Good Morning India: पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर पुनर्मतदान! ट्रंप ने अब NATO को दी चेतावनी! कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को लूटने की कोशिश, 10 हथियारबंद बदमाश घुसे! ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में दिल्ली साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 5 युवक गिरफ्तार
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज गृह मंत्री अमित शाह आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। वहीं आज आईपीएल में चेन्नई और मुंबई के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नाटो देशों को सलाह दी और कहा कि आप ईरान को परमाणु हथियार नहीं दे सकते, क्योंकि वे इसका इस्तेमाल बहुत जल्द इज़राइल पर करेंगे, मध्य पूर्व में करेंगे और यूरोप में भी करेंगे। और मुझे लगता है कि अगला नंबर हमारा होगा, और ऐसा नहीं होने वाला, उनके पास 159 जहाज हैं। हर एक जहाज इस समय समुद्र की तलहटी में डूबा हुआ है, ऐसा कहने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इमैनुएल मैक्रॉन का मजाक उड़ाया। उन्होंने दावा किया कि हमने 250% टैरिफ की धमकी देकर उन्हें दवाओं की ऊंची कीमतें स्वीकार करने के लिए मजबूर किया। ट्रंप ने कहा, ईरान हमारे अपेक्षित समझौते का पालन नहीं कर रहा है; हम इसे ठीक से पूरा करेंगे और तीन साल बाद इसी समस्या का सामना करने के लिए समय से पहले पीछे नहीं हटेंगे। तेल की बढ़ती कीमतों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "अन्य कीमतें तो काफी नीचे हैं, लेकिन पेट्रोल की कीमतें ऊंची हैं। लेकिन जब यह सब खत्म हो जाएगा, तो आपके पास ईरान के साथ परमाणु हथियारों से मुक्त दुनिया होगी। अगर आप ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति देते हैं, तो दुनिया बड़े खतरे में पड़ जाएगी। इसलिए ऐसा होने वाला नहीं है।
उधर पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच आज पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है। जहां मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर आज फिर वोट डाले जा रहे हैं। दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह EVM में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी।
इधर तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आउटर रिंग रोड (ORR) पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी 'लॉरी' को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छह लोगों की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे लॉरी पर लदे माल की रस्सी कसने के लिए लॉरी को रोका गया था। हालांकि इसी दौरान कार ने पीछे से लॉरी में टक्कर मार दी। कार में कुल 7 लोग सवार थे। इस हादसे में 6 की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला और तीन बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि माल को सुरक्षित रखने वाली रस्सियों को कसने के लिए लॉरी को सड़क किनारे रोककर रखा गया था। पुलिस ने बताया कि एक परिवार के सात सदस्य कार से सफर कर रहे थे। उसने बताया कि एक घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है तथा उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह परिवार यादद्रि-भुवनगिरि जिले में एक मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर संतननगर लौट रहा था।
उधर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने वोटों की गिनती के दौरान सुपरवाइज़र की नियुक्ति को लेकर चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देते हुए अब सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया का रुख किया है। TMC ने इससे पहले इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने उनकी मांग को खारिज कर दिया था और राहत देने से इनकार कर दिया था। अब उसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, रविवार को छुट्टी के बावजूद सुप्रीम कोर्ट की 2 जजों की बेंच सुबह 10:30 बचे से केस की सुनवाई करेगी। CJI ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए हैं। टीएमसी की याचिका को जस्टिस पमिदिघनतम श्री नरसिम्हा और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ के समक्ष आज सूचीबद्ध किया जाएगा।
इधर Google CEO सुंदर पिचाई एआई डेटा सेंटर को अंतरिक्ष में स्थापित करने की तैयारी में है। पिचाई ने हाल ही में अपने इस महत्वाकांक्षी योजना के बारे में बताया है। अतंरिक्ष में फ्लोटिंग डेटा सेंटर स्थापित करने से पर्यावरण को फायदा मिलने वाला है। इन डेटा सेंटर को सूर्य की किरणों से लगातार बिजली मिलती रहेगी। सुंदर पिचाई के इस प्लान पर एलन मस्क ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। XPRIZE के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पीटर एच डायमेंडिस ने X पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि सुंदर पिचाई ने पिछले दिनों कहा है कि अंतरिक्ष में डेटा सेंटर लगाना अब एक नया नॉर्मल हो गया है। एक दशक पहले ही मस्क ने इसका जिक्र किया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने "True" लिखा है। इस पोस्ट के मुताबिक, एलन मस्क के बाद अब सुंदर पिचाई भी अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर लगाने के पक्ष में हैं।
उधर महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का एलान शनिवार को किया जाएगा। टीम चयन के लिए मुंबई में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की बैठक होगी। चयन से पहले चयनकर्ताओं के सामने कई दुविधाएं हावी रहेंगी। महिला टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण 12 जून से पांच जुलाई तक इंग्लैंड में खेला जाना है। भारत की नजरें खिताब पर रहने वाली हैं। चयन समिति की बैठक बीसीसीआई मुख्यालय में होगी और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का एलान किया जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम से इस बार काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि भारत ने महिला वनडे विश्व कप 2025 अपने घर में जीता था। भारत ने पिछले साल दिसंबर में घर में श्रीलंका को 5-0 से हराया था। इसके बाद इंग्लैंड को उसी के घर में मात दी और फिर ऑस्ट्रेलिया को भी 2-1 से हराया, लेकिन पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।
उधर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भाग में छिटपुट गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम का मिजाज खुशनुमा बना हुआ है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश के चंबा में ग्लेशियर टूटा है, लेकिन किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से इन क्षेत्रों में 7 मई तक छिटपुट बारिश होने और 40-60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने और बिजली कड़कने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में कई जगह ओलावृष्टि हुई। बिहार, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल गंगा किनारे वाले मैदान, मिजोरम, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर 50-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
इधर सोशल मीडिया पर दोस्ती के जाल में फंसाकर व्यवसायी को बेहोश कर आपत्तिजनक वीडियो बनाना, फिर वायरल करने की धमकी देकर लाखों ठगना-लोयाबाद थाना क्षेत्र में एक खौफनाक हनीट्रैप कांड सामने आया है। पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूरी कहानी बयां की है। सबसे बड़ी बात ये है कि आरोपी महिला पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुकी थी। इसका पूरा गिरोह है और इस बार महिला ने पीड़ित बिजनेसमैन से चार लाख रुपये ऐंठ लिए और उसके गहने भी लूट लिए, जबकि कुल 10 लाख की फिरौती मांगी थी। सरायढेला निवासी व्यवसायी की आरोपी महिला से सोशल मीडिया पर जान-पहचान हुई। 28 अप्रैल को 'मिलने' के बहाने उसने पीड़ित व्यवसायी को लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर पहले उसे बेहोश कर दिया और एक युवती को बुलाकर आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद की जिम्मेदारी महिला ने अपने गिरोह को दे दी। गिरोह के सदस्यों ने व्यवसायी को उसका वीडियो दिखाया और वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलने लगे। डर के मारे पीड़ित ने चार लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, इसके साथ ही उसने अपने गहने भी सौंप दिए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद से आगे जंगल में करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। हालांकि न तो वह ट्रेन रोक पाए और न अंदर जा पाए। मुरादाबाद मंडल ने आरपीएफ को जांच के निर्देश दिए हैं। कोच अटेंडेंट की मदद से बदमाशों के स्केच बनवाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे की है। नंदा देवी एक्सप्रेस कोटा से देहरादून आ रही थी। ट्रेन के अलग-अलग श्रेणी के कोच में हजारों यात्री सवार थे। देवबंद से ट्रेन रवाना हुई तो यहां के स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि ट्रेन के दो कोच के बीच में कुछ संदिग्ध लोग चढ़े हैं। तुरंत इसकी सूचना सभी कोच अटेंडेंट को दी गई। कुछ अटेंडेंट ने लोको पायलट और आरपीएफ के अधिकारियों को जानकारी दी कि कोच के बफर में करीब 10 हथियारबंद लोग चढ़े हैं। वे ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे थे पर नए कोच में बफर में वैक्यूम रिलीज करने का विकल्प नहीं दिया गया है। इसलिए बदमाश ट्रेन नहीं रोक पाए। वहीं ट्रेन के सभी दरवाजे लॉक कर देने के कारण वह अंदर भी नहीं जा पाए। उन्हें जब पता चला कि कर्मचारियों को उनकी भनक लग गई है तो वो ट्रेन से कूद गए।
इधर रुड़की के के ग्राम बंजारेवाला में नदी में नहाने गए किशोर पर मगरमच्छ ने हमला बोल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को किशोर का शव नदी में उतराता मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि वन विभाग के अधिकारी मगरमच्छ के हमले की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। वहीं पोस्टमार्टम के लिए लाए गए किशोर के शव की जांच मगरमच्छ के हमले की बात स्पष्ट हुई है। ग्राम बंजारेवाला निवासी राजा (13) पुत्र प्रमोद बृहस्पतिवार शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह नदी में उसकी साइकिल व कपड़े पड़े मिले जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। वहां कुछ देर बाद बालक का शव बरामद कर लिया गया।
उधर ऊधम सिंह नगर जिले के तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में लकड़ी बीनने गई महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। घटना सांप कठानी क्षेत्र की है। इसी जगह पर एक दिन पहले लालकुआं के दो व्यक्तियों को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। आशंका जताई जा रही है दो लोगों को मारने वाले हाथी ने ही महिला को मौत के घाट उतारा। झा कॉलोनी पंतनगर निवासी मैना देवी (66) पत्नी बाबूलाल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल की ओर लकड़ी लेने गई थी। दोपहर लगभग दो बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया।
इधर दिनेशपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों पर आरोप है कि ये अपने बैंक खाते साइबर ठगों को देकर अवैध लेनदेन में सहयोग कर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच दिल्ली पुलिस की साइबर टीम लगातार ऐसे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई थी, जो ठगी के पैसों को इधर-उधर करने में मदद करते हैं। जांच के दौरान दिनेशपुर क्षेत्र के कुछ युवकों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दिनेशपुर पहुंचकर स्थानीय थाना पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम ने दबिश दी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तार किए गए युवकों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने जिन पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान समीर बाछाड़, राज बाछाड़, रोहित राय, रोहित मिस्त्री और हरीश सरकार के रूप में हुई है। ये सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं, लेकिन एक ही नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे।