Good Morning India: ट्रंप का बड़ा ऐलान- आज की रात कयामत की रात ! नहीं रहे ब्रह्मोस मिसाइल के जनक अलेक्जेंडर लियोनोव! हाईवे पर मवेशियों की घुसपैठ को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब! ओवैसी का तंज- क्या गंगा में बीयर पीने से आहत नहीं होतीं भावनाएं! उत्तराखण्ड में बदला सरकारी और निजी स्कूलों का समय! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज असम, केरल और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के प्रचार का अखिरी दिन है। वहीं आज सुप्रीम कोर्ट में धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के साथ भेदभाव के मामले पर सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग भीषण होते जा रही है। ईरान में आज की रात कयामत की रात हो सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ये साफ कर दिया है कि अगर मंगलवार रात 8 बजे से पहले होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुला तो वो ईरान में तबाही का दरवाजा खोल देंगे। ट्रंप का अल्टीमेटम दुनिया की धड़कनें बढ़ा रहा है। इस बीच अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान ने जंग को खत्म करने के लिए अमेरिका के प्रस्ताव पर 10 प्वाइंट का जवाब भेजा है। दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से दोहराया है कि ईरान के लिए मंगलवार फाइनल डेडलाइन है। सोमवार को ट्रंप ने अपने संबोधन में F-15 के पायलट को बचाने के ऑपरेशन पर भी बयान दिया। सोमवार को अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से F-15 के पायलट को रेस्क्यू किए जाने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि "दुनिया में किसी के भी पास अमेरिका जैसे हथियार नहीं हैं। हम दुश्मन के इलाके में जाकर अपने दोनों पायलट को ले आए। दुनिया में कोई भी ऐसा रेस्क्यू नहीं कर पाता। 200 लोगों ने मिलकर एक सैनिक की जान बचाई है। पायलट बुरी तरह घायल था और फंसा हुआ था। रेस्क्यू की टीम ऐसे ऑपरेशन के लिए पूरी तरह से तैयार थी। पायलट लगातार अपनी लोकेशन बता रहा था। रेस्क्यू के लिए 21 विमान भेजे गए थे, इसमें 48 घंटे का समय लगा। दुश्मन को गुमराह करने के लिए 7 टीमें भेजी गई थीं। ऑपरेशन में हमारे किसी भी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा। पायलट के लापता होने की खबर लीक की गई। हमारे रेस्क्यू प्लान को भी लीक किया गया। हम खबर लीक करने वाले का पता लगा लेंगे।"
उधर राज्यसभा के सभापति ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पेश किए गए महाभियोग प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया है। विपक्ष ने सीईसी को हटाने की मांग की थी। 193 सांसदों द्वारा महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया गया था। महाभियोग के प्रस्ताव खारिज होने के बाद अब ज्ञानेश कुमार अपने पद पर बने रहेंगे और उनके खिलाफ कोई कानूनी जांच या प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। विपक्षी दलों के 193 सांसदों ने एकजुट होकर मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की थी। 12 मार्च को पेश किए गए इस प्रस्ताव में ज्ञानेश कुमार पर 7 गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिनमें पक्षपातपूर्ण और भेदभावपूर्ण रवैया, दुर्व्यवहार, चुनावी धोखाधड़ी और वोट देने का अधिकार छीनना जैसे आरोप थे। विपक्षी दलों ने खासकर बिहार और पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न यानी SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। उनका दावा था कि इस प्रक्रिया के चलते कई वोटरों का वोट देने का अधिकार छीन गया। यह भी कहा कि CEC ने कुछ राजनीतिक दलों का पक्ष लेते हुए पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया। इन आरोपों के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला भी दिया गया। बीजेपी की मदद करने के आरोपों को भी नोटिस में शामिल किया गया।
