Good Morning India: कुवैत के पावर प्लांट पर ईरान का बड़ा हमला, भारतीय कर्मचारी की मौत! एलपीजी संकट दूर करने के लिए केरोसीन बंटवाएगी मोदी सरकार! UP PCS 2024 का रिजल्ट जारी, टॉप 10 में 6 लड़कियों का दबदबा! मुंबई इंडियंस ने रचा इतिहास, रोहित शर्मा ने बनाया कीर्तिमान, जानें क्या आज का मैच खेलेंगे एमएस धोनी

Good Morning India: Iran launches a major attack on a Kuwaiti power plant, killing an Indian employee! Modi government to distribute kerosene to address the LPG crisis! UP PCS 2024 results released,

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पुदुचेरी और असम के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बात करेंगे। वहीं आज संसद में नक्सल मुक्त भारत पर चर्चा हो सकती है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट में अभी भी हालात बेहद खराब है। 30 दिन गुजर जाने के बाद भी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच खबर आई है कि ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट को निशाना बनाया है। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाड़ी देश कुवैत के बिजली मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि ईरान द्वारा कुवैत के एक बिजली स्टेशन पर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। साथ ही साइट पर स्थित एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है। कुवैत के विद्युत, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, ईरान ने रविवार शाम को हमला किया। मंत्रालय ने इस हमले को देश पर "ईरान के आक्रमण" का हिस्सा बताया। मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने एक बयान में कहा कि, "कुवैत राज्य के खिलाफ ईरान के आक्रमण के तहत एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र की इमारत पर हमला किया गया, जिससे एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि हमले में इमारत को काफी नुकसान हुआ है।

इधर एलपीजी संकट के बीच आज भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आने वाली है। रसोई गैस की किल्लत झेल रहे लोगों को राहत मिलने वाली है और अफवाहबाजों के मुंह पर ताला लगने वाला है क्योंकि दो और जहाज LPG का भंडार लेकर भारत पहुंच रहे हैं, वो भी 94 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर। एक जहाज आज ही, गुजरात के कच्छ जिले के मुंद्रा पोर्ट पहुंच जाएगा जबकि दूसरा जहाज अप्रैल को पहुंचेगा, जिनपर 94 हजार मीट्रिक टन LPG लदी हुई है और इन जहाजों को भारतीय नौसेना सुरक्षा दे रही है। जाहिर है कि इतनी बड़ी खेप आने से देश को बड़ी राहत मिलेगी LPG संकट कम होगा और जगह-जगह लग रही लाइनें भी खत्म होंगी। 

उधर आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से धमाकेदार जीत के साथ की है, जिसमें वह इंडियन प्रीमियर लीग में 14 साल के बाद सीजन के अपने पहले मुकाबले को जीतने में कामयाब हो पाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस सीजन के पहले मैच में मुंबई इंडियंस की टीम को 20 ओवर्स में 221 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने 19.1 ओवर्स में सिर्फ 4 विकेट के नुकसान पर कर लिया। मुंबई इंडियंस की जीत में रोहित शर्मा और रेयान रिकल्टन के बल्ले का कमाल देखने को मिला, जिसमें रोहित ने जहां 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली तो वहीं रिकल्टन ने 81 रन बनाए। मुंबई इस जीत के साथ एक ऐसा मुकाम हासिल करने में कामयाब हुई जो आईपीएल में अब तक कोई दूसरी टीम करने में कामयाब नहीं हो सकी है। 

