Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव, घातक होने वाला है युद्ध, अमेरिका ने मैदान में उतारा USS त्रिपोली युद्धपोत! IPL में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने जीत से किया आगाज! लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी, बिना तलाक लिए लिव-इन में नहीं रह सकते शादीशुदा लोग! उत्तराखण्ड में पुलिस हिरासत में पीआरडी जवान की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करेंगे। वहीं आज आईपीएल के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच मुकाबला होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के साथ चल रहे युद्ध को शुक्रवार को एक महीना पूरा होने के बीच अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी और बढ़ा दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, USS त्रिपोली पर सवार करीब 3,500 मरीन और नाविक क्षेत्र में पहुंच गए हैं। यह तैनाती ऐसे समय में हुई है जब यह अटकलें तेज हैं कि क्या अमेरिका ईरान में जमीनी सैनिक भेजने पर विचार कर सकता है। नई तैनाती के साथ अब मध्य पूर्व में करीब 50,000 अमेरिकी सैनिक मौजूद हैं। इससे पहले भी अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा चुका था, जिससे यह पिछले 20 वर्षों में सबसे बड़ा सैन्य जमावड़ा बन गया है। CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि USS ट्रिपोली 27 मार्च को मध्य पूर्व पहुंचा। बयान में कहा गया कि यूएस सेंट्रल कमांड के क्षेत्र में USS ट्रिपोली पर तैनात नाविक और मरीन पहुंच चुके हैं।
उधर देशभर में मौसम के तल्ख तेवरों ने लोगों की टेंशन बड़ा दी है। इस दौरान जहां पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। दूसरी ओर दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश के कुरनूल में तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जबकि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मौसम के तीखे विरोधाभास को दिखाता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच देश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं और आंधी की स्थिति बन सकती है। पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा असम, बिहार, तेलंगाना और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उधर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर एक अहम टिप्पणी की है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि शादीशुदा महिला और पुरुष अपने पति या पत्नी के जीवित रहते हुए उनसे तलाक लिए बगैर किसी तीसरे व्यक्ति के साथ कानूनी रूप से लिव इन संबंध में नहीं रह सकते। न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह की एकल पीठ ने अंजू और उनके साथी द्वारा दायर एक याचिका को निस्तारित करते हुए यह टिप्पणी की।न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह की एकल पीठ ने कहा कि सक्षम अदालत से तलाक हासिल किए बिना कोर्ट लिव-इन संबंध में रहने वाले याचिकाकर्ताओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए कोई रिट या निर्देश जारी नहीं कर सकता है। बहरहाल, अदालत ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता परेशान हैं या उन्हें किसी प्रकार की हिंसा की आशंका है तो वे एक विस्तृत प्रार्थना पत्र देकर संबंधित पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं और संबंधित अधिकारी प्रार्थना पत्र की विषय वस्तु की जांच कर याचिकाकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए कानून के मुताबिक आवश्यक कार्रवाई करेगा।
इधर इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पूरी तरह से आरसीबी टीम का दबदबा देखने को मिला, जिसमें उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 202 रनों के टारगेट को सिर्फ 4 विकेट के नुकसान पर 15.4 ओवर्स में हासिल कर लिया। इस मैच में आरसीबी टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। हैदराबाद की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं नहीं रही थी, जिसमें उन्होंने 29 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान ईशान किशन ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ 80 रनों की शानदार पारी खेली, तो वहीं इसके अलावा अनिकेत वर्मा के बल्ले से 43 और हेनरिक क्लासेन ने 31 रनों की शानदार पारी खेली। आरसीबी की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें फिल साल्ट सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी करने के साथ इस मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। देवदत्त पडिक्कल इस मैच में 26 गेंदों में 61 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। विराट कोहली ने पडिक्कल के आउट होने के बाद रनों की गति को धीमे नहीं पड़ने दिया और लगातार हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाकर रखा। आरसीबी ने जहां इस मैच को सिर्फ 15.4 ओवर्स में अपने नाम किया तो वहीं विराट कोहली अंत तक नाबाद रहते हुए 38 गेंदों में 69 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे।