इधर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर कुछ लोगों के कथित तौर पर बीयर पीने का एक वीडियो सामने आया। इसी के साथ एक दूसरी नाव पर कुछ लोग DJ की धुन पर नाचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को AIMIM पार्टी के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पूछा है कि क्या इस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर कुछ लोगों के कथित तौर पर बीयर पीने का एक वीडियो सामने आया। इसी के साथ एक दूसरी नाव पर कुछ लोग DJ की धुन पर नाचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को AIMIM पार्टी के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पूछा है कि क्या इस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। बता दें कि इससे पहले गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने का मामला सामने आया था, जिसमें 14 युवकों को गिरफ्तार किया गया था। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार की अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। दरअसल, 16 मार्च कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचगंगा घाट के पास गंगा में 14 लड़कों ने नाव पर इफ्तारी की थी। बिरयानी खाने के बाद उसकी हड्डियां गंगा में फेंकी गई थीं। इस मामले में बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को प्रकरण का वीडियो भी उपलब्ध कराया था।
उधर रूसी मिसाइल डिजाइनर और ब्रह्मोस के सह-विकासकर्ता अलेक्जेंडर लियोनोव का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 5 अप्रैल 2026 को अंतिम सांस ली। अलेक्जेंडर लियोनोव ने एनपीओ माशिनोस्ट्रोयेनिया के सीईओ और मुख्य डिजाइनर के रूप में काम किया था। उन्होंने जिरकॉन मिसाइल और भारत-रूस की नई पीढ़ी की ब्रह्मोस-एनजी मिसाइल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह रूस की मिसाइल डिजाइन की दिग्गज कंपनी एन पोलमाश का नेतृत्व कर रहे थे। यह कंपनी रूस के लिए नेक्स्ट जेनरेशन की मिसाइल विकसित कर रही थी। एन पोलमाश ने भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के साथ मिलकर ब्रह्मोस का निर्माण किया, जो दुनिया की सबसे तेज ऑपरेशनल सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। ब्रह्मोस ने अपनी Mach 3 गति, सटीकता और बहुमुखी प्रतिभा से दुनिया भर में तहलका मचा दिया, जिससे यह सबसे तेज ऑपरेशनल क्रूज़ मिसाइल बन गई। ब्रह्मोस दुनिया की इकलौती ऐसी मिसाइल है, जिसे जल, थल, नभ और पानी के अंदर से भी दागा जा सकता है। लियोनोव ब्रह्मोस पर ही नहीं रुके। उन्होंने P-700 ग्रैनिट, P-1000 वल्कन और K-300P बैस्टियन-P मिसाइलों को भी विकसित किया। इनमें से हर एक मिसाइल ब्रह्मोस तकनीक का ही एक विकसित रूप थी। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रूस की हाइपरसोनिक जिरकॉन (Zircon) मिसाइल थी, जिसकी गति Mach 9 है। जिरकॉन दुनिया की सबसे तेज मिसाइल है, जिसे हवा से फायर किया जा सकता है। रूस ने यूक्रेन युद्ध में जिरकॉन मिसाइल का इस्तेमाल किया है। जिरकॉन की मारक क्षमता 400 से 1,500 किलोमीटर के बीच है। यह पारंपरिक या परमाणु दोनों प्रकार के वारहेड ले जा सकता है।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने देशभर के राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती आवाजाही को गंभीर मुद्दा मानते हुए केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जवाब तलब किया है। अदालत ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया और चार हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने यह आदेश उस जनहित याचिका पर दिया, जिसमें मांग की गई है कि हाईवे और एक्सप्रेसवे पर आवारा मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए एक समान राष्ट्रीय दिशा-निर्देश बनाए जाएं और उन्हें सख्ती से लागू किया जाए। याचिका ‘लॉयर्स फॉर ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल’ की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रही है। खासकर रात के समय और दुर्घटना संभावित हिस्सों में यह खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में अदालत से मांग की गई है कि राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर अनिवार्य फेंसिंग कराई जाए, ताकि मवेशियों की एंट्री रोकी जा सके। इसके अलावा याचिका में वैज्ञानिक तरीके से संचालित गौशालाओं और पशु आश्रय स्थलों की स्थापना की भी मांग की गई है। इसके लिए अलग से फंड तय करने की बात कही गई है, ताकि छोड़े गए या भटकते मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके।
उधर सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा के गुरुग्राम में तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को सोमवार को निर्देश दिया कि वह उसके घर सादे कपड़ों में, एक मनोवैज्ञानिक के साथ जाकर उसका बयान दर्ज करे। कोर्ट ने मामले में गंभीर मुद्दे शामिल होने और फिलहाल कार्यवाही बंद न करने का जिक्र करते हुए यह निर्देश दिया। सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने महिला सदस्यों वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) को जांच पूरी करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया। बेंच ने मामले की सुनवाई कर रही अधीनस्थ अदालत को यह भी निर्देश दिया कि एसआईटी की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने तक आरोपियों की कोई भी जमानत याचिका स्वीकार न की जाए। सीजेआई ने कहा कि एसआईटी सदस्यों को बाल परामर्शदाताओं के साथ जाना चाहिए... कृपया सामान्य कपड़ों में जाएं। बच्ची पर कोई मनोवैज्ञानिक प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। उसके माता-पिता के साथ चाय पीएं और बच्चे से बातचीत करें। एसआईटी ने अदालत को सूचित किया कि तीनों आरोपियों की पॉलीग्राफ जांच रिपोर्ट लगभग एक सप्ताह में आने की उम्मीद है और उसे बच्ची से बातचीत करनी है। एसआईटी ने यह भी बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने पहले शिनाख्त परेड कराने का अनुरोध किया था, लेकिन अब वह इसकी मांग नहीं कर रही है। बच्ची की जांच करने वाली डॉक्टर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन और अधिवक्ता सुमीर सोढ़ी ने कहा कि वह 80 वर्षीय प्रतिष्ठित डॉक्टर हैं और उन्होंने अपने बयान में कोई बदलाव नहीं किया है। डॉक्टर पर पहले अदालत की ओर से बयान बदलने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ कार्यवाही बंद करने की मांग की।
इधर ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर सोमवार को आईपीएल 2026 के 12वें मुकाबले में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच चल रहे इस हाई-वोल्टेज मैच के दौरान केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान स्टैंड्स में मौजूद थे। हालांकि, मैच की शुरुआत कोलकाता के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने दूसरे ही ओवर में जेवियर बार्टलेट की गेंदों पर फिन एलन (6) और कैमरन ग्रीन (4) के रूप में अपने दो महत्वपूर्ण विकेट खो दिए। इसी बीच बारिश ने खलल डाला और खेल को रोकना पड़ा। जब खेल रुका हुआ था, तब कैमरों ने शाहरुख खान को केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर के साथ बेहद गंभीर चर्चा करते हुए कैद किया। स्टार स्पोर्ट्स के होस्ट ने भी इस दृश्य पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर के साथ एक गहन बातचीत कर रहे हैं।' हालांकि उनकी बातचीत का विषय गुप्त था, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस का मानना है कि टीम की खराब शुरुआत और टॉस के बाद टीम में हुए बड़े बदलावों को लेकर किंग खान थोड़े चिंतित नजर आ रहे थे।
उधर पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पूर्व विधायक पत्नी नवजोत कौर ने अपने नए सियासी संगठन ' भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी' का एलान कर दिया है। कांग्रेस से निकाले जाने के बाद नवजोत कौर सिद्धू की यह नई सियासी पारी है। हालांकि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू अभी औपचारिक रूप से कांग्रेस में ही हैं। अमृतसर ईस्ट से विधायक रहीं नवजोत कौर सिद्धू ने उस वक्त कांग्रेस नेतृत्व के निशाने पर आईं थी जब उन्होंने कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के लिए 500 करोड़ रुपए दिए जाने का दावा किया था। उनके इस बयान के बाद असहज हुए कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें पहले पार्टी से निलंबित किया और फिर निष्कासित कर दिया था।
इधर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बड़ा विवाद सामने आया है। जहां राम मंदिर हॉल में एक मुस्लिम लड़की के निकाह को लेकर माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे पर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है और चेतावनी भी दी है। राम मंदिर के धर्मशाला चलाने वाले मैनेजमेंट की भी सफाई सामने आई है। शिमला में सूद सभा द्वारा संचालित राम मंदिर हॉल में 11 अप्रैल को एक मुस्लिम परिवार की बेटी का निकाह प्रस्तावित है। शिमला की ईदगाह कॉलोनी निवासी मोहम्मद नासिर अपनी बेटी का निकाह इस हॉल में करवाने जा रहे हैं। इसी को लेकर हिंदू संघर्ष समिति ने कड़ा विरोध जताया है। हिंदू संघर्ष समिति का कहना है कि मंदिर की संपत्ति में मुस्लिम परिवार का विवाह कार्यक्रम स्वीकार्य