Good Morning India: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका-ईरान आमने सामने, ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार! बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा, पकड़ा गया एयर फोर्स स्टेशन का कर्मचारी! 600 करोड़ के पार 'धुरंधर 2', बनी बॉक्स ऑफिस किंग! उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में तूफान का अलर्ट

Good Morning India: The US and Iran face off over the Strait of Hormuz, Iran retaliates to Trump's threat! Major espionage network exposed, Air Force station employee arrested! 'Dhurandhar 2' surpass

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, दिल्ली में विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू होगा। वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज सोमवार को तेज तूफान चलने की संभावना है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल-ईस्ट में जंग का आज 24वां दिन है। ईरान और अमेरिका के साथ-साथ इजरायल के बीच जंग और ज्यादा बढ़ती जा रही है। इस बीच ईरान ने कहा है कि अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोले जाने पर ट्रंप ईरानी बिजली संयंत्रों को 'नष्ट' करने की धमकी पर अमल करते हैं, तो ईरान स्ट्रेट को 'पूरी तरह' बंद कर देगा और क्षेत्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाएगा। बता दें कि ट्रंप ने इससे पहले ईरान को 48 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की चेतावनी दी थी। ऐसा नहीं करने पर ट्रंप ने ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले की बात कही थी। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बयान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में, ईरानी विदेश मंत्री ने दावा किया कि जलमार्ग बंद नहीं है। उन्होंने अमेरिका और इजरायल को संबोधित करते हुए कहा कि जहाज इसलिए हिचकिचा रहे हैं क्योंकि बीमा कंपनियां उस युद्ध से डरती हैं जिसे आपने शुरू किया है - ईरान ने नहीं। उन्होंने कहा कि कोई भी बीमा कंपनी और कोई भी ईरानी और अधिक धमकियों से प्रभावित नहीं होगा। अराघची की यह पोस्ट विदेश मंत्रालय के उस बयान के बाद आई है जिसमें कहा गया है कि स्ट्रेट में व्यवधान और बढ़ते खतरे के लिए अमेरिका और इजरायल सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।

इधर राजस्थान इंटेलिजेंस ने भारत में एक्टिव एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए असम के एयर फोर्स स्टेशन Chabua से एक सिविलियन कर्मचारी को जासूसी करने के आरोप में अरेस्ट किया है। ये आरोपी देश की वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों को पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था। ADG (इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार के मुताबिक, इस पूरे केस की शुरुआत जनवरी, 2026 में जैसलमेर के रहने वाले झबरा राम की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ और जांच के दौरान उसने एक अन्य संदिग्ध सुमित कुमार का नाम बताया था, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संपर्क में लगातार था। जांच में मालूम हुआ कि 36 साल का सुमित कुमार यूपी के प्रयागराज जिले के लहुरपार का रहने वाला है। वह अभी असम के डिब्रूगढ़ स्थित एयर फोर्स स्टेशन Chabua में एमटीएस यानी मल्टी टास्किंग स्टाफ के पद पर काम कर रहा था। सुमित कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए Chabua एयर फोर्स स्टेशन से जुड़ी खुफिया जानकारियां इकट्ठा कीं और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज दिया।

उधर असम की हिमंत बिस्वा सरमा सरकार में खेल और युवा कल्याण मंत्री नंदिता गरलोसा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के खेमे में शामिल हो गई हैं। गरलोसा ने यह कदम BJP की तरफ से टिकट नहीं दिए जाने के बाद उठाया है। कांग्रेस की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, नंदिता गरलोसा, दिमा हसाओ जिले की हाफलोंग विधानसभा सीट से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस ने पहले इस विधानसभा सीट से अपनी स्टेट यूनिट के जनरल सेक्रेटरी निर्मल लंगथासा को मौका दिया था, लेकिन उन्होंने अब गरलोसा को पार्टी का टिकट दिए जाने पर सहमति जताई है। कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि हमें यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि नंदिता गरलोसा कांग्रेस में आ गई हैं। वह पिछले 5 साल से दीमा हसाओ की आवाज बनी हुई हैं। वह अपने विश्वासों और सिद्धांतों के लिए हमेशा दृढ़ता से खड़ी रही हैं। कांग्रेस का आरोप है कि असम की खेल और युवा कल्याण मंत्री गरलोसा को BJP में इसकी कीमत चुकानी पड़ी क्योंकि सीएम सरमा को केवल आदिवासियों की जमीनें बड़ी कंपनियों को बेचने में दिलचस्पी है।

इधर 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'धुरंधर: द रिवेंज' भारत में चौथी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है। ट्रेड ट्रैकिंग पर कलेक्शन देख इतना तो साफ है कि अपने शुरुआती वीकेंड में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है और दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे बेहतरीन कलाकारों से सजी इस फिल्म ने दुनिया भर में कुल 691.32 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और 454.12 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। 'धुरंधर 2' के चौथे दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन रिपोर्ट भी आ चुका है। 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने अपने रिलीज के चौथे दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और दुनिया भर में कुल 691.32 करोड़ की कमाई की है। इसमें से फिल्म ने भारत में 541.97 करोड़ कमाए, जबकि इसकी विदेशों में कमाई 149.35 करोड़ रही। नेट कलेक्शन के मामले में इसने 95,171 शो में 454.12 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है, जो देश और विदेश दोनों जगह इसकी मजबूत ऑक्यूपेंसी और दर्शकों के बीच इसके जबरदस्त क्रेज को दिखाता है।

