हाइवे पर मातम: ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बेकाबू बस,5 की मौत, 5 गंभीर घायल
पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बसवरिया और पराउटोला के बीच एक अनियंत्रित तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ को रौंद दिया। इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बस ने पांच लोगों की जान ले ली। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच करीब रात 11 बजे एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। उनका मकान NH-727 के किनारे है। समारोह में शामिल लोगों के मनोरंजन के लिए घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़ी भीड़ में जा घुसी। देखते ही देखते कई लोग बस की चपेट में आ गए। हादसे के समय हाईवे पर दूसरी दिशा से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। बस की टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव शुरू किया। घायलों को किसी तरह बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या पांच हो गई। मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, बस चालक ने किस परिस्थिति में नियंत्रण खोया, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-727 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हाईवे किनारे आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद बेकाबू बस के भीड़ में घुसने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।