Good Morning India: आधी रात को लागू हुआ महिला आरक्षण कानून 2023, नोटिफिकेशन जारी! इस्राइल-लेबनान के बीच 10 दिन का युद्ध विराम! अर्शदीप सिंह ने IPL में रचा इतिहास! उत्तराखंड में नकली NCERT किताब कांड मामले में बड़ा खुलासा! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: The Women's Reservation Act 2023 came into effect at midnight, with a notification issued! Israel and Lebanon declare a 10-day ceasefire! Arshdeep Singh makes history in the IPL!

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज संसद के विशेष सत्र का दूसरा दिन है। वहीं आज राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए चुनाव होना है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश की संसद में देर रात तक महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर जोरदार बहस चली। लोकसभा में ‘महा-बहस’ के बाद आधी रात को महिला आरक्षण कानून 2023 देश भर में लागू हो गया। कानून मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 को प्रभावी बनाने की घोषणा की। अधिसूचना में कहा गया है कि अधिनियम की धारा 1(2) के तहत 16 अप्रैल 2026 से इसके सभी प्रावधान लागू होंगे। इसी के साथ लोकतंत्र के इतिहास में 16 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक हो गया। संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए। जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा महिला आरक्षण बिल पर हुई। विपक्ष के भारी हंगामें के बीच नारी शक्ति अभिनंदन अधिनियम में बदलाव को लेकर कल यानी गुरुवार को ही लोकसभा में बिल आया और देर रात करीब 1.20 बजे तक इस पर चर्चा चली। महिला आरक्षण बिला पर आज, शुक्रवार शाम 4 बजे वोटिंग होनी है।

इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि इजरायल और लेबनान 10 दिनों के संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। यह घोषणा वाशिंगटन में दशकों बाद दोनों देशों के बीच पहली सीधी राजनयिक वार्ता के दो दिन बाद हुई है। ट्रंप ने कहा कि यह संघर्ष विराम पूर्वी समयानुसार आज शाम पांच बजे से शुरू होगा। यह संघर्ष विराम लेबनान में इजरायल और ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के बीच एक महीने से अधिक समय से जारी लड़ाई के बाद हुआ है। ट्रंप ने ट्रूथसोशल पर लिखा, "अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए, वे EST समय के अनुसार शाम 5 बजे से औपचारिक रूप से 10 दिनों के 'संघर्ष विराम' (Ceasefire) की शुरुआत करेंगे। मंगलवार को, 34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने यहां वाशिंगटन, D.C. में हमारे महान विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की।"

उधर पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेले जा रहे मैच में अपने 100 आईपीएल विकेट पूरे किए और ऐसा करने वाले पंजाब किंग्स के पहले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने रेयान रिकेलटन का विकेट लेकर आईपीएल में अपने 100 विकेट पूरे किए। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में 100 विकेट लेने वाले पांचवें लेफ्ट आर्म पेसर हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म पेसर्स की बात करें तो वहां टॉप पर ट्रेंट बोल्ट का नाम है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 144 विकेट लिए हैं। वहीं लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट का नाम है, उन्होंने अब तक आईपीएल में 114 विकेट लिए हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। उन्होंने आईपीएल में 106 विकेट लिए थे। नेहरा के बाद चौथे नंबर पर जहीर खान का नाम है, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर में 102 विकेट हासिल किए थे। अब 100 विकेट लेकर अर्शदीप सिंह इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं।

इधर सुप्रीम कोर्ट में आज उत्तर प्रदेश की आबकारी नीति मामले पर सुनवाई हुई। आबकारी नीति की चुनौती देने वाली जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इसे निस्तारित कर दिया है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि राज्य की नीति के तहत टेट्रा पैक में शराब की बिक्री की अनुमति दी गई है, जिससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि इस तरह की पैकेजिंग से बच्चे भी टेट्रा पैक लेकर स्कूल जाने लग सकते हैं। इस पर सीजेआई सूर्य कांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जो व्यक्ति शराब खरीदना चाहता है, वह किसी भी रूप में खरीद सकता है। कोर्ट ने यह भी पूछा कि क्या किसी शहर में ऐसी बिक्री से शैक्षणिक संस्थानों में कोई दखल की स्थिति सामने आई है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसी कोई स्पष्ट अनुमति नहीं मिली है, जिसमें आबकारी नीति के तहत टेट्रा पैक में शराब बिक्री की बात कही गई हो। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि 4 फरवरी को एक प्रशासनिक निर्णय के तहत छोटे पैक में शराब की अनुमति दी गई थी, लेकिन संबंधित नीति दस्तावेज कोर्ट के समक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया।

उधर इंदौर के राऊ में हुए नवीन पाटीदार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में रिश्तों, रंजिश और बदले की खौफनाक साजिश सामने आई है। चौंकाने वाली बात ये है कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश पत्नी के बॉयफ्रेंड ने खुद पत्नी के साथ मिलकर रची। हिस्ट्रीशीटर पति को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी किलर्स का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड अब भी फरार है। 13 अप्रैल को राऊ इलाके में सड़क किनारे एक युवक घायल हालत में पड़ा मिला था। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सिर में गोली मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई, जो मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था और हाल ही में राऊ के रंगवासा में शिफ्ट हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि नवीन एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश था।

इधर मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। इनमें से चार लोगों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे। मामला विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सरोज गुर्जर, सुनैना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता राव के रूप में हुई है। ट्रैक्टर से बीरपुर थाना क्षेत्र के घूंघस गांव से विजयपुर थाना क्षेत्र के झारबडौदा गांव भात न्यौतने के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

उधर गूगल ने 2025 में भारत में नियमों का उल्लंघन करने वाले 48.37 करोड़ विज्ञापनों को ब्लॉक कर दिया या हटा दिया और 17 लाख विज्ञापनदाता खातों को बंद किया। कंपनी ने यह कार्रवाई अपने एआई प्लेटफॉर्म ‘जेमिनी’ की मदद से की। गूगल की ‘2025 ऐड्स सेफ्टी रिपोर्ट’ के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कंपनी ने पिछले वर्ष 8.3 अरब से अधिक बुरे विज्ञापनों को हटाया और 2.49 करोड़ विज्ञापनदाता खातों को निलंबित किया। कंपनी ने बताया कि जेमिनी एआई मॉडल के इस्तेमाल से संदिग्ध और धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों की पहचान करने की क्षमता में काफी सुधार हुआ है। खासतौर पर ऐसे समय में, जब ठग बड़े पैमाने पर भ्रामक विज्ञापन बनाने के लिए जनरेटिव एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। गूगल के मुताबिक, हटाए गए 8.3 अरब विज्ञापनों में से 99 फीसदी से अधिक विज्ञापन यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रोक दिए गए। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में विधवा, दिव्यांग, तीलू रौतेली और बौना पेंशन बढ़ेगी। समाज कल्याण मंत्री खजानदास के मुताबिक विधवा और दिव्यांग पेंशन को 1500 से बढ़ाकर 1875 रुपये किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बौना पेंशन व तीलू रौतेली पेंशन को 1200 से बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है। समाज कल्याण मंत्री ने विधान सभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय मंत्री ने कहा, दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान को 700 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने के लिए भी अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं में किसी भी तरह की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह ध्यान रखा जाए कि जरूरतमंद लाभार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

इधर एसटीएफ की टीम ने राज्य में संचालित 15 म्यूल खातों पर कार्रवाई करते हुए 80 से अधिक म्यूल खातों का सत्यापन किया। म्यूल अकाउंट के माध्यम से लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह के दो प्रमुख एजेंटों को गिरफ्तार किया। 15 म्यूल खाते चिन्हित करते हुए करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा किया गया। साथ ही राज्य में संचालित लगभग 2200 संदिग्ध म्यूल बैक खाते जांच में सामने आए, सभी खाताधारकों की पहचान, बैंक अभिलेखों की जांच, मोबाइल नंबरों के विश्लेषण कर सत्यापन का अभियान जारी है।

उधर रुद्रपुर में पकड़ी गई करोड़ों की नकली एनसीईआरटी किताबों के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। अब इस पूरे नेटवर्क के तार उत्तराखंड से निकलकर राजस्थान तक पहुंच गए हैं। एसआईटी जल्द ही भरतपुर जाकर मामले की तह तक जाने की तैयारी में है। बता दें कि बीते 16 मार्च को पुलिस ने किरतपुर कोलड़ा स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 10 लाख नकली किताबें बरामद की थी। इस मामले में एनसीईआरटी के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गोदाम स्वामी राजेश कुमार जैन, संचालक संदीप और शाहरुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसआईटी (SIT) को सौंप दी गई थी।

इधर टिहरी के डरसाल गांव में शादी समारोह के बाद फूड प्वॉइजनिंग से कई लोग बीमार पड़ गए। जिनमें 35 मरीजों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती करवाया गया। जहां उनका उपचार किया गया, तो कई लोगों का जारी है। जबकि कुछ लोग ऋषिकेश, देहरादून और चंबा में इलाज करा रहे हैं। इसके पीछे डरसाल गांव की एक शादी समारोह में पानी या भोजन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।