Good Morning India: नासा ने रच दिया इतिहास, मिशन आर्टेमिस 2 सफल, चांद के पास जाकर लौटे चारों अंतरिक्ष यात्री! वृंदावन में बड़ा हादसा, यमुना नदी में स्टीमर डूबा, 10 लोगों की मौत! भारत लाया जा रहा है मोस्ट वांटेड गैंगस्टर साहिल चौहान, आज पहुंचेगा दिल्ली! उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग में महसूस हुए भूकंप के झटके, सुबह-सुबह दहशत में आए लोग

Good Morning India: NASA makes history, Mission Artemis 2 successful, all four astronauts return after flying near the Moon! Major accident in Vrindavan: Steamer sinks in Yamuna River, killing 10 peo

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में बैठक हो सकती है। महिला आरक्षण को लेकर भाजपा आज से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वैंस ने शुक्रवार को ईरान को चेतावनी दी और कहा कि वह अमेरिका के साथ 'खेल' न खेले, क्योंकि वह युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से बातचीत के लिए विदेश रवाना हो रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी लोगों में से एक जेडी वैंस को ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष का समाधान खोजने और अमेरिकी राष्ट्रपति की ईरान की "पूरी सभ्यता" को नष्ट करने की चौंकाने वाली धमकी को टालने का काम सौंपा है। बता दें कि वैंस की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब एक नाजुक, अस्थायी युद्धविराम टूटने की कगार पर है। जेडी वैंस, जो लंबे समय से विदेशी सैन्य हस्तक्षेपों के प्रति संशयवादी रहे हैं और अनिश्चितकालीन संघर्षों में सेना भेजने की संभावना के बारे में मुखर रहे हैं, शुक्रवार को पाकिस्तानी राजधानी इस्लामाबाद में ईरान के साथ मध्यस्थता वार्ता का नेतृत्व करने के लिए रवाना हुए हैं। पाकिस्तान में वार्ता के लिए रवाना होने से पहले वैंस ने पत्रकारों से कहा, "यदि ईरानी सद्भावना से बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम निश्चित रूप से खुले हाथों से उनका स्वागत करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, अगर वे हमें धोखा देने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि वार्ताकार दल इतना सहयोग करने को तैयार नहीं है।"

इधर अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का मिशन आर्टेमिस 2 सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। मिशन में शामिल चारों अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर वापस लौट चुके हैं। शनिवार सुबह नासा के अंतरिक्ष यान ने सैन डिएगो कोस्ट पर लैंडिंग की। स्पेस एजेंसी ने बताया कि इस मिशन में शामिल लोगों ने 690,000 मील से ज्यादा सफर किया। 10 दिन के इस मिशन की सफलता के बाद नासा आर्मेटिस-3 की तैयारी में जुट गया है। मौजूदा मिशन में अंतरिक्ष यात्री सिर्फ चंद्रमा के पास से गुजरे, लेकिन अगले मिशन में यात्री चांद पर उतरेंगे। अंतरिक्ष यात्रियों के वापस लौटने पर नासा ने अंतरिक्ष यान की लैंडिंग का वीडियो शेयर किया। इसके साथ ही एक्स पर लिखा, "रीड, विक्टर, क्रिस्टीना और जेरेमी, आपका घर में स्वागत है! आर्टेमिस II एस्ट्रोनॉट्स 11 अप्रैल को रात 8:07 बजे (अमेरिकी समय के अनुसार) चांद पर उतर गए हैं, जिससे चांद के चारों ओर उनका ऐतिहासिक 10-दिन का मिशन खत्म हो गया है।

उधर यूपी के वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। केसी घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना से मथुरा-वृंदावन घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि स्टीमर यमुना नदी में चल रहा था, तभी अचानक पीपो के पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टीमर संतुलन खो बैठा और पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रशासन की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, यमुना में हुए हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है। 20 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें से 8 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

