Good Morning India: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारी तनाव, US नेवी ने तैनात किए 15 युद्धपोत! वेतन की जंग में जला नोएडा, सरकार ने लिया बड़ा फैसला! आज उत्तराखण्ड आयेंगे प्रधानमंत्री मोदी, जनता को समर्पित करेंगे दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर! देहरादून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, ISI से जुड़े हैं तार

Good Morning India: High tensions in the Strait of Hormuz, US Navy deploys 15 warships! Noida ignites in a wage war, government takes major decision! Prime Minister Modi will visit Uttarakhand today

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस का लोकार्पण करेंगे। वहीं आज आईपीएल में चेन्नई और कोलकाता के बीच मुकाबला होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इसका फैसला अब से कुछ घंटे बाद हो जाएगा। आज नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी कैबिनेट मीटिंग करेंगे, इसके बाद वो पद से इस्तीफा दे देंगे। नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी का चुनाव होगा। लेकिन ये उत्तराधिकारी कौन होगा इस पर हर किसी की नजर है। दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। हालांकि औपचारिक ऐलान शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में होगा। नए सीएम और उनके मंत्रिमंडल को लेकर कुछ ही घंटों में तस्वीर साफ होने वाली है लेकिन नए सीएम के साथ मंत्रियों के नामों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। कई संभावित चेहरों के शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही है उनमें से कई चेहरे वहीं हैं जो मौजूदा नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हैं। लेकिन सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की भी चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार ब‍िहार की नई सरकार में 2 ड‍िप्‍टी सीएम नहीं होंगे सिर्फ निशांत कुमार के रूप में एक ही उप मुख्‍यमंत्री होंगे। जबक‍ि अभी मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी कोटे से 2 उप मुख्‍यमंत्री भी हैं।

इधर यूपी के नोएडा में सोमवार का दिन बेहद भारी बीता। यहां प्रदर्शनकारी श्रमिक सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते प्रदर्शन ने हिंसा का रूप अख्तियार कर लिया। हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों का पुलिस के साथ टकराव हुआ और वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने जगह-जगह आगजनी और पथराव भी किया। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग इलाकों में 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में पथराव किया। 150 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और 4 दर्जन से ज्यादा वाहन फूंक दिए गए। इसके बाद भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन की वजह से नोएडा की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नोएडा में कई जगहों पर रोड ब्लॉक किए गए और कई जगह रूट को डायवर्ट भी किया गया। दरअसल नोएडा का फेज-2 इलाका इंडस्ट्रियल एरिया है। यहां मदरसन, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट, एसएनडी और अनुभव कंपनियों के 1000 से ज्यादा कर्मचारी सैलरी बढ़ाने को लेकर पिछले 3 दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन करने वाले ज्यादातर श्रमिकों की सैलरी करीब 10 से लेकर 13 हजार रुपये महीना है। इधर मामले में सरकार ने त्वरित कदम उठाते हुए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया। समिति की सिफारिशों के आधार पर श्रमिकों को तत्काल राहत देते हुए न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नए आदेश एक अप्रैल 2026 से लागू होंगे। शासनादेश के अनुसार, यह वृद्धि अलग अलग श्रेणियों में की गई है। अधिकतम करीब 3000 तक का इजाफा हुआ है। इससे बड़ी संख्या में श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा   

उधर अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर से तनाव बढ़ने लगा है। अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी शुरू कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अब होर्मुज से किसी का तेल नहीं जाने देंगे। इसके जवाब में ईरान ने बड़े हमलों की धमकी दी है। ईरान ने कहा है वो फारस की खाड़ी में मौजूद सऊदी, ओमान, यूएई के बंदरगाहों को उड़ा देगा। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बड़ी धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका की नाकाबंदी के पास कोई भी ईरानी जहाज आता है तो उसे तुरंत ही तबाह कर दिया जाएगा। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर किए गए एक पोस्ट में कहा- "ईरान की नौसेना समुद्र के नीचे में पड़ी है, वह पूरी तरह नष्ट हो चुकी है - 158 जहाज। हमने उनके उन कुछ जहाजों को निशाना नहीं बनाया है जिन्हें वे तेज हमलावर जहाज कहते हैं, क्योंकि हमने उन्हें कोई बड़ा खतरा नहीं समझा। चेतावनी: यदि इनमें से कोई भी जहाज हमारी नाकाबंदी के करीब आता है, तो उसे तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा, उसी तरीके से जो हम समुद्र में नावों पर सवार ड्रग डीलरों के खिलाफ इस्तेमाल करते हैं। यह त्वरित और क्रूर कार्रवाई के तरीका है। नोट: समुद्र या महासागर के रास्ते अमेरिका में आने वाली 98.2% ड्रग्स की तस्करी रोक दी गई है! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"

