Good Morning India: रसोई गैस संकट को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, पाइप कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को अब नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर! Meta में फिर शुरू होगा छंटनी का दौर, AI खाएगा हजारों की नौकरी! अब बिना पिन के ही कर पाएंगे UPI पेमेंट, फोन-पे, गूगल-पे जैसे ऐप्स में आया बड़ा अपडेट! 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, अकासा एयर ने आज से फ्लाइट टिकट पर 199 से 1300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लागू किया। वहीं लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में आज ऑस्कर अवॉर्ड्स समारोह होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश में रसोई गैस संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय की तरफ से जारी नए आदेश के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के घर में पाइप वाली रसोई गैस यानी PNG का कनेक्शन है, उन्हें LPG सिलेंडर नहीं मिलेगा। जिन उपभोक्ताओं के पास PNG कनेक्शन और LPG सिलेंडर दोनो है, उन्हें एलपीजी सिलेंडर को सरेंडर करना पड़ेगा। रसोई गैस डीलरों को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है। डीलर्स से कहा गया है कि जिनके पास पीएनजी कनेक्शन है, उन्हें सिलेंडर न दें। उपलब्ध डेटा के अनुसार, देश भर में लगभग 60 लाख परिवारों के आस-पास PNG कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इससे पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा था कि दैनिक LPG बुकिंग में भारी उछाल आया है, जिसका मुख्य कारण घबराहट है। पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने से पहले जहां औसत बुकिंग 55.7 लाख थी, वहीं अब यह बढ़कर 75.7 लाख हो गई है। सरकार की तरफ से कहा गया कि लोग PNG कनेक्शन लें, क्योंकि इससे LPG पर पड़ने वाला कुछ दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। सरकार ने कहा कि बचाए गए LPG सिलेंडरों को अन्य उपभोक्ता क्षेत्रों में उपयोग के लिए भेजा जा सकता है, जहां PNG कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है।
इधर फेसबुक की पैरेंट कंपनी Meta में एक बार फिर से छटनियों का दौर शुरू होने वाला है। कंपनी के हेड और CEO मार्क जुकरबर्ग ने इसे लेकर संकेत दिए हैं। साथ ही, कंपनी के सीनियर लीडरशिप को इसके बारे में ब्रीफ भी कर दिया है। ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि इस बार मेटा में यह छटनी 2021-22 में हुई छटनियों से भी बड़ी हो सकती है। AI के बढ़ते इम्पैक्ट को देखते हुए मेटा बड़ा फैसला लेने जा रहा है। कंपनी दुनियाभर में मौजूद अपने हजारों कर्मचारियों की छुट्टी कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्क जुकरबर्ग भी अन्य बड़ी टेक कंपनियों और स्टार्टअप्स की तरह ही AI में मोटा इन्वेस्टमेंट करने की तैयारी में है। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। Meta में इस बड़ी छंटनी का असर कंपनी के कुल 20% वर्कफोर्स पर पड़ेगा। 2025 के दिसंबर तक कंपनी के पास 79 हजार के करीब कर्मचारी थे। इस छंटनी के बाद करीब 15 हजार लोगों की नौकरियां जा सकती हैं। मार्क जकरबर्ग 2028 तक Meta में करीब 600 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 55 लाख करोड़ रुपये निवेश करने वाले हैं। इसे लेकर लोगों की नौकरियों में कटौती की जाएगी।
उधर फोन-पे, गूगल-पे, पेटीएम और भीम जैसे ऐप्स से अब बिना पिन डाले ही UPI पेमेंट की जा सकेगी। इन ऐप्स के लिए बायोमैट्रिक पेमेंट फीचर रोल आउट हो गया है। NPCI ने सभी ऐप्स के लिए अब बायोमैट्रिक फीचर को इनेबल कर दिया है। पहले यह फीचर केवल Android पर उपलब्ध कुछ UPI ऐप्स के लिए उपलब्ध था। अब इसे iPhone यूजर्स के लिए भी रोल आउट किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले इस फीचर को Amazon Pay और PhonePe के एंड्रॉइड ऐप्स के लिए रोल आउट किया गया था। इसमें यूजर्स बिना पिन डाले ही 5,000 रुपये तक का पेमेंट कर सकेंगे। एंड्रॉइड यूजर फिंगरप्रिंट या फिर फेस आईडी के जरिए UPI पेमेंट कर सकेंगे। वहीं, iPhone यूजर फेस आईडी की मदद से UPI की इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। NPCI के मुताबिक, बायोमैट्रिक फीचर ऑन होने के बाद UPI पेमेंट में तेजी आएगी और लोग आसानी से कॉन्टैक्टलेस डिजिटल लेन-देन कर पाएंगे। खास तौर पर छोटे पेमेंट करने के लिए लोगों को बार-बार पिन एंटर करने की जरूरत नहीं होगी। वो अमाउंट दर्ज करने के बाद फोन के बायोमैट्रिक्स का इस्तेमाल करके फटाफट पेमेंट कर सकेंगे। NPCI का कहना है कि रोज होने वाली UPI पेमेंट्स का एक बड़ा हिस्सा 5,000 रुपये से कम का होता है, जिसके लिए लोगों को अब UPI पिन एंटर करने की जरूरत नहीं होगी।
