Good Morning India: आज आईपीएल के 19वें सीजन का होगा आगाज! नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली गिरफ्तार! अशोक खरात केस, रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा! 1100 करोड़ के क्लब में हुई 'धुरंधर 2' की एंट्री, 9 दिन में बना डाले 9 रिकॉर्ड

Good Morning India: The 19th season of the IPL begins today! Former Nepal Prime Minister KP Sharma Oli arrested! Ashok Kharat case: Rupali Chakankar resigns! 'Dhurandhar 2' enters the 1100 crore club

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। वहीं क्रिकेट लीग आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज आज शनिवार से होने जा रहा है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दुनिया की सबसे महंगी टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल का 19वां सीजन आज शुरू हो रहा है। सीजन का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने पिछले सीजन में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 17 सालों का सूखा खत्म किया था और अपना पहला टाइटल जीता था। इस बार बेंगलुरू की टीम एक बार फिर उस कमाल को दोहराने का प्रयास करेगी। वहीं आज की दूसरी टीम सनराइजर्स हैदराबाद अपना दूसरा खिताब जीतने का प्रयास करने की तरफ पहला कदम बढ़ाएगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की कमान रजत पाटीदार के हाथों में है, जबकि उनकी टीम में आईपीएल इतिहास का सबसे सफल बल्लेबाज विराट कोहली भी हुंकार भरेगा। जबकि, सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस अभी मौजूद नहीं हैं और उनकी वापसी तक टीम के कप्तान ईशान किशन होंगे। इस तरह से आईपीएल 2026 पहला सीजन होगा जहां सभी 10 कप्तान भारतीय होंगे।

उधर नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कर लिया गया है। नेपाल पुलिस ने भक्तपुर के गुंडू स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, सितंबर में हुए जेन-जी के विरोध प्रदर्शनों के कथित दमन से जुड़े एक गैर इरादतन हत्या के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। नेपाल के पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रधानमंत्री बालेन के नेतृत्व में बनी सरकार के फौरन बाद ये कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को काफी सख्त संदेश के रूप में देखा जा सकता है कि जेन-जी मामलों पर पीएम बालेन किसी तरह के समझौते के मूड में नहीं हैं। 

इधर इजराइल द्वारा तेहरान के खिलाफ अपने अभियान को तेज़ करने की चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर भीषण हमला किया गया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है कि उसके परमाणु संयंत्रों पर भीषण हमले किए गए हैं। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन, IRNA के अनुसार, एक हेवी-वॉटर प्लांट और एक येलोकेक उत्पादन सुविधा को निशाना बनाया गया है। ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले के बाद IRGC ने कहा है कि अमेरिकी और इजरायली औद्योगिक कंपनियों में काम करने वाले लोग तत्काल वर्कप्लेस छोड़ दें। ईरान ने इन केंद्रों पर जवाबी हमले की तैयारी शुरू कर दी है। हमले के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मूसावी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "आपने पहले भी हमें आजमाया था; दुनिया ने फिर देखा कि आप खुद आग से खेल रहे हैं और बुनियादी ढांचे पर हमला कर रहे हैं। इस बार, आंखे के बदले आंख नहीं चलेगा; देखते रहिए! अमेरिकियों और जायोनी शासन से जुड़ी औद्योगिक कंपनियों के कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालने से बचने के लिए तुरंत अपने कार्यस्थल छोड़ देने चाहिए!"

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों और लेफ्टिनेंट गवर्नरों के साथ एक मीटिंग की। इस मीटिंग में पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों से पैदा हुए हालात और भारत पर इसके संभावित असर को देखते हुए तैयारियों का रिव्यू किया गया। प्रधानमंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों द्वारा शेयर किए गए कीमती सुझावों की तारीफ की और कहा कि ये इनपुट बदलते हालात को असरदार तरीके से मैनेज करने में मददगार होंगे। उन्होंने आगे आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्कता, तैयारी और मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया। पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को इसी तरह की ग्लोबल दिक्कतों से निपटने का पहले का अनुभव है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान मिलकर उठाए गए कदम को याद किया, जब केंद्र और राज्यों ने सप्लाई चेन, व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए “टीम इंडिया” के तौर पर मिलकर काम किया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा हालात से निपटने में सहयोग और तालमेल की यही भावना भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