उधर भारत सरकार नया बिल लाने की तैयारी में है, जिसके तहत सार्वजनिक जगहों पर पेशाब करने वाले लोगों पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा। अगर संसद में जन विश्वास बिल, 2025 पास हो जाता है, तो जो लोग पब्लिक में पेशाब करते हुए या सड़कों पर बदबूदार कचरा डालकर परेशानी खड़ी करते हुए पकड़े जाएंगे, उन पर दस गुना यानी 500 रुपये का जुर्माना लगेगा। दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट, 1957 के तहत अभी पब्लिक में पेशाब करने पर 50 रुपये का जुर्माना लगता है। शुक्रवार को लोकसभा में कॉमर्स और इंडस्ट्री राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने जन विश्वास (अमेंडमेंट ऑफ प्रोविजन्स) बिल, 2026 पेश किया। इसमें दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट, 1957 में कई बदलावों का प्रस्ताव है।
इधर यूपी के कानपुर में हुए बिठूर गैंगरेप मामले ने एक बार फिर पूरे समाज की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। यहां वाराणसी की 15 साल की नाबालिग के साथ मंधना क्षेत्र के हॉस्टल में हुई गैंगरेप की घटना शनिवार को कोर्ट में कलमबंद हुई। नाबालिग ने अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत में आपबीती सुना दी। वहीं, पीड़िता के माता-पिता भी जब बिठूर थाने पहुंचे, जहां उनका बेटी से आमना-सामना कराया गया, तो मां को देखते ही नाबालिग उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ी। जानकारी के अनुसार, वाराणसी से कानपुर के मंधना पहुंची नाबालिग को बीते मंगलवार की रात करीब 12 बजे पदम त्रिपाठी नामक युवक हॉस्टल में कमरा दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। हॉस्टल के कमरे में पहुंचते ही पदम ने अपने दोस्त निहाल सिंह और नितेश दुबे उर्फ बिल्लू को भी बुला लिया। तीनों ने मिलकर नाबालिग को 5 घंटे तक बंधक बनाया और उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद तीनों हैवान, किशोरी को कमरे में छोड़कर फरार हो गए।
उधर रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के दूसरे भाग, धुरंधर: द रिवेंज ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पेड प्रीव्यू से 43 करोड़ रुपये की कमाई की और पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, धुरंधर 2 लगातार आठ दिनों से हर दिन 40 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन कर रही है। यह उन चुनिंदा भारतीय ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है जो इतने लंबे समय तक इतनी बड़ी दैनिक कमाई बनाए रखने में कामयाब रही हैं। इसकी 8 दिनों की लगातार कमाई ने इसे पुष्पा 2, बाहुबली 2, जवान और एनिमल जैसी अन्य बड़ी हिट फिल्मों से भी आगे कर दिया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं हवालात में कंबल का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की भी बात सामने आ रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद वह संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी तत्काल उसे कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हवालात के अंदर हुई इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
इधर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संभावित प्रतिभाग और जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। डीएम सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण करें और सड़क से जुड़े सभी कार्य जैसे सौंदर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत और सड़क सुधार को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने यूपीसीएल को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान सड़क किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए और मार्ग सुरक्षित व व्यवस्थित रहे।
उधर देहरादून एयरपोर्ट पर आज 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है। यह 24 अक्तूबर तक लागू रहेगा। समर शेड्यूल में कुल 34 उड़ानों को मंजूरी मिली है। समर शेड्यूल में कुछ उड़ानों के समय में भी परिर्वतन किया गया है। वहीं कुछ नए शहर भी देहरादून एयरपोर्ट से जुड़े हैं। नए समर शेड्यूल में भुवनेश्वर वाली उड़ान शामिल नहीं है। जबकि समर शेड्यूल में नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए देहरादून से सीधी उड़ान शामिल है। समर शेड्यूल में कुछ उड़ानें 29 मार्च और कुछ उसके बाद अलग-अलग दिन शुरू की जाएंगी। देहरादून एयरपोर्ट से कुल 12 शहरों की लिए सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिसमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं।