Aug 23, 2026 Login

Good Morning India: बेनतीजा रही इस्लामाबाद वार्ता, अमेरिका-ईरान के बीच नहीं हुआ कोई समझौता, तो क्या फिर भड़केगी जंग! UN की रिपोर्ट में हैरान करने वाला खुलासा, दुनिया भर में अमीर और गरीब देशों के बीच ज्यादा गहरी हो रही आर्थिक खाई! भांजे के प्यार में पागल मामी ने सास को लगाया ठिकाने, अब कब्र से निकाली गई लाश बताएगी राज

Good Morning India: The Islamabad talks were inconclusive, with no agreement reached between the US and Iran. Will war break out again? A UN report reveals a shocking revelation: the economic gap bet

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज विदेश सचिव विक्रम मिस्री पेरिस और बर्लिन के दौरे पर रहेंगे। वहीं, पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के भ्रष्टाचार मामला की सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट के जंग को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई अमेरिका और ईरान के बीच अहम वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने साफ तौर पर कहा कि 21 घंटे तक चली लंबी बातचीत के बावजूद दोनों देशों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई। दोनों देशों के बीच तीन दौर की वार्ता हुई लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका। जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका की सबसे बड़ी मांग यह थी कि ईरान परमाणु हथियार बनाने या उससे जुड़े किसी भी कार्यक्रम को पूरी तरह छोड़ने की स्पष्ट और ठोस प्रतिबद्धता दे। लेकिन ईरान इस मुद्दे पर तैयार नहीं हुआ। जेडी वेंस ने कहा-'हमें इस बात की पक्की गारंटी चाहिए कि ईरान न तो परमाणु हथियार बनाने की कोशिश करेगा, और न ही ऐसे साधन जुटाएगा जिनकी मदद से वह तेज़ी से ऐसा कर सके। हम बिना किसी समझौते पर पहुंचे ही अमेरिका लौट रहे हैं।'

इधर दुनिया भर में आर्थिक असमानता कम होने की बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। अमीर और गरीब देशों के बीच की खाई अब और गहरी होती दिख रही है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की ताजा रिपोर्ट ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विकसित देशों ने गरीब देशों को मिलने वाली आर्थिक मदद में बड़ी कटौती की है, जिससे वैश्विक संतुलन बिगड़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 25 विकसित देशों ने पिछले साल गरीब देशों को दी जाने वाली मदद में 23% की कटौती की है। खास बात यह है कि सिर्फ पांच बड़े देशों की कटौती इस गिरावट के 96% के लिए जिम्मेदार है। इनमें सबसे बड़ी कटौती अमेरिका की ओर से की गई, जो करीब 59% तक रही। इस सहायता में कमी का सबसे ज्यादा असर गरीब और विकासशील देशों पर पड़ा है। अफ्रीकी देशों को मिलने वाली मदद में 26.3% की गिरावट आई है, जबकि सबसे कम विकसित देशों में यह गिरावट 25.8% रही। इससे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आपदा राहत जैसे जरूरी क्षेत्रों पर संकट गहराने का खतरा बढ़ गया है।

उधर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मंदिर हटाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। यहां सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे एक मकान में रहने वाले लोगों का विवाद क्षेत्र के अन्य लोगों से हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिसकर्मी के सर में चोट आई है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तीतर-बितर किया। इस दौरान विरोध कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवासियों ने भगाया। उज्जैन शहर में सिहस्थ 2028 के लिए कई मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी के तहत उज्जैन के आजाद नगर से दो तालाब तक रोड का चौड़ीकरण किया जाना है, जिसके तहत पंचमपुरा चौराहे पर कालिकमाता मंदिर को नगर निगम की टीम जेसीबी और पोकलेन की मदद से तोड़ रही थी। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे और मंदिर तोड़ने का विरोध करने लगे।

इधर भारत के झंडे वाला LPG जहाज ‘जग विक्रम’ शनिवार को सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह जहाज लगभग 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर 24 नाविकों के साथ भारत आ रहा है और इसके 15 अप्रैल 2026 को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, यह टैंकर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच होर्मुज से गुजरा और अब यह पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। मंत्रालय ने बताया कि यह जहाज मुंबई स्थित ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी का है और इसकी वजन क्षमता 26,000 टन से अधिक है। ‘जग विक्रम’ मध्यम आकार का गैस वाहक जहाज है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ‘जग विक्रम’ मार्च की शुरुआत के बाद फारस की खाड़ी से निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज है। अभी भी लगभग 15 भारतीय ध्वज वाले जहाज इस क्षेत्र में मौजूद हैं और सुरक्षित तरीके से निकलने का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले पश्चिम दिशा में मौजूद 8 और पूर्व दिशा में मौजूद 2 जहाज सुरक्षित रूप से निकल चुके हैं। 

उधर जम्मू-कश्मीर के डोडा क्षेत्र में रविवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह भूकंप सुबह 4 बजकर 32 मिनट पर आया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। इससे पहले शनिवार सुबह महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के हिंगोली जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके नांदेड और परभणी जिलों के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं है। हालांकि, पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक भवनों में दरारें आने की खबर है। हिंगोली के कलेक्टर राहुल गुप्ता ने बताया कि भूकंप सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर हिंगोली जिले के वसमत तालुका के शिरली गांव के पास था।

इधर देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। कहीं बर्फबारी हो रही है, कहीं बारिश और कहीं तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 12 अप्रैल (रविवार) को उत्तराखंड, हिमाचल सहित 13 राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार मैदानी राज्यों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और अगले कुछ दिनों में गर्मी का असर तेज हो सकता है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना भी जताई गई है। पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि दक्षिण भारत में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। 

उधर राजधानी लखनऊ में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच दिन बाद शनिवार को कब्र खोदकर उनका शव बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। बहू शालिनी को हिरासत में लिया गया है। नामजद आरोपी करन की तलाश में पुलिस टीम लगी है। घटना काकोरी क्षेत्र के इब्राहिमगंज गांव की है। गांव निवासी बुजुर्ग शांति देवी (65) की हत्या हुई है। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि छानबीन में शालिनी की भूमिका संदिग्ध मिली है। ग्राम प्रधान शकील के वीडियो के आधार पर शालिनी से पूछताछ की जा रही है। उसके रिश्ते के भांजे उन्नाव के औरास निवासी करन को पकड़ने के लिए पुलिस टीम उन्नाव भेजी गई है। जिलाधिकारी की अनुमति से मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव कब्र से निकाला गया। शव का पोस्टमॉर्टम रविवार को होगा। इससे मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मौत जहर से हुई, तो विसरा रिपोर्ट से पुष्टि होगी।

इधर यूपी के मिर्जापुर में पूर्व प्रधान व अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू (50) की 81 सेकंड में गोली मारकर हत्या करने के बाद राजेंद्र सोनकर अपने साथी के साथ भागने में कामयाब रहा। इस दौरान उसकी बाइक चालू नहीं हुई। राजेंद्र और उसके साथी ने 20 किक मारीं तब जाकर बाइक चालू हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों बाइक में किक मारते दिख रहे हैं। बृजेश मिश्र के आवास के आगे खाली प्लॉट के पास राजेंद्र सोनकर अपनी बाइक को रोकता है। सफेद रंग के कपड़े पहने और गले में गमछा डाले राजेंद्र बाइक खुद चलाकर पहुंचा था। उसके साथ नीले रंग की शर्ट पहने युवक था। वही पीछे मुड़कर अधिवक्ता को देखता है। राजेंद्र डिकी से अखबार में लिपटे तमंचे को बाहर निकालता है। 33 सेकंड में तमंचा लेकर अधिवक्ता राजीव सिंह की ओर बढ़ता है और गोली मारता है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, टिहरी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। घुत्तू के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक घायल को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे एसडीआरएफ को वाहन खाई में गिरने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन को खाई में गिरा पाया। वाहन में दो व्यक्ति व एक खच्चर सवार थे। टीम ने रेस्क्यू कर घायल पूरन सिंह पुत्र रूप चंद्र सिंह निवासी ग्राम साथियाला पट्टी भिलग टिहरी गढ़वाल को निकाला। जबकि बॉबी पुत्र जगबीर लाल निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ और खच्चर की मौत हो चुकी थी। 

इधर केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग 15 अप्रैल से शुरू होगी। शनिवार को इसकी शुरुआत नहीं हो पाई। यूकाडा के दिशा-निर्देश पर आईआरसीटीसी ने केदारनाथ हेली शटल सेवा के टिकट बुकिंग की तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार को आईआरसीटीसी की अधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in बुकिंग के लिए खोली जानी थी पर अब इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई है। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि 15 अप्रैल से बुकिंग खोली जाएगी। सभी टिकटों की बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से ही होगी। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए हेली टिकट की बुकिंग होगी। इसके बाद दूसरे चरण में आगे की यात्रा के लिए बुकिंग की जा सकेगी। 

इधर ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बच्ची का विवाह रुकवा दिया। प्रशासन को सूचना मिली कि क्षेत्र में समुदाय विशेष की एक नाबालिग का निकाह कराया जा रहा है। एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि बाल विवाह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही उप जिला अधिकारी (एसडीएम) ऋचा सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस प्रशासन, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा बाल विकास विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विवाह को रुकवा दिया। एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि बच्ची को रेस्क्यू कर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की सुपुर्दगी में दे दिया गया। इसके बाद उसे रुद्रपुर स्थित बाल संप्रेषण गृह में बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की गई। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित देखभाल के लिए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जहां उसे आवश्यक सहायता और संरक्षण प्रदान किया जा रहा है।