इधर IPL 2026 के 21वें मैच में नया इतिहास बन गया है। सनराइजर्स हैदराबाद के 24 साल के गेंदबाज ने अपने IPL डेब्यू में करिश्मा कर दिया है। ये गेंदबाज है प्रफुल्ल हिंगे, जिन्होंने अपने पहले IPL मैच के दौरान अपना पहला ओवर फेंकते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। दिलचस्प बात ये रही कि प्रफुल्ल हिंगे ने तीनों बल्लेबाजों को डक पर आउट किया, जिसमें एक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल रहे। गौर करने वाली बात ये है कि IPL की किसी पारी के पहले ही ओवर में किसी गेंदबाज द्वारा तीन विकेट लेने का पहला मौका है। इससे पहले IPL की किसी पारी के पहले ओवर में किसी गेंदबाज द्वारा दो विकेट लेने का 32 बार कारनामा हुआ। SRH के लिए इससे पहले ऐसा सिर्फ भुवनेश्वर कुमार ने किया था। 

उधर दिग्गज गायिका आशा भोसले को बीते दिन राजकीय सम्मान के साथ आखिरी विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में आए उनके चाहने वालों और शुभचिंतकों की आंखें नम थीं। परिवार गमगीन है। आशा भोसले की पोती जनाई भोसले दादी के निधन के बाद टूट गई हैं। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय उनके आंसू नहीं थमे। मिलने आने वाले लोग उन्हें सांत्वना दे रहे थे। दादी के आखिरी सफर पर जाने के बाद जनाई ने देर रात सोशल मीडिया पर अपने दिल की बातें लिखी है। जनाई ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दादी के अंतिम संस्कार की एक तस्वीर साझा कर दिल के भाव लिखने की कोशिश की है। मगर, फिलहाल वे इतनी भावुक हैं कि कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। सिर्फ लोगों का शुक्रिया अदा किया है। जनाई भोसले ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा है, 'भावनाओं का इतना सैलाब है। मुझे जब भी मौका मिलेगा तो मैं कुछ लिखूंगी, लेकिन फिलहाल मुझे यह जरूर कहना होगा कि आज और उसके बाद भी, ऐसे बहुत से लोग थे, जिन्होंने उनका सम्मान किया। उन्हें आदर दिया और सबसे बढ़कर, उन पर अपना ढेर सारा प्यार बरसाया। मैं दिल की गहराइयों से आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं। वह इस सम्मान की हर तरह से हकदार थीं। मुझे इस बात का एहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा के लिए जिंदा रहेंगी। मुझे यकीन है खुद पर बरसता प्यार और यह आदर यकीनन उन्होंने भी यह सब ऊपर से देखा है'।

इधर दिल्ली समेत पूरे भारत में तापमान बढ़ रहा है। अप्रैल के मध्य में ही कई शहरों का तापमान 40°C तक पहुंच गया है। उत्तरी मैदानों, पश्चिमी क्षेत्रों और मध्य भारत में समय से पहले ही लू जैसी स्थितियां देखने को मिल रही हैं । मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ़्ते गर्मी और उमस से परेशानी हो सकती है, क्योंकि पूरे भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि देश के बड़े हिस्सों में गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के हिस्सों में अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। गुजरात और महाराष्ट्र में भी तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। अगले सात दिनों तक ओडिशा, गुजरात और तटीय आंध्र प्रदेश में गर्मी और उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना है। इस हफ़्ते पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।

