Good Morning India: मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात, होर्मुज के पास अमेरिका ने बरसाए बम, ईरान का पलटवार! एलन मस्क को लगा बड़ा झटका, सुरक्षा एजेंसियों ने स्टारलिंक की मंजूरी रोकी! फिर महंगा हुआ सोना, 1.60 लाख रुपये के पार पहुंची कीमतें! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Situation worsens in the Middle East—US drops bombs near Hormuz, Iran retaliates! Major setback for Elon Musk as security agencies halt Starlink approval! Gold prices rise again,

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, नीट-यूजी पेपर लीक मामले में कांग्रेस आज शिक्षा मंत्री के लोकसभा क्षेत्र में प्रदर्शन करेगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने घोषणा की है कि ओमान के तट पर अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के बाद उसने ईरान के खिलाफ हमले शुरू कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि ये हमले "ईरान की गैर-वाजिब आक्रामकता का उचित जवाब" होंगे। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हेलीकॉप्टर को गिराने के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराने और यह वादा करने के बाद उठाया गया है कि अमेरिका इसका जवाब देगा। खबरों के मुताबिक, ईरान द्वारा अमेरिकी हमलों का बदला लेने के लिए द्वीप देश को निशाना बनाने की बात कहे जाने के बाद बहरीन ने मिसाइल अलर्ट सायरन बजाए। वहीं अमेरिकी हमलों का अब ईरान ने भी जवाब देना शुरू कर दिया है। ईरान अब अमेरिकी बेसों पर हमला शुरू कर रहा है। ईरान की टॉप जॉइंट मिलिट्री कमांड ने कहा कि  ईरान में अमेरिकी हमले के जवाब में इलाके में मौजूद कुछ अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

इधर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि बुधवार को ईरान के दक्षिणी इलाकों में अमेरिकी हमलों के जवाब में उन्होंने बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट पर ड्रोन से हमला किया। साथ ही बताया कि जॉर्डन में अमेरिकी बेस को मिसाइल हमले से निशाना बनाया। एक बयान में गार्ड्स ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका की आक्रामकता इसी तरह से जारी रही तो और भी कड़ा जवाब दिया जाएगा। गार्ड्स ने कहा कि अमेरिकी हमलों से ईरान के सिरिक बंदरगाह शहर में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर और पानी की दो टंकियों को नुकसान पहुंचा। आईआरजीसी ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान में कई जगहों पर (जास्क, सिरिक और केशम शामिल हैं) झूठे बहाने बनाकर हमले किए।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के पंडित नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वह देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने NDA के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली थी। इसी के साथ उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी पूरे हो गए हैं। नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। अब वो सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश में पहले चुनाव 1952 में हुए थे। पंडित जवाहर लाल नेहरू मई 1952 में पहली बार चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे। उसके बाद वह 27 मई 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। पंडित नेहरू ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4 हजार 398 दिन काम किया लेकिन आज पीएम मोदी देश के पहले पीएम पंडित नेहरू से भी आगे निकल गए हैं। 

इधर यूपी के बागपत में मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई। टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके 30 साल के बेटे विकास अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अब वो हिस्ट्रीशीटर आरोपी वरुण लुहारी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। बागपत के बड़ौत में दिल्ली बस स्टैंड पर सोहनलाल का टेंट का कारोबार है। टेंट कारोबारी पर हमले की पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार दोपहर बाद दो बाइक से तीन बदमाश कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल की दुकान पर पहुंचे थे जहां सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ दुकान में बैठे थे। बदमाशों ने पिस्टल से दोनों पर दनादन फायरिंग शुरू कर दी। सीने पर गोली लगने से सोहनलाल घायल हो गए जिसके बाद उनका बेटा विकास दुकान से बाहर आया और बदमाश से भिड़ गया। 

उधर मंगलवार को सोने की कीमतें एक बार फिर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल के पार पहुंच गईं। कमजोर डॉलर और धारणा में आए सुधार की वजह से सोने के भाव में बढ़ोतरी देखने को मिली है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,500 रुपये की तेजी के साथ 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। सोमवार को सोने की कीमतें 1,100 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। जानकारों का मानना ​​है कि घरेलू कीमतों में ये उछाल कमजोर डॉलर और निवेशकों की नई दिलचस्पी के कारण आया है। चांदी की कीमतें बिना किसी बदलाव के 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ''मंगलवार को सोने की कीमतों में उछाल आया, जिसे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, कमजोर डॉलर और बॉन्ड यील्ड में आई गिरावट से सपोर्ट मिला।''