इधर लद्दाख के ज़ोजिला में श्रीनगर-लेह हाईवे पर भारी एवलांच गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। जबकि एक लापता है। इस एवलांच में कई गाड़ियां दब गईं और यह अहम हाईवे बंद हो गया। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज़ोजिला दर्रे के 'ज़ीरो पॉइंट' पर हिमस्खलन की चपेट में एक यात्री वाहन के आने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि अचानक हुए भारी हिमस्खलन की चपेट में आने से एक शख्स लापता है। अधिकारी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के चिकित्सा केंद्रों में भेज दिया गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स हैंडल पर कहा कि ज़ोजिला दर्रे पर वाहन के हिमस्खलन की चपेट में आने से 7 लोगों की दुखद मृत्यु और 5 लोगों के घायल होने की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

उधर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सर्राफा बाजार में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूरे हफ्ते उतार-चढ़ाव के बाद शुक्रवार की शाम सोना और चांदी अचानक चमक उठी। इसकी बड़ी वजह बना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक अहम फैसला, जिसने बाजार की दिशा ही बदल दी। निवेशकों का भरोसा एक बार फिर सोने की ओर लौटा और कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। MCX पर अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स में करीब ₹3,500 प्रति 10 ग्राम की तेजी आई और कीमत ₹1,45,500 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई। वहीं चांदी की कीमत में ₹10,000 प्रति किलो से ज्यादा की छलांग लगी और यह फिर से ₹2.33 लाख के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स करीब 93 डॉलर उछलकर 4,601 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच गया। यह तेजी उस समय आई जब एक दिन पहले ही सोने में करीब 176 डॉलर की बड़ी गिरावट देखी गई थी। हालांकि हफ्तेभर के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना अभी भी गिरावट के ट्रेंड में है।

इधर महाराष्ट्र में एनसीपी (अजित पवार गुट) में हड़कंप मच गया है। दरअसल, ढोंगी बाबा अशोक खरात के कारनामे सामने आने के बाद विपक्ष लगातार रूपाली चाकणकर पर इस्तीफे के लिए दवाब बना रहा था। ऐसे में रूपाली चाकणकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की महिला शाखा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि इससे पहले रूपाली चाकणकर ने महाराषट्र महिला आयोग के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, रूपाली चाकणकर का नाम भी अशोक खरात के साथ जोड़ा जा रहा था, जिसके बाद उन्होंने दोनों पदों से अपना इस्तीफा दिया है। एनसीपी (अजित पवार गुट) के महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए रूपाली चाकणकर ने एक्स पर एक पोस्ट भी किया। रूपाली चाकणकर ने इस पोस्ट में लिखा, "मैंने खरात मामले में पहले ही दिन अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। उनके वित्तीय लेन-देन और उनके कदाचार के बीच दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। मैंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से पहले ही मांग कर दी है कि इस जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए। आज सुनेत्रा पवार से फोन पर हुई बातचीत के बाद, मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला शाखा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हूं।"

उधर देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। जम्मू क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी राज्यों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। 28 से 30 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के अनुसार जम्मू और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। 28 और 29 मार्च को इन इलाकों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इस मौसमी गतिविधि के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर बढ़ गया है। यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है।

