Good Morning India: प्रचंड गर्मी का असर, 40 से 45°C के बीच पहुंचा तापमान! भारत को मिली डेंगू से बचाने वाली पहली वैक्सीन, जल्द आम जनता के लिए होगी उपलब्ध! नेपाल में हंगामा मचा रहा 100 का नोट, सड़कों पर उतरे लोग! हर-हर महादेव के जयघोष के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट

Good Morning India: The intense heat has impacted the region, with temperatures reaching between 40 and 45°C! India has received its first dengue vaccine; it will soon be available to the general pub

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जर्मनी यात्रा का दूसरा दिन है। वहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमले की आज पहली बरसी है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की अलग-अलग स्थितियां देखने को मिल रही हैं। उत्तर भारत के लोग जहां भीषण गर्मी से परेशान हैं, वहीं दक्षिण भारत में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे कई जगहों पर जलजमाव भी देखा जा रहा है। पूर्वोत्तर, पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी रिपोर्ट मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, देश में लू का एक नया दौर तेज़ हो गया है, जिसकी शुरुआत हरियाणा से हुई और अब यह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश तक फैल गया है। विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40°C से 45°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। महाराष्ट्र के वर्धा और अकोला में सबसे ज़्यादा तापमान 45°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मध्य व उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफ़ी ज़्यादा बना हुआ है, जबकि ज़्यादातर अन्य क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आस-पास है। मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान गुरदासपुर (पंजाब) में 16.5°C दर्ज किया गया। 

उधर डेंगू के खिलाफ भारत की लड़ाई मजबूत हो गई है, क्योंकि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने भारत की पहली डेंगू वैक्सीन क्यूडेंगा को मंजूरी दे दी है। यह वैक्सीन जल्द ही भारत में आम जनता के लिए उपलब्ध हो जाएगी और हर साल बढ़ने वाले डेंगू के मामलों को रोकने में प्रभावशाली साबित होगी। दिल्ली स्थित श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट में इंटरनल मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ. अरविंद अग्रवाल ने क्यूडेंगा की डोज, प्रभावकारिता और टाइमिंग के बारे में बताया है। डॉ. अरविंद अग्रवाल ने बताया, क्यूडेंगा एक टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन है, जो डेंगू वायरस के सभी चार स्टीरियोटाइप के खिलाफ सुरक्षा देती है। यह बहुत बड़ी खासियत है, क्योंकि एक स्टीरियोटाइप के कारण हुआ इंफेक्शन दूसरे स्टीरियोटाइप के खिलाफ इम्यूनिटी नहीं बनाता और जब दोबारा इंफेक्शन होता है तो वह काफी गंभीर साबित होता है। इस वैक्सीन को दो डोज के शेड्यूल के साथ लगाया जाएगा। इन डोज के बीच 3 महीने का गैप रखा जाएगा। इसे लगवाने की एक खास एज ग्रुप (संभावित 4 वर्ष से 60 वर्ष) होगी और यह हर किसी को लगाया जा सकता है, चाहे उसे पहले डेंगू बुखार हुआ हो या ना हुआ हो।

इधर केरल के त्रिशूर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब त्रिशूर पूरम के लिए तिरुवंबाडी ग्रुप की ओर से पटाखों की सामग्री तैयार की जा रही थी। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोगों ने पहले इसे भूकंप समझ लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, त्रिशूर और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।  केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद 13 लोगों को मौके से सुरक्षित निकाला गया है। घायलों में से कई की हालत गंभीर थी और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया था। वहीं 2 लोग अस्पताल के वार्ड में भर्ती हैं, जबकि 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

उधर नेपाल की बालेन शाह सरकार को बने हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और सरकार एक फैसले को लेकर विवादों भी घिर गई है। बालेन शाह सरकार के एक फैसले का काफी विरोध हो रहा है। बालेन सरकार ने भारत से लाए जाने वाले 100 नेपाली रुपये से अधिक कीमत के सामान पर कस्टम ड्यूटी लागू कर दी है। भारत से लाए जाने वाले सामान पर टैक्स की बात पर लोग भड़क गए हैं और प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लोग सरकार के इस फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। कस्टम ड्यूटी वाला नियम एक अप्रैल से लागू किया गया है। नेपाल के सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, यह नियम नया नहीं है, लेकिन पहले स्थानीय अधिकारियों को छोटे सामान पर छूट देने की विवेकाधीन शक्ति थी। अब बालेन शाह सरकार के निर्देश पर सशस्त्र प्रहरी बल (APF) और राजस्व टीमों ने सीमा चौकियों पर सख्त निगरानी बढ़ा दी है। किराना सामान, कपड़े, घरेलू सामान, दाल, चीनी, सब्जियां और अन्य रोजमर्रा की चीजें ड्यूटी लगाई जा रही है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

