Good Morning India: ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा नया प्रस्ताव, ट्रंप ने दिया नया अल्टीमेटम! भूकंप के तेज झटकों से हिली जापान की धरती! गर्मी का कहर, 6 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट! उत्तराखण्ड में चर्चाओं के बीच टाइगर रिजर्व के मंदिर में हुई मंत्री के बेटे की शादी

Good Morning India: Iran sends a new proposal to the United States via Pakistan, Trump issues a new ultimatum! A powerful earthquake rocks Japan! Heat wave wreaks havoc, with a heatwave alert in six

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिक्किम के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज भारत और न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान ने अमेरिका के सामने एक अहम प्रस्ताव रखा है, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और जारी तनाव को खत्म करने की पेशकश शामिल है। हालांकि, इस प्रस्ताव में तेहरान ने अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम पर बातचीत को फिलहाल टालने की बात कही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिका के साथ एक डील का प्रस्ताव रखा है। इस डील के तहत होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और युद्ध को खत्म करने पर सहमति बनाने की बात कही गई है, जबकि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को बाद के चरण के लिए टाल दिया गया है। रिपोर्ट में एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी और इस मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंचाया गया है। बातचीत से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मौजूदा गतिरोध के बीच ईरान का मौजूदा नेतृत्व भी इस बात पर एकमत नहीं है कि वह परमाणु मुद्दे पर कितनी रियायत देने को तैयार है।

इधर पश्चिम बंगाल के उत्तर चौबीस परगना में कल रात बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त झड़प हुई। यह झड़प बैरकपुर इलाके के जगदल विधानसभा क्षेत्र में हुई। बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। यह झड़प ऐसे समय में हुई जब आज जगदल के जलेबी माठ मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली है। आरोप है कि इस हिंसक झड़प में बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह पर भी हमला किया गया। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें खींचने की कोशिश की। मारपीट के दौरान अर्जुन सिंह को निशाना बनाने की कोशिश की गई।

उधर भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत में हीटवेव का कहर जारी रहेगा। इसके बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर पूर्वी राज्यों में जारी बारिश का प्रभाव लगभग एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। गरज के साथ बिजली और तेज हवा का प्रभाव पूरे भारत में आने वाले एक सप्ताह तक देखने को मिलेगा। उत्तर पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई तक, मध्य भारत में 27 से 30 अप्रैल तक, दक्षिण भारत में 28 से 30 अप्रैल तक तेज हवा का प्रभाव देखने को मिल सकता है। आईएमडी के अनुसार 28 तारीख तक उत्तर पश्चिम भारत में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद 29 और 30 अप्रैल को तापमान 3-5 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, 30 अप्रैल के बाद दो मई तक इसमें 2 से 3° तक बढ़ोतरी हो सकती है। देश के मध्य भाग में 27 अप्रैल तक तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन गरज के साथ तेज हवा के चलते 28 से 30 अप्रैल के बीच में 2 से 3° तक गिरावट देखने को मिलेगी। पूर्वी भारत में भी 26 तारीख तक तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद 27 अप्रैल से 1 मई के बीच 2 से 3° तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

इधर जापान की धरती एक बार फिर भूकंप के झटकों से हिल गई। सोमवार तड़के उत्तरी जापान में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। US जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, यह भूकंप होक्काइडो के छोटे से शहर साराबेत्सु से 18 किलोमीटर पश्चिम में 81 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप के तेज झटकों से इलाके में लोगों में दहशत फैल गई। कई स्थानों पर लोगों को घरों से बाहर निकलना पड़ा। हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। जापान मौसम एजेंसी ने इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

