Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव, अब डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंचे हमले! नासा का मून मिशन, चांद के करीब पहुंचा आर्टेमिस II! हिमांचल में बड़ा हादसा, 4 की मौत! आतंकी साजिश का बड़ा खुलासा, मेरठ का आकिब दुबई से चला रहा मॉड्यूल! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Middle East tensions, now attacks have reached digital infrastructure! NASA's moon mission, Artemis II, reaches near the moon! Major accident in Himachal, 4 dead! Major terrorist

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे।वहीं आईपीएल में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान की सेंट्रल मिलिट्री कमांड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 48 घंटे के अंदर समझौता करने वाली धमकी को खारिज कर दिया है। ईरान ने न केवल ट्रंप की धमकियों को नजरअंदाज किया, बल्कि अमेरिका को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दे डाली है। ईरान ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए कहा कि इससे तुम्हारे (अमेरिका) लिए नरक के दरवाजे खुलेंगे। ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान 48 घंटे के अंदर शांति समझौता नहीं मानता है, तो वह देश के ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर देंगे। खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर से जारी एक बयान में, ईरानी मिलिट्री जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ट्रंप की धमकी "एक बेबस, घबराहट भरी, असंतुलित और बेवकूफी भरी हरकत" थी। उन्होंने चेतावनी दी कि "इस संदेश का सीधा सा मतलब यह है कि तुम्हारे लिए नरक के दरवाज़े खुल जाएंगे।"

इधर चांद की ओर बढ़ रहा आर्टेमिस II मिशन अब इतिहास रचने के करीब पहुंच गया है। यह मिशन 53 साल बाद इंसानों को फिर से चांद के पास ले जा रहा है और इससे उम्मीदें काफी बड़ी हैं। इस मिशन में तीन अमेरिकी और एक कनाडाई अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जो सोमवार तक चांद के पास पहुंच जाएंगे। वे चांद के उस हिस्से की तस्वीरें लेंगे, जिसे पृथ्वी से नहीं देखा जा सकता। यह मिशन नासा के पुराने अपोलो प्रोग्राम के बाद अगला बड़ा कदम माना जा रहा है। अंतरिक्ष यात्री विक्टर ग्लोवर ने बताया कि जैसे-जैसे वे आगे बढ़ रहे हैं, पृथ्वी छोटी दिख रही है और चांद बड़ा होता जा रहा है। यह अनुभव उनके लिए बेहद खास है। हालांकि मिशन के दौरान एक छोटी परेशानी भी सामने आई है। अंतरिक्ष यान ओरियन का टॉयलेट ठीक से काम नहीं कर रहा है। लॉन्च के बाद से इसमें बार-बार दिक्कत आ रही है। इंजीनियरों को शक है कि पाइप में बर्फ जमने से समस्या हो रही है। फिलहाल अंतरिक्ष यात्रियों को बैकअप तरीके इस्तेमाल करने पड़ रहे हैं। नासा के अधिकारियों का कहना है कि अंतरिक्ष में टॉयलेट सिस्टम संभालना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन टीम इस स्थिति को अच्छे से संभाल रही है।

उधर देश भर में आतंकी वारदातों को अंजाम देने की साजिश रचने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मेरठ का आकिब दुबई में बैठकर मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहा है। आकिब ने ही साकिब का संपर्क सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तानी हैंडलर्स से कराया था। अंदेशा है कि आकिब ने इस तरह के कई मॉड्यूल तैयार किए हैं, जिन्हें देश के खिलाफ भड़काता है, जिससे देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देकर विद्रोह करें। यूपी एटीएस ने बृहस्पतिवार को मेरठ के साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया था। ये सभी लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट करने की साजिश रचकर उसको अंजाम देने पहुंचे थे। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि साकिब का कनेक्शन मेरठ के ही रहने वाले आकिब से है। आकिब लंबे समय से दुबई में है। उसी ने साकिब को सोशल मीडिया(इंस्टाग्राम व टेलीग्राम) के जरिये पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क कराया था। उसके बाद साकिब सीधे हैंडलर्स से बात कर उनको जानकारियां उपलब्ध करवा रहा था। एफआईआर में आकिब का नाम भी शामिल किया गया है। 

इधर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई है, जहां बंजार एरिया के सोझा में एक टेम्पो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 16 अन्य लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, टेम्पो ट्रैवलर में करीब 20 लोग सवार थे और यह वाहन जालोरी दर्रे से लौट रहा था। तभी अचानक गाड़ी बेकाबू होकर खाई में फिसल गई। ये हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही, कई यात्री उसी में फंसे रह गए। लोकल लोगों और प्रशासन की सहायता से जख्मी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

