Good Morning India: T20 वर्ल्ड कप का फाइनल आज, क्या रोहित का सपना पूरा करेगी सूर्या की सेना? यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने की आत्महत्या की कोशिश, 150 की स्पीड में डिवाइडर से टकराई कार! सांप्रदायिक तनाव के चलते सख्त पहरे में उत्तम नगर, यहां पड़ोसी से तंग आकर हिंदू परिवार ने छोड़ा घर, मकान पर चिपकाया नोटिस

Good Morning India: The T20 World Cup final is today. Will Surya's army fulfill Rohit's dream? YouTuber Anurag Doval attempted suicide, crashing his car into a divider at 150 mph. Uttam Nagar is unde

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम एशिया में छिड़ा युद्ध शनिवार को आठवें दिन दोनों तरफ से बड़े हमले भी हुए। ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में जुटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने जमीनी हमले की संभावना को लेकर अपने सलाहकारों के अलावा रिपब्लिकन नेताओं के साथ चर्चा की है। संघर्ष में रूस की भी परोक्ष एंट्री के संकेत मिले हैं। ईरान ने जार्डन में अमेरिका को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए 30 करोड़ डॉलर की हवाई रक्षा प्रणाली थाड को ध्वस्त कर दिया, तो इजरायल ने ईरान के 16 लड़ाकू विमानों को नष्ट करने का दावा किया। ड्रोन हमले में दुबई एयरपोर्ट का रनवे क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि रिहायशी मरीना टावर पर ड्रोन का मलबा गिरने से इमारत के बाहरी हिस्से में आग लग गई। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी नौसेना अब तक ईरान के 42 जहाजों को डुबो चुकी है। कुवैत ने तेल उत्पादन में कटौती करते हुए निर्यात पर रोक लगा दी है। अमेरिका और इजरायल ने अपने हजारों नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश पहुंचा दिया है।

इधर यूपी के लखीमपुर खीरी के मोहम्मदपुर गांव में एक हिंदू परिवार ने पड़ोसी मुस्लिम परिवार से परेशान होकर घर बेचने का नोटिस लगाया है। प्रदीप वर्मा के परिवार का आरोप है कि मुस्लिम पड़ोसी शिव मंदिर और कुएं में मांस-हड्डी फेंकते हैं। मामला लखीमपुर के फरधान थाना क्षेत्र का है, यहां गांव मोहम्मदपुर निवासी एक हिंदू परिवार ने पड़ोसी मुस्लिम परिवार से आजिज आकर घर छोड़कर बिक्री करने की नोटिस दरवाजे पर चस्पा की है। हिंदू परिवार का कहना है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवार ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय दिलाने की मांग की है। गांव मोहम्मदपुर निवासी प्रदीप वर्मा ने बताया पड़ोसी इस्माइल अली और उनके घर की महिलाएं आए दिन परेशान करती हैं। इसके लिए वह घर के सामने बने शिव मंदिर और कुआंं में मांस के टुकड़े और हड्डी फेंकते हैं। ऐसा करने से मना करने पर मारपीट करने पर आमदा हो जाते है।

उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरानी सेना अब लगभग अस्तित्वहीन हो चुकी है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि अमेरिका ने ईरान के 44 नौसैनिक जहाजों और उनकी वायुसेना के हर एक विमान को नष्ट कर दिया है। ईरान को लेकर ट्रंप ने कहा, "हमने उनके 44 नौसैनिक जहाजों को नष्ट कर दिया है। हमने उनकी वायुसेना के सभी विमानों को नष्ट कर दिया है। हमने उनकी अधिकांश मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। अब वे ज्यादा मिसाइलें नहीं भेज पा रहे हैं। हमने उनके मिसाइल निर्माण क्षेत्रों पर भी भारी हमला किया है। उनकी ड्रोन क्षमता बहुत कम हो गई है। सेना लगभग न के बराबर है। हम सेना पर भी भारी हमला कर सकते हैं, लेकिन शायद हम करेंगे, शायद नहीं। हमने अभी तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है।"

इधर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने से पहले ही डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था और टीम इंडिया ने फाइनल तक पहुंचकर इसे अब तक सही भी साबित किया है। ऐसे में अब सभी की नजरें आज 8 मार्च को होने वाले खिताबी मुकाबले पर है, जहां टीम इंडिया के पास तीसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने के साथ इतिहास रचने का मौका होगा। हालांकि न्यूजीलैंड की चुनौती भारतीय टीम के लिए फाइनल मुकाबले में आसान नहीं रहने वाली है। अभी तक टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी सिर्फ 6 देश ही जीतने में कामयाब हो सके हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के पास इस ट्रॉफी को जीतकर 7वां देश बनने का मौका भी रहने वाला है। ऐसे में हम आपको अभी तक टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अब तक कब किस टीम ने जीता है उसके बारे में बताने जा रहे हैं।

उधर देहरादून के मशहूर मोटो-ब्लॉगर और 'बिग बॉस-17' फेम अनुराग डोभाल (UK07 Rider) ने शनिवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जान देने की कोशिश की। अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लाइव आकर इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। लाइव वीडियो के दौरान ही उन्होंने हवा हवाई रेस्टोरेंट के सामने अपनी कार की रफ्तार 150 किमी/घंटा तक बढ़ा दी और 'यह मेरी अंतिम यात्रा है' कहते हुए गाड़ी सीधे डिवाइडर में ठोक दी। हादसे से ठीक पहले अनुराग इंस्टाग्राम पर लाइव थे। वीडियो में वह काफी भावुक और मानसिक रूप से टूट चुके नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि वह अब और सहन नहीं कर सकते। लाइव के दौरान ही उन्होंने अचानक कार की स्पीड बढ़ाई और देखते ही देखते गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस मंजर को हजारों लोग लाइव देख रहे थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया।

इधर भारत के सीजेआई न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि पिछले एक दशक में देश में विधायी सुधार और न्यायिक अनुशासन ने मिलकर मध्यस्थता प्रणाली को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि कानून में किए गए बदलाव और अदालतों के संतुलित रवैये से भारत में विवाद समाधान की प्रक्रिया अधिक भरोसेमंद बनी है। सीजेआई न्यायाधीश ने यह बात चंडीगढ़ में चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र के उद्घाटन के दौरान कही। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि बीते दस वर्षों में मध्यस्थता और सुलह अधिनियम में कई अहम संशोधन किए गए हैं। इन बदलावों से समय सीमा को सख्त बनाया गया है और निष्पक्षता के मानकों को भी मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से यह स्पष्ट हुआ है कि अदालतें मध्यस्थता प्रक्रिया में केवल आवश्यक होने पर ही हस्तक्षेप करेंगी।

उधर उत्तम नगर के हस्तसाल जेजे कालोनी में 26 साल के तरुण कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना की रात चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि बाद में नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है। इस मामले की प्राथमिकी में पुलिस ने एससी/एसटी अधिनियम को भी जोड़ा है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निजामुद्दीन के बेटे उमरदीन, जुम्मादीन, कमरुद्दीन, उमरदीन के बेटे मुजफ्फर, मुस्ताक और ताहिर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 4 मार्च की रात 11.09 बजे उत्तम नगर थाना पुलिस को अलग अलग समुदायों के पड़ोसियों के बीच झगड़े की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस को पता चला कि झगड़े में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी को पास के अस्पताल लेकर गई। जहां तरुण को छोड़कर सभी घायलों को उसी दिन छुट्टी दे दी गई।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्य बाजार स्थित एक होटल में ठहरी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। वहीं खबर के फैलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीती रात से हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी लेकर होटल स्वामी से कुछ देर में लौटने की बात कहकर बाहर चले गए। मगर जब वे देर शाम तक भी वापस नहीं लौटे तो होटल स्वामी को संदेह हुआ। उन्होंने खिड़की से कमरे के भीतर झांककर देखा तो महिला कमरे के अंदर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। जिसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

इधर आवेदन पत्रों की डुप्लीकेसी रोकने के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की भर्तियों के आवेदन में अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, परीक्षाओं में आयोग एआई से निगरानी करेगा तो हाजिरी के लिए हथेली और आंखों की रेटिना को भी स्कैन करेगा। समूह-ग की 1737 नई भर्तियां निकालने से पहले आयोग ने इन बदलावों की घोषणा की है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि आयोग ने बीते तीन वर्षों में रिकॉर्ड काम किया। 72 प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से 7092 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर संबंधित विभागों को संस्तुति भेजी जा चुकी है। लगभग 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। इस वित्तीय वर्ष में समूह-ग के 1100 पदों का विज्ञापन निकल चुका है जबकि 1737 अन्य पदों के लिए विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

उधर बाजपुर में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 23 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियां करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है।