गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी: सिरफिरे पति ने पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, एक और बेटी अस्पताल में भर्ती
गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी ही पत्नी और दो मासूम बेटियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हैवानियत भरे हमले में पत्नी और 15 साल की बड़ी बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 साल की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार,मध्यरात्रि करीब 12:15 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि लोकप्रिय विहार स्थित एक मकान की चौथी मंजिल पर डबल मर्डर हुआ है। सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला आरोपी राजा अंसारी अपने परिवार के साथ यहां रहता था। देर रात उसने अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम, बड़ी बेटी सना तबस्सुम (15) और छोटी बेटी रूबी तबस्सुम (14) पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बीबी तबस्सुम और सना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रूबी को पुलिस ने तुरंत एमजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक रूबी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में गृह क्लेश की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की मुख्य वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।