Good Morning India: ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक, रात्रिभोज के दौरान चलीं गोलियां! वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में शतक जड़कर रचा इतिहास! फिंगरप्रिंट से खुला 31 साल पुराना मर्डर केस, Ex मुस्लिम सलीम वास्तिक गिरफ्तार! पढ़ें खास खबरें

Good Morning India: Major security lapse for Trump: Shots fired during dinner! Vaibhav Suryavanshi makes history by scoring a century in 36 balls! Fingerprints solve 31-year-old murder case; ex-Musli

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मन की बात कार्यक्रम के 133वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी अंडमान निकोबार के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में शनिवार रात व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलीबारी की घटना हुई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। इस कार्यक्रम में ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने इन सभी बड़े नेताओं को तुरंत वहां से बाहर निकाला। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक हमलावर ने गोलियां चलाई थीं। चश्मदीदों के मुताबिक उन्होंने करीब 5 से 8 गोलियां चलने की आवाज सुनी। 

इधर क्रिकेट की दुनिया में एक नया सितारा तेजी से चमक रहा है। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने दिग्गजों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। IPL 2026 के 36वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज ने इतिहास रच दिया। जयपुर में सीजन के पहले मुकाबले में सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ते हुए धमाका कर दिया। वैभव ने 12 छक्के और 5 चौके जड़ते हुए अपना दूसरा IPL शतक पूरा किया। इससे पहले 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज ने IPL 2025 में 35 गेंदों पर सैकड़ा जड़ने का कारनामा किया था। इस मैच में वैभव ने पहली ही गेंद से हैदराबाद के गेंदबाजों को आंड़े हाथ लिया। उन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए सभी को चौंका दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी ने उन्हें रिकॉर्ड बुक में पहले नंबर पर पहुंचा दिया।

उधर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर, कोलकाता और मेटियाब्रुज 3 बड़ी रैलियों में जनता को संबोधित किया। राहुल ने इन रैलियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार दोनों पर जमकर हमला बोला। मेटियाब्रुज में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा कि उनके ऊपर 36 केस हैं और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं डरते हैं। राहुल गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश में लोकतंत्र पर आक्रमण कर रहे हैं। ये पूरे देश में वोट चोरी कर रहे हैं। जो भी भाजपा और RSS से लड़ता है, उस पर ये लोग आक्रमण करते हैं। मैं 24 घंटा हर प्रदेश में भाजपा और RSS की विचारधारा से लड़ता हूं और हमेशा वे मुझ पर आक्रमण करते हैं। मेरे ऊपर 36 केस हैं। मैं प्रधानमंत्री मोदी से नहीं डरता हूं। BJP को सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही हरा सकती है, क्योंकि कांग्रेस विचारधारा की पार्टी है और हम BJP से कोई समझौता नहीं कर सकते।'

इधर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में उष्ण लहर चलने की संभावना है। इसके बाद इसमें कमी आएगी। वहीं पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर पूर्व भारत में तूफान, वज्रपात और भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी भारत में भी इस सप्ताह में तूफान और वज्रपात होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से एक मई तक, मध्य भारत में 27 से 29 अप्रैल तक और दक्षिण भारत में 28 से 30 अप्रैल तक वज्रपात और तूफान की संभावना है। पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम में भारी वर्षा दर्ज की गई है। इसके साथ ही वज्रपात और तूफान देखा गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, पंजाब, पूर्व उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान में लू के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। हरियाणा में और राजस्थान में भीषण गर्मी देखी गई है। 

उधर उत्तर प्रदेश के गाजिाबाद और दिल्ली-एनसीआर में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पुलिस जांच की लंबी प्रक्रिया और अपराध छिपाने की कोशिशों की परतें खोल दी हैं। 31 साल पुराने अपहरण और हत्या केस का आरोपी सलीम वास्तिक उर्फ सलीम अहमद करीब 26 साल तक अलग-अलग पहचान और ठिकानों के सहारे पुलिस को चकमा देता रहा। खुद को मरा हुआ बताकर और नई पहचान बनाकर वह सामान्य जीवन जीता रहा, लेकिन हाल ही में हुए एक हमले और फिंगरप्रिंट मिलान ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने अब उसे गाजियाबाद के लोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला 1995 का है, जब उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल का अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के बाद आरोपियों ने 30,000 रुपये की फिरौती की मांग की थी। हालांकि फिरौती मिलने से पहले ही बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला उस समय इलाके में भारी सनसनी का कारण बना था। मामले का खुलासा तब हुआ जब इसी साल फरवरी में खुद पर हुए जानलेवा हमले के बाद सलीम अस्पताल में भर्ती था, तभी उसके फिंगरप्रिंट पुलिस रिकॉर्ड में मिले। तकनीकी जांच में ये फिंगरप्रिंट 1995 के केस से मैच हो गए। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने पुराने रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा के आधार पर उसकी असली पहचान सुनिश्चित की और और लंबे समय से फरार आरोपी को लोनी से गिरफ्तार कर लिया।

इधर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची एक बार फिर पाकिस्तान जा सकते हैं। वह अभी ओमान में हैं और वहां से लौटने के बाद उनके इस्लामाबाद जाने की संभावना है। इसके बाद वह रूस की यात्रा करेंगे। अराघची ने हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की थी। इस दौरान ईरान ने आठ हफ्तों से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए एक नया फॉर्मूला पेश किया है। ईरानी मंत्री ने कहा कि उन्होंने शांति का रास्ता बता दिया है, लेकिन उन्हें अमेरिका की नीयत पर शक है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के लिए अपनी मांगों की एक आधिकारिक सूची भी सौंपी है। अराघची ओमान के रास्ते अमेरिका के साथ संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। अपनी रूस यात्रा के दौरान वह मॉस्को को इस्लामाबाद वार्ता की प्रगति के बारे में जानकारी देंगे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून में भ्रष्टाचार के मामले में पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता सुजीत कुमार विकास के खिलाफ भी विजिलेंस को प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। सुजीत कुमार पर एक ठेकेदार फर्म के पेयजल निगम हल्द्वानी में रजिस्ट्रेशन कराने की एवज में 10 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। कुमार के खिलाफ भी विजिलेंस की खुली जांच चल रही थी। इसके आधार पर सतर्कता समिति ने विजिलेंस को यह आदेश दिए हैं। पिछले साल 14 जुलाई को सुजीत कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश दिए गए थे। इसके दो दिन बाद शासन ने तत्कालीन प्रभारी मुख्य अभियंता पेयजल निगम कुमाऊं सुजीत कुमार विश्वास को निलंबित भी कर दिया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने हर्ष इंटरप्राजेज नाम की फर्म का निगम में पंजीकरण कराने के नाम पर रिश्वत ली है। रिश्वत की यह रकम पिछले साल जुलाई में ही कुचु पुचु इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी के कोटक महिंद्रा बैंक के खातों में दो-दो लाख रुपये की पांच किश्तों में 10 लाख रुपये जमा कराए थे। 

इधर बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न संगठन रविवार यानि आज दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे हैं। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने आम जनमानस से सुबह 10 बजे दिल्ली के जंतर मंतर पर होने जा रहे प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है। मंच की सदस्य कमला पंत ने बताया कि साल 2022 में उत्तराखंड की 19 वर्षीय बेटी अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में शामिल भाजपा के नेता के बेटे और उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा हुई है। लेकिन अभी भी इस मामले में कथित वीआईपी को जांच के दायरे में नहीं लाया गया है। जिसकी वजह से अंकिता पर एक्स्ट्रा सर्विस दिए जाने का दबाव बनाया जा रहा था।