Good Morning India: युवाओं की खुशी छीन रहा सोशल मीडिया का अंधाधुंध उपयोग, वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में खुलासा! मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, कई राज्यों आंधी-तूफान, बारिश की संभावना! एपस्टीन के वकील रहे इंडाइक का चौंकाने वाला बयान! उत्तराखण्ड में आज होगी पांच नए मंत्रियों की ताजपोशी

Good Morning India: Indiscriminate use of social media is robbing young people of their happiness, the World Happiness Report reveals! A major weather alert, with thunderstorms and rain expected in s

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू आज हिमाचल का बजट पेश करेंगे। वहीं आज नोएडा के इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक फिनलैंड को लगातार नौवें साल दुनिया का सबसे खुशहाल देश घोषित किया गया है। मार्च 2026 में जारी की गई इस रैंकिंग में नॉर्डिक देशों का दबदबा कायम है। वहीं कोस्टा रिका जो एक छोटा देश है उसने एक बड़ी छलांग लगाते हुए अब तक की अपनी सबसे ऊंची रैंक हासिल की है। हालांकि वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में लंबे समय से नॉर्डिक देशों का ही दबदबा रहा है लेकिन 2026 में एक चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिला। रिपोर्ट जारी होने के 14 साल के इतिहास में पहली बार किसी लैटिन अमेरिकी देश ने शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बनाई है और वो कोस्टा रिका है। इसने लगातार कई सालों से अपनी रैंकिंग बढ़ाई थी और अब उसे चौथे स्थान पर रखा गया है जो 2023 में उसके 23वें स्थान से एक बड़ी छलांग है। इस साल की रिपोर्ट में 'सोशल मीडिया और युवाओं की खुशहाली' पर विशेष ध्यान दिया गया है और लिस्ट में भारत को 116वें नंबर पर रखा गया है। भारत के संदर्भ में इस रिपोर्ट में कहा गया है कि युवाओं में सोशल मीडिया के कारण मानसिक तनाव देखा जा रहा है।

उधर मौसम को लेकर आईएमडी ने बड़ा अलर्ट जारी किया है, मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और बारिश ने दस्तक दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। आईएमडी के अनुसार आज 20 मार्च से यूपी, बिहार, दिल्ली से लेकर कश्मीर तक लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि मौसम के बदले मिजाज से पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड लौट आई है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के ऊपरी हिस्सों में ताजा हिमपात के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

इधर पश्चिम एशिया में जारी टकराव अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है, जहां इसकी गूंज सिर्फ युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों और आर्थिक स्थिरता तक फैलने लगी है। इजरायल द्वारा ईरान के सबसे बड़े गैस भंडार साउथ पार्स पर किया गया हमला इस संघर्ष का अब तक का सबसे संवेदनशील और दूरगामी प्रभाव वाला कदम माना जा रहा है। यह पहली बार है जब इस जंग में सीधे किसी बड़े ऊर्जा उत्पादन केंद्र को निशाना बनाया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि ईरान की आर्थिक रीढ़ और ऊर्जा सुरक्षा पर सीधा प्रहार है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा और गैस सप्लाई बुरी तरह लड़खड़ा सकती है। फारस की खाड़ी में स्थित साउथ पार्स गैस फील्ड दुनिया का सबसे बड़ा ज्ञात प्राकृतिक गैस भंडार है, जो ईरान और कतर के बीच साझा है। करीब 9,700 वर्ग किलोमीटर में फैला यह क्षेत्र न सिर्फ भौगोलिक दृष्टि से विशाल है, बल्कि ईरान की ऊर्जा व्यवस्था का केंद्रीय स्तंभ भी है। यह गैस फील्ड अकेले ही ईरान के कुल गैस उत्पादन का लगभग 70 प्रतिशत उपलब्ध कराता है।

उधर इजरायल-अमेरिका और ईरान में जारी जंग के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। इजराइली पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नहीं है। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर इजरायल ईरान के प्राकृतिक गैस फील्ड पर किसी भी और हमले को रोक देगा। पीएम नेतन्याहू ने कहा कि हमारे 3 लक्ष्य हैं पहला, परमाणु खतरे को खत्म करना। दूसरा, बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे को खत्म करना और तीसरा, ईरानी लोगों के लिए ऐसे हालात बनाना जिससे वो अपनी आजादी हासिल कर सकें और अपनी किस्मत का फैसला खुद कर सकें। हम दशकों से चेतावनी देते आ रहे हैं कि उनके बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम का इस्तेमाल दूर-दूर तक फैले ठिकानों पर हमला करने के लिए किया जाएगा और अगर उन्हें नहीं रोका गया, तो यह तो बस शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि ईरान अहम अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट को बंद करके दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है। यह कामयाब नहीं होगा। इजरायल अपने तरीके से और खुफिया जानकारी जैसे अन्य माध्यमों से, होर्मुज को खोलने के अमेरिकी प्रयासों में मदद कर रहा है। जरा सोचिए कि अगर अयातुल्ला शासन के पास परमाणु हथियारों से लैस बैलिस्टिक मिसाइलें होतीं, तो वो पूरी दुनिया को किस तरह ब्लैकमेल कर पाते।

