Good Morning India: ईरान पर अबतक का सबसे भीषण हमला, अमेरिकी सेना ने खर्ग आइलैंड पर बरसाए बम! बठिंडा रिफाइनरी ने बढ़ाया तीन गुना उत्पादन, उत्तराखण्ड समेत सात राज्यों को मिलेगी गैस की किल्लत से राहत! बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार! बागेश्वर में हादसा, 2 महिलाओं की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कोलकाता में 18 हजार करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात। वहीं
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान के एक अहम ठिकाने पर बड़ा हवाई हमला किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बड़े पैमाने पर बमबारी कर वहां मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। ट्रंप के अनुसार यह हमला अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से किया गया और इसका उद्देश्य ईरान से पैदा हो रहे खतरे को खत्म करना था। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह हमला मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बमबारी अभियानों में से एक था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने जानबूझकर द्वीप के तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया, ताकि ऊर्जा आपूर्ति पर असर न पड़े।
उधर हरियाणा में अंबाला एसटीएफ की टीम ने बराड़ा के पास तीन युवकों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुआ है। पकड़े गए युवकों के तार कहां जुड़े हैं और वह इस विस्फोटक को लेकर कहां जा रहे थे, इसे लेकर जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। पकड़ी गई विस्फोटक सामग्री का वजन करीब 2 किलोग्राम (1 किलो 975 ग्राम) बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर बुलाया गया और विस्फोटक को निष्क्रिय करवाया गया। पकड़े गए युवकों में अंबाला, अजमेर और एक मेरठ का रहने वाला है। आरोपियों के पास से बाइक भी बरामद की है।
इधर पंजाब में एलपीजी किल्लत के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिलों में रसोई व व्यावसायिक सिलिंडरों के लिए मारामारी का माहौल है। इसी के मद्देनजर बठिंडा स्थित गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी ने अपना एलपीजी उत्पादन तीन गुना बढ़ा दिया है। इससे एलपीजी उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिलेगी। इस रिफाइनरी में रोजाना 1000 टन एलपीजी का उत्पादन किया जाता है, जिसे अब बढ़ाकर 3000 मीट्रिक टन कर दिया गया है। अब प्रतिदिन करीब 90700 से बढ़कर 2.72 लाख से अधिक एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध होंगे। इस रिफाइनरी से एलपीजी की आपूर्ति न केवल पंजाब बल्कि हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, यूपी, जम्मू एवं कश्मीर और मध्यप्रदेश तक की जाती है। आर्सेलर कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मीकांत मित्तल ने बताया कि इस वक्त युद्ध के हालातों के मद्देनजर देश में एलपीजी का संकट बना हुआ है। इसी को देखते रिफाइनरी ने उत्पादन तीन गुना तक बढ़ा दिया है ताकि उपभोक्ताओं को कुछ हद तक राहत मिल सके।
उधर ईडी ने शुक्रवार को कहा कि उसने चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और बेंगलुरु में 19 परिसरों में 12 मार्च को की गई तलाशी के दौरान 90 बैंक खातों और डिजिटल तथा दस्तावेजी साक्ष्यों के रूप में आपत्तिजनक सामग्री को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई चंडीगढ़, पंजाब के मोहाली, हरियाणा के पंचकुला और गुड़गांव तथा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले के सिलसिले में की गई छापेमारी का हिस्सा थी। इस घोटाले में हरियाणा सरकार, चंडीगढ़ नगर निगम और अन्य सरकारी खातों से संबंधित 597 करोड़ रुपये की सार्वजनिक धनराशि का गबन किया गया था। ईडी ने कहा, "597 करोड़ रुपये की राशि बैंक में सावधि जमा के रूप में रखी जानी थी। हालांकि, आरोपियों ने बिना अनुमति के इन सरकारी निधियों का दुरुपयोग किया।" तलाशी अभियान में बैंक के पूर्व कर्मचारी, रिभव ऋषि और अभय कुमार, उनके परिवार के सदस्य, लाभार्थी शेल संस्थाएं, जैसे स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स, कैपको फिनटेक सर्विसेज और मां वैभव लक्ष्मी इंटीरियर्स, एसआरआर प्लानिंग गुरुस प्राइवेट लिमिटेड, ज्वैलर्स, जैसे सावन ज्वैलर्स और रियल एस्टेट डेवलपर्स जैसे विक्रम वधवा और उनकी व्यावसायिक संस्थाएं शामिल थीं।
इधर देश में मौसम एक बार फिर तेजी से करवट लेने वाला है। भारत मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 मार्च से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि देश के कुछ हिस्सों, खासकर गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्मी और लू का असर जारी रहने की आशंका भी बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 15 से 18 मार्च के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड में भी 14 और 15 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है, जबकि 15 और 16 मार्च को राज्य के अधिकतर इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उधर 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को फूड रेगुलेटर ने घोषणा की कि अब उसके रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और लाइसेंस की वैधता आजीवन होगी। इस फैसले के बाद फूड बिजनेस से जुड़े कारोबारियों (एफबीओ) को अब अपने लाइसेंस बार-बार रिन्यू कराने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 10 मार्च से कई व्यापक विनियामक और प्रक्रियात्मक सुधारों को अपनी मंजूरी दे दी है। FSSAI के अनुसार, इन सुधारों को राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और हितधारकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद अंतिम रूप दिया गया है। ये बदलाव नीति आयोग की गैर-वित्तीय विनियामक सुधारों पर गठित उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों के पूरी तरह से अनुरूप हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र पांचवे दिन देर रात 12:30 बजे तक चला। इस दौरान धामी सरकार ने एक लाख करोड़ से ज्यादा का बजट पारित किया। इसके बाद सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। सीएम धामी ने सोमवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 111703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। वर्तमान वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बजट के आकार में 10.41 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। बजट में सरकार ने आत्मनिर्भर व विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए ज्ञान व संतुलन का मंत्र दिया। यह पहला मौका है जब मुख्यमंंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट पेश किया था।
इधर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। शुक्रवार को भी मैदान से लेकर पहाड़ तक पारा खूब चढ़ा। आंकड़ों पर नजर डालें तो अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री इजाफे के साथ 32.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
उधर बागेश्वर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां कपकोट क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, 5 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में रिखाड़ी-पतियासार के पास एक बोलेरो वाहन संख्या UK 02 TA 3078 हादसे का शिकार हो गया। जहां बोलेरो वाहन करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, हादसे में 5 अन्य लोग घायल हो गए।