Good Morning India: रोहित शर्मा ने डगआउट से लिया CSK का विकेट, इशारों-इशारों में कर दिया बड़ा खेल! यहां एक ही घर से उठीं 5 अर्थियां, पति ने पत्नी और 4 बच्चों को जहर देकर मारा! बिहार में एनकाउंटर, इनामी बदमाश ढेर! दिल्ली में बड़ा अग्निकांड, चार शव मिले

Good Morning India: Rohit Sharma took a CSK wicket from the dugout, making a big move with his gestures! Five bodies were taken from a single house, after a husband poisoned his wife and four childre

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में डबल हेडर यानी दो मुकाबले खेले जाएंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और चार नाबालिग बच्चों की जहर देकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि उसके घर से पांच लोगों के शव (पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा) बरामद कर लिए गए हैं। वहीं घटनास्थल से एक टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता से प्रेम विवाह किया था और दोनों की शादी के सात साल हो गए थे। खबरों के मुताबिक आरोपी नाज़िम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है और गुरुग्राम में सैलून चलाकर परिवार का गुज़ारा करता था। शनिवार शाम तकरीबन 6 से 7 बजे के बीच में उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दे डाला। बताया जा रहा है कि नाज़िम ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 14, 12, 10 व 8 साल के चारों बच्चों को ज़हर दे दिया, जिससे पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले बच्चों में तीन लड़कियां और एक लड़का है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या की कोशिश करते हुए अपनी नस काट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इधर राजधानी दिल्ली में एक और बड़ा हादसा हुआ है। शाहदरा के विवेक विहार में एक 4-मंजिला इमारत में आग लग गई है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि 10 से ज़्यादा गाड़ियां (दमकल की गाड़ियां) पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने बालकनी के रास्ते करीब 20 लोगों को बचाया,  पीछे के फ्लैट्स से कुछ लोग फिर भी बाहर आ गए हैं। मुझे लगता है कि 1 या 2 परिवार अभी भी बिल्डिंग के अंदर फंसे हुए हैं। शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया विवेक विहार में एक चार-मंजिला इमारत के एक घर में आग लग गई, जिसमें दूसरी मंज़िल पर कुछ लोगों की जान चली गई। अब तक 3-4 शव बरामद किए जा चुके हैं और बाकी बचे शवों की तलाश जारी है। हम अभी भी तलाशी अभियान चला रहे हैं।

उधर अमेरकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ताजा धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर तेहरान ने कोई बदसलूकी की तो अमेरिका फिर से सैन्य हमला शुरू कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वह ईरान की ओर से पेश किए ताजा प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर संदेह जताया कि तेहरान का प्रस्ताव को युद्ध को समाप्त करने के लिए काफी होगा। ईरान की तरफ से पेश प्रस्ताव का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, "मुझे इस समझौते की रूपरेखा के बारे में बताया गया है। अभी वे मुझे इसका सटीक मसौदा सौंपने वाले हैं।" कुछ देर बाद ही अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में उन्होंने संकेत दिया कि इस प्रस्ताव पर अमेरिका का सहमत होना मुश्किल है। इसके साथ ही उन्होंने तेहरान को धमकी भी दी कि उसने अभी तक अपने अपराधों के लिए पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।
 
इधर बिहार के सीवान में हुए हर्ष सिंह हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ा एक्शन करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में मार गिराया है। आज रविवार सुबह हुई इस कार्रवाई को पुलिस के अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त रुख का अहम हिस्सा माना जा रहा है। जानें हर्ष सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में कैसे ढेर किया। बता दें कि बीते 29 अप्रैल को हुसैनगंज थाना इलाके में एक मामूली विवाद बाद में हिंसक हो गया था। यहां गाड़ी सटने के बाद हुए झगड़े में आरोपियों ने भाजपा नेता मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह पर गोली चला दी थी। इस घटना के वक्त, हर्ष सिंह के बहनोई भी उनके साथ थे। इस अटैक में हर्ष सिंह की मौके पर ही जान चली गई थी, जबकि उनके बहनोई को गंभीर चोट आई थी। 

उधर रोहित शर्मा इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 में अभी नहीं खेल रहे हैं। वह टीम के साथ हर मैच में नजर आते हैं लेकिन प्लेइंग इलेवन में नहीं होते। आरसीबी के खिलाफ सीजन के 20वें मैच के दौरान रोहित के हैमस्ट्रिंग में दिक्कत आई थी। वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। तब बताया गया था कि उन्हें गंभीर चोट नहीं है। लेकिन इसके बाद भी अभी तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। इसके बाद भी रोहित डगआउट से ही मुंबई की मदद कर रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा का सुझाव काम आ गया। संजू सैमसन के आउट होने के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स तेजी से रन बना रही थी। 5वें ओवर में रोहित ने डगआउट से स्पिनर को गेंदबाजी करने का इशारा किया। अगले ओवर में कप्तान हार्दिक पंड्या अल्लाह अजनफर को लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर तेजी से रन बना रहे उर्विल पटेल को बोल्ड कर दिया। उर्विल ने 12 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। स्टार स्पोर्ट्स ने इसे लेकर पोस्ट भी शेयर किया है।

इधर बैंकिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में आरोपी भगोड़े कमलेश पारेख को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाया गया है। 1 मई को उसे भारत लाया गया। दिल्ली पहुंचते ही सीबीआई ने उसे हिरासत में ले लिया। सीबीआई ने यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के साथ मिलकर की। कमलेश पारेख के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था, जिसके आधार पर उसे यूएई में ढूंढ निकाला गया। भारत के अनुरोध पर वहां की एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और भारत और यूएई के बीच समन्वय के बाद उसे भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। 

उधर पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में नए सिरे से मतदान होगा। चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया है। मतदान 21 मई को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा। वोटों की गिनती 24 मई को होगी। बंगाल के हालिया चुनावी इतिहास में यह फैसला लगभग अभूतपूर्व है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराया जाएगा। सभी सहायक मतदान केंद्रों पर भी नए सिरे से वोट डाले जाएंगे। नतीजतन, जहां बंगाल की 293 सीटों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे, वहीं फाल्टा को इस घोषणा से अलग रखा जाएगा। 

इधर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक पेड़ कार के ऊपर गिर गया। इस हादसे में चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई। कुल्लू के आनी में तेज बारिश और आंधी-तूफान के बीच शमशर–चवाई सड़क मार्ग पर बालीओल के पास एक चलती गाड़ी पर अचानक चीड़ का पेड़ गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल 7 लोग सवार थे। इनमें से 4 महिला शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी शिक्षिकाएं स्कूल से छुट्टी के बाद वापस आनी लौट रही थीं। इस हादसे में 3 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत आनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तेज तूफान और खराब मौसम को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं। यह घटना क्षेत्र में भारी शोक और चिंता का कारण बनी हुई है।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग में डॉ. जोराम अनिया और आर. बालासुब्रमण्यम को पूर्णकालिक सदस्य के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। इस नियुक्ति में डॉ. जोराम अनिया की नियुक्ति विशेष रूप से ऐतिहासिक मानी जा रही है। वह अरुणाचल प्रदेश से आती हैं और वे एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और शोधकर्ता हैं। जोराम  अनिया के पास 18 वर्षों से अधिक का शिक्षण, शोध और सार्वजनिक नीति का अनुभव है। वह अरुणाचल प्रदेश प्राइवेट एजुकेशनल रेगुलेटरी कमीशन की सदस्य भी रह चुकी हैं। डॉ. अनिया ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि साहित्य, संस्कृति और आदिवासी ज्ञान परंपराओं के संरक्षण में भी अहम योगदान दिया है। वह न्यिशी  समुदाय की पहली महिला हैं जिन्होंने पीएचडी हासिल की और राज्य में हिंदी भाषा में यह उपलब्धि हासिल करने वाली भी पहली महिला हैं। उन्होंने न्यिशी साहित्य और संस्कृति पर कई किताबें लिखी और संपादित की हैं। इसके साथ ही उनके अनेक रिसर्च पेपेर भी प्रकाशित हो चुके हैं।

इधर कर्नाटक के तुमकुर जिले में H5N1 वायरस का कहर देखने को मिला है। यहां H5N1 वायरस की वजह से लगभग 40 मोरों की मौत हो गई है। डिप्टी कमिश्नर सुभा कल्याण ने इसकी पुष्टि की है। जिला प्रशासन के मुताबिक, इन्फेक्शन के केंद्र से 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाला इलाका कंटेनमेंट जोन घोषित हो गया है। वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर सुभा कल्याण ने लोगों को अपील की है कि वे सिर्फ अच्छी प्रकार से पका हुआ और उबला मांस ही खाएं। उन्होंने ये भी कहा कि तुमकुर जिले में जंगली पक्षियों, और उसमें भी खासकर मोरों की मौत की खबर मिलने के बाद उनके सैंपल्स को जांच के लिए भेजा गया था, जिसमें H5N1 वायरस होने की पुष्टि हो गई। कर्नाटक सरकार की तरफ से दिशा-निर्देश मिलने के बाद गहनता से निगरानी कर रहे हैं और रैपिड रिस्पॉन्स टीमें यहां लगातार सर्विलांस करने में जुटी हुई हैं।

उधर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर पूर्वोत्तर तक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान और चमक व गरज के साथ बरसात के साथ कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। जम्मू -कश्मीर और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पांच मई तक मौसम काफी सक्रिय रहेगा। यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दून समेत कई जिलों में चार और पांच मई के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है जबकि प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। चार और पांच मई को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके दृष्टिगत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलों आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

इधर उत्तरकाशी जनपद में हुई मुशलाधार बारिश के कारण मनेरी झरने के समीप पहाड़ी पर अचानक करीब 200 मीटर की ऊंचाई से काले पानी के झरने के साथ बोल्डर आकर गिरे। पानी आते ही नीचे गंगोत्री हाईवे पर बनी दुकानों और घर से लोगों ने भागकर जान बचाई। दूसरी ओर प्रशासन की ओर से उस समय यातायात को भटवाडी और हीना में रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक पहाड़ी से पानी का विशालकाय झरना और बोल्डर गिरते रहे। बारिश थमने के बाद पानी का जलस्तर कम होने के साथ बोल्डर गिरने बंद हुए। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश रुकने के बाद हाईवे से बोल्डर हटाकर आवाजाही शुरू करवा दी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा को देखते हुए वहां पर पुलिस तैनात करने के साथ ही आसपास के लोगों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। 

उधर टिहरी गढ़वाल के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट को नुकसान पहुंचाया। कई लोग यहां फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी लोगों को पर्यटन विभाग की बोट की मदद से कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया। इसी बीच मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ाते हुए ट्रैकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तेज करने के निर्देश जारी किए हैं।