इधर उज्जैन में गुरुवार रात बोरवेल में गिरे बालक भागीरथ को काफी मशक्कत के बाद भी नहीं बचाया जा सका। लगातार रेस्क्यू के बावजूद बालक का शव 22 घंटे बाद निकाला जा सका। मामले में बड़नगर थाना पुलिस अब जांच करेगी कि बालक के बोरवेल में गिरने की वजह क्या रही। बच्चे की मौत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्वीट कर के दुख जताया है। सीएमएचओ ने कहा बोरवेल में पानी में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि सम्भवतः गिरने के कुछ समय बाद ही बच्चे की मौत हो गई थी। दरअसल, राजस्थान के पाली जिले से चरवाहा का एक समूह भेड़ बकरी लेकर उज्जैन आया हुआ था। यहां बड़नगर तहसील के गांव झलारिया के जंगल मे सभी ठहरे हुए थे। चरवाहा के इस समूह में प्रवीण देवासी का तीन वर्षीय पुत्र भागीरथ अपनी मां के साथ था। इस दौरान उसके पिता पाली जिले में गए हुए थे। गुरुवार रात्रि करीब 8 बजे मासूम खेलता हुआ बोरवेल के पास पहुंचा और ढक्कन को हटाया व झांकने लगा। इसी दौरान वह नीचे गिर गया। बच्चे को गिरते हुए मां ने देखा तो शोर मचाया। चरवाहा समूह के अन्य लोग व ग्रामीण मोके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

उधर राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को कीमती धातुओं के बाजार में मजबूती देखने को मिली। चांदी की कीमत ₹3,800 बढ़कर ₹2,47,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई, जबकि सोना भी हल्की तेजी के साथ ₹1,55,300 प्रति 10 ग्राम (99.9% शुद्धता) पर बंद हुआ। पीटीआई की खबर केक मुताबिक, यह जानकारी अखिल भारतीय सर्राफा संघ द्वारा जारी की गई है। गुरुवार के मुकाबले चांदी में मजबूत रिकवरी देखने को मिली, जब यह ₹2,43,200 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस तरह इसमें 1.6% की तेजी दर्ज की गई। वहीं, पिछले सत्र में सोना ₹1,54,900 प्रति 10 ग्राम पर था, जिससे इसमें ₹400 की बढ़त देखने को मिली। साप्ताहिक आधार पर कीमती धातुओं में अच्छी मजबूती रही। इस दौरान चांदी में ₹10,000 (4.2%) और सोने में ₹3,800 (2.51%) की बढ़त दर्ज की गई। 

इधर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक मामले में सुनवाई करते उस शख्स को अपनी पत्नी को प्रति माह 10 हजार रुपये गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया, जिसने क्लेम किया था कि उसकी रोजाना की कमाई महज 325 रुपये ही है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने इस मामले में हाईकोर्ट के पहले दिए गए ऑर्डर में दखल देने से इनकार किया और पत्नी की तरफ से भत्ता बढ़ाने की अर्जी का निपटारा कर दिया। बार एंड बेंच में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान पति ने दावा किया था कि उसकी मासिक आय सिर्फ 9 हजार रुपये है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने संदेह जताया। जस्टिस नाथ ने इसपर टिप्पणी करते हुए कहा था कि आज के वक्त में इतनी कम आय होना 'विश्वसनीय नहीं' लगता। उन्होंने प्रश्न भी किया, 'आजकल 9 हजार रुपये कौन कमाता है? 

उधर पश्चिम एशिया के बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, प्रमुख बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता मीर यार बलोच ने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को एक चिट्ठी लिखी है। इस पत्र के जरिए उन्होंने पाकिस्तान की दोहरी नीति पर निशाना साधा है। अपनी चिट्ठी में उन्होंने न केवल पाकिस्तान में पनप रही 'इस्राइल विरोधी कट्टरता' के बारे में बताया है, बल्कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ बनने की पाकिस्तान की कोशिशों को एक बड़ा खतरा करार दिया है। मीर यार बलोच ने अपने पत्र में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के हालिया बयानों का जिक्र किया है। बता दें कि ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर इस्राइल को 'मानवता पर अभिशाप' कहा था। हालांकि, शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से ठीक पहले उन्होंने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया। इसी को लेकर बलोच नेता का कहना है कि यह केवल एक दिखावा है। उन्होंने पत्र में लिखा कि ऐसी भाषा केवल भड़काऊ नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान प्रायोजित उग्रवाद और क्षेत्रीय अस्थिरता का प्रमाण है।

इधर कानपुर में साइबर अपराधियों ने रिश्तेदारों और जान पहचान वालों के नाम पर ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में कई खाते खुलवा रखे हैं। इनमें ही ठगी के लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन होता था। यह जानकारी पुलिस को मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों में रुपये के लेनदेन की डिटेल शनिवार तक आ सकेगी। एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि गुरुवार को ग्रामीण बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के 13 खातों का पता चला। इन खातों से अलग-अलग खातों में करीब 40 लाख रुपये भेजे गए। यह रकम 40 बैंक खातों में डाली गई थी। इसी तरह शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के 12 खातों की डिटेल आई है। इन खातों से कई अन्य अकाउंट में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। यह बैंक अकाउंट अधिकतर म्यूल अकाउंट हैं। इनका ऑनलाइन संचालन गिरोह के कुछ सदस्य कर रहे थे।

उधर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय निवेशकों का भरोसा कमजोर नहीं पड़ा है। इसका ताजा उदाहरण मार्च 2026 के आंकड़ों में देखने को मिला, जहां इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। निवेशकों ने गिरते-बढ़ते बाजार की परवाह किए बिना खुलकर पैसा लगाया, जिससे यह सेक्टर नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया। मार्च में शेयर आधारित म्यूचुअल फंड योजनाओं में शुद्ध निवेश 56 प्रतिशत बढ़कर 40,450 करोड़ रुपये हो गया। फरवरी में यह आंकड़ा 25,978 करोड़ रुपये था। यह उछाल दिखाता है कि निवेशक अभी भी बाजार की लंबी अवधि की संभावनाओं को लेकर आश्वस्त हैं। निवेश का सबसे ज्यादा रुझान फ्लेक्सी कैप फंड की ओर रहा, जहां 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आया। इसके अलावा स्मॉल कैप फंड में 6,263 करोड़ रुपये और मिड कैप फंड में 6,063 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। इन श्रेणियों ने कुल निवेश में बड़ी हिस्सेदारी निभाई।

इधर भारत ने कानून एजेंसियों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर साहिल चौहान भारत लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, साहिल चौहान को थाईलैंड से डिपोर्ट कर के भारत लाया जा रहा है। वह शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही साहिल चौहान को हरियाणा एसटीएफ अपनी कस्टडी में लेगी। बता दें कि कुख्यात गैंगस्टर साहिल चौहान केंद्रीय एजेंसी NIA का भी वांटेड है। साहिल चौहान आरोपी हरियाणा की जेल में बन्द कौशल चौधरी गैंग का गैंगस्टर है। उसके ऊपर विदेशी धरती से कई कांट्रेक्ट किलिंग करवाने का आरोप है। हाल ही में सेंट्रल एजेंसियों और हरियाणा पुलिस ने साहिल चौहान  को विदेश में गिरफ्तार करवाया था। अब उसे विदेश से डिपोर्ट करवाकर दिल्ली एयरपोर्ट लाया जा रहा है। गैंगस्टर साहिल चौहान लंबे समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, वह थाईलैंड में छिपा हुआ था जहां से पकड़ कर उसे वापस भारत लाया जा रहा है। साहिल पर विदेश से कई गंभीर अपराध को अंजाम देने का आरोप है। आपको बता दें कि बीते कुछ समय से भारत की एजेंसियों विभिन्न देशों से कई मोस्ट वांटेड अपराधियों को डिपोर्ट किया है। अब इस लिस्ट में साहिल चौहान का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चारधाम यात्रा मार्ग और धाम परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर आतंकवादी निरोधी दस्ता (एटीएस) भी तैनात रहेगा। इसके अलावा धाम परिसर में आने वाले यूट्यूबर और ब्लॉगर पुलिस की निगरानी में रहेंगे। इस संबंध में डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिस अधिकारियों को एसओपी का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। यात्रा से पहले धाम और मार्ग के निरीक्षण के लिए दो एडीजी और चार आईजी की ड्यूटी लगाई गई है। चारधाम यात्रा के नोडल अफसर के तौर पर आईजी गढ़वाल को नामित किया गया है। डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस प्रतिबद्ध है। पुलिस की ओर से सभी तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में सभी पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की गई। इसमें सभी तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए।

उधर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.02 मापी गई है। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके सुबह 5:13:17 बजे महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में था। इसकी गहराई धरती से लगभग 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। 

इधर हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक में आग लग गई और पूरी बाइक जलकर राख हो गई। वहीं सड़क हादसे में पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे अलीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। अचानक हुई मौत से मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।