Good Morning India: ईरान की दो एनर्जी साइटों पर बड़ा हमला, बिगड़ते जा रहे हालात! कोलंबिया में वायुसेना का विमान क्रैश, 34 की मौत! IMD का बड़ा अलर्ट, कई राज्यों में आंधी-बारिश बरपाएगी कहर! उत्तराखण्ड में हिमस्खलन को लेकर चेतावनी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी करेगा। इधर आज भारत आएंगे अमेरिकी युद्ध नीति के उप सचिव कोल्बी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, इजरायल-अमेरिका और ईरान के युद्ध का आज 25वां दिन है। दोनों तरफ से कार्रवाई और जवाबी कार्रवाई का दौर चल रहा है। इस बीच, ईरान के इस्फहान में नेचुरल गैस इन्फ्रास्ट्रक्चर और Khorramshahr Power Plant की गैस पाइपलाइन पर हमला हुआ है। इन दोनों जगहों पर एयरस्ट्राइक हुई, हालांकि इजरायल और अमेरिका में से किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में एक 'सम्मानित' नेता से बातचीत जारी होने का दावा किया है और साथ ही Hormuz Strait को खोलने की समयसीमा को भी 5 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। लेकिन दूसरी तरफ, ईरान ने ट्रंप के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया और कहा कि ट्रंप फेक न्यूज फैला रहे हैं। उनकी किसी भी प्रकार की कोई बातचीत नहीं हुई है। इस बीच, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी एक नया वीडियो पोस्ट करके अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत हुई है। ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना की तरफ से हासिल हुईं उपलब्धियों का फायदा उठाकर हम डील में जंग के लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं। हालांकि, हम ईरान और उसके साथी लेबनान पर हमले जारी रखे हुए हैं। हम ईरान के मिसाइल प्रोग्राम और परमाणु कार्यक्रम को नेस्तनाबूद कर रहे हैं।
इधर एनआईए ने सोमवार को लाल किला बम धमाके के मामले में जम्मू-कश्मीर में नौ जगह छापे मारे। कई डिजिटल उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। एनआईए के प्रवक्ता के अनुसार जिला श्रीनगर, बारामुला, जम्मू, कुलगाम, गांदरबल और कुपवाड़ा में ठिकानों को खंगाला गया है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने सुबह कुपवाड़ा में हंदवाड़ा के गुलूरा में एक कारोबारी के घर और कुलगाम के शुरट गांव में तलाशी अभियान चलाया। शुरट में मोहम्मद शफी के घर की तलाशी ली गई। टीम के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवान भी थे। इस दौरान इलाके को घेर लिया गया। अधिकारियों ने दस्तावेजों, मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य चीजों की जांच की। जांच से जुड़े किसी भी संभावित लिंक या बातचीत के लिए डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने अभी कारोबारी की पहचान और उसकी कथित भूमिका की जानकारी नहीं दी है। सूत्रों ने बताया है कि छापा लाल किला धमाका मामले में जुड़े नेटवर्क और लोगों का पता लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
उधर यूपी पुलिस ने दुबई के रास्ते पार्सल से और व्हाट्सऐप नंबरों के जरिए इस देश की गोपनीय जानकारियां पड़ोसी देश पाकिस्तान को उपलब्ध कराने को लेकर एक महिला समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को हिरासत में लिया है। ये गिरफ्तारियां रविवार को की गईं। पुलिस ने बताया कि इससे पहले महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मथुरा की 28 वर्षीय मीरा ठाकुर (28) और हरियाणा के फरीदाबाद के नौशाद अली (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नौशाद मूल रूप से बिहार का है जबकि तीसरा संदिग्ध एक नाबालिग है। अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नैयर ने सोमवार को बताया कि जासूसी में संलिप्त यह गिरोह सरदार उर्फ जोरावर सिंह नामक व्यक्ति को गोपनीय सूचना भेज रहा था, जोरावर सिंह पाकिस्तान से एक जासूसी रैकेट चलाता है।
इधर कोलंबिया में सोमवार को एयरफोर्स का हरक्यूलिस C-130 विमान टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में अब तक 34 सैनिकों की मौत हो गई है। वहीं, 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। द गार्डियन के मुताबिक, कोलंबियाई वायु सेना के प्रमुख मेजर जनरल कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बताया कि विमान में 114 सैनिक और 11 क्रू मेंबर सवार थे। यह हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुआ। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि विमान रनवे से करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा। C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में से एक है, जिसका इस्तेमाल सैनिकों, हथियारों और राहत सामग्री को पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान कठिन और कच्चे रनवे पर भी उतर सकता है। यह एक बार में भारी सामान, हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद गाड़ियां और बड़ी मात्रा में राहत सामग्री ले जा सकता है। इसका इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, प्राकृतिक आपदा राहत, आग बुझाने और मौसम की जानकारी जुटाने जैसे कामों में भी होता है। C-130 हरक्यूलिस एक बार में लगभग 42,000 पाउंड (करीब 19,000 किलोग्राम) तक वजन एयरड्रॉप कर सकता है।
उधर कमजोर घरेलू मांग और सुस्त वैश्विक रुझानों के बीच सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 9,050 रुपये टूटकर 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि चांदी 10,500 रुपये की गिरावट के साथ 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 9,050 रुपये (लगभग 6 प्रतिशत) टूटकर 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोना 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। सोने के अलावा, आज चांदी भी 10,500 रुपये (4.36 प्रतिशत) की भारी गिरावट के साथ 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। जो पिछले हफ्ते शुक्रवार को 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इधर महिला आरक्षण पर मोदी सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक सरकार इस सत्र में महिला आरक्षण कानून में संशोधन विधेयक ला सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में संशोधन करके सरकार महिला कोटे को परिसीमन और जनगणना के बाद लागू होने की शर्त से अलग करना चाहती है। इसके लिए अन्य दलों की सहमति होना जरूरी है। सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कई क्षेत्रीय दलों के साथ बैठक की। इसमें एनसीपी, सपा, बीजेडी, शिवसेना उद्धव ठाकरे वाईएसआर कांग्रेस और मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता भी शामिल रहे। अभी कांग्रेस और टीएमसी के साथ बैठक होनी बाकी है। सूत्रों के मुताबिक चूंकि सरकार ने महिला आरक्षण अधिनियम के संबंध में विपक्षी दलों से संपर्क किया है, इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खऱगे ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को एक पत्र लिखकर इस विषय पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। खऱगे ने मांग की है कि सभी राजनीतिक दलों को इस प्रक्रिया में शामिल रखा जाए और संसद में विधेयक पेश करने से पहले सर्वदलीय बैठक में इस पर चर्चा की जाए।
उधर बिहार बोर्ड क्लास 12 के रिजल्ट को घोषित कर दिया गया है। इस परिणाम में कुल 85.19% स्टूडेंट्स ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। इस परीक्षा में कुल मिलाकर 6,70,971 छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुईं, जिसमें 5,78,611 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। इसी प्रकार कुल 6,33,229 छात्र इस परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिसमें 5,32,486 छात्र सफल हुए हैं। अगर पर्सेंटेज की बात करें तो इसमें कुल 86.23 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता पाई है। वहीं लड़कों का पास प्रतिशत कुल 84.09% रहा। इस प्रकार हम सकते हैं कि छात्राओं की उत्तीर्णता का प्रतिशत छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। बता दें कि साइंस स्ट्रीम में आदित्य प्रकाश अमन ने टॉप किया है। वहीं, आर्ट्स और कॉमर्स से क्रमश: निशु कुमारी और अदिति कुमारी ने टॉप करके बाजी मारी है।
इधर मार्च के मध्य में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे देश में मौसम बदला हुआ है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अब देश के 19 राज्यों में एक बार फिर मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई राज्यों में 30 से 70 की स्पीड में हवा चल सकती है। आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में भी तापमान के बढ़ने की उम्मीद है। जबकि मौसम विभाग ने अंदेशा जताया है कि मध्य और दक्षिण भारत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 मार्च को गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। जबकि राजस्थान में 28 मार्च को IMD ने बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, डीजीआरई ने हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी है। जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के तीन हजार मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए खतरे का स्तर-दो (मध्यम खतरा, छोटे हिमस्खलन की संभावना) और रुद्रप्रयाग और बागेश्वर के लिए खतरे का स्तर-एक (कम खतरा) बताया है। डीजीआरई ने ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया।
इधर अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में इस बार भी केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए टोकन सिस्टम व्यवस्था लागू रहेगी। पर्यटन व जिला प्रशासन ने पिछले साल दोनों धामों में टोकन व्यवस्था लागू की थी, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर टोकन काम नहीं आया था। पर्यटन विभाग ने वैष्णों देवी समेत देश के अन्य बड़े मंदिरों की तर्ज पर केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की थी। इसका मकसद था कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े। यात्रा पंजीकरण पर श्रद्धालुओं के धाम में पहुंचने पर उन्हें टोकन नंबर देने की व्यवस्था की गई थी। टोकन में दर्शन करने का समय दिया गया था। शुरूआत में टोकन मिलने के बाद भी श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लाइन में लग कर इंतजार करना पड़ा।
उधर उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के दूरस्थ फीताड़ी गांव में पांच लकड़ी के भवनों में देर रात को अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अगिशमन समेत पुलिस, राजस्व विभाग को मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुटी रही। आग इतनी विकराल थी कि काफी प्रयासों के बावजूद घर में रखा राशन, कपड़े, नकदी समेत अन्य सामान नहीं बचाया जा सका। गनीमत रही कि घटना के समय गांव के लोग सोए नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और आग अन्य घरों तक भी नहीं फैल पाई। आग से किसी प्रकार की पशु हानि भी नहीं हुई है।