Good Morning India: अमेरिका-ईरान में फिर तनाव, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर बढ़ा खतरा! बढ़ते सड़क हादसों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कड़े नियम लागू करने के आदेश! यूक्रेन में बंदूकधारी ने मचाया कत्लेआम, 6 लोगों को मार डाला! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, उपराष्ट्रपति आज से श्रीलंका के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में दो मुकाबले खेले जाएंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जहां तनाव एक बार फिर बढ़ गया है वहीं इस रास्ते से होकर गुजरनेवाले जहाजों पर भी खतरा बढ़ गया है। एक तरह जहां पहले यह उम्मीद जगी थी कि रास्ता पूरी तरह खुल जाएगा, वहीं अब फिर से तनाव और टकराव के हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटे में दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेजी से हालात बदले हैं। शनिवार को ईरान की ओर से दो भारतीय जहाजों पर गोलीबारी भी की गई जिसके चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। इससे पहले ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी के बाद जब ईरान की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से खोलने की घोषणा की गई तो पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली। ईरान ने कहा था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह से खुला है। नतीजा ये हुआ कि तेल की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई और इस क्षेत्र में फंसे जहाजों ने भी राहत महसूस की। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं पाई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका की नाकाबंदी ईरान के साथ 100 प्रतिशत डील पूरी होने के बाद ही खत्म होगी। डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर शंका के बादल मंडराने लगे हैं।
इधर गुजरात के अहमदाबाद जिले के धंधुका में शनिवार को एक युवक की हत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। इस घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया है, जिसके चलते दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए हैं। कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे इलाके में भारी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। शनिवार दोपहर धंधुका में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। जैसे ही यह खबर फैली, लोग सड़कों पर उतर आए और न्याय की मांग करने लगे।
उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों के नाम संबोधन में जहां एक तरफ महिलाओं से महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाने पर माफी मांगी, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए उसे नारी के सपनों को कुचलने का जिम्मेदार भी ठहराया। प्रधानमंत्री मोदी के इस भाषण ने न केवल सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि महिला आरक्षण को भी एक बार फिर राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बना दिया। उन्होंने कहा कि आज भले ही, बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 परसेंट वोट हमें नहीं मिले हों, लेकिन मैं जानता हूं देश की 100 प्रतिशत नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी! वो नारी के स्वाभिमान पर... उसके आत्मसम्मान पर चोट थी और नारी सब भूल जाती है, अपना अपमान कभी नहीं भूलती।
इधर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। गाजियाबाद के थाना इन्दिरापुरम पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नीति खंड क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी और चोरी करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बीती 15/16 अप्रैल की रात की है, जब नीति खंड-2 स्थित एक निर्माणाधीन प्लॉट की झुग्गी में सो रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची को आरोपी ने अगवा किया और पास के पार्क में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर वापस छोड़ा और झुग्गी से 11,000 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था।
उधर यूक्रेन की राजधानी कीव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक बंदूकधारी ने एक सुपरमार्केट में कुछ लोगों को बंधक बना लिया। उसने बाद में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि बाद में पुलिस ने हमलावर को मार गिराया। घटना की जानकारी देते हुए यूक्रेनी गृह मंत्रालय के प्रमुख इहोर क्लिमेंको ने बताया कि पुलिस के विशेष दस्ते ने बंधक बनाने वाले व्यक्ति से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन बातचीत विफल होने के बाद पुलिस टीम ने स्टोर में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि बंदूकधारी द्वारा गिरफ्तारी का विरोध किए जाने पर पुलिस ने उसे मार गिराया। दरअसल, ये घटना यूक्रेन के होलोसिव्स्की जिले में हुई। इहोर क्लिमेंको ने एक बयान में कहा पुलिस वार्ताकारों ने इमारत पर धावा बोलने से पहले हमलावर से लगभग 40 मिनट तक बात की। उन्होंने कहा, “हमें पता था कि अंदर कोई घायल व्यक्ति हो सकता है, इसलिए हमने उसे समझाने की कोशिश की। हमने खून रोकने के लिए पट्टी लाने की पेशकश भी की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। नतीजतन, उसे काबू करने का आदेश दिया गया। सुपरमार्केट में घुसने से पहले बंदूकधारी ने सड़क पर चार राहगीरों को मार डाला था और फिर पांचवें व्यक्ति को भी मार डाला। वहीं मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि छठी पीड़ित, एक युवती, की अस्पताल में चोटों के कारण मौत हो गई।
