Good Morning India: पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर बड़ा एयर स्ट्राइक! अस्पताल पर बरसाए बम, 400 लोगों की मौत! राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग, एनडीए ने जीतीं नौ सीटें! LPG संकट से मिलेगी राहत, शिवालिक के बाद आज भारत पहुंचेगा 'नंदा देवी'! लिंक में जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Pakistan launches a major airstrike on Afghanistan! Bombs hit a hospital, killing 400 people! Cross-voting in the Rajya Sabha elections, with the NDA winning nine seats! Relief fr

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, करूर भगदड़ मामले में पूर्व तमिलनाडु मंत्री सेंथिल बालाजी आज CBI के सामने होंगे पेश। वहीं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार आज दिल्ली में राज्य के सांसदों से बैठक करेंगे। इधर सोनम वांगचुक की NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान ने सोमवार की देर रात अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हवाई हमला कर दिया। अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता ने इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में नशाखोरों का इलाज करने वाले एक अस्पताल को निशाना बनाया। इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 400 हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में, हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि अब तक मरने वालों की संख्या 400 हो गई है, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं। फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और पीड़ितों के शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। 

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ हाल ही में हुए हमले का बचाव करते हुए जोर देकर कहा कि ईरान के हाथ परमाणु हथियार कभी नहीं लगने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान के पास ऐसा हथियार आ गया तो वह इसे तुरंत इस्तेमाल कर देगा, जिससे पूरा मध्य पूर्व तबाह हो सकता है। ट्रंप ने कहा, 'मैं नहीं चाहता कि जंग हो। ईरान के नेता हिंसक और क्रूर लोग हैं, जिन्होंने पिछले 3 हफ्तों में 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है। अगर आप मानते हैं कि ईरान को परमाणु हथियार मिलने चाहिए, तो आपके साथ कुछ गड़बड़ है क्योंकि वह इसे एक घंटे या एक दिन में इस्तेमाल कर देंगे।' 

उधर बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की। बिहार में राज्यसभा चुनाव में विपक्ष का सफाया हो गया है। NDA के पांचों उम्मीदवार चुनाव जीत गए। हालांकि NDA के चार उम्मदवारों की जीत तो पहले से तय थी, इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा पहली प्राथमिकता के वोट से जीत गए। सस्पेंस NDA के पांचवे उम्मीदवार शिवेश राम को लेकर था। शिवेश राम का मुकाबला RJD के सिटिंग राज्यसभा मेंबर अमरेंद्र धारी सिंह से था। जीत के लिए 41 विधायकों का सपोर्ट जरूरी था। RJD और कांग्रेस के कुल 35 विधायक हैं। तेजस्वी यादव को उम्मीद थी कि AIMIM के 5 और बीएसपी के एक MLA का समर्थन मिलने से RJD उम्मीदवार निकल जाएगा। चार सीटें जीतने के बाद NDA के पास 38 एक्स्ट्रा वोट थे। शिवेश राम को तीन विधायकों के सपोर्ट का जुगाड़ करना था इसलिए मुकाबला कांटे का था।

इधर ईरान सरकार की विशेष अनुमति से होर्मुज जलडमरूमध्य से हो कर एलपीजी से लदा भारतीय जहाज शिवालिक सोमवार शाम को गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंच गया। देश में एलपीजी की कमी को देखते हुए बंदरगाह पर शिवालिक के आगमन और उससे जुड़े सभी कागजी व अन्य प्रक्रियागत कार्रवाई पहले ही पूरी कर ली गई थी ताकि जितनी जल्दी हो एलपीजी को तेल रिफाइनरियों के डिपो तक पहुंचाया जा सके। कुछ ऐसा ही एक अन्य जहाज नंदा देवी के साथ भी होगा जो मंगलवार को भारतीय बंदरगाह पर पहुंचेगा। इसके अलावा यूएई से 81 हजार टन कच्चा तेल ले कर एक अन्य जहाज जग लाडली भी मंगलवार को पहुंचेगा। ये जानकारी बंदरगाह, जहाजरानी व जलमार्ग मंत्रालय की तरफ से सोमवार को पश्चिम एशिया के हालात पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई है। इन तीनों जहाजों के आने से देश में तेल व गैस आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उधर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और उनकी जीवनसंगिनी वंशिका सिंह का मंगलवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल द सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में लगभग एक हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। खेल जगत से टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ ही उनके साथी स्पिनर रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल कुलदीप को बधाई देने पहुंचेंगे। साथ ही यूपी के तकरीबन सभी पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों के अलावा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का समारोह में भाग लेना तय है। चर्चा है कि महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा सहित बीसीसीआई के चयनकर्ता भी इस शाम की शोभा बढ़ा सकते हैं। 

इधर आगामी 19 मार्च से शुरू होने जा रहे चैत्र नवरात्र के दौरान वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कमर कस ली है। उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद सीईओ सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की समीक्षा की गई। सोमवार को बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग पर आरएफआईडी कार्ड प्रणाली का सख्ती से पालन किया जाएगा। केवल वैध कार्ड धारकों को ही भवन की ओर जाने की अनुमति मिलेगी। प्रमुख चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। रियासी पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के समन्वय से मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी शामिल होगा।

उधर उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट की है। हिमालयी क्षेत्रों में ऊंची चोटियों पर हिमपात और घाटियों व आसपास के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने से तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे आसपास के मैदानी इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते 18 से 20 मार्च के दौरान इन इलाकों में बारिश और तूफानी हवाओं के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के सोमवार सुबह 8:30 बजे तक आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वोत्तर के राज्यों और झारखंड में छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि हुई।

इधर पीतल नगरी एक बार फिर आतंकी गतिविधियों से सुर्खियों में आ गई है। रविवार को एटीएस के हत्थे चढ़ा बीडीएस का छात्र हारिश मुरादाबाद में रहकर आईएस के लिए भर्तियां कर रहा था। एटीएस की जांच में सामने आया है कि उसने मुरादाबाद के अलावा संभल, अमरोहा, बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश कई जिलों के सैकड़ों युवाओं को जोड़ लिया था। उन्हें देश के खिलाफ उकसा रहा था। इन दो वर्षों में उसके कई बार जम्मू कश्मीर जाने की जानकारी एटीएस को मिली है। सहारनपुर के मोहल्ला मानक मऊ निवासी रियासत हुसैन ने दो साल पहले (जून 2024 में) अपने बेटे हारिश का मुरादाबाद के एक कॉलेज में बीडीएस में दाखिला कराया था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह शुरुआत में कॉलेज के हॉस्टल में रहा लेकिन बाद में उसने कॉलेज से बाहर किराये पर मकान ले लिया था। कॉलेज में वह अन्य छात्रों से कम बात करता था लेकिन मोबाइल और लैपटॉप पर ज्यादा ही व्यस्त रहता था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड चारधाम की यात्रा 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही शुरू होने जा रही है। जिसके लिए तमाम संबंधित विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल उत्तराखंड चारधाम यात्रा में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। यही वजह है कि विभागों की ओर से व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु एक बेहतर अनुभव लेकर यहां से जाए। इसी क्रम में खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भी रणनीतियां तैयार कर ली हैं। जिसके तहत प्रदेश में गठित क्विक रिस्पांस टीम गठित की है जो वर्तमान समय में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है लेकिन यात्रा के दौरान कुमाऊं की क्विक रिस्पांस टीम को गढ़वाल और गढ़वाल की क्विक रिस्पांस टीम को कुमाऊं में निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा। ताकि बेहतर और पारदर्शी तरीके से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा सके। इसके अलावा, एफडीए ने यह निर्देश जारी किए हैं कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को फूड लाइसेंस ऐसे स्थान पर लगाना होगा, जिसे ग्राहक भी देख सके।

इधर थाना राजपुर पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को करीब 34 लाख रुपए की 112 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं रायवाला पुलिस ने दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जो कार से शराब की सप्लाई कर रहे थे। राजपुर पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत होटल, रेस्टोरेंट, बार, वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर धोरण पुल के पास से 1 आरोपी राहुल चौधरी को हेराइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से टीम ने 112 ग्राम हेराइन बरामद की। जिसकी कीमत 34 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना राजपुर पर एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा पंजीकृत किया गया। साथ ही घटना में कार को सीज किया गया। थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया है कि आरोपी राहुल चौधरी नगीना जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश का निवासी है और खुद भी नशे का आदी है।

उधर चमोली जिले में रविवार रात हुई बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। औली से लेकर बदरीनाथ तक चोटियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। जिन पहाड़ियों पर अक्सर दिसंबर-जनवरी माह में बर्फ पड़ती थी वहां भी मार्च माह में बर्फबारी देखने को मिली। ऊंंचाई वाले क्षेत्रों के गांव रामणी, पाणा, ईराणी, झींझी सहित कई गांव सोमवार को बर्फ के आगोश में रहे। हालांकि सोमवार सुबह तेज धूप खिली तो अधिकांश जगह पर बर्फ तेजी से पिघल गई। रविवार को मौसम बदलने से दोपहर को हल्की बारिश हुई लेकिन देर शाम को तेज बारिश शुरू हो गई। रात करीब साढ़े 12 बजे तक झमाझम बारिश होती रही। सुबह जब लोग उठे तो अधिकांश चोटियां बर्फ से सफेद हो गई थीं। औली घूमने आए पर्यटक बर्फ देखकर खासे उत्साहित हो गए।