उधर ईरान और अमेरिका के बीच जंग खत्म करने को लेकर चल रही तनातनी में आजकल पाकिस्तान 'अड्डा' बना हुआ है। मामला कुछ हद तक फिल्मी भी हो गया। दरअसल, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार को पाकिस्तान से ओमान गए, लेकिन 24 घंटे भी नहीं बीते कि रविवार को फिर से इस्लामाबाद वापस लौट आए। रविवार को ओमान में सुल्तान से मिलने के बाद वो वापस पाकिस्तान आए। कार्यक्रम के अनुसार, अब्बास अराघची इस्लामाबाद में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद रूस के लिए रवाना होंगे। दरअसल, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची सबसे पहले पाकिस्तान गए। वहां प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर से लंबी बातचीत की। फिर वहां से वो ओमान की राजधानी मस्कट के लिए रवाना हुए। ओमान हमेशा से ईरान और पश्चिमी देशों के बीच एक बिचौलिए का काम करता आया है। अराघची ने वहां ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात की। इस दौरान, अराघची की टीम का एक हिस्सा उनके साथ आगे जाने के बजाय वापस ईरान लौट गया, ताकि वो ईरान की टॉप लीडरशिप को अब तक की बातचीत का अपडेट दे सकें और आगे के लिए नए निर्देश लेकर आ सकें। अब अराघची मस्कट से वापस इस्लामाबाद आ गए हैं। वहां पाक‍िस्‍तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर के साथ ड‍िटेल ड‍िस्‍कशन कर रहे हैं। प्लान यह है कि फिर वहां से रूस के लिए उड़ान भरेंगे।

इधर दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में युवती से रेप के बाद हत्या के मामले में पुलिस सोमवार को गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से वारदात से जुड़ा लगभग सभी सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी और मृतका के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पूर्व नियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी मंशा शुरुआत से गलत थी और वह लूटपाट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। 

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार 26 अप्रैल को ईरान को नई चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास युद्ध खत्म करने के लिए समझौते पर राजी होने के लिए सिर्फ तीन दिन हैं, वरना उसकी तेल पाइपलाइनें अंदर से फट जाएंगी। फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने समझाया कि अगर ईरान तेल का निर्यात जारी नहीं रख पाता है तो पाइपलाइनें यांत्रिक रूप से और प्राकृतिक कारणों से खराब हो जाएंगी। ट्रंप की ताजा धमकी ऐसे समय में आई है, जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची रविवार को एक बार फिर इस्लामाबाद पहुंचे हैं, जहां उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ मुलाकात की। तीन दिनों में यह अराघची का दूसरा पाकिस्तान दौरा है। इसके पहले वह शुक्रवार रात को पाकिस्तान पहुंचे थे और शनिवार को शहबाज शरीफ, असीम मुनीर और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके बाद वह ओमान चले गए थे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखण्ड में चर्चाओं के बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी राजाजी टाइगर रिजर्व के मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में संपन्न हो गई, लेकिन शादी के लिए रिजर्व फॉरेस्ट में ले जाए गए सामान के फोटो-वीडियो सोशल-मीडिया पर खूब वायरल हुए। राजाजी टाइगर टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के रानीपुर गेट के अंदर राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में मां सुरेश्वरी देवी मंदिर स्थित है। हालांकि, यह रिजर्व फॉरेस्ट होने के कारण शाम पांच बजे के बाद प्रवेश नहीं किया जा सकता है। मंदिर में ऐसे सामान भी नहीं ले जा सकते हैं, जिससे वन्यजीव प्रभावित हो।। न ही ऐसा कोई कार्यक्रम किया जा सकता है। मंदिर में श्रद्धालु निर्धारित समय तक पूजा-अर्चना के लिए जा सकते हैं। लेकिन शनिवार को कैबिनेट मंत्री खजान दास केे बेटे की शादी की तैयारियां मां सुरेश्वरी देवी मंदिर परिसर में शुरू हुईं तो कुछ प्रतिबंधित सामान भी वहां पहुंच गया। मंदिर परिसर को शादी की तरह सजाया गया भी था। वीआईपी के लोगों के बैठने और भोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं की गई थीं। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर शादी की तैयारी के फोटो-वीडियो वायरल होने शुरू हो गए। जिसके बाद हरकत में आए वन विभाग ने कार्रवाई की। रविवार को मंदिर में मंत्री के बेटे अनुज और सरिता शादी के बंधन में बंध गए। शादी में नवदंपत्ति को आशीर्वाद देने के लिए काफी लोग भी पहुंचे और शादी के बाद भंडारे का आयोजन भी हुआ।

इधर उत्तराखंड के पौड़ी जिले में एक कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, 5 अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, पौड़ी जिले के कफलना गांव का एक परिवार कार से टिहरी में स्थित मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहा था। लौटते समय सबदरखाल और देवप्रयाग के बीच कुंडाधार से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार संख्या UK 12 G 5971 अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।