नहीं है। इस मुद्दे को लेकर समिति ने सूद सभा शिमला को ज्ञापन भी सौंप दिया है। समिति के नेता विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने चेतावनी दी है कि अगर राम मंदिर हॉल में निकाह होता है, तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने विरोधस्वरूप सुअरों की बारात निकालने और मुंडन तक की चेतावनी दी है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। गर्मियों में सभी स्कूल सुबह पौने आठ बजे खुलेंगे और छुट्टी दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर होगी। हालांकि सर्दियों में स्कूल आठ बजकर 50 मिनट पर खुलेंगे और छुट्टी 3.10 बजे होगी। शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने जारी आदेश में कहा कि स्कूलों में प्रार्थना सभा सुबह पौने आठ बजे से आठ बजकर पांच मिनट तक होगी। इसके बाद पहला वादन 8.05 से 8.45 तक चलेगा। छुट्टी दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर होगी। जबकि सर्दियों में सुबह 8.50 बजे से 9.10 बजे तक प्रार्थना सभा होगी। जबकि छुट्टी 3.10 बजे होगी। शिक्षा सचिव ने कहा कि स्कूलों की समय सारणी में आंशिक संशोधन किया गया है। शासनादेश की अन्य शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।
इधर उत्तराखंड में सरकारी राशन की दुकान से 23 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को अप्रैल में एक साथ तीन महीने का राशन मिलेगा। इसमें मई व जून का अग्रिम राशन दिया जाएगा। अपर खाद्य आयुक्त पीएस पांगती ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। अपर खाद्य आयुक्त ने कहा, केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के राशन कार्ड धारकों को अप्रैल, मई एवं जून 2026 का खाद्यान्न का वितरण इसी महीने किया जाएगा। इसके लिए ई पॉश मशीन में ऑनलाइन खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था कर ली गई है। तीनों महीने के ऑनलाइन खाद्यान्न वितरण के लिए संबंधित राशनकार्ड धारकों को अलग-अलग तीन बार बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन करना होगा। यह भी कहा गया है कि मार्च 2026 का खाद्यान्न न ले पाने वाले राशन कार्डधारकों को भी 15 अप्रैल 2025 तक खाद्यान्न दिया जाएगा।
उधर हरियाणा पुलिस की अभिरक्षा में गोपेश्वर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में गोपेश्वर कोतवाली पुलिस ने मृतक की बेटी की तहरीर के आधार पर अज्ञात पांच व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या, अपहरण, डकैती और गाली-गलौच के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से भी भेंट की। मृतका की बेटी सिंद्रवाणी, गौचर गांव निवासी आशा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि रविवार को हरियाणा पुलिस के पांच व्यक्ति मेरे पिता को जबरदस्ती अपने साथ ले गए और बेस अस्पताल में मृत अवस्था में छोड़ दिया। उनकी जेब में 25 हजार रुपये थे, वे भी निकाल दिए गए हैं। घर में लूटपाट और गाली गलौच भी की गई। थानाध्यक्ष अनुरोध व्यास ने बताया कि आशा देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामले में अज्ञात पांच व्यक्तियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती और गाली गलौच का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
इधर योगनगरी ऋषिकेश में गंगा बैराज पर सोमवार को उस समय ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब एक प्राइवेट कंपनी ने सी प्लेन की सफल ट्रायल लैंडिंग की। आधुनिक परिवहन और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से पशुलोक बैराज पर सी प्लेन का बहुप्रतीक्षित ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह कदम राज्य में हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। दरअसल, सोमवार यानी 6 अप्रैल को शाम करीब 6 बजे विशेषज्ञों की देखरेख में स्काई हॉप के सी प्लेन ने गंगा के पानी पर सुरक्षित लैंडिंग की और फिर सफलतापूर्वक उड़ान भी भरी। इस ट्रायल के होने से ऋषिकेश के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। राफ्टिंग, बंजी जंपिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स के बाद अब सी प्लेन पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण होगा। टिहरी डैम के बाद अब ऋषिकेश में इस सेवा के सफल परीक्षण से भविष्य में प्रदेश के अन्य जलाशयों और नदियों को जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है।