Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव, कुछ ही घंटे में टूट गया सीजफायर, इजरायल ने लेबनान पर बरसाए बम, ईरान ने दोबारा बंद किया होर्मुज स्ट्रेट! तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू! 11,000 रुपये महंगी हुई चांदी

Good Morning India: Middle East tensions escalate, ceasefire breaks within hours, Israel bombs Lebanon, Iran re-closes the Strait of Hormuz! Voting begins for assembly elections in three states! Silv

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान है। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बुधवार को हुआ सीजफायर अभी पूरी तरह लागू नहीं हो सका है, क्योंकि कई इलाकों में सीजफायर उल्लंघन की खबरें हैं। इजरायल और अमेरिका ने यह कहकर ईरान को दोबारा भड़का दिया है कि सीजफायर समझौते में लेबनान शामिल नहीं है। इजरायल लेबनान पर लगातार हमले कर रहा है। बीते 24 घंटों के इजरायली हमले में लेबनान में 182 लोगों की मौत हो चुकी है। यह दावा लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से किया गया है। इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध में एक दिन में हुई मौतों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे ईरान भी बौखला गया है और उसने दोबारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। इस स्थिति ने ट्रंप के लिए बड़ी चुनौती पैदा कर दी है। 

इधर असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यानी 2 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं। विधानसभा चुनाव में असम और केरल की कई सीटें ऐसी हैं, जिन्हें हाई-प्रोफाइल और प्रतिष्ठित सीटें माना जा रही हैं। इन सीटों पर बड़े नेताओं की साख दांव पर है और इनके नतीजे चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं।

उधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के बावजूद अगर जरूरत पड़ी तो इजरायल फिर से युद्ध में उतरने के लिए तैयार है। नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि छह हफ्तों तक चले युद्ध के दौरान इजरायल ने अहम लक्ष्य हासिल किए हैं और वह पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होकर लौट रहा है। इस दौरान उन्होंने माना कि अभी और काम करना बाकी है और कहा कि इजरायल किसी भी पल लड़ाई में वापस उतरने के लिए तैयार रहेगा। राष्ट्रपति ट्रंप की युद्धविराम की घोषणा के बाद पहली प्रेस ब्रीफिंग में नेतन्याहू ने कहा, 'मैं साफ कर देना चाहता हूं- हमारे कुछ लक्ष्य अभी भी बाकी हैं और हम उन्हें हासिल करेंगे- चाहे समझौते से या फिर से लड़ाई करके।" नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल और अमेरिका ने ईरानी शासन की बुनियाद को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा, इस (युद्ध) विराम के समय, ईरान पूरी तरह से चूर और पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हालत में है।

इधर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। 52 वर्षीय कुख्यात गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की गला घोंटकर की गई हत्या की मुख्य आरोपी और कोई नहीं बल्कि सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाने वाली उसकी पत्नी आरती शर्मा ही थी, जिसने अपने प्रेमी सबलू खान (उर्फ शफात) की मदद से इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी ने पति को शराब पिलाकर नशे में धुत किया और फिर दोनों ने मिलकर उसकी बेहद ही क्रूर तरीके से हत्या कर दी। घटना की जानकारी के अनुसार, यह वारदात 1 अप्रैल की रात को चकेरी के पीएसी मोड़ मंदिर के निकट स्थित किराए के मकान में हुई। आरती शर्मा अपने प्रेमी सबलू खान के साथ वहां पहुंची। पहले आशीष कुमार शर्मा को शराब पिलाकर बेहोश किया गया। जब वे पूरी तरह नशे में चूर हो गए, तब आरती ने उनके गले को दबाया, जबकि सबलू खान ने छटपटाते हुए शिकार के सीने पर बैठकर हाथ-पैर पकड़ रखे। इस क्रूर प्रक्रिया में करीब 40 मिनट का समय लगा। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

