Good Morning India: ईरान पर 6 अप्रैल तक हमला नहीं करेगा अमेरिका! खत्म होगी 165 साल पुरानी परंपरा, अब अमेरिकी डॉलर पर होंगे राष्ट्रपति ट्रंप के साइन! नेपाल में आज से शुरू होगा 'बालेन युग'! IPL 2026 के दूसरे फेज के शेड्यूल का हो गया ऐलान! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। वहीं नेपाल में आज सबसे युवा प्रधानमंत्री के तौर पर बालेंद्र शाह पदभार ग्रहण करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिकी फोर्सेस अगले दस दिनों तक ईरान के एनर्जी प्लांट पर हमला नहीं करेंगी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह बात कही है। अपनी पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "ईरानी सरकार के अनुरोध के अनुसार मैं एनर्जी प्लांट को नष्ट करने का समय 10 दिन के लिए सोमवार, 6 अप्रैल, 2026 को रात 8 बजे, ईस्टर्न टाइम तक रोक रहा हूं। बता दें कि ट्रंप ने पहले सोशल मीडिया पोस्ट पर ये ऐलान किया और उसके बाद कहा कि ईरान ने और समय मांगा है। सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक ट्रंप ने अपनी एनर्जी प्लांट स्ट्राइक पर लगी रोक को 6 अप्रैल तक बढ़ा दिया है और कहा है कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी चल रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ईरानी सरकार के अनुरोध पर मैं ऊर्जा ठिकानों को तबाह करने की कार्रवाई को 10 दिनों के लिए रोक रहा हूं, जो सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को रात 8 बजे तक जारी रहेगा।
इधर जापान के सबसे बड़े और सबसे अधिक आबादी वाले होन्शू द्वीप के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (जीएफजेड) के अनुसार, गुरुवार को जापान के सबसे बड़े और सबसे अधिक आबादी वाले द्वीप होंशू के पूर्वी तट पर 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर था। जापान न्यूज़ के अनुसार, भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है और अधिकारी आगे की कार्रवाई या जन सुरक्षा उपायों की आवश्यकता का आकलन कर रहे हैं। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे था, जिससे कई इलाकों में तेज कंपन महसूस हुआ और लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद सबसे बड़ा सवाल सुनामी को लेकर था, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि भूकंप के इस झटके के बाद किसी तरह की सुनामी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इससे लोगों को राहत मिली है। फिर भी प्रशासन ने समुद्र तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
उधर दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण देश भर में आज से एक से फिर आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 से 31 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने पूरे उत्तर भारत में आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
इधर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पिकअप वाहन से टक्कर के बाद बस पलट गई, जिसमें दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसे में एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया। वहीं, कई लोगों के सिर फूटे हैं। पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के शामिल होने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही एक बस और एक पिक-अप गाड़ी के बीच टक्कर में दस लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि यह घटना नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुई, जो जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। दुर्घटना के समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे, घायलों को एम्बुलेंस और अन्य गाड़ियों से ज़िला अस्पताल और आस-पास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया है।
उधर बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। इससे पहले 28 मार्च से 12 अप्रैल तक 20 मैचों के शेड्यूल का ऐलान किया गया था। अब दूसरे फेज में 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक के मैचों के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है। इसमें लीग स्टेज के बाकी बचे 50 मुकाबले आयोजित होंगे। दूसरे चरण के मैच देश के 12 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगा, प्लेऑफ की रेस और ज्यादा रोमांचक होती जाएगी। टूर्नामेंट के इस फेज की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जहां सनराइजर्स हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से हैदराबाद में होगा। यह मुकाबला आगे आने वाले रोमांचक मैचों की झलक भी देगा। इस चरण में कुल 8 डबल-हेडर यानी एक दिन में दो मैच खेले जाएंगे। दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि शाम के मैच 7:30 बजे से खेले जाएंगे। टीमों के होम ग्राउंड की बात करें तो पंजाब किंग्स अपने घरेलू मुकाबले न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें इस फेज के दौरान धर्मशाला में तीन मैच शामिल हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार होम मैच खेलेगी। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बेंगलुरु में तीन और रायपुर में दो घरेलू मैच खेलने हैं। दूसरे फेज में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 2 बार भिड़ंत देखने को मिलेगी। पहला मुकाबला 23 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 2 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों मुकाबले शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे।
इधर 1 अप्रैल से देश में टैक्स सिस्टम से जुड़ा एक बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है, जहां Income-tax Act, 1961 की जगह नया Income-tax Act, 2025 प्रभाव में आएगा। हालांकि टैक्स स्लैब और दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन ITR फाइलिंग, PAN के इस्तेमाल, HRA क्लेम और आय की रिपोर्टिंग के नियम पहले से ज्यादा सख्त और पारदर्शी हो जाएंगे। इनकम टैक्स एक्ट, 1961 की जगह अब इनकम टैक्स एक्ट, 2025 लागू होने जा रहा है। सरकार के मुताबिक यह सिर्फ टैक्स में बदलाव नहीं, बल्कि पूरे कानून का पुनर्लेखन (रीराइट) है। अच्छी बात यह है कि टैक्स स्लैब और दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी आपको ज्यादा टैक्स नहीं देना होगा, लेकिन अब आय, कटौतियां, सैलरी, कैपिटल गेन और डिस्क्लोजर को ज्यादा सटीक तरीके से रिपोर्ट करना होगा।