उधर मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस साल जनवरी में सोने और चांदी की कीमतें ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थीं, जिसके बाद इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई। जनवरी के आखिर से ही सोने-चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौजूदा समय की बात करें तो सोने और चांदी, दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में काफी गिरावट आ चुकी है। जहां एक तरफ, चांदी की कीमतें अपने ऑलटाइम हाई से 1.92 लाख रुपये नीचे आ चुकी है। तो वहीं, दूसरी ओर सोना भी अपने लाइफटाइम हाई से 48,271 रुपये सस्ता हो चुका है। शुक्रवार को MCX पर 2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना बढ़ोतरी के साथ 1,44,825 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी 1.72 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 2,27,470 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 29 जनवरी को MCX पर चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के लाइफ टाइम हाई पर पहुंच गया था। इसी दिन, सोना भी 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। MCX पर सोना अपने लाइफटाइम हाई से 48,271 रुपये और चांदी अपने लाइफटाइम हाई से 1,92,578 रुपये सस्ती हो चुकी है।

इधर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि कई बार सेवा करने वाले लोग हमें बड़ी मात्रा में दिखते हैं, तब हम समझते हैं कि आसपास कोई चुनाव है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिताजी के नाम पर नागपुर में गंगाधर राव फडणवीस मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर शुरू किया गया। इसी कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने कहा कि हमारे यहां सेवा शब्द की एक कल्पना है, सेवा यह कोई उपकार नहीं है, सेवा करना कर्तव्य है। सरसंघचालक ने कहा, "जब हम सेवा करते हैं, तब हम खुद पवित्र होते है। क्योंकि इंसान का मन प्राकृतिक दृष्टि से कई प्रकार के विकारों से बुरे-अच्छे विचारों से भरा होता है। सेवा के कारण मन शुद्ध होता है, क्योंकि जब इंसान खुद को भूल कर सेवा करता है, उसे ही सेवा कहा जाता है।

उधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में बिताए गए रिकॉर्ड 8,931 दिनों की रविवार को सराहना की है। अमित शाह ने कहा कि यह सेवा, कड़ी मेहनत एवं अटूट प्रतिबद्धता पर आधारित एक मील का पत्थर है। 24 सालों से अधिक समय तक बिना छुट्टी लिए राष्ट्र और जनता की सेवा अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब प्रधानमंत्री के रूप में मोदी द्वारा सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिनों का रिकॉर्ड बनाया जाना राष्ट्र-प्रथम, शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रविवार को सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारत में सर्वाधिक समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले व्यक्ति बन गए। गृह मंत्री ने कहा, 'मोदी जी की दशकों की सेवा ने एक नए युग को जन्म दिया है। चाहे गरीबों को उनके अधिकार दिलाना हो, विकास में नए मुकाम हासिल करना हो या वैश्विक मंचों पर देश का गौरव बढ़ाना हो, मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदल दिया है।' 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में सोमवार को तेज तूफान चलने की संभावना है। हालांकि मैदानी इलाकों में भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों की बात करें तो 27 मार्च तक प्रदेश भर में मौसम बदला-बदला रहेगा। रविवार के आंकड़ों की बात करें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कमी के साथ 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कमी के साथ 12.6 डिग्री रहा। जबकि पर्वतीय इलाकों के तापमान में ज्यादा कमी देखने को मिली।

इधर एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की नेपाल में तलाशी के लिए शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तीन आपत्तियां भेजी हैं। इसमें आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका के बारे में करीब 1600 शब्दों का विवरण मांगा गया है। साथ ही पंजीकरण और घटना के समय आदि से जुड़ी जानकारी तलब की गई है। नौ दिसंबर 2025 को सेलाकुई क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर दूसरे पक्ष के छह लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें एंजेल को गंभीर चोटें आईं थीं। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद एंजेल के गर्दन के पास गंभीर चोट लगने की पुष्टि की थी।

उधर देहरादून हाईवे पर रविवार शाम हादसा हो गया। रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार सेना का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान धन प्रकाश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे और दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से भगवानपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि धन प्रकाश को कूल्हे में फ्रैक्चर था और उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने लाया गया था, लेकिन चिकित्सकों के गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी हालत बिगड़ गई। इसी आरोप को लेकर परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

इधर यूपी के हापुड़ स्थित नेशनल हाईवे-9 स्थित नए बाईपास पर रविवार दोपहर सड़क हादसे में दिल्ली से अल्मोड़ा जा रही एक कार कुचेसर रोड चौपला के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई पलटे खाते हुए पास के एक ढाबे में जा घुसी और वहां खड़ी दो गाड़ियों से टकरा गई। हादसे में कार चला रही दिल्ली निवासी युवती की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दिल्ली के द्वारका सेक्टर-06 निवासी निधि कमाल (37) पुत्री हेमन्दू कमाल रविवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपनी कार से दिल्ली से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। नेशनल हाईवे 9 के नए बाईपास पर जैसे ही वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला स्थित सूर्य शिवा ढाबे के पास पहुंची, उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिवाइडर से टकराते ही कार का टायर फट गया और गाड़ी हवा में कई बार पलटते हुए सड़क किनारे ढाबे पर खड़ी दो अन्य कारों से जा भिड़ी।

उधर उत्तराखंड में गुलदार की दहशत बनी हुई है। चंपावत जिले में मानव वन्य जीव संघर्ष का मामला एक बार फिर सामने आया है। जिले के लोहाघाट विकास खंड के धोनी शिलिंग गांव के डगला तोक में गुलदार ने महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले में महिला के चेहरे पर चोटे आई हैं। जानकारी के अनुसार गीता देवी गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ रोज की तरह घास काटने जंगल की ओर जा रही थी। तभी घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में गीता देवी के चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के दौरान साथ मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया।