Good Morning India: होर्मुज को खोलो... नहीं तो तबाह कर दूंगा, ईरान को ट्रंप ने दी धमकी! रुपये में 14 साल की सबसे बड़ी गिरावट! कर्मचारियों के हक में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, लंबे समय तक काम लिया, तो पद स्थायी माना जाएगा! देहरादून गोलीकांड में चार आरोपी गिरफ्तार, गैस की कालाबाजारी पर कुमाऊं कमिश्नर का सख्त एक्शन
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में पंजाब किंग्स-गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच एक बार फिर धमकी दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर कहा कि अगर ईरान समझौते की राह पर नहीं आता है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को व्यापार के लिए नहीं खोलता है तो फिर उसे बेहद गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ईरान को तबाही उठानी पड़ेगी। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पर एक पोस्ट में ईरान को यह धमकी दी है। ट्रंप ने लिखा-अमेरिका एक 'नए और ज़्यादा समझदार' शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि ईरान में हमारे सैन्य ऑपरेशन खत्म किए जा सकें। इसमें काफ़ी प्रगति हुई है, लेकिन अगर किसी भी वजह से जल्द ही कोई समझौता नहीं हो पाता है, हालांकि इसकी पूरी संभावना है कि समझौता हो जाएगा-और अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ तुरंत "व्यापार के लिए नहीं खुलता" है, तो हम ईरान को इस तरह खत्म करेंगे कि उनके सभी बिजली पैदा करने वाले प्लांट, तेल के कुएं और खर्ग द्वीप (और शायद पानी को मीठा बनाने वाले सभी प्लांट भी!) को बम से उड़ाकर पूरी तरह से तबाह कर देंगे। इस सबको हमने जान-बूझकर अभी तक "हाथ नहीं लगाया" है।
उधर उच्चतम न्यायालय ने कर्मचारियों के हक में बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी से लंबे समय तक काम लिया जाता है, तो वह कार्य स्थायी माना जाएगा। शीर्ष अदालत के अनुसार, इतनी लंबी सेवा ही इस बात का प्रमाण है कि उस पद पर नियमित नियुक्ति की जरूरत थी। न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा और न्यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय का फैसला रद्द कर दिया है। कोर्ट ने प्रभावित कर्मचारियों को वापस नौकरी पर रखने का आदेश दिया है। यह मामला कानपुर नगर निगम के स्विचमैन कर्मचारियों से जुड़ा है। ये कर्मचारी वर्ष 1993 से 2006 तक लगातार काम कर रहे थे। अदालत ने कहा कि जब कोई 12-13 साल तक निरंतर कार्य करता है, तो उसे अस्थायी कहना गलत है। उसे महज वैकल्पिक कर्मचारी मानकर अचानक नौकरी से नहीं निकाला जा सकता। पीठ के अनुसार, इतनी लंबी कार्यावधि सिद्ध करती है कि वहां काम स्थायी था और नियमित पद मौजूद था। इस कानूनी लड़ाई में सबूतों को लेकर अहम मोड़ आया।
इधर पूरे भारत में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है, क्योंकि कई पश्चिमी विक्षोभ पूरे देश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। मौसम विभाग ने 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाओं और तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान लगाया है। उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ सकती है। उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 01 अप्रैल को, असम, मेघालय, त्रिपुरा में 31 मार्च को भारी बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 03 से 05 अप्रैल के दौरान, पश्चिमी राजस्थान में 02 से 04 अप्रैल के दौरान, पूर्वी राजस्थान में 03 और 04 अप्रैल को, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 04 और 05 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।
उधर वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय मुद्रा रुपये में डॉलर के मुकाबले 9.88 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जो 14 साल में डॉलर के मुकाबले सबसे बड़ी गिरावट है। वित्त वर्ष 2011-12 में, रुपये में डॉलर की तुलना में 12.4 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। उस समय चालू खाते का घाटा बढ़कर 4.2 प्रतिशत हो गया था। जबकि, वित्त वर्ष 2025-26 में, रुपये में दर्ज की गई इस भारी गिरावट के पीछे विदेशी फंड्स की लगातार निकासी, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक स्तर पर डॉलर का मजबूत होना प्रमुख वजहें रहीं। वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव और नकदी की तंगी ने भी 2025-26 में रुपये पर और दबाव डाला। बाजार के जानकारों के अनुसार, 1 अप्रैल से अब तक दूसरी एशियाई मुद्राओं में भी डॉलर के मुकाबले भारी गिरावट देखी गई है। चालू वित्त वर्ष में अमेरिकी डॉलर की तुलना में जापानी येन 6 प्रतिशत, फिलिपीन की मुद्रा पीसो 5.74 प्रतिशत और दक्षिण कोरियाई वॉन 2.88 प्रतिशत कमजोर हुआ है। दक्षिण कोरियाई बैंक शिन्हान बैंक के भारत में ट्रेजरी प्रमुख, सुनल सोधानी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 बाहरी झटकों, पूंजी के बाहर जाने और ढांचागत कमजोरियों जैसी कई समस्याओं के एक साथ आने की वजह से रुपया कमजोर हुआ है।
