Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव, तेहरान के सबसे ऊंचे पुल पर बमबारी, अब तक आठ की मौत! दिल्ली से गिरफ्तार आतंकी को लेकर बड़ा खुलासा, तैयार कर लिए थे आठ-दस स्लीपर सेल! धोखाधड़ी के मामले में कांग्रेस विधायक को 3 साल की जेल! कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे। वहीं, आईपीएल में चेन्नई का मुकाबला पंजाब की टीम से होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के 35वें दिन में पहुंच चुके हैं। दोनों पक्षों में भीषण जंग जारी है। अमेरिका ने ईरान के सबसे बड़े पुल को उड़ा दिया है। वहीं ईरान ने इजरायल की राजधानी तेल-अवीव से लेकर पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर घातक मिसाइल और ड्रोन हमलों को जारी रखा है। इस बीच अमेरिका द्वारा ईरान के सबसे बड़े ब्रिज पर किए गए हमले में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 95 घायल हैं। वहीं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब भी पूरी दुनिया के लिए टेंशन का विषय बना हुआ है। होर्मुज को लेकर ट्रंप द्वारा पल्ला झाड़ने के बाद दुनिया के 60 देशों ने बृहस्पतिवार को इस मुद्दे पर बैठक की। इसमें भारत की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने हिस्सा लिया।
इधर दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग ने पूरे उत्तर भारत में बारिश की संभावना भी जताई है। जम्मू कश्मीर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि आज उत्तर मध्य भारत में बारिश के साथ ओला गिरने की आशंका है। जम्मू कश्मीर, दिल्ली एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ और अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से (अगला पश्चिमी विक्षोभ 7 तारीख से असर दिखाएगा) उत्तर पश्चिम भारत में 5 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के आसार हैं।
उधर उत्तर प्रदेश के शानदार एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरने वालों के लिए 1 अप्रैल 2026 से सफर थोड़ा महंगा हो गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) ने नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टोल की नई दरें लागू कर दी हैं। अगर आप आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल या बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले हैं, तो अपनी जेब और फास्टैग (FASTag) बैलेंस दोनों का ख्याल रखें, क्योंकि टोल शुल्क में ₹5 से लेकर ₹85 तक का इजाफा किया गया है। आगरा से लखनऊ के बीच का सफर अब आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ेगा। यूपीडा द्वारा जारी नई लिस्ट के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे पर अब दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर के लिए टोल की दर ₹335 निर्धारित की गई है। लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यह वार्षिक संशोधन हर साल की तरह इस बार भी लागू किया गया है।
इधर पाकिस्तान ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी की हैष पेट्रोल की कीमतों में 43% की बढ़ोतरी कर दी है जिससे पाकिस्तान ने पेट्रोल की कीमत बढ़ाकर 458.4 रुपये (1.64 डॉलर) प्रति लीटर हो गई है। वहीं पेट्रोल के साथ ही डीजल की कीमतें भी बढ़ाकर 520.35 रुपये (1.86 डॉलर) प्रति लीटर कर दी गई हैं। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक ने गुरुवार को यह घोषणा की है। मलिक ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग की वजह से तेल संकट ने न केवल पूरे क्षेत्र को बल्कि पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। पाकिस्तान में पेट्रोल की नई दरें आज सुबह से प्रभावी हो गई हैं। पाकिस्तान ने गुरुवार को डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढा़ई हैं, जो एक महीने से भी कम समय में दूसरी बार बढ़ाया गया है। पाकिस्तान में डीजल की कीमत में 54.9% की वृद्धि हुई है और यह 520.35 पाकिस्तानी रुपये (1.88 डॉलर) प्रति लीटर हो गई है, जबकि पेट्रोल की कीमत में 42.7% की वृद्धि हुई है और यह 458.40 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है।
