Good Morning India: पहली तारीख को लगा महंगाई का झटका, कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी! अग्नि-6 मिसाइल प्रोजेक्ट के लिए पूरी तरह तैयार DRDO! जबलपुर में बड़ा क्रूज हादसा, अबतक 9 शव बरामद! उत्तराखण्ड में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Inflation hits on the first of April, with the price of commercial cylinders rising by ₹993! DRDO fully prepared for the Agni-6 missile project! Major cruise ship accident in Jaba

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह आज ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में राजस्थान-दिल्ली के बीच मुकाबला होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ फिर से युद्ध शुरू करने पर विचार कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान समझौते के लिए मरा जा रहा है, लेकिन साथ ही बताया कि बातचीत में क्या चल रहा है, यह उनके और कुछ अन्य लोगों के अलावा कोई नहीं जानता है। ओवल ऑफिस में बोलते हुए ट्रंप ने नए सिरे से युद्ध शुरू करने की संभावना से इनकार नहीं किया और कहा कि हो सकता है कि हमें इसकी जरूरत पड़ जाए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सच कहूं तो मेरे और कुछ अन्य लोगों के अलावा किसी को भी नहीं पता कि बातचीत में क्या चल रहा है। वे (ईरानी) किसी भी कीमत पर समझौता करना चाहते हैं। इस दौरान ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व में अनिश्चितता की ओर इशारा किया। उन्होंने लिखा कि हमारे सामने एक समस्या है, क्योंकि किसी को पक्के तौर पर यह नहीं पता कि वहां असली नेता कौन हैं।

उधर आज 1 मई से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़ा बदलाव आया है। 1 मई 2026 से लागू हुए ये बदलाव न केवल आपकी बैंकिंग आदतों को प्रभावित करेंगे, बल्कि आपकी रसोई के बजट और सुरक्षा मानकों पर भी सीधा असर डालेंगे। महीने के पहले ही दिन आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब ₹993 की भारी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) की कीमतों को फिलहाल स्थिर रखा गया है। वहीं अब गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी का तरीका पूरी तरह बदल गया है। चोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए अब डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) अनिवार्य कर दिया गया है। अब आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, जिसे डिलीवरी बॉय को दिखाए बिना आपको सिलेंडर नहीं मिलेगा। 

इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और EVM में छेड़छाड़ और धांधली के आरोप लगाए। यह स्ट्रॉन्ग रूम दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल में बनाया गया है, जहां 29 अप्रैल को हुए मतदान की EVM रखी गई हैं। ममता बनर्जी भारी बारिश के बीच शाम को वहां पहुंची थीं। इस दौरान कोलकाता के महापौर और टीएमसी नेता फिरहाद हाकिम भी मौके पर पहुंचे, लेकिन वे मुख्यमंत्री से नहीं मिल सके। फिरहाद हाकिम ने कहा कि ममता बनर्जी अपने चुनाव एजेंट के साथ पहले ही अंदर जा चुकी थीं और उम्मीदवार होने के अधिकार के तहत निरीक्षण कर रही थीं। हाकिम ने कहा, 'मुझे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, इसलिए मैं यह नहीं बता सकता कि अंदर क्या हो रहा है।' यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब पार्टी के दो वरिष्ठ उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र के बाहर धरना शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि यहां रखी ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।

उधर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतगणना वाले दिन की तैयारियों को लेकर बीजेपी आगामी शनिवार को कोलकाता में एक हाई लेवल मीटिंग करने जा रही है। विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती से पहले बीजेपी पूरी तरह एक्टिव हो गई है और इस मीटिंग में कोऑर्डिनेशन, रणनीति और ग्राउंड लेवल की तैयारियों पर खासतौर पर जोर रहेगा, ताकि सभी काउंटिंग सेंटर्स पर अच्छे से नजर रखी जा सके। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी लीडरशिप काउंटिंग डे के प्रोटोकॉल, बूथ लेवल के प्रबंधन, और समन्वय तंत्र की समीक्षा करेगी, ताकि पूरा प्रोसेस पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। जैसे-जैसे मतगणना का दिन पास आ रहा है, यह मीटिंग बीजेपी की अंतिम रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण रोल निभाएगी।

इधर मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम क्रूज हादसे को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। दरअसल, मौसम विभाग ने हादसे के ठीक एक दिन पहले 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज आंधी चलने को लेकर अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद गुरुवार की शाम लगभग 4:30 बजे क्रूज को बरगी डैम के पानी में उतार दिया गया। इसी दौरान, तेज हवा चली और क्रूज पलट गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जबलपुर क्रूज हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 तक पहुंच गई है, जबकि कई लोगों को अब तक सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोज के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि क्रूज करीब 20 मीटर नीचे डैम के गहरे पानी में फंसा है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं।

उधर भारत के रक्षा अनुसंधान संगठन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अगली पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-6 को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए अब केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है। DRDO के चेयरमैन समीर वी. कामत ने गुरुवार को ANI नेशनल सिक्यॉरिटी समिट 2.0 में कहा, 'यह सरकार का फैसला है। जैसे ही सरकार हमें हरी झंडी देगी, हम आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।' बता दें कि अग्नि-6 को भारत की मौजूदा अग्नि मिसाइल सीरीज से ज्यादा एडवांस इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल माना जा रहा है, जिसकी मारक क्षमता और तकनीकी क्षमता पहले से कहीं बेहतर होगी।

इधर नेपाल में हुए एक दर्दनाक हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक ये हादसा गुरुवार को हुआ। बताया जा रहा है कि एक जीप तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही थी। तभी थवांग ग्रामीण नगरपालिका के जलजाला इलाके में यह हादसा हो गया। हादसे की वजह को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि बारिश की वजह से रास्ते पर काफी कीचड़ हो गया था, जिस वजह से जीप फिसल गई और खाई में जा गिरी। करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिरने की वजह से जीप में सवार 20 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को नेपाल के रोल्पा जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक जीप पहाड़ी सड़क से फिसलकर लगभग 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 20 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना थवांग ग्रामीण नगरपालिका के जलजाला क्षेत्र में हुई, जब बारिश के दौरान कीचड़ भरे रास्ते पर वाहन फिसल गया और पहाड़ी से नीचे गिर गया। पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में 20 लोगों की मौत हो गई।

उधर पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग (जालंधर) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर फिरोजपुर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस नेटवर्क का सरगना है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सोलर ऊर्जा से चलने वाले कैमरे लगा रहे थे। इन कैमरों के जरिए संवेदनशील स्थान खासकर सेना और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद कैमरों में सिम आधारित कनेक्टिविटी लगी थी। इससे वीडियो मोबाइल के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे संचालकों तक भेजी जा रही थीं। जांच के दौरान कपूरथला से चीन निर्मित सोलर कैमरा उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने चार देशों नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर जाएंगे। इस यूरोपीय यात्रा के दौरान ऊर्जा प्रवाह को सुरक्षित रखना, पश्चिम एशिया संकट के कारण व्यापार में आने वाली बाधाओं को कम करना और महत्वपूर्ण तकनीकों में सहयोग को बढ़ावा देना एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी 15 से 20 मई तक चार यूरोपीय देशों के दौरे पर रहेंगे। पीएम अपने यूरोपीय दौरे की शुरुआत में या अंत में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कुछ समय के लिए रुक सकते हैं। हालांकि पीएम मोदी की यूरोप की प्रस्तावित यात्रा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश सरकार शिक्षकों की पदोन्नति के लिए अध्यादेश लाने जा रही है। बृहस्पतिवार को हुई कैबिनेट में शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सहमति बनी है। यह कदम स्कूलों में प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों की लंबित पदोन्नति के मुद्दे को हल करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्यों के 1385 में से 1250 पद खाली हैं, जो कुल पदों का करीब 90 फीसदी है। जबकि प्रधानाध्यापकों के 910 में से 870 पद खाली पड़े हैं। प्रवक्ताओं के भी चार हजार से अधिक पदोन्नति के पद खाली हैं। प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में भी शिक्षकों के कई पदोन्नति पद खाली हैं।

इधर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीतिक रूप से सक्रिय गई है। इसी कड़ी में एक बार फिर से पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा अपना 6 मई से अपना गढ़वाल मंडल का दौरा करने जा रही हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा तराई के दौरे पर आईं थी। अब 6 मई से पार्टी प्रदेश प्रभारी ऋषिकेश से लेकर बदरीनाथ, केदारनाथ और टिहरी के दौरे पर आ रही हैं। गणेश गोदियाल ने बताया कि इसके बाद उनका एक और दौरा टिहरी उत्तरकाशी और देहरादून जिले के चकराता और विकासनगर में होगा। उनके गढ़वाल भ्रमण के बाद एक और दौरा कुमाऊं मंडल में होने जा रहा है। यह चार दौरे करने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा।

उधर मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में बारिश हो सकती है, जबकि 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पर्वतीय जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजल चमकने, झोंकेदार हवाएं (30-40 किमी) चलने का अंदेशा है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले 48 घंटों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है और बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी। मौसम विभाग के अनुसार 3 मई से एक बार फिर प्रदेश में मौसम सक्रिय हो जाएगा और कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।