Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव और गहराया, तेहरान में तबाही, 50 से ज्यादा ईरानी जहाज खत्म! एलपीजी संकट पर रेस्तरां उद्योग अलर्ट, NRAI ने जारी की एडवाइजरी! AI याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कारोबारी को लगाई फटकार, उत्तराखण्ड में लागू हुआ UCC संशोधन अध्यादेश
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज केरल का दौरा करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध मंगलवार को 11वें दिन और भी भीषण हो गया। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के भीतर नए सिरे से बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जबकि ईरान ने भी इजरायल और खाड़ी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन दागकर पलटवार किया। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी हमले जारी रहे तो क्षेत्र से एक बूंद तेल भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। आइआरजीसी ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा कि युद्ध कब खत्म होगा, यह तेहरान तय करेगा। ट्रंप ने चेताया कि होर्मुज के रास्ते गुजरनेवाले तेल टैंकरों की आवाजाही बाधित हुई तो अमेरिका 20 गुना ताकत से ईरान पर हमले करेगा। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान युद्ध हार रहा है। अगले कुछ घंटों में अब तक के सबसे भयानक हमले होंगे। उन्होंने रूस को भी पश्चिम एशिया में हस्तक्षेप करने से परहेज करने की चेतावनी दी।
उधर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर मंडराते संकट के बीच भारत के रेस्टोरेंट उद्योग को लेकर नई चिंता सामने आई है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने संभावित वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच अपने सदस्यों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने रेस्टोरेंट मालिकों से ईंधन बचाने और संचालन को सुचारु बनाए रखने के उपाय तुरंत लागू करने की अपील की है। एनआरएआई ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण वाणिज्यिक एलपीजी की सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है। यदि स्थिति और बिगड़ती है तो रेस्टोरेंट उद्योग के सामने गंभीर परिचालन चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। इसी को देखते हुए संगठन ने अपने सदस्यों से कहा है कि वे गैस की खपत कम करने, रसोई संचालन को व्यवस्थित करने और वैकल्पिक ऊर्जा विकल्प अपनाने जैसे कदम उठाएं, ताकि कारोबार और रोजगार सुरक्षित रह सके।
इधर पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते जेट फ्यूल की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्राओं पर भी पड़ने लगा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ईंधन अधिभार बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले देशभर में एलपीजी की कीमतों में इजाफा देखने को मिला था। घरेलू गैस के बाद हवाई यात्रा भी महंगी होने वाली हैं। नए ईंधन अधिभारतीन चरणों में लागू किया जाएगा। मंगलवार को एक बयान में कहा गया कि पहले फेज में 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान टिकट पर 399 रुपये का ईंधन अधिभार लगाया जाएगा। यह शुल्क सार्क देशों की उड़ानों पर भी लागू होगा। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी अधिभार बढ़ाया गया है। पश्चिम एशिया के लिए उड़ानों पर 10 डॉलर का ईंधन अधिभार लिया जाएगा। वहीं अफ्रीका के लिए यह शुल्क 30 डॉलर बढ़ाकर 90 डॉलर कर दिया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए यह 20 डॉलर बढ़ाकर 60 डॉलर कर दिया गया है।
उधर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के स्थित गौड़ सौन्दर्यम सोसाइटी में मंगलवार को एमबीए की छात्रा ने फ्लैट की बालकनी की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिविका ठकराल (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार विनय ठकराल परिवार के साथ शेरोन टावर गौर सौन्दर्यम सोसाइटी में रहते हैं। उनकी पुत्री मोहाली से एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही मोहाली में नौकरी भी करती थी। वह होली की छुट्टी पर घर आई थी। सोमवार रात सभी लोग खाना खाकर अपने अपने कमरे में सो गए थे। मंगलवार सुबह उन्हें गार्डों के माध्यम से जानकारी मिली कि पुत्री शिविका ठकराल ने आत्महत्या कर ली है।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को लुधियाना के एक कपड़ा व्यापारी द्वारा दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया। व्यापारी ने याचिका का मसौदा तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करने की बात स्वीकार की थी और उसमें प्रयुक्त जटिल कानूनी शब्दों की व्याख्या करने में असमर्थ था। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने जनहित याचिका खारिज करते हुए कहा कि जाओ, लुधियाना में 2-3 और स्वेटर बेचो, जिन लोगों का काम है ऐसी याचिका दायर करना, वो नुकसान कर देंगे, आप पर जुर्माना लगवा देंगे। जस्टिस जोयमाल्य बागची और जस्टिस आर महादेवन सहित पीठ को उस समय संदेह हुआ जब 12वीं कक्षा तक पढ़े कपड़ा व्यापारी रजनीश सिद्धू प्रधानमंत्री केयर फंड से संबंधित अपनी याचिका पर बहस करने के लिए खड़े हुए। जैसे ही सिद्धू ने लिखित पाठ पढ़कर अपनी दलीलें शुरू कीं, सीजेआई ने उनकी शैक्षणिक और अन्य पृष्ठभूमि पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बदरीनाथ, केदारनाथ धाम में अब गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक होगी। मंगलवार को हुई बदरी केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में आगामी यात्रा सीजन के मद्देनजर 121.07 करोड़ का बजट पारित किया गया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में देहरादून स्थित कैनाल रोड कार्यालय भवन के समीप बैठक हुई। बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को दृष्टिगत 121.07 करोड़ से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया। बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट बैठक में बदरीनाथ धाम के लिए 57.47 करोड़ रुपये और केदार धाम के लिए 63.60 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान किया गया। बजट में प्रस्तावित आय के सापेक्ष 99.45 करोड़ का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया है।
इधर उत्तराखंड में अब पहचान छिपाकर शादी करने वालों को जेल होगी। वहीं, लिव-इन के नियम भी कड़े हो गए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड (संशोधन) अध्यादेश, 2026 लागू हो गया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को और अधिक प्रभावी और सख्त बनाने की दिशा में धामी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश को मंजूरी के साथ ही राज्य में विवाह, पंजीकरण और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। अब यदि विवाह का कोई भी पक्षकार अपनी पहचान के विषय में गलत जानकारी देता है तो इसे विवाह शून्य करने का आधार माना जाएगा। इसके साथ ही, अपनी पहचान या वैवाहिक स्थिति छिपाकर शादी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ अब भारतीय न्याय संहिता के तहत दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।