Good Morning India: होर्मुज ब्लॉक करेगा अमेरिका, ट्रंप के ऐलान से धधका क्रूड ऑयल! हापुड़ में बारात के बीच बड़ा सड़क हादसा, 6 की मौत और 7 घायल! 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट! सोने और चांदी की कीमतों में बड़े उछाल की संभावना! उत्तराखण्ड में 9 दिनों बाद जंगल में मिला मासूम का शव

Good Morning India: Trump's announcement that the US will block the Strait of Hormuz sparks a surge in crude oil prices! Major road accident during a wedding procession in Hapur, killing six and inju

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं आज पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची फ्रीज करने के मामले पर सुनवाई होगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) से गुजरने वाले जहाजों को रोकने की धमकी के बाद वैश्विक तेल बाजार में बड़ा उछाल देखा गया। कच्चे तेल की कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं। CNN की खबर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब 8% बढ़कर लगभग 102 डॉलर पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल भी 8% चढ़कर 104 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखा। तेल कीमतों में उछाल का असर शेयर बाजारों पर भी पड़ा। डॉव फ्यूचर्स 1.04% यानी 502 अंकों की गिरावट के साथ नीचे आ गया। वहीं, एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में 1% और नैस्डैक फ्यूचर्स में 1.15% की गिरावट दर्ज की गई। बता दें, बीते रविवार को ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान को अपनी पसंद के देशों को तेल बेचने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि या तो सबके लिए होगा या किसी के लिए नहीं। 

इधर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया। गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात जब शादी समारोह संपन्न कर वापस लौट रही थी, तभी कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर उनकी बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई  एक हाइड्रा ट्रक से जा टकराई। दोनों वाहनों के बीच इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि अनियंत्रित होकर ट्रक सीधे बस के ऊपर पलट गया, जिससे बस में सवार यात्री मलबे और ट्रक के भारी वजन के नीचे दब गए। इस घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। इस हादसे में 6 की मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

उधर भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि सिक्किम में कहीं-कहीं गरज के साथ भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। वहीं, 14, 15 और 18 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। 17 और 18 अप्रैल को असम और मेघालय में गरज के साथ बिजली कड़कने और बारिश की संभावना है। आईएमडी ने कुल चार राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम बुलेटिन में बताया गया कि 15 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने बताया कि सिक्किम में आज, अरुणाचल प्रदेश में 14,15 और 18 अप्रैल को और असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को बिजली और गरज के साथ छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है। अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप, 2 दिनों के बाद इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

इधर वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू बाजारों में सोने-चांदी की कीमतें मध्यम गति से तेज रहने की उम्मीद है, क्योंकि भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार युद्ध का डर और वैश्विक स्तर पर मंदी का बढ़ता जोखिम 'सेफ-हेवन' (सुरक्षित निवेश) की मांग को बढ़ा सकता है, भले ही ऊंची ब्याज दरें कीमतों में तेज उछाल को सीमित कर सकती हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, घरेलू मोर्चे पर चांदी का वायदा भाव 1 अप्रैल, 2025 को दर्ज 99,461 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 1,41,431 रुपये (142.2 प्रतिशत) बढ़ गए। जबकि, सोना इस दौरान दर्ज 90,503 रुपये प्रति 10 ग्राम से 60,258 रुपये (67 प्रतिशत) बढ़ गया। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान चांदी में 142 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई, जबकि सोने में लगभग 67 प्रतिशत की तेजी आई। जिसकी मुख्य वजह अमेरिका का टैरिफ वॉर, भू-राजनीतिक तनाव, सेंट्रल बैंकों द्वारा भारी खरीदारी, सप्लाई में बाधा और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता रही। चॉइस ब्रोकिंग में कमोडिटी और करेंसी एनालिस्ट आमिर मकदा ने बताया, ''वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सोने और चांदी का दृष्टिकोण मध्यम तेजी वाला रहेगा। चूंकि वैश्विक अर्थव्यवस्था भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार युद्ध और वैश्विक मंदी के डर के कारण एक मुश्किल दौर से गुजर रही है, इसलिए 'सेफ-हेवन' संपत्तियों की मांग बढ़ेगी।'' 

उधर खाड़ी देशों में बिगड़े माहौल के कारण गैस सप्लाई में आई बाधाओं के बीच भारत ने 5 किलो वाले LPG सिलेंडरों की सप्लाई बढ़ा दी है। सरकार ने इसके साथ ही पाइप से सप्लाई की जाने वाली रसोई गैस (PNG) कनेक्शन का विस्तार भी तेज कर दिया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 23 मार्च से अब तक 5 किलो वाले 13 लाख से ज्यादा एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं और इनकी दैनिक बिक्री भी 1 लाख से ज्यादा हो गई है। सरकार ने प्रवासी मजदूरों और कम आय वर्ग के उपभोक्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई बढ़ाई है। इसी अवधि में 4.24 लाख से ज्यादा नए पीएनजी कनेक्शन भी दिए गए हैं, जबकि 30,000 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर पीएनजी को अपनाया है। 6 हफ्तों से जारी पश्चिम एशिया संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बुरी तरह से प्रभावित किया है। भारत अपनी जरूरत का लगभग आधा कच्चा तेल, 40 प्रतिशत गैस और 85-90 प्रतिशत एलपीजी पश्चिम एशिया से ही आयात करता है, जिस पर इस संकट का असर पड़ा है। हालांकि, कच्चे तेल की कमी को अन्य स्रोतों से पूरा कर लिया गया है, लेकिन एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है।

इधर जाली पहचान पत्र और पैन व पासपोर्ट बनाने वाले लश्कर नेटवर्क का जम्मू कश्मीर पुलिस ने खुलासा किया है। नेटवर्क से जुड़े जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और हिरासत में लिए गए हैं उनसे पूछताछ में पता चला है कि दूसरे राज्यों में आतंकी का जाल फैलाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों ने आतंकियों को आधार कार्ड, परमानेंट अकाउंट नंबर (पैन) कार्ड और वोटर कार्ड जैसे दस्तावेज बनाकर उन्हें जरूरी लॉजिस्टिकल मदद मुहैया कराई थी। जांच की अगुवाई कर रही श्रीनगर पुलिस ने सबसे पहले इस जानकारी को जुटाया और इनपुट तुरंत केंद्रीय एजेंसियों और अन्य राज्यों की पुलिस से साझा किया ताकि देश में फैले इस नेटवर्क को खत्म किया जा सके।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रुद्रप्रयाग के बाड़ब गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। विगत 9 दिनों से लापता चल रहा 5 वर्षीय बालक पंकू मृत अवस्था में जंगल में मिला है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि बीती 4 अप्रैल को मयंक उर्फ पंकू अपने घर के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में परिजनों ने पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। जिस पर एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। पहाड़ी क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बावजूद टीम ने हार नहीं मानी। ड्रोन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लगातार कॉम्बिंग की। रविवार यानी 12 अप्रैल को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में मासूम का शव बरामद हुआ। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ताकि, मौत की गुत्थी सुलझ सके।

इधर रुड़की के भोगपुर गांव के पास स्थित एक मंदिर में रात के समय सो रहे सेवादार की बदमाशों ने सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, गोधना मुजफ्फरनगर निवासी राजवीर (65)पिछले करीब दो महीनों से खाटू श्याम मंदिर में सेवा कर रहे थे और रात में वहीं प्रांगण में सोते थे। शनिवार रात भी वह मंदिर परिसर में सोए हुए थे। रविवार सुबह एक ग्रामीण जब मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह देख उसके होश उड़ गए और उसने गांव में सूचना दी।