इधर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां सीमित संसाधनों के बावजूद एक बेटी ने अपने हौसले और मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की। यहां एक पंक्चर लगाने वाले की बेटी गायत्री वर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस परीक्षा में 210वीं रैंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। गायत्री की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए मिसाल बन गई है जो कठिन परिस्थितियों के बीच अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। गायत्री ने बताया कि उन्होंने यह सफलता अपने तीसरे प्रयास में हासिल की। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाईं थीं, जबकि दूसरे प्रयास में मुख्य परीक्षा में असफल रहीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी।
उधर कानपुर में किडनी रैकेट मामले में जिन तीन प्राइवेट अस्पतालों का नाम सामने आ रहा है, उनमें से एक के पास रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। पूरा अस्पताल ही अवैध तरीके से संचालित हो रहा है। इसकी जानकारी खुद स्वास्थ्य विभाग को तब हुई जब मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस की टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मामले में 50 से ज्यादा अस्पताल रडार पर हैं जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम संयुक्त रूप से देर रात तक जांच में जुटी रही। सोमवार को पुलिस की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग से एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी और कल्याणपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश सिंह व टीम के अन्य अधिकारियों ने तीनों अस्पतालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले कई वरिष्ठ डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा सकती है, कुछ चिकित्सक कई बड़ी संस्थाओं से भी जुड़े हैं। एसीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ऐसे डॉक्टरों की भी तलाश कर रही हैं जो सर्जन या नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। सूत्रों के अनुसार मामले में जिन अस्पतालों के नाम सामने आ रहे हैं, उनके यहां छोटे ऑपरेशन की भी सुविधा नहीं है। इन अस्पतालों में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए बाहर से डॉक्टर बुलाए जाते हैं। चिकित्साधिकारियों के अनुसार ऐसे डॉक्टरों से भी पूछताछ की जाएगी।
इधर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर स्थायी नियंत्रण या वहां 'टोलिंग सिस्टम' चलाने की अनुमति कभी नहीं देंगे। रुबियो ने दावा किया कि अमेरिका अगले कुछ हफ्तों में अपने सैन्य और रणनीतिक उद्देश्यों को हासिल कर लेगा। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई ने ईरान की नौसेना और रक्षा औद्योगिक आधार को भारी नुकसान पहुंचाया है। रुबियो के अनुसार, अमेरिका ईरान के मिसाइल लॉन्चर्स और नौसेना को बड़े स्तर पर नष्ट कर रहा है, ताकि भविष्य में वह ड्रोन या मिसाइल बनाने की स्थिति में न रहे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार को भी मौसम बदला रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 मार्च को चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो पांच अप्रैल तक पर्वतीय जिलों में मौसम बदला रहेगा।
इधर हल्द्वानी में गैस सिलेंडर वितरण में कालाबाजारी का मामला सामने आया है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर एक गैस एंजेसी से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को किसी भी हाल में परेशानी नहीं होने दी जाएगी और व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा। सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि डहरिया क्षेत्र में गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर जानकारी लेने पर पता चला कि वितरण कर रहे कर्मचारियों ने 10 भरे हुए सिलेंडर वहां छोड़ दिए, लेकिन बदले में एक भी खाली सिलेंडर नहीं लिया और मौके से चले गए। इस संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को तलब किया। पूछताछ के दौरान कोई भी कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया कि बिना खाली सिलेंडर लिए भरे सिलेंडर क्यों छोड़े गए। इससे कालाबाजारी और घटतौली की आशंका और गहरा गई। मामले को गंभीर मानते हुए आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि गैस वितरण में शामिल आउटसोर्स कर्मचारी संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
उधर देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मानें तो आरोपियों में जेंजी क्लब (ZEN-Z) के मालिक संदीप और मुख्य आरोपी आदित्य भी शामिल हैं। जबकि, चार आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है। घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने फार्च्यूनर कार में सवार घायल युवकों के साथियों रोहित कुमार और मौ अखलाक को पूछताछ के लिए चौकी लाया गया, जहां उन्होंने पहले वाहन को पास न देने को लेकर घटना होने की बात बताई, लेकिन यह बात पुलिस के गले नहीं उतरी। जब पुलिस ने दोनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने सच उगल दिया।