांड्या भी वैभव के दीवाने होते हुए नजर आए। हां, राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के इतिहास में तीसरी बार पहले तीन मैच जीतने का काम किया है। मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। हार्दिक ने कहा कि इस लड़के ने जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसे देखना काफी दिलचस्प रहा। हार्दिक बोले कि वैभव जिस तरह की बल्लेबाजी करते हैं और उनके भीतर जो निडरता है, वो काबिलेतारीफ है। उसे बैटिंग करते हुए देखना कमाल की बात होती है। हार्दिक ने अपनी बातों में हालांकि वैभव को 16 से 17 का बता दिया, लेकिन वैभव की उम्र अभी केवल 15 साल है। हो सकता है कि हार्दिक फ्लो में बोले गए हों और उन्हें वैभव की उम्र का अंदाजा ना हो।
इधर कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शादी से पहले पति की गंभीर किडनी बीमारी छिपाने और बाद में पत्नी से 30 लाख रुपये या अपनी किडनी दान करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित महिला ने अपने पति निशांत कुमार और ससुराल पक्ष के खिलाफ कानपुर के चकेरी थाने में पुलिस के सामने शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पत्नी के अनुसार, उनकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ के निशांत कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद पति का व्यवहार काफी असामान्य पाया गया। वह लंबे समय तक सामान्य वैवाहिक जीवन नहीं जी पा रहे थे। जब महिला ने इस बारे में पूछताछ की, तो पति ने टालमटोल किया और यहां तक कि दूसरी शादी करने की बात भी कह दी। पति लगातार दवाइयां लेता रहता था और घंटों बाथरूम में समय बिताता था, जिससे महिला को शक हुआ। इसपर जब महिला ने गुप्त रूप से पति की मेडिकल फाइल्स की जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि निशांत कुमार की दोनों किडनी पहले से ही खराब थीं और वह शादी से काफी पहले से इसका इलाज करा रहे थे। परिवार ने यह महत्वपूर्ण जानकारी शादी से पहले जानबूझकर छिपाई थी।
उधर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत फरीदाबाद स्थित अल-फलाह चैरिटेबल ट्रस्ट और उसके मैनेजिंग ट्रस्टी जवाद अहमद सिद्दीकी की कुल 39.45 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। इस कुर्की में शामिल संपत्तियों में जवाद अहमद सिद्दीकी का दिल्ली के जामिया नगर, ओखला इलाके में स्थित आवासीय परिसर, फरीदाबाद के धौज गांव में अल-फलाह विश्वविद्यालय के पास स्थित कृषि भूमि, साथ ही ट्रस्ट और जवाद सिद्दीकी की डीमैट अकाउंट्स, बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल हैं। आरोप है कि अल-फलाह विश्वविद्यालय ने अपनी समाप्त हो चुकी एनएएसी 'ए' ग्रेड मान्यता को गलत तरीके से वैध बताकर छात्रों और अभिभावकों को धोखा दिया। साथ ही ऐसी यूजीसी धारा 12बी मान्यता का दावा किया जो कभी मिली ही नहीं थी। इसके अलावा विश्वविद्यालय के मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर ने नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से अनुमोदन लेने के लिए कागजों पर दिखाई जाने वाली फर्जी फैकल्टी और नकली मरीजों का इस्तेमाल किया।
इधर राजस्थान की वीर धरा ने एक और सपूत खो दिया है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के दामोदर का बास (हरसौरा) निवासी सेना के नायक 38 वर्षीय गोवर्धन गुर्जर का हरियाणा के हिसार में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। सोमवार को हुई इस दुखद घटना के बाद मंगलवार शाम सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। नायक गोवर्धन गुर्जर भारतीय सेना की 2 गार्ड्स बटालियन में हिसार में तैनात थे। नियति का क्रूर खेल देखिए कि वे एक महीने की लंबी छुट्टी बिताने के बाद शनिवार को ही वापस ड्यूटी पर लौटे थे। किसे पता था कि परिवार के साथ बिताए वे पल आखिरी होंगे। सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने से वे वीरगति को प्राप्त हुए। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही जवान की पार्थिव देह हमीरपुर पहुंची, पूरा इलाका 'गोवर्धन गुर्जर अमर रहे' के नारों से गूंज उठा। जवान के सम्मान में 6 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। शाम 5:30 बजे पैतृक गांव में सैन्य सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। बड़े बेटे अंकित ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।
उधर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने मंगलवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की रात्रिभोज पर मेजबानी की। रहमान तीन दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा का मकसद 18 महीने से अधिक समय से चले आ रहे कूटनीतिक तनाव के बाद द्विपक्षीय संबंधों में सुधार लाना है। रहमान बांग्लादेश में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सरकार के फरवरी में सत्ता संभालने के बाद भारत की यात्रा पर आने वाले देश के पहले वरिष्ठ मंत्री हैं। तारिक रहमान बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी की शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री बने।
इधर अप्रैल के महीने में बारिश की झड़ी लगी हुई है। मौसम की इस बेरुखी से किसानों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर देश भर के 12 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ-साथ भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो रहीं हैं। अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में खासा बदलाव आया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और पूर्वोत्तर राज्य और दक्षिण में आंध्र प्रदेश तक देखा जा रहा है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बुधवार को भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया। आज सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं यमुनोत्री धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज आठ अप्रैल को देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।
इधर करीब ढाई महीने बाद कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा पांच दिन के उत्तराखंड के दौरे पर आज रुद्रपुर पहुंचेगी। कार्यकर्ता व पार्टी नेताओं में इस बार की खूब चर्चा है कि प्रभारी के आने से पार्टी में गुटबाजी व आपसी खींचतान की आंच नरम पड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस ने सभी वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी की बैठकों में मौजूद रहने को कहा है लेकिन पूर्व सीएम हरीश रावत बैठक में जाने पर खामोश हैं। आठ जनवरी 2026 को कुमारी सैलजा देहरादून आई थीं। इसके बाद उन्होंने ज्यादा नई दिल्ली में प्रदेश नेताओं के साथ बैठकें कीं। इस बार उनके आने से पहले पार्टी नेताओं के बीच एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी से गुटबाजी खुल कर सामने आई है। रामनगर से 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़े संजय नेगी को पार्टी में शामिल न करने और उसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत के 15 दिन के अवकाश पर जाने से नेताओं की बयानबाजी से गुटबाजी जोरो पर है।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर (देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे) कॉरिडोर का उद्घाटन करने 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे पीएम का स्वागत शंखनाद व घंटानाद से होगा। वह डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे और सभा स्थल गढ़ीकैंट जाते वक्त रोड शो में भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम को उत्सव जैसा मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने सीएम आवास में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा, इस भव्य आयोजन में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यक्रम जन उत्सव का रूप ले सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा को अत्यंत आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी लोकनृत्य, संगीत की झलक आयोजन में भव्य रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान कार्यक्रम में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए।
इधर उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर से बड़ा मामला सामने आया है। श्रीनगर में हरियाणा पुलिस की हिरासत में 65 साल के व्यक्ति की मौत हो गई थी। मौत के दो दिन बाद भी मृतक का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया। वहीं इस मामले में उत्तराखंड पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। हरियाणा पुलिस आरोपी को जोशीमठ से गिरफ्तार करके लाई थी। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को हरियाणा पुलिस की हिरासत में लाए जा रहे बलवंत सिंह की श्रीनगर बेस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिसकर्मी बिना वर्दी के घर पहुंचे और खुद को हरियाणा पुलिस बताकर उनके पिता को अपने साथ ले गए।