उधर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यूएई के दुबई स्थित अमेरिकी टेक कंपनी ऑरेकल के कार्यालय को नुकसान पहुंचा है। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार यह नुकसान हवाई इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे की वजह से हुआ, जबकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब ईरान ने अमेरिकी और इस्राइली हमलों के जवाब में क्षेत्र में प्रोजेक्टाइल हमले तेज कर दिए हैं। सीएनबीसी के अनुसार ईरान ने हाल ही में अमेरिकी टेक कंपनियों को भी अपने निशाने पर लेने की खुली चेतावनी दी है। दुबई मीडिया ऑफिस ने जानकारी दी कि दुबई इंटरनेट सिटी स्थित ऑरेकल बिल्डिंग के बाहरी हिस्से पर हवाई इंटरसेप्शन के दौरान गिरा मलबा लगा। सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार दुबई में मौजूद एक पत्रकार ने रात भर कई बार हवाई इंटरसेप्शन की आवाजें सुनने की पुष्टि की, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। 

इधर पिछले दिनों राष्ट्रपति की मंजूरी के साथ ही ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम, 2026 अब कानून बन गया है। 30 मार्च को आधिकारिक रूप से नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। सरकार का दावा है कि नए कानून से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों की ज्यादा सुरक्षा होगी, पहचान की प्रक्रिया साफ होगी और उनके खिलाफ अपराध होने पर कठोर सजा होगी। कानून में साफ तौर पर कहा गया है कि ट्रांसजेंडर व्यक्ति की कैटिगरी में वे लोग शामिल होंगे, जिनकी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान किन्नर, हिजड़ा, अरावनी और जोगता के रूप में है। वे भी इसमें शामिल हैं, जिनके शरीर में जन्म से ही ऐसे जैविक अंतर (प्राथमिक यौन विशेषताएं, बाहरी जननांग, गुणसूत्र पैटर्न या हार्मोन उत्पादन अलग) होते हैं, जिससे उनका शारीरिक विकास पूरी तरह सामान्य पुरुष या महिला जैसा नहीं होता।

उधर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देशभर में मौसम ने अचानक से करवट ली है। यूपी, दिल्ली, पंजाब, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भीषण बारिश हुई है। काफी देर तक हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसल का काफी नुकसान हुआ है। अब भारत मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 7 और 8 अप्रैल अधिक रहेगा। IMD के मुताबिक, 5 अप्रैल को भी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 7 और 8 अप्रैल को मौसम एक बार फिर से वापसी करेगा। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 8 अप्रैल को तक बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज के साथ बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का खुलासा कर दिया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस और एसओजी टीम ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत झपटमार गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ है, टीम द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिक को कस्टडी में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मुंशी राम निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक की ज्वैलरी और नकदी बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पेशे से राजमिस्त्री है और काम के दौरान घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

इधर एसटीएफ की टीम ने आप्रेशन प्रहार के अन्तर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए है। बरामद सभी सिलेंडरों को विधिक कार्रवाही के बाद खाद्य पूर्ति विभाग के सुपुर्द किए गए है। साथ ही एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भण्डारण में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाही की जा रही है। बरामद सिलेंडरों में अधिकांश सिलेंडर इंद्रा गैस कंपनी के हैं। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जो मामले की जांच में जुटी हुई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि वर्तमान में चल रही गैस की कमी के कारण कुछ लोगों गैस सिलेंडरों की जमाखोरी में लगे हुए है। ये लोग घेरेलू गैस सिलेंडरों को होटल व ढ़ाबों पर कमर्शियल यूज के लिए चोरी-छिपे उच्च दामों पर बेज रहे है। इस तरह की जानकारी एसटीएफ को मिली थी।

उधर गंगोत्री मंदिर समिति की ओर से धाम में मुख्य मंदिर के दर्शन के लिए समय में बदलाव किया गया है। समिति के अनुसार अब श्रद्धालु सुबह छह बजे से शम चार बजे तक मां गंगा के दर्शन कर पाएंगे। उसके बाद सायंकालीन आरती के लिए मंदिर के कपाट खुलेंगे। जोकि पौने आठ बजे होगी। फिर रात्रि दस बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर पाएंगे। शनिवार को गंगोत्री धर्मशाला में गंगोत्री मंदिर समिति सहित तीर्थ पुरोहितों की वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें आय व्यय के साथ ही इस वर्ष के मुख्य मंदिर में पुजारी और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में सबसे अहम निर्णय गंगोत्री मंदिर दर्शन की समय सारिणी के लिए लिया गया।