Good Morning India: मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ा, ट्रंप बोले- ईरान पर हमले का समय तय! मौसम को लेकर 3 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, 7 अप्रैल को पूरे देश में बारिश के आसार! कुशीनगर से पकड़े गए आतंकी ने किए चौंकाने वाले खुलासे! पाकिस्तान में बारिश का तांडव, 23 बच्चों समेत 45 की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 152 सीटों के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी अपनी समय-सीमा आगे बढ़ा दी है। ट्रंप ने साफ-साफ कहा कि अगर ईरान जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलता तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने हमले का समय भी तय कर दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मंगलवार रात 8 बजे! होर्मुज को लेकर अमेरिका की धमकी से वैश्विक तनाव और बढ़ गया है। इससे पहले उन्होंने कड़ी भाषा में चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने रास्ता नहीं खोला, तो अमेरिका उसकी ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को पूरी तरह तबाह कर देगा। उन्होंने कहा कि अगर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला तो ईरान में पावर प्लांट और पुल सब कुछ निशाने पर होगा।
इधर भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आने वाले दिनों में पूरे देश में बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभों के एक के बाद एक आने की संभावना है, जिनका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को रहेगा। कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है। मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। छत्तीसगढ़ में 6 अप्रैल को, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 अप्रैल को, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 और 8 अप्रैल को, बिहार में 6 और 8 अप्रैल को, और झारखंड में 6-8 अप्रैल, 2026 के दौरान छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 और 9 अप्रैल को छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है।
उधर उत्तर प्रदेश के कानपुर में पकड़े गए किडनी रैकेट में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस काले कारोबार में मुख्य आरोपी डॉ. अफजल और परवेज का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बेड पर नोटों की गड्डियों के साथ नजर आ रहे हैं। पूरे मामले के तार गाजियाबाद से जुड़ रहे हैं। पुलिस इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही कई और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। रैकेट के मुख्य किरदारों, डॉ. अफजल और परवेज शैफी के नोटों की गड्डी वाले वीडियो ने पूरे नेक्सस की पोल खोलकर रख दी है। वायरल वीडियो होटल के कमरे का है, जिसमें नोटों की गड्डियां दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में आरोपी होटल के कमरे में बेड पर रखे नोटों के बंडलों के साथ नजर आ रहे हैं। यह वीडियो गवाही दे रहा है कि इंसानी अंगों के इस सौदेबाजी में लाखों का वारा-न्यारा किया जा रहा था।
इधर वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार कीमती धातुओं की ऊंची कीमतों के कारण अप्रैल-फरवरी 2025-26 यानी 11 महीनों में देश का सोने का आयात 28.73 प्रतिशत बढ़कर 69 अरब डॉलर हो गया है। वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में सोने का आयात 53.52 अरब डॉलर रहा था। आंकड़ों के मुताबिक सोने के आयात में इस उछाल ने देश के व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) को बढ़ाकर 310.60 अरब डॉलर कर दिया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ये 261.80 अरब डॉलर था। भारत के कुल गोल्ड इंपोर्ट में स्विट्जरलैंड की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत के साथ सबसे ज्यादा है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से ज्यादा) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है।
उधर मणिपुर में 2 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के इनपुट पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान ये कामयाबी मिली। पकड़े गए दोनों उग्रवादियों की पहचान हो गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (साउदर्न ब्रांच) से मिले इनपुट और अपने सोर्सेज से मिली जानकारी के आधार पर एक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इनपुट में बताया गया था कि यांगौबुंग गांव के इलाके से VBIG के दो कैडर भारत में घुसपैठ कर सकते हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान सिक्योरिटी फोर्सेज ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र में BP 72-73, यांगौबुंग गांव के पास कार्रवाई करते हुए VBIG के दो कैडर को गिरफ्तार किया। बता दें कि मणिपुर का उग्रवाद जातीय संघर्ष में बदल चुका है। ये पारंपरिक अलगाववादी उग्रवाद से अलग है। वर्तमान में जारी जातीय संघर्ष मई 2023 से लगातार चल रहा है। इस संघर्ष में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। कई लोगों के घर जल चुके हैं। हालात इस कदर बिगड़ गए कि यहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया और फिर जब नया सीएम बना भी तो पूरी तरह शांति नहीं आई।