इधर देश में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा और सख्त फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोर्ट ने यह भी माना कि सुरक्षित सड़क पर चलना हर नागरिक का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यह मामला नवंबर 2025 में राजस्थान और तेलंगाना में हुए 2 भीषण सड़क हादसों के बाद सामने आया, जिनमें 34 लोगों की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लेकर पूरे देश के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार, अब नेशनल हाईवे पर कहीं भी गाड़ी खड़ी करना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। वाहन केवल तय पार्किंग स्थानों पर ही रोके जा सकेंगे। नियम तोड़ने वालों पर कैमरा और GPS ट्रैकिंग के जरिए चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही हाईवे किनारे बने अवैध ढाबों, दुकानों और अन्य अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नए निर्माण कार्यों पर भी तत्काल रोक लगाने को कहा गया है। सुप्रीम कोर्ट ने हर जिले में 'हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स' बनाने का आदेश दिया है, जिसमें प्रशासन, पुलिस और NHAI के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम नियमित रूप से हाईवे की निगरानी करेगी। सड़क हादसों के बाद तुरंत मदद पहुंचाने के लिए कोर्ट ने हर 75 किलोमीटर पर एंबुलेंस और क्रेन तैनात करने का भी निर्देश दिया है। इसके अलावा, जिन जगहों पर बार-बार हादसे होते हैं, यानी ब्लैकस्पॉट्स, उनकी पहचान कर वहां बेहतर लाइटिंग, कैमरे और चेतावनी बोर्ड लगाने के आदेश दिए गए हैं।
उधर एशिया में एक बार फिर तनाव की लहर तेज हो गई है। रविवार को दक्षिण कोरिया ने दावा किया कि उत्तर कोरिया ने अपनी पूर्वी समुद्री सीमा की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है, जब क्षेत्र पहले से ही सुरक्षा चुनौतियों और शक्ति संतुलन के दबाव से जूझ रहा है। लगातार हो रहे मिसाइल परीक्षण न केवल पड़ोसी देशों के लिए चिंता का कारण बन रहे हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अस्थिरता की आशंका को बढ़ा रहे हैं। दक्षिण कोरियाई सेना के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अनुसार ये मिसाइलें रविवार सुबह उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय इलाके सिनपो से छोड़ी गईं। यह इलाका पहले भी मिसाइल परीक्षणों के लिए जाना जाता रहा है। दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अपनी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
अब उत्तराखण्ड की पर नजर डालते हैं, जौलीग्रांट पाल मोहल्ले में आपसी विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर दिया। घायल महिला ने उपचार के दौरान जौलीग्रांट अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार शाम आपसी विवाद में पाल मोहल्ला में किराए पर रहने वाले आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) को घायल कर दिया। महिला को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान आज सुबह प्रतिभा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पति मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है। वर्तमान में पति-पत्नी दोनों जौलीग्रांट पाल मोहल्ले में रहते थे। आरोपी पति मजदूरी करता है।
इधर उत्तराखंड के अफसरों ने जनता की 22,246 शिकायतें जबरन बंद कर दीं। सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा के दौरान जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने ये आंकड़ा आया तो वे नाराज हो गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर किसी अफसर ने शिकायत को जबरन बंद किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के बिना किसी भी स्तर पर शिकायतों को सही जबरन बंद करने की कार्रवाई न की जाए। शुक्रवार को सचिवालय में सीएम धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की।
उधर उधम सिंह नगर में पुरानी रंजिश में फास्ट फूड विक्रेता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब युवक दुकान पर काम करके घर लौट रहा था। अभियुक्त उसी मोहल्ले का रहने वाला है, जहां का मृतक था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुरानी गल्ला मंडी निवासी विनीत कुमार ने बताया कि उसका भाई दीपक कुमार आवास विकास गेट पर फास्ट फूड की दुकान चलाता था। शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे दीपक दुकान बंद कर घर वापस आ रहा था। तभी रास्ते में बनखंडी मंदिर के पीछे उसके पास शिवा नाम का युवक पहुंचा, जो अपने मामा लल्ला कोली के यहां पुरानी गल्ला मंडी में रहता है। शिवा ने दीपक पर चाकू से वार कर दिया।