उधर अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों के सीजफायर पर सहमति बनने के बाद मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच सोने और चांदी की कीमतों में बंपर तेजी देखने को मिली। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 11,000 रुपये (लगभग 5 प्रतिशत) की तेजी के साथ 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मंगलवार को चांदी का भाव 2,000 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया था। आज, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 3,200 रुपये (2.09 प्रतिशत) की बड़ी बढ़ोतरी के साथ 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। मंगलवार को सोने के दाम 600 रुपये (0.4 प्रतिशत) टूटकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए थे। जानकारों ने बताया कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने से बुलियन की कीमतों में मजबूती आई है, जिससे वैश्विक वित्तीय बाजारों में व्यापक राहत देखने को मिली। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को सोने ने अपनी मजबूत बढ़त बनाए रखी और 3 सप्ताह के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया। बेहतर वैश्विक जोखिम धारणा के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने कीमती धातुओं की मांग को बढ़ाया।

इधर देशभर में मौसम के तल्ख तेवर बने हुए हैं, इस बीच पहाड़ों पर बर्फबारी और पूर्वोत्तर के राज्यों से लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा पंजाब में लगातार बारिश हो रही है। उत्तर भारत में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और मध्य प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में यह 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। इतनी तेज हवाएं पेड़ों और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

उधर दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सेना ने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद कर आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। जैनापोरा-चित्रागाम सड़क पर 14.3 किलोग्राम की आईईडी सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाने के लिए लगाई गई थी। सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के जवानों ने बुधवार तड़के तलाशी अभियान के दाैरान आईईडी बरामद की। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि तुरंत यातायात रोककर बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। बिना किसी नुकसान के विस्फोटक को सुरक्षित स्थान पर नियंत्रित विस्फोट से निष्क्रिय कर दिया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आईईडी लगाने का मकसद सुरक्षाबलों के वाहनों और पेट्रोलिंग पार्टियों को निशाना बनाना था जिससे इलाके में एक बड़ा आतंकी हमला हो सकता था। इस घटना के बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ सहित संयुक्त बलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षाबलों की समय पर कार्रवाई ने आतंकियों के जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने के बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया है।

इधर पश्चिम बंगाल में इस महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा तेजी से चढ़ रहा है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लगातार विवाद और मालदा में न्यायाधीशों के घेराव जैसी घटनाओं ने राज्य की राजनीति को हिला कर रख दिया है। ऐसे में अब इस घेराव घटना पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का एक कड़ा एक्शन सामने आया है। बुधवार को एनआईए ने इस मामले में 12 एफआईआर दर्ज किए और फिर इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी। एनआईए की तरफ से उठाया गया यह कदम सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद उठाया गया। इससे पहले न्यायालय ने इसे राज्य प्रशासन की गंभीर विफलता और राजनीतिक हस्तक्षेप के संकेत के रूप में देखा था। ऐसे में अब इस कदम से स्पष्ट हो गया है कि चुनावी माहौल में कानून और व्यवस्था की रक्षा के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते पारा तेजी से गिरा है। तापमान में सामान्य से आठ डिग्री गिरावट दर्ज होने से लोगों के फिर से गर्म कपड़े निकल आए।  बारिश के चलते कई जगह जलभराव भी हुआ। इस कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विज्ञान की ओर से पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।

इधर उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच होगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के मुताबिक, 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध का पेपर होगा। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1, सामान्य अध्ययन-2 का पेपर होगा। 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3, सामान्य अध्ययन-4 और 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 व सामान्य अध्ययन-6 का पेपर होगा। उधर आयोग ने निर्धारित पांच फरवरी तक मुख्य परीक्षा का शुल्क जमा न कराने वाले 41 अभ्यर्थियों को पीसीएस भर्ती से बाहर कर दिया है। इन सभी के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।

उधर हरिद्वार के श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने चंडीघाट पुलिस चौकी ने घुसकर तोड़फोड़ और पथराव करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुबोध, संदीप, सोनू उर्फ टुंडा, गोविंद शाह और रामबाबू उर्फ भूरा हैं। इस मामले में पुलिस ने दस नामजद समेत 60 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाकी फरार चल रहे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।