इधर भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। वॉशिंगटन में चल रही बातचीत से साफ संकेत मिल रहे हैं कि दोनों देश जल्द ही इस बड़ी डील पर मुहर लगा सकते हैं। इस खबर ने न सिर्फ भारत के लिए उम्मीदें बढ़ाई हैं, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी हलचल तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल कुछ अहम बिंदुओं पर बातचीत बाकी है। दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी इस समय वॉशिंगटन में मौजूद हैं और अटके हुए मसलों को सुलझाने में जुटे हैं। भारतीय टीम का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव कर रहे हैं, जबकि अमेरिकी पक्ष से ट्रेड प्रतिनिधि कार्यालय के अधिकारी बातचीत कर रहे हैं। 

उधर पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों को याद करते हुए कहा कि उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'पिछले साल इसी दिन पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करता हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और दृढ़ संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्डने ईरान के साथ जारी अस्थायी युद्धविराम को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए दौर की आमने-सामने बातचीत की तैयारी के लिए मध्यस्थों को और समय दिया जा रहा है। ट्रंप ने यह फैसला युद्धविराम की अवधि खत्म होने से कुछ घंटे पहले लिया। उन्होंने कहा कि यह कदम पाकिस्तान के अनुरोध पर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वह ईरान से एक ऐसे प्रस्ताव का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें सभी बातें एक साथ और सहमति के साथ हों। इस फैसले से फिलहाल दोबारा जंग शुरू होने का खतरा कम हो गया है। लेकिन दोनों पक्षों के बीच अभी भी गहरे मतभेद हैं। अमेरिका की ओर से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी अभी भी जारी है और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा भी फिलहाल स्थगित है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोषों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बने। प्रदेश के मुखिया सीएम पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। बाबा केदार के धाम को को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके थे और कपाट खुलने के इस अद्भुत क्षण  साक्षी बने।इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना हुई यह डोली 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची। धाम पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया।

इधर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 23 अप्रैल को देहरादून जिले में प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस महकमे ने पूरी तरह से अलर्ट जारी कर दिया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष ब्रीफिंग में, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस बल के साथ बैठक की। इस बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सुरक्षा प्रोटोकॉल और विभिन्न व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा की गई।

उधर उत्तराखंड में एक जनपद एक खेल नीति का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिस पर जल्द अमल होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में हुई विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने नॉर्थ ईस्ट राज्यों में होने वाले आगामी 39 वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के पदकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। खेल मंत्री ने कहा, एक जिला एक खेल नीति का उद्देश्य हर जिले में एक विशिष्ट खेल को बढ़ावा देना है। खेल मंत्री ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर 39 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें खिलाड़ियों को गहन प्रशिक्षण देने और विभिन्न खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, राष्ट्रीय खेलों से पहले अधिक से अधिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप उत्तराखंड में आयोजित कराने की तैयारी है। मंत्री रेखा आर्या ने यह भी कहा कि यदि पूर्वोत्तर राज्यों में साइकिलिंग या शूटिंग जैसे खेलों के लिए बुनियादी ढांचे की कमी है, तो उत्तराखंड उन्हें सुविधा देने पर विचार करेगा। बैठक में हल्द्वानी के गौलापार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इधर हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक शादी समारोह से अपने घर वापस लौट रहे थे। मृतकों की पहचान बहादराबाद थाना क्षेत्र के रुहालकी गांव निवासी के रूप में हुई है। घायल युवक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर गांव का निवासी है। जानकारी के मुताबिक शुभम और मोनू जो आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे, वह अपने एक रिश्तेदार आदित्य के साथ बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश के देवबंद क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। 21 अप्रैल मंगलवार की देर शाम तीनों युवक वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।