इधर संसद के वर्तमान बजट सत्र का सत्रावसान नहीं, बल्कि स्थगन होगा। सरकार की रणनीति पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद सत्र की दो और बैठकें बुलाकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाने की है। अगले सप्ताह बृहस्पतिवार को कार्यवाही के स्थगन के बाद सरकार इस मामले में व्यापक सहमति बनाने का सिलसिला जारी रखेगी। सरकार के सूत्र के मुताबिक 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद दो दिन की बैठक बुलाने के लिए सुविधाजनक तारीख तय की जाएगी। अभी यह तय नहीं हो पाया है कि संविधान संशोधन विधेयक के लिए मतदान खत्म होने के तत्काल बाद बैठक बुलाई जाए या फिर चार महीने मई को मतगणना का इंतजार किया जाए। इस बीच सरकार विधेयक के संबंध में समग्र योजना के साथ विपक्षी दलों से अलग-अलग बात करेगी। संशोधन विधेयक पारित करने के बाद सरकार को परिसीमन आयोग का गठन करना होगा। चूंकि लोकसभा की 50 फीसदी सीटें बढऩी है। अलग-अलग राज्यों की विधानसभा सीटों में भी बढ़ोत्तरी होगी है। ऐसे में नई सीटों के सीमांकन के लिए आयोग को लंबी मशक्कत करनी होगी। सरकार का अनुमान है कि सीमांकन कर रिपोर्ट देने में आयोग को दो साल का समय लग सकता है। चूंकि महिला आरक्षण अगले आम चुनाव में लागू होना है, ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि अंतिम समय में इसे लागू के मामले में कोई पेच फंसे।

उधर रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर: द रिवेंज' शुरू से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से भी पता चला कि फिल्म उम्मीदों पर खरी उतरी है। रिकॉर्ड तोड़ प्रीमियर कलेक्शन और उसके बाद शानदार वीकेंड ओपनिंग के साथ 'पुष्पा 2' जैसी बड़ी फिल्मों को पछाड़ते हुए, 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। हालांकि, पहले सोमवार को कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली, जिसके बावजूद, 'धुरंधर: द रिवेंज' का कुल कलेक्शन दुनिया भर में 1100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया है। भारत में 'धुरंधर 2' ने 9 दिनों में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया है और नेट कलेक्शन 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के प्रस्तावित दौरे पर कई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड आगमन का निमंत्रण देते हुए विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का प्रस्ताव भी रखा। प्रस्तावित लोकार्पण में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट शामिल हैं। इसके अलावा पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण योजना, बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत के बनबसा क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर विकसित हो रहा लैंड पोर्ट व्यापार, आवागमन व क्षेत्रीय सहयोग को नई गति देगा। इसके साथ ही एशियन हाईवे से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा।

इधर श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉ. तन्वी आत्महत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज को नोटिस जारी कर छात्रा के दाखिले से लेकर अब तक की समस्त एकेडमिक जानकारी तलब की है। इसके साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। गौरतलब है कि 24 मार्च की रात डॉ. तन्वी ने कार के अंदर इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज की एचओडी पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस संबंध में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एचओडी के बयान भी दर्ज किए थे।

उधर गदरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम द्वारा ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी वांछित अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा सामने आया। पुलिस को देखते ही उसने टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। पीछा करते-करते यह घटनाक्रम कनकट्टा चौराहे से आगे कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास पहुंच गया, जहां दोनों ओर से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, शाकिर उर्फ नक्टा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इधर लोहाघाट गुमदेश क्षेत्र के प्रसिद्ध चमदेवल स्थित चौखाम बाबा चमू देवता मंदिर में तीन दिवसीय चैतोला मेले का शुभारंभ शुक्रवार को हो गया है। मेला विधि-विधान, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच बेहद भव्य अंदाज में शुरू हुआ। पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र “जय चमू देवता” के उद्घोष से गूंज उठा। शुक्रवार को त्यूरी, बरगोली, मड़, धौनी शिलिंग, जिंडी, बसकुनी, न्योलटुकरा, जाख, सिरकोट और चौपता समेत कई गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचे। देर शाम पूजा के बाद परंपरा अनुसार चमू देवता का खाली डोला मड़ गांव ले जाया गया, जहां रातभर भजन-कीर्तन और जागरण हुआ। विधिवत पूजा अर्चना के साथ सैकड़ों लोग इस प्रसिद्ध मेले के शुभारंभ के साक्षी बने। देश विदेश में बसे लोग इस मेले में धार्मिक आस्था के चलते शामिल होने पहुंचे हैं।