इधर आईपीएल 2026 सीजन में भारतीय क्रिकेट के 2 सुपरस्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर फैंस की सबसे ज्यादा नजरें हैं। इसमें कोहली ने जहां सीजन की शुरुआत शानदार की है तो वहीं रोहित शर्मा भी ऐसा ही करने में कामयाब रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 221 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें रोहित शर्मा के बल्ले से सिर्फ 38 गेंदों में 78 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। हिटमैन रोहित शर्मा अपनी इस पारी के दम पर विराट कोहली को एक खास मामले में भी पीछे छोड़ने में भी कामयाब रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोहित शर्मा का आईपीएल में हमेशा बल्ले से बेहतरीन रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसको उन्होंने इस मैच में भी जारी रखा। रोहित शर्मा ने केकेआर के खिलाफ इस मुकाबले में अपनी 78 रनों की बेहतरीन पारी में 6 चौके लगाने के साथ 6 छक्के भी लगाए। अब रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा है। रोहित के नाम केकेआर के खिलाफ कुल 1161 रन दर्ज हैं, जबकि विराट कोहली जो दूसरे नंबर पर आ गए हैं उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ कुल 1159 रन बनाए हैं।

उधर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट रविवार देर रात को घोषित कर दिया है। नेहा पांचाल यूपीपीसीएस 2024 की टॉपर बनी हैं। वहीं, अनन्या त्रिवेदी को दूसरा और अभय प्रताप सिंह को तीसरा स्थान मिला है। चौथे पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा, सातवें पर पूजा तिवारी, आठवें पर अनुराग पांडे, नवें स्थान पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयूष पांडे चुने गए हैं। 947 रिक्तियों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा सफल घोषित किया गया है। पीसीएस में सम्मिलित कुल 24 प्रकार के पदों के लिए चयन किया गया है। पीसीएस 2024 की टॉप 10 लिस्ट सूची में लड़कियों का दबदबा है। शीर्ष 10 की लिस्ट में छह युवतियां जबकि चार युवक हैं, जबकि पीसीएस 2023 में टॉप टेन में आठ युवक और दो युवतियां थीं। टॉप 20 अभ्यर्थियों में 13 युवतियां और सात युवक हैं।

इधर बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का 29 मार्च, 2026 को निधन हो गया। उनकी अचानक हुई मौत से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है। उन्होंने सिर्फ 43 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया और अपनी पत्नी -बच्चे को अकेले छोड़ गए, जहां राहुल के फैंस और साथी कलाकार अभी भी इस दुख से निकलने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं एक्टर की इंस्टाग्राम पर की गई आखिरी पोस्ट सामने आई है। राहुल बनर्जी का ये आखिरी पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिवंगत एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी ने अपनी मौत से 1 दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जो वायरल हो रहा है। बता दें कि राहुल के इंस्टाग्राम हैंडल पर 40 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स और एक हजार से ज्यादा पोस्ट हैं। उनके अकाउंट पर आखिरी पोस्ट राहुल और 'सहज कथा' अकाउंट की एक जॉइंट पोस्ट है। 'सहज कथा' राहुल का पॉडकास्ट शो था। इस क्लिप में राहुल एक्टर और राजनेता ब्रत्या बासु के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

उधर आईपीएल में आज यानी टूर्नामेंट के तीसरे दिन चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की की टीमें आमने सामने होंगे। मुकाबला शाम को साढ़े सात बजे शुरू होगा। इस बीच ये तो पक्का है कि आज का मैच पूर्व कप्तान एमएस धोनी नहीं खेलेंगे। पता चला है कि ट्रेनिंग के दौरान उनकी पिंडली में खिंचाव आ गया था, इस कारण वे कम से कम पहले दो मैचों से बाहर हो गए हैं। लेकिन इसके बाद क्या वे मैदान पर उतरेंगे। इसको लेकर अभी पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। अगर वे पूरी तरह से फिट नहीं हुए तो ये भी तय है कि कुछ और मैच एसएस धोनी मिस करते हुए दिखाई देंगे। ये भी संभव है कि धोनी पूरे अप्रैल भर आईपीएल के लिए मैदान में ना उतरें। हालांकि ये काफी कुछ इस बात पर भी निर्भर करेगा कि चेन्नई की टीम अपने शुरुआती मैचों में कैसा प्रदर्शन करती है। टीम की कमान रुतुराज गायकवाड के पास है, वहीं धोनी की गैर​हाजिरी में संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे। कप्तान गायकवाड पहले ही ये कहा चुके हैं कि उनके साथ संजू सैमसन पारी का आगाज करेंगे। सीएसके का पहला मैच गुवाहाटी में खेला जाएगा, लेकिन धोनी टीम के साथ नहीं गए हैं, वे अभी चेन्नई में ही हैं, जहां टीम का कैप लगा हुआ था। यानी मैच के दौरान धोनी टीम के साथ डगआउट में भी​ दिखाई नहीं देंगे। 