उधर दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को ग्रामीण बैंक धोखाधड़ी मामले में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती और सह-आरोपी रघुबीर शरण प्रजापति को तीन साल की कैद की सजा सुनाई। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक भारती पर भी 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि प्रजापति पर 2.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) दिग विनय सिंह ने फैसला सुनाते हुए दोनों को धोखाधड़ी, जालसाजी, जाली दस्तावेजों का उपयोग करने और आपराधिक साजिश रचने का दोषी ठहराया। अदालत ने भारती को आईपीसी की धारा 120बी के साथ धारा 420, 467, 478 और 471 के तहत आपराधिक साजिश का दोषी पाया। रघुबीर शरण प्रजापति को तीन अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया गया है और उनके ऊपर कुल 2.5 लाख का जुर्माना लगा है। तीसरे आरोपी, राजेंद्र भारती की मां सावित्री श्याम का मुकदमे के दौरान निधन हो गया।
इधर दिल्ली के गाजीपुर से पकड़े गए लश्कर हैंडलर साबिर अहमद लोन उर्फ राजा उर्फ आदिल डाक्टर ने दिल्ली, गुरुग्राम और जम्मू कश्मीर में 8 से 10 स्लीपर सेल/लड़ाके तैयार कर लिए थे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जब देशविरोधी और पाकिस्तान समर्थित नारे लिखने के बाद आतंकी संगठन और पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई को लगता था कि लोन भारत में कुछ भी करवा सकता है तो इसे भारत में आतंकी वारदातों के टारगेट देने लग गए थे। ऐसे में इन स्लीपर सेल से संपर्क करने ये दिल्ली आया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी बांग्लादेश जाने से पहले गुरुग्राम और दिल्ली में एक से डेढ़ वर्ष रहा था। यहां इसने चार से पांच स्लीपर सेल बना लिए थे। इनमें से ज्यादा बांग्लदेशी थे। ये पैसे का लालच देकर उनसे कुछ भी काम करवा सकता था। ऐसे ही इसने जम्मू कश्मीर में चार से पांच उन युवाओं को अपने साथ जोड़ा था जिन्होंने पैसे लेकर पत्थर फेंके थे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बड़ी संख्या में किसानों के साथ शुक्रवार को दून कूच करेंगे। वे हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग के लिए दून पहुंच रहे हैं। वहीं पुलिस की ओर से भी इसके लिए इंतजाम किए गए हैं। राकेश टिकैत ने कहा कि वे किसानों के साथ सुबह 11 बजे देहरादून के आशारोड़ी पहुंचेंगे। कहा कि देहरादून में बढ़ रहीं छात्रों के साथ अपराध की घटनाओं पर वे चिंतित हैं। दिव्यांशु जाटराणा की जिस तरह से छात्रों के गुट ने मिलकर आत्महत्या कर दी इससे उनके अंदर असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है।
इधर उत्तराखण्ड में गुलदार का आतंक जारी है। ताजा घटनाक्रम कोटद्वार से सामने आया है, यहां चौबट्टाखाल क्षेत्र के ग्राम सभा तिमली स्थित भतकोट गांव में चार वर्ष की बच्ची को गुलदार ने निवाला बना लिया। बच्ची का शव झाड़ियों से बुरे हाल में बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। ग्राम भतकोट निवासी हरेंद्र की चार साल की बेटी दृष्टि रात को खाना खाने के बाद घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उसे जबड़े में जकड़ लिया। गुलदार उसे आंगन से खींचकर नीचे खेतों की ओर ले गया। परिजनों का शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और दृष्टि की तलाश शुरू कर दी। काफी कोशिश के बाद घर से कुछ दूर झाड़ियों में दृष्टि का शव बरामद हो गया।
उधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा लंबे समय बाद प्रदेश का पांच दिवसीय दौरा करेंगी। 8 से 12 अप्रैल तक अलग-अलग जिलों में जाकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करेंगी। कांग्रेस प्रभारी आठ अप्रैल को ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर से पांच दिवसीय दौरा शुरू करेगी। इसी दिन रुद्रपुर, काशीपुर महानगर कांग्रेस व जिला कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी। नौ अप्रैल को हल्द्वानी में नैनीताल जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक करने के बाद शाम को कोटद्वार में बैठक करेंगी।