इधर उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। पिछले 10 दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 105 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को दी। पीडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च से जारी लगातार बारिश के कारण हुए हादसों में मरने वालों में 23 बच्चे, 17 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं घायलों में 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 44 बच्चे हैं। भारी बारिश के चलते कई जिलों में मकानों की छतें और दीवारें गिर गईं, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, 442 घर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 382 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और 60 पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। ये घर दो दर्जन से अधिक जिलों में स्थित हैं। पीडीएमए की रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बचाव और राहत कार्य जारी हैं और पीडीएमए, रेस्क्यू 1122, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
उधर दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने शनिवार को यूपी के कुशीनगर से एक आतंकी को पकड़ा था। जिसे दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसकी एक दिन की रिमांड मिली है। अभी तक की पूछताछ में आतंकी रिजवान ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आतंकी रिजवान भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने के लिए काम कर रहा था। वह कुशीनगर में बम बनाने का सामान इकट्ठा कर रहा था। इसके अलावा वह ISIS के लिए युवाओं की भर्ती भी करता था। फिलहाल आतंकी से और अधिक पूछतााछ की जा रही है। पूछताछ में मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी रिजवान विदेश में मौजूद ISIS के हैंडलर से सोशल मीडिया के जरिये जुड़ा हुआ था। इसके साथ ही वह यूपी के कुशीनगर में बम बनाने के सामान के अलावा बम असेंबल भी कर रहा था। पुलिस ने बताया कि रिजवान को भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने का टारगेट दिया गया था। इस काम को पूरा करने के लिए रिजवान को युवा लड़को की ISIS में भर्ती का टास्क भी सौंपा गया था। फिलहाल एक दिन की रिमांड में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है।
इधर सोमवार तड़के ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इस्लामशहर के पास एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। ईरानी मीडिया के अनुसार, यह हमला शहर के नजदीकी इलाके में हुआ, हालांकि इमारत को निशाना बनाए जाने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय समाचार एजेंसियों ने बताया कि हमले के बाद इलाके में भारी तबाही का मंजर है और राहत व बचाव कार्य जारी है। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और कुछ के अभी भी दबे होने की आशंका है। इसी दौरान तेहरान स्थित शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी को भी निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार, हमले में विश्वविद्यालय की कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा, साथ ही पास स्थित गैस वितरण केंद्र भी प्रभावित हुआ। हालांकि, विश्वविद्यालय परिसर के भीतर असल लक्ष्य क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। युद्ध के चलते देशभर के शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और सभी कक्षाएं ऑनलाइन चल रही हैं, जिससे कैंपस पहले से ही खाली था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घंटों तक आसमान में नीचे उड़ते लड़ाकू विमानों की आवाजें गूंजती रहीं, जिससे हालात और भयावह हो गए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, टिहरी जनपद के घनसाली स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर रसोई गैस सिलिंडर के लिए देर रात अचानक उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। गैस की किल्लत की खबर फैलते ही लोग रात में ही सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर घर वापस भेजा और भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है, जिन लोगों की गैस बुकिंग हो रखी है पहले उन्हें ही मिलेगा।
इधर धामी सरकार ने प्रदेश में दायित्वधारियों की दूसरी सूची भी जारी की है। रविवार को सरकार ने सात और लोगों को दायित्व बांटे हैं। वहीं, इससे पहले शुक्रवार को ही विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 लोगों को नियुक्त कर कर दायित्व बांटे गए थे।
उधर नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर रविवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। जहां प्रिया बैंड के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रैवलर पहाड़ी से टकराकर सड़क पर ही पलट गया। जिसमें वाहन में सवार पर्यटक घायल हो गए। जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, इस टेंपो ट्रैवलर के ठीक पीछे चल रहा दूसरा ट्रैवलर भी सड़क पर पलट गया। जिसमें सवार 10 पर्यटक भी घायल हो गए।