इधर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईरान संकट का असर अब दुनिया भर की ऊर्जा सप्लाई पर दिखने लगा है। इसी बीच भारत सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घोषणा की है कि घरेलू जरूरतों के लिए केरोसीन की सप्लाई बढ़ाई जाएगी, ताकि खाना बनाने और रोशनी में किसी तरह की दिक्कत न हो। सरकार ने पेट्रोलियम से जुड़े कुछ सुरक्षा और लाइसेंसिंग नियमों में अस्थायी छूट दी है। इस फैसले के तहत 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में घरों के लिए केरोसीन उपलब्ध कराया जाएगा। यह कदम खासतौर पर उन इलाकों के लिए अहम है, जहां ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां पेट्रोल पंप जैसे रिटेल आउटलेट्स के जरिए भी केरोसीन की बिक्री कर सकेंगी। यह सुविधा अगले 60 दिनों तक लागू रहेगी। इससे लोगों को आसानी से केरोसीन मिल सकेगा और लंबी लाइनों या कमी की समस्या से राहत मिलेगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में सोमवार को ओलावृष्टि और तेज तूफान चलने की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। खासकर कर प्रदेश में 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार ज्यादा हैं। जबकि मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। 

इधर ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां ग्राम बकैनिया में भूमि विवाद के चलते दो भाइयों ने झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इनता बढ़ गया है कि एक भाई ने दूसरे भाई को गोली मार दी।  गदरपुर में बीती रात्रि ग्राम बकैनिया में भूमि विवाद के चलते दो भाइयों ने झगड़ा हो गया। विवाद इनता बढ़ गया है कि एक भाई ने दूसरे भाई को गोली मार दी। 

उधर एसटीएफ की टीम ने म्यूल खाता धारक उपलब्ध कराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए हरिद्वार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर अपराधियों के द्वारा संगठित साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए आम जनता के खाते खुलवाए जाते थे, जिनका साइबर अपराधियों के साथ मिलकर साइबर धोखाधड़ी में प्रयोग किया जाता था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया है कि आरोपियों ने व्यक्तियों को झांसे में लेकर उनके नाम से फेक फर्म तैयार कर, उसके समस्त दस्तावेज तैयार किए जाते थे, जिसके आधार पर बैक में फर्म के नाम पर कॉर्पोरेट/करंट एकाउंट खोला जाता था। जिसे अन्य माध्यमों से दिल्ली में बेचा जाता था। जिसके बाद इन खातों में साइबर अपराधियों के द्वारा साइबर अपराध से प्राप्त धोखाधड़ी के पैसों का लेन देन किया जाता था। जिसका आरोपी के द्वारा अच्छा खासा कमीशन लिया जाता था।

इधर उत्तराखंड में 'ऑपरेशन क्रैकडाउन' के तहत पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से देहरादून में रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें 1 किर्गिस्तान और 2 उज्बेकिस्तान की है। गिरफ्तार विदेशी महिलाओं में से एक महिला पहले एक साल की वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा खत्म होने के बाद अपने देश वापस न जाकर अवैध रूप से भारत में रहने लगी। इसके अलावा दो अन्य गिरफ्तार विदेशी महिलाएं अवैध तरीके से नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। तीनों विदेशी महिलाओं ने भारत में अपने परिचित के माध्यम से फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए थे। इतना ही नहीं गिरफ्तार विदेशी महिलाओं में से एक को पहले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रहने पर बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था।