इधर यूपी के आगरा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां कैला देवी से दर्शन कर लौट रहे इटावा के श्रद्धालुओं की बोलेरो गुरुवार रात चित्राहट के गांव पई के पास सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में दंपती, बेटी, पिता व चालक शामिल हैं। घायलों को सैफई मेडिकल कालेज के हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इटावा निवासी एक ही परिवार के आठ लोग बुधवार को बोलेरो कार से कैला देवी के दर्शन करने के लिए राजस्थान गए थे। वापस लौटते समय गुरुवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बोलेरो कार चित्राहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पई गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। तेज धमाके की आवाज व घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास रहने वाले ग्रामीण दौड़ पड़े। पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार के शीशे तोड़कर ग्रामीणों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को स्थानीय सीएचसी पर भेजा। यहां डाक्टर ने 35 वर्षीय देवेंद्र, उनकी तीन वर्षीय बेटी आराध्या, 30 वर्षीय पत्नी सीमा देवी, 70 वर्षीय पिता कांता प्रसाद व गाड़ी चला रहे 20 वर्षीय ऋषि को मृत घोषित कर दिया।

उधर दुनियाभर में कुख्यात वित्त कारोबारी और दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन का घिनौना मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। नए-नए खुलासों और दस्तावेजों ने दुनियाभर के कई बड़े नेताओं और अरबपतियों की नींद उड़ा दी है। इसी बीच अमेरिका में एपस्टीन के लंबे समय तक निजी वकील रहे डैरेन इंडाइक ने हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें एपस्टीन की तरफ से नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण की जानकारी उस समय नहीं थी। हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने दिए गए अपने बयान इंडाइक ने यह भी जोड़ा कि अगर उन्हें पता होता, तो वह एपस्टीन के घिनौने खेल का हिस्सा बनने से खुद को तुरंत अलग कर लेते। उनके बयान ने जांच में नई हलचल पैदा कर दी है और सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतने बड़े कुकृत्यों के बावजूद एपस्टीन के करीबियों ने कैसे आंखें बंद रखीं। बता दें कि इंडाइक लगभग 20 साल तक एपस्टीन के वकील रहे। उनके अलावा एपस्टीन के पूर्व अकाउंटेंट रिचर्ड कान, उनके बड़े ग्राहक लेस वेक्सनर और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े आरोपों में शामिल अन्य लोग भी कमेटी को बता चुके हैं कि उन्हें शोषण की जानकारी नहीं थी।

इधर नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। एक दिन पहले सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी। 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में आरएसपी ने 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने चुनाव से पहले ही बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने, वरिष्ठ नेता शाह तथा उपाध्यक्ष द्वय डीपी अर्याल और स्वर्णिम वाग्ले के बीच हुई बैठक में शपथ की तारीख तय की गई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पीएम पद की शपथ से पहले 26 मार्च को संघीय संसद सचिवालय ने 26 मार्च को दोपहर 2 बजे सांसदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम तय है। इसके तुरंत बाद आरएसपी सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में आने वाले समय में श्रमिकों से केवल 10 घंटे तक ही काम ले सकेंगे। इसके बाद ओवर टाइम का पैसा अलग से देना होगा। वहीं, पहली बार न्यूनतम मजदूरी दर का वैज्ञानिक फार्मूला तय करने के साथ ही सरकार ने श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य का खर्च भी इसमें जोड़ने का फैसला लिया है। इसके लिए श्रम विभाग ने उत्तराखंड मजदूरी संहिता नियमावली 2026 का मसौदा जारी करते हुए एक माह के भीतर सुझाव मांगे हैं। नए नियमों के तहत कार्यस्थल पर काम के घंटों से लेकर न्यूनतम मजदूरी तय करने के मानकों में बड़े बदलाव किए गए हैं। किसी भी श्रमिक को एक दिन में 10 घंटे और सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम करने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही, लगातार छह घंटे काम करने के बाद कम से कम आधे घंटे का विश्राम देना अनिवार्य होगा।

इधर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। जबकि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। जबकि मैदानी इलाकों में तेज दौर की बारिश और आंधाी-तूफान के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश-बर्फबारी के अलावा तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 25 मार्च तक प्रदेशभर के मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने के आसार हैं।

उधर उत्तराखंड में आज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। आज लोकभवन में पांच नए मंत्री, पद की शपथ लेंगे। जिसकी तैयारियां जोरों- शोरों पर चल रही है। हालांकि अभी नए मंत्रियों के नाम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। लेकिन यह बताया जा रहा है कि इन नए मंत्रियों के जरिए प्रदेश में संतुलन साधा गया है।