उधर उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने रविवार को अपने बहुमूल्य नए युद्धपोत से मिसाइल परीक्षणों का निरीक्षण किया। राज्य मीडिया ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने परमाणु-सक्षम हथियारों के अपने बढ़ते संग्रह के साथ नौसेना की परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने का संकल्प लिया है। उत्तर कोरिया के आधिकारिक समाचार पत्र रोडोंग सिनमुन ने बताया कि किम ने रविवार को अपने 5,000 टन श्रेणी के विध्वंसक पोत चोए ह्योन से दो रणनीतिक क्रूज मिसाइलों और तीन जहाज-रोधी मिसाइलों के प्रक्षेपण का अवलोकन किया, जिसका अनावरण अप्रैल 2025 में किया गया था। समाचार पत्र के अनुसार, क्रूज मिसाइलें दो घंटे से अधिक और जहाज-रोधी मिसाइलें 30 मिनट से अधिक समय तक पूर्व निर्धारित पथों पर देश के पश्चिमी समुद्रों के ऊपर उड़ान भरती रहीं और अपने लक्ष्यों पर सटीक प्रहार किया। एक अन्य सरकारी समाचार पत्र, कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने किम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की तस्वीरें प्रकाशित कीं, जिसमें वे मिसाइल को युद्धपोत से दूर जाते हुए देख रहे थे, जिसके पीछे से धूसर धुआं निकल रहा था।

इधर कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमत 1,800 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। चांदी के साथ ही, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 300 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का दाम 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 14 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। वह आज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. जिसको लेकर पूर्व में ही तैयारियां पूरी कर दी गई थी। पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर पुलिस और खूफिया विभाग अलर्ट मोड पर है। राजधानी देहरादून की सड़क-चौराहे और हर गली-मोहल्ले में पर पैनी नजर रखी जा रही है। जहां सुरक्षाकर्मियों को बड़ी तादाद में तैनात किया गया है। पीएम मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है और तमामा मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर तीन हजार पुलिसकर्मी रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहेंगे। इनमें 550 महिला पुलिस अधिकारी और कर्मियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये अफसर और कर्मचारी कंट्रोल रूम से लेकर शहर में भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। डीजीपी दीपम सेठ ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों के साथ फोर्स को ब्रीफ करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इससे पहले दिन में मिनट टू मिनट रिहर्सल भी की गई। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों और वीवीआईपी रूट पर मानव श्रंखला के मद्देनजर प्रतिभागियों का पहले से ही सत्यापन अनिवार्य रूप से करने के लिए कहा गया। बिना समुचित चेकिंग के किसी भी व्यक्ति को इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने की अनुमति न दी जाए। 

इधर देहरादून के झाझरा क्षेत्र से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी विक्रांत कश्यप के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है। प्रेमनगर थाने में दर्ज इस मामले में विक्रांत पर देश की गोपनीय सूचनाएं साझा करने का भी गंभीर आरोप है। इसके तहत उस पर शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 के अंतर्गत भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों ने भी देहरादून पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विक्रांत पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक नए मॉड्यूल का हिस्सा था जो देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस मॉड्यूल को बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया था। इसमें शामिल प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं ताकि किसी एक के पकड़े जाने पर पूरे नेटवर्क का खुलासा न हो सके। सूत्रों के अनुसार कुछ सदस्यों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी (सर्विलांस) का काम दिया गया था। कुछ लोगों को लॉजिस्टिक सपोर्ट जैसे ठिकाने, संसाधन और आवाजाही की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी।

उधर चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड की जांच में जुटी दून पुलिस अब आरोपी अंकित वर्मा के करीबियों पर शिकंजा कस रही है। दून पुलिस ने झारखंड जाकर अंकित की गर्लफ्रेंड से लंबी पूछताछ की। इसे जांच का अहम मोड़ माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इससे पुलिस को आरोपी के संपर्कों और वारदात से पहले की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं। डालनवाला थाना पुलिस टीम हाल ही में झारखंड के लोहरदगा पहुंची थी जहां अंकित वर्मा के घर पर नोटिस चस्पा किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड को ट्रेस कर पूछताछ के लिए बुलाया। शुरुआती पूछताछ में युवती ने कई अहम जानकारियां साझा की हैं जिनके आधार पर पुलिस अब आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि गर्लफ्रेंड अंकित के बेहद करीब थी और उसे उसके मूवमेंट, कॉल डिटेल्स और दोस्तों के नेटवर्क की अच्छी जानकारी थी।