Good Morning India: ईरान-इजरायल युद्ध में भीषण तबाही, खाड़ी देशों पर ईरान ने बरसाई मिसाइलें, धमाकों से दहला तेहरान! उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, मौसम बदलेगा करवट! विवि की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, देश में 1.1 करोड़ स्नातक बेरोजगार, 40 फीसदी युवाओं को नहीं मिल रही नौकरी! उत्तराखण्ड सरकार ने कई अफसर किए कार्यमुक्त

Good Morning India: Massive devastation in the Iran-Israel war, Iran launches missiles against Gulf countries, Tehran shaken by explosions! A new western disturbance is active in northwest India, wea

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, SGPC प्रधान बलवंत सिंह राजोआना की फांसी सजा मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी। वहीं नोएडा-Delhi DND फ्लाईवे पर मरम्मत के काम के चलते आज 7 घंटे ट्रैफिक बंद रहेगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान ने अपनी सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। मंगलवार को जारी एक बयान में परिषद ने उन्हें "शहीद" घोषित किया और कहा कि इजरायली हवाई हमले में उनकी मौत हुई। परिषद के बयान में कहा गया कि शहीदों की पवित्र आत्माओं ने ईश्वर के धर्मी सेवक, शहीद डॉ. अली लारीजानी की पवित्र आत्मा को गले लगा लिया।" बयान में आगे उल्लेख है कि लारीजानी के बेटे और उनके अंगरक्षकों ने भी इस हमले में अपनी जान गंवाई। ईरान ने उन्हें "इस्लामी क्रांति और देश की उन्नति के लिए जीवन भर संघर्ष करने वाला योद्धा" बताया। बयान में लिखा है, "जीवन भर संघर्ष के बाद उन्होंने अपनी लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा पूरी की, ईश्वर की पुकार का जवाब दिया और सेवा की खाई में शहादत की मधुर कृपा प्राप्त की।"

उधर बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न हिस्सों में बने चक्रवाती प्रसार के कारण कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट में आने वाले दिनों के लिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश तक की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम और अधिक उथल-पुथल होने की  संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मौसम ज्यादा प्रभावित रहने के आसार हैं। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश नाटो सहयोगी देश अमेरिका-इजरायल के ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान में शामिल होने से इनकार कर रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका को इनकी मदद की कोई आवश्यकता नहीं है और उन्होंने गठबंधन को "एकतरफा" करार देते हुए कहा कि यह उनकी "मूर्खतापूर्ण गलती" है। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट में लिखा कि हमारे अधिकांश नाटो 'सहयोगी' ने हमें सूचित किया है कि वे ईरान के आतंकवादी शासन के खिलाफ हमारे सैन्य अभियान में शामिल नहीं होना चाहते, जबकि लगभग हर देश हमारे कार्यों से सहमत है और ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देना चाहता।

उधर देश में 20 से 29 साल के 6.3 करोड़ स्नातकों में से 1.1 करोड़ बेरोजगार हैं। चिंता की बात यह है कि बेरोजगार के रूप में पंजीकरण कराने के एक वर्ष के भीतर सिर्फ सात फीसदी स्नातकों को स्थायी वेतन वाली नौकरी मिल पाती है। हाल के वर्षों में स्नातकों की बढ़ती संख्या के कारण यह समस्या और बढ़ गई है। अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट ‘भारत में कामकाज की स्थिति-2026’ के मुताबिक, देश में युवाओं (15-29 वर्ष) की उच्च शिक्षा तक पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि, रोजगार से जुड़ी चुनौतियां अब भी कायम हैं। स्नातकों में बेरोजगारी दर उच्च बनी हुई है। 15 से 25 वर्ष के स्नातकों में बेरोजगारी दर करीब 40 फीसदी और 25 से 29 वर्ष की आयु वर्ग में 20 फीसदी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्नातक युवाओं को आय के मामले में लाभ मिलता है और उनकी शुरुआती कमाई गैर-स्नातकों के मुकाबले लगभग दोगुनी होती है। इसके बावजूद 2011 के बाद युवा पुरुष स्नातकों के वेतन में वृद्धि की रफ्तार धीमी पड़ी है। रिपोर्ट की मुख्य लेखिका प्रोफेसर रोजा अब्राहम ने कहा, यह अध्ययन शिक्षा से रोजगार तक युवाओं की यात्रा और उसमें आए बदलावों को दर्शाता है।

इधर भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी के रिसेप्शन में मुख्य कोच गौतम गंभीर और रवींद्र जडेजा सहित कई क्रिकेटर शामिल हुए। कुलदीप और वंशिका का रिसेप्शन मंगलवार को लखनऊ में आयोजित हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। योगी जैसे ही मंच पर पहुंचे कुलदीप ने पैर छू कर उनका आशीर्वाद लिया। बता दें कि कुलदीप और वंशिका की शनिवार को मसूरी में शादी हुई थी। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में यह शादी बेहद खास और निजी समारोह में संपन्न हुई थी। उनके रिसेप्शन में दिग्गजों का तांता लगा। गौतम गंभीर के अलावा भारतीय टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ कार्यक्रम में पहुंचे।