उधर केंद्रीय आईटी एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बच्चों पर सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सोशल मीडिया के प्रति बढ़ता आकर्षण गंभीर समस्या है। अब समय आ गया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नवाचार और प्रभावी नियमन के बीच सही संतुलन बनाने के लिए देश में एक व्यापक आम सहमति बनाई जाए। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में मंत्री ने अमेरिका की एक अदालत के हालिया फैसले का हवाला दिया, जिसमें सोशल मीडिया कंपनियों को उनके एडिक्टिव एल्गोरिदम (लत लगाने वाली तकनीक) के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। उन्होंने कहा, यह सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि वैश्विक समस्या है। दुनिया भर के डिजिटल मंत्री इस बात को लेकर चिंतित हैं कि ये प्लेटफॉर्म बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और विकास को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इधर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई। शाम 5 बजे मार्केट खुलते ही चांदी दबाव में आ गई। यह 15000 रुपये तक नीचे चली गई। लगभग रात 10.45 बजे यह 14,184 रुपये यानी 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 2,20,650 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। इसी तरह सोना भी लुढ़का। यह 2.94 फीसदी यानी 4236 रुपये टूटकर 139861 पर कारोबार कर रहा था।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 17 जून तक होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फ्रांस की यात्रा पर जाने वाले हैं। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने फ्रांस दौरे के दौरान जीन नोएल बैरोट से एबे डे वॉ-डे-सेर्ने में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत की भूमिका और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की। फ्रांस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने G7 में भारत के योगदान खासकर वैश्विक आर्थिक असंतुलन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी जैसे मुद्दों को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही यह भी रेखांकित किया गया कि फ्रांस अपनी G7 अध्यक्षता के दौरान भारत को एक प्रमुख साझेदार के रूप में शामिल करने को विशेष महत्व दे रहा है।
इधर अब अमेरिकी डॉलर वाले नोटों पर बहुत जल्द राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सिग्नेचर होगा। इसकी सूचना अमेरिकी ट्रेडर ने दी है। इसके मुताबिक, अमेरिका की आजादी के 250वें साल पर डॉलर के नोटों पर ट्रंप के सिग्नेचर होंगे। साल 1861 में डॉलर के नोटों के आने के बाद से यह किसी मौजूदा प्रेसिडेंट यानी राष्ट्रपति के लिए पहली बार होगा। गौरतलब है कि अगर अमरिकी डॉलर पर मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सिग्नेचर होता है तो ऐसे में अमेरिका में 165 साल पुरानी परंपरा भी टूट जाएगी। 1861 से अब तक अमेरिकी करेंसी पर ‘ट्रेजरर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स’ के हस्ताक्षर होते थे। अब शायद इसे हटा दिया जाएगा। दरअसल, अमेरिकी ट्रेजरी द्वारा लिया गया यह फैसला इस साल अमेरिकी आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न के साथ मेल खाता है। अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘अमेरिका की 250वीं सालगिरह के जश्न में प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के सिग्नेचर वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के साथ जल्द ही अमेरिकी करेंसी पर दिखेंगे। यह इतिहास में पहली बार होगा और यह हमारे महान देश के लिए डोनाल्ड ट्रंप की लीडरशिप और डेडिकेशन का प्रतीक है, जिसका लंबे समय तक असर रहेगा।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का अब उद्घाटन जल्द होने वाला है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल के पहले सप्ताह में ही इसका उद्घाटन करने देहरादून आ सकते हैं। इसके लिए तैयारी अब तेज हो चुकी हैं। एक्सप्रेसवे के किनारे ही हेलिपैड भी बनाए जा रहे हैं। वहीं, एक्सप्रेसवे पर साफ-सफाई समेत रंग रोगन का काम भी शुरू हो चुका है हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय से इसका समय निर्धारित होने की पुष्टि नहीं की गई है।
इधर देहरादून जिले के दो थाने के प्रभारियों समेत कुल 14 निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों का तबादला किया गया है। इसमें पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी को हरिद्वार जिले में भेजा गया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की ओर बृहस्पतिवार देर रात तबादला सूची जारी की गई। विनोद गुसाईं को विकासनगर थाने से तबादला कर पटेलनगर थाने का प्रभार सौंपा गया है। जबकि राजीव रौथाण को पुलिस लाइन से विकासनगर थाने में प्रभारी निरीक्षक बनाकर भेजा गया है। इसके अलावा जौली ग्रांट और बिधौली चौकी प्रभारी भी बदले गए हैं। तबादला पाने वालों में नवीन डंगवाल, दुर्गेश कोठियाल, अजय भट्टी, शिल्पा सैनी, जैनेंद्र राणा, प्रवीण सैनी, चिंतामणि त्रिपाठी, शिवदत्त जमलौकी, मीनू यादव, सूरज कंडारी और बलवीर सिंह आदि शामिल रहे।
उधर प्रेमनगर इलाके में झगड़ा और मारपीट में घायल छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत मामले में पुलिस ने फरार एक आरोपी छात्र को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल तीन छात्रों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि, अभी भी 11 छात्र फरार चल रहे हैं। वहीं, विवाद शुरू होने के मुख्य घटनास्थल रहे 2 रेस्टोरेंट बाबा की रसोई और होटल चंपारण को सीज किया गया। बता दें कि बीती 23 मार्च की रात को थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि केहरी गांव (प्रेमनगर) में कुछ युवकों के बीच हुई आपसी मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उसके साथी उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले गए हैं। जहां से घायल युवक दिव्यांशु जाटराना की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान घायल दिव्यांशु जाटराना की मौत हो गई। घटना के संबंध में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।