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 18 जून 2026 तक यूरोप के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे फ्रांस और स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करेंगे और फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस दौरे को भारत-यूरोप संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री 13 से 14 जून तक फ्रांस के नीस शहर का दौरा करेंगे। यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आमंत्रण पर हो रही है। 14 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें भारत और फ्रांस के पूरे संबंधों की समीक्षा की जाएगी। दोनों देशों के संबंध हाल ही में ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंचाए गए हैं।

उधर देश की सर्वोच्च अदालत ने निजी स्वतंत्रता, सहमति और आधुनिक समाज के बदलते रिश्तों को लेकर एक बेहद अहम फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि दो बालिगों के बीच आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध किसी भी तरह से उनका चरित्र आंकने का पैमाना नहीं हो सकते। इसके साथ ही, शीर्ष अदालत ने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर कोई रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच पाता, तो उसे अपने आप में धोखा या अपराध नहीं माना जाना चाहिए। जस्टिस मनमोहन और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए कहा, "दो बालिगों के बीच आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंधों के आधार पर किसी व्यक्ति के चरित्र को लेकर नकारात्मक राय नहीं बनाई जा सकती। देश का ऐसा कोई कानून नहीं है जो दो बालिगों को अपनी मर्जी से रिश्ता रखने से रोकता हो।"

इधर भारत ने शीर्ष अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क को झटका देते हुए उनकी कंपनी स्टारलिंक को देश में उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा शुरू करने की मंजूरी रोक दी है। सूत्रों ने बताया कि ईरान युद्ध में कंपनी के उपग्रह आधारित टर्मिनलों के उपयोग को लेकर चिंता के बाद यह फैसला किया गया। मीडिया कंपनी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार की सुरक्षा एजेंसियों ने स्टारलिंक को अंतिम परिचालन मंजूरी देने से इन्कार कर दिया। चिंता का कारण यह है कि स्टारलिंक टर्मिनलों का इस्तेमाल ईरान   और अमेरिका-इस्राइल के बीच युद्ध के दौरान किया गया। ईरान में इंटरनेट पर पाबंदी के बावजूद स्टारलिंक के टर्मिनलों के जरिये इंटरनेट चालू रहा। वह भी तब, जबकि कंपनी के पास ईरान में परिचालन का लाइसेंस तक नहीं था। डर है कि भू-राजनीतिक तनाव के समय अमेरिका में स्वामित्व रहने से स्टारलिंक को नियंत्रित करने में समस्या आ सकती है। किसी भी अशांति के दौरान यदि इंटरनेट पर पाबंदी लगाई जाए और रोक कारगर न हो तो इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा बना रह सकता है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के मैदानी इलाके इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत मेहरबान बना हुआ है। पहाड़ों में आंशिक बादलों के बीच कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। बुधवार को भी प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और पारे में वृद्धि की आशंका है। बुधवार को उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा व गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

इधर उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से चार हथियार और 237 कारतूस बरामद किए हैं। संदिग्ध कार में हथियार होने की सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसटीएफ अब हथियारों के स्रोत, वाहन स्वामी और इनके संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य की गहन जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार एसटीएफ को वाहन में अवैध हथियार होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। तलाशी के दौरान वाहन से चार अलग-अलग प्रकार के हथियार बरामद किए गए। इनमें एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक .22 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और एक .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं।

उधर केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को आईआरसीटीसी एजेंट बताकर यात्रियों को विशेष दर्शन कराने का लालच देता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को केदारनाथ पुलिस चौकी को सूचना मिली कि चिराग नामक व्यक्ति एक स्थानीय सहयोगी और होटल संचालक के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन कराने का झूठा आश्वासन दे रहा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने 10 यात्रियों के एक समूह से प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपए के हिसाब से कुल 30 हजार रुपए ऐंठ लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए केदारनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को धाम परिसर से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त 5 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।