इधर ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध का आज 15वां दिन है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दुनिया के कई अन्य देशों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा में मदद के लिए जहाज भेजने का आग्रह किया है। ट्रम्प ने इससे पहले कहा था कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से टैंकरों को सुरक्षा प्रदान करना शुरू कर देगी। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रम्प ने कहा कि कई देश, विशेषकर वे देश जो ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के प्रयास से प्रभावित हैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के सहयोग से जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के लिए युद्धपोत भेजेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि तेहरान के लिए "चाहे वे कितने भी बुरी तरह पराजित क्यों न हों, इस जलमार्ग में कहीं भी एक-दो ड्रोन भेजना, एक माइन गिराना या निकट-श्रेणी की मिसाइल दागना आसान है।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "उम्मीद है कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अन्य देश, जो इस कृत्रिम प्रतिबंध से प्रभावित हैं, इस क्षेत्र में जहाज भेजेंगे ताकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज एक ऐसे राष्ट्र के लिए खतरा न रहे जिसका पूरी तरह से सफाया हो चुका है।"
उधर अमेरिका और इज़राइल के साथ जारी युद्ध में ईरान ने गुरुवार-शुक्रवार की रात कई मोर्चों पर हमले तेज कर दिए हैं। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने सऊदी अरब के अल-खारज क्षेत्र में स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर मिसाइल हमले की जिम्मेदारी ली है। यह बेस अमेरिकी सेना के लिए महत्वपूर्ण है, जहां एफ-35 और एफ-16 फाइटर जेट तैनात हैं और ईंधन भंडारण भी होता है। आईआरजीसी ने दावा किया कि हमला अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए किया गया, लेकिन सऊदी अधिकारियों ने तत्काल पुष्टि नहीं की। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने पहले बताया था कि अल-खारज की ओर आने वाली छह मिसाइलों को रोका गया। हालांकि, एक प्रोजेक्टाइल के रिहायशी इलाके में गिरने से दो विदेशी नागरिक (एक भारतीय और एक बांग्लादेशी) की मौत हो गई और 12 घायल हुए। यह हमला युद्ध के दौरान सऊदी अरब में नागरिक क्षेत्रों पर प्रभाव का एक दुर्लभ उदाहरण है।
इधर देश में चढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने 15 मार्च से 19 मार्च के बीच दिल्ली, यूपी समेत 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इस दौरान बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली भी गिरेगी। किसानों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है। लेकिन कुछ राज्य ऐसे हैं जहां खतरनाक हीटवेव की भी चेतावनी है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच सकता है। उत्तर भारत में लोगों के लिए विशेष रूप से चेतावनी जारी की गई है। बिहार और ओडिशा में भी खतरा मंडरा रहा है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, क्रिकेटर कुलदीप यादव शादी के बंधन में बंध गए हैं, उन्होंने मसूरी स्थित सवाय होटल में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लिए। उनकी बरात निकलने के बाद वरमाला की तस्वीर भी सामने आई है। फोटो में वंशिका और कुलदीप के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है। दोनों इस खास पल के दौरान बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इससे पहले बरात में पहुंचे मेहमान ढोल नगाड़े के साथ जमकर नाचे। इस खास मौके पर कुलदीप ने भी ठुमके लगाए। बरात में बड़ी संख्या में उनके दोस्त और मित्रों ने शिरकत की। शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल सहित कई हस्तियां पहुंची हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी आज मसूरी पहुंचे हैं। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विशेष चार्टर्ड विमान से शाम सवा चार बजे खजुराहो से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर उनके अनुयायियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके बाद वह देहरादून एयरपोर्ट से मसूरी के लिए रवाना हुए।
इधर डोईवाला शुगर मिल में मैग्मा मिक्सर मशीन की सफाई के दौरान अचानक मशीन चालू करने से उसमें काम कर रहे तीन मजदूर उसमें फंस गए। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला ले जाया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को उपचार देकर छुटृटी दे दी गई। तीन मजदूर शुगर मिल में निजी ठेकेदार के कर्मचारी है। घटना के बाद मशीन किसने चालू की इसका पता नहीं चला पाया है। शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर ने इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पेराई सत्र समाप्त होने के बाद आजकल डोईवाला शुगर मिल में मशीनों की सफाई का काम चल रहा है। बीती शुक्रवार करीब शाम चार बजे मिल में मशीनों की सफाई का काम जगमोहन,अरुण और घनश्याम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी ने मशीन चालू कर दी और जिससे तीनों मजदूर उसमें फंस गए। जिसमें से 26 वर्षीय घश्याम निवासी हरदोई तुरंत कूद कर मशीन से बाहर आ गया।