उधर यूपी के फर्रुखाबाद से बड़ी खबर सामने आई है। सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में देर शाम हुए धमके से आसपास का इलाका दहल उठा है। धमाके की गूंज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। कहा जा रहा है कि ब्लास्ट संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर हुआ। ब्लास्ट के दौरान घर की छत समेत रेस्ट रूम क्षतिग्रस्त हो गया है। घर की खिड़की दरवाजे भी ब्लास्ट से उखड़ गए। पूर्व विधायक विजय सिंह आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। धमाके के समय घर पर उनकी पत्नी दमयंती सिंह मौजूद थीं। ब्लास्ट में जो लोग, जो घर में मौजूद, जख्मी हुए हैं। पूर्व विधायक की पत्नी बाल-बाल बची हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और जांच में जुटी गई है। घटना कोतवाली सदर क्षेत्र का मोहल्ला मछरत्ता की है। 

इधर ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद बदले हुए हालात में खाड़ी देशों से लोग बड़ी संख्या में वापस लौट रहे हैं। वहीं पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि 28 फरवरी से अब तक लगभग 2.44 लाख लोग क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। पश्चिम एशिया की स्थिति पर यहां आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर महाजन ने बताया कि इस संघर्ष में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति लापता है। उन्होंने कहा कि हाल में ओमान के सोहार शहर में हुई एक घटना में मारे गए दो भारतीयों के पार्थिव शरीर मंगलवार को भारत लाए गए और ये जयपुर में उनके परिजनों को सौंप दिए गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "कल मैंने बताया था कि छात्रों समेत लगभग 650 भारतीय नागरिक ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान पहुंचे थे, ताकि वहां से स्वदेश लौट सकें। अब लगभग 50 और भारतीय आर्मेनिया पहुंचे हैं तथा कुछ अन्य अजरबैजान गए हैं।" 

उधर मेटा अपने इंस्टाग्राम में एक बेहद डिमांडिंग फीचर टेस्ट कर रहा है, पोस्ट के कैप्शन में क्लिकेबल लिंक जोड़ने की सुविधा। अब तक इंस्टाग्राम के कैप्शन में अगर आप कोई लिंक डालते थे, तो वह सिर्फ एक सादा टेक्स्ट होता था जिसे कॉपी-पेस्ट करना पड़ता था। लेकिन अब, मेटा वैरिफाइड सब्सक्राइबर्स सीधे कैप्शन के अंदर ही हाइपरलिंक (Hyperlink) जोड़ सकेंगे। यानी यूजर जैसे ही उस शब्द या लिंक पर क्लिक करेगा, वह सीधे आपकी वेबसाइट, स्टोर या न्यूजलेटर पर पहुंच जाएगा। अभी तक क्रिएटर्स अपने फॉलोअर्स को किसी बाहरी वेबसाइट पर भेजने के लिए लिंकट्री या बीकन्स जैसी लिंक इन बायो सर्विसेज का इस्तेमाल करते थे। अगर इंस्टाग्राम कैप्शन में लिंक देने की सुविधा सबको दे देता है, तो इन थर्ड-पार्टी टूल्स की प्रासंगिकता (Relevance) काफी कम हो सकती है। ये पूरी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखण्ड सरकार ने मंगलवार देर शाम यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के एमडी समेत कई अफसरों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। ये सभी अफसर सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अब यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक यमुना वैली प्रथम डाकपत्थर और पिटकुल के प्रभारी निदेशक परिचालन गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल के एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल को भी सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 को दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक भागीरथी वैली, यूजेवीएनएल के प्रभारी निदेशक परिचालन अजय कुमार सिंह को यूजेवीएनएल एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा यूपीसीएल के निदेशक परियोजना अजय कुमार अग्रवाल को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है।

इधर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) आगामी चारधाम यात्रा में बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में दर्शन व्यवस्था के लिए जल्द एसओपी जारी करेगी। इसके तहत मंदिर परिसर व गर्भ गृह में वीडियो व फोटोग्राफी पर प्रतिबंध रहेगा। वीआईपी श्रद्धालुओं को भी गर्भ गृह में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था करना बीकेटीसी की प्राथमिकता है। अब तक यात्रा के लिए 6.18 लाख से अधिक तीर्थयात्री पंजीकरण करा चुके हैं। धामों के कपाट बंद होने के बाद 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन पूजा स्थलों में दर्शन किए।'

उधर बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डालनवाला पुलिस ने मामले में नामजद छह फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही सभी आरोपियों के फोटो और विवरण के साथ मोस्ट वांटेड वांछित इनामी अपराधी का पोस्टर जारी कर दिया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर इनाम की राशि बढ़ाई जा सकती है। पुलिस की ओर से जारी पोस्टर के अनुसार, सभी आरोपी कोतवाली डालनवाला में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 30/2026 के तहत वांछित/इनामी हैं। पुलिस ने आमजन को सचेत करते हुए इन आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की है। इन सभी आरोपियों के फोटो पोस्टर पर प्रकाशित कर उत्तराखंड के साथ-साथ झारखंड और अन्य राज्यों में भी चस्पा करने की तैयारी की है, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

इधर उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 मार्च तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस पूर्वानुमान के अनुसार आज 18 मार्च को कई जिलों में बारिश के साथ बादल गरजने, तूफान और बिजली चमकने का अलर्ट है। वहीं कल यानी 19 और परसों यानी 20 मार्च को कई पहाड़ी जिलों में ऑरेंज अलर्ट तो कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज 18 मार्च को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली चमकेगी और तूफान भी आएगा। 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान भी लगाया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।