Good Morning India: आधी आबादी को मिलेगा पूरा हक, संसद में आज महिला आरक्षण बिल पेश करेगी सरकार! Google Chrome यूजर्स को सरकार ने जारी किया अलर्ट! तेहरान ने दी धमकी, लाल सागर से ओमान की खाड़ी तक लगा देंगे आग! आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बड़ा हादसा, 8 तीर्थयात्रियों की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, संसद का तीन दिन का विशेष सत्र आज से शुरू होगा। वहीं आज आईपीएल में पंजाब और मुबंई के बीच मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में दो वाहनों के बीच भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, 10-12 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। कुरनूल पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंत्रालयम मंडल में चिलकालाडोना के पास एक बोलेरो गाड़ी और एक लॉरी के बीच टक्कर होने से एक्सीडेंट में आठ लोगों की मौत हो गई। 10-12 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए एम्मिगानुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान कर्नाटक के तीर्थयात्रियों के रूप में हुई है। सभी तीर्थयात्री चिक्कमगलुरु क्षेत्र के रहने वाले थे। यह हादसा मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना गांव के पास हुआ, जब एक बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने से एक रेडी-मिक्स लॉरी से टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, पांच पीड़ितों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने येम्मिगनूर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत पास के मेडिकल सेंटरों में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बीजिंग यात्रा से पहले जबरन चीन पर एहसान थोपने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि चीन मुझसे बहुत खुश है, क्यों मैं उनके और पूरी दुनिया के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को स्थायी रूप से खोल रहा हूं। ट्रंप ने इस दौरान यह भी दावा किया कि मेरे इन कार्यों की वजह से चीन ने ईरान को हथियार नहीं भेजने की गारंटी दे दी है। हालांकि ट्रंप के इन बयानों पर चीन ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ट्रंप ने यह बयान तब दिया है जब मई माह में वह बीजिंग की यात्रा पर जाने वाले हैं, जहां ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठकें होनी निर्धारित हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर चीन व स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर एक पोस्ट किया, जिसे ह्वाइट हाउस ने एक्स पर शेयर किया है। इस पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "चीन बहुत खुश है कि मैं हार्मुज जलडमरूमध्य को स्थायी रूप से खोल रहा हूं। मैं यह उनके लिए और पूरी दुनिया के लिए भी कर रहा हूं । ऐसी स्थिति अब कभी दोबारा नहीं होने दूंगा। उन्होंने (चीन ने) ईरान को हथियार न भेजने पर सहमति दे दी है। जब कुछ हफ्तों में मैं वहां पहुंचूंगा तो राष्ट्रपति शी जिनपिंग मुझे एक बड़ा और अच्छे वाला गले लगाएंगे। हम बहुत समझदारी और बेहतरीन तरीके से साथ काम कर रहे हैं! क्या लड़ाई से यह बेहतर नहीं है???...लेकिन याद रखें, अगर जरूरत पड़ी तो हम लड़ने में भी बहुत अच्छे हैं किसी से भी कहीं बेहतर!!!"
उधर मोदी सरकार आज देश की आधी आबादी को सबसे बड़ा तोहफा देने जा रही है। सरकार आज लोकसभा में तीन अहम बिल पेश करने जा रही है इनमें महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन विधेयक 2026, दूसरा परिसीमन विधेयक 2026 और तीसरा केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक, 2026 शामिल है। इन बिल का मकसद 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को पूरी तरह ऑपरेशनलाइज करना है। इन तीनों बिलों को आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पहले दो बिल पेश करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीसरा बिल पेश करेंगे। लोकसभा में बिल पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय तय किया गया है। पीएम मोदी चर्चा की शुरुआत करेंगे। 17 अप्रैल को लोकसभा में चर्चा के बाद तीनों बिलों पर वोटिंग होगी। वहीं, राज्यसभा में तीनों बिल 18 अप्रैल को पेश किए जाएंगे जहां चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है। 18 अप्रैल को ही राज्यसभा में चर्चा के बाद वोटिंग कराई जाएगी। मोदी सरकार ने बिल को लेकर पूरी तैयारी की है वहीं, विपक्ष भी बिल के विरोध में उतर आया है। विपक्ष का कहना है कि वो महिला आरक्षण बिल के विरोध में नहीं है लेकिन इससे जुड़े परिसीमन को लेकर उसका विरोध है।
इधर अमेरिका के साथ जारी टेंशन के बीच United Nations ने ईरान को मानवीय मदद देने का बड़ा निर्णय किया है। ईरान के लिए संयुक्त राष्ट्र ने 12 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 111 करोड़ भारतीय रुपये की सहायता राशि को मंजूर किया है, जिसका मकसद वहां युद्ध के कारण प्रभावित नागरिकों तक राहत पहुंचाना है। संयुक्त राष्ट्र के आपातकालीन राहत समन्वयक टॉम फ्लेचर ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ईरान में जंग की वजह से हालात गंभीर हैं। यहां हजारों नागरिकों की जान चली गई है, इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह नष्ट हो गया है और जरूरी सेवाएं भी बाधित हुई हैं। ऐसे में यह मदद राशि लोगों तक जीवन रक्षक मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उधर टी20 इंटरनेशनल मैच एक बार फिर से शुरू हो गए हैं। इस वक्त नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मुकाबला हो गया है, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर वो काम दिखाया है, इनके बीच पहले कभी नहीं हुआ था। मैच के दौरान 319 रन बन गए, जो सबसे ज्यादा हैं। दोनों टीमों ने साल 2024 का अपना ही रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। टीमों ने कमाल का खेल दिखाया और मैच काफी रोचक रहा। नामीबिया और स्कॉटलैंड के तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हो गया है। इसका पहला मैच 15 अप्रैल को खेला गया। इसमें स्कॉटलैंड ने नामीबिया को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने एक बार फिर से अर्धशतकीय पारी खेली। गेरहार्ड इरास्मस ने 39 बॉल पर 54 रन बनाए। इसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। हालांकि और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
इधर ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की शांति वार्ता फेल होने के बाद पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर बुधवार से ईरान में हैं। ताकि वह दूसरे दौर की शांति वार्ता की भूमिका बना सकें। इस बीच ईरान ने अमेरिका को बड़ी धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर अपने नौसैनिकों से नाकेबंदी जारी रखता है, तो वह रेड सी, खाड़ी और ओमान सागर में आग लगा देगा यानी वह व्यापार को अवरुद्ध कर देगा। उधर इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले करना जारी रखा है। बृहस्पतिवार को इजरायली हमले में दक्षिणी लेबनान में बुर्ज अल-शमाली शिविर के बाहरी इलाके में हवाई हमले के बाद आग लग गई।
उधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के अधिकतर हिस्सों में तेज गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है और दोपहर में बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। आईएमडी ने साफ किया है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से कोई निजात नहीं मिलेगा और इन जगहों पर भी तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। आईएमडी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 15, 18 और 19, असम और मेघालय में 17 और 18 तथा नागालैंड में 18 अप्रैल को गरज और बिजली के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर, पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, मध्य पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर की स्थिति और गर्म व आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 17 से 20 अप्रैल तक बारिश हो सकती है क्योंकि 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार को यह कहा। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को 12 जिलों में से चार से सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए पीली चेतावनी जारी की है।
इधर गुजरात हाई कोर्ट ने मेटा इंडिया, गूगल, एक्स, रेडिट और स्क्रिब्ड जैसी टेक्नोलॉजी कंपनियों को एक जनहित याचिका पर नोटिस जारी किया है। याचिका में 'डीपफेक' वीडियो और तस्वीरों के निर्माण और प्रसार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दुरुपयोग को रोकने के लिए एक मजबूत नियामक तंत्र के गठन का अनुरोध किया गया है। मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति डी एन रे की एक बेंच ने इन टेक्नोलॉजी कंपनियों को नोटिस जारी करते हुए आठ मई को जवाब देने को कहा। अदालत ने प्रतिवादी मध्यस्थों को यह भी निर्देश दिया कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के नियमों के प्रावधानों का सख्ती से पालन करते हुए गैरकानूनी सामग्री को हटाने से संबंधित बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई के लिए उन्हें सहयोग पोर्टल पर लाया जाए।
उधर भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने Google Chrome ब्राउजर में गंभीर सुरक्षा खामियों के बारे में अलर्ट करते हुए यूजर्स को चेतावनी दी है। इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने क्रोम में कई कमजोरियों को उजागर करते हुए एक रिपोर्ट में हाई रिस्क वाली सलाह जारी कर दी है। एजेंसी ने कहा है कि अगर इसे गंभीरता से नहीं लिया गया तो हैकर्स आपके सिस्टम में घुस सकते हैं और सर्विसेज को बंद कर सकते हैं। इसके मुताबिक हैकर्स मैलीशियस (गलत) कोड चलाने के जरिए संवेदनशील और जरूरी जानकारी चुरा सकते हैं और सर्विसेज को बाधित करने में कामयाब हो सकते है। यह अलर्ट विंडोज, MacOS और Linux प्लेटफ़ॉर्म वाले डेस्कटॉप यूजर्स पर लागू हो रहा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक Google Chrome में कुछ सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स आपके सिस्टम में एंटर कर सकते हैं और इसके बाद आपके सिस्टम में मौजूद डेटा से जरूरी जानकारी चुरा सकते हैं। इतना ही नहीं हैकर्स आपके कंप्यूटर पर कंट्रोल लेने के बाद सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा हैकर्स यूजर्स को किसी खतरनाक वेबसाइट खोलने के लिए ऐसे लिंक क्रिएट कर सकते हैं जिसके बाद आपका पूरा कंप्यूटर सिस्टम कॉम्प्रोमाइज हो सकता है और आपका जरूरी डेटा रिस्क में आ सकता है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, निवेश के नाम पर जालसाजों ने ओएनजीसी से रिटायर्ड बुजुर्ग से करीब 1.87 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना देहरादून में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। राजेंद्र नगर कौलागढ़ रोड निवासी 70 वर्षीय दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2016 में ओएनजीसी से सेवानिवृत्त हुए थे। 31 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया, जिसके बाद खुद को निवेश सलाहकार बताने वाली एक महिला ने संपर्क किया। महिला ने खुद को आदित्य बिरला सन लाइफ से जुड़ा अधिकारी बताते हुए उन्हें एक निवेश योजना की जानकारी दी।
इधर चारधाम यात्रा में 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा के लिए एक घंटे के भीतर ही 15 जून तक की सभी टिकट की बुकिंग फुल हो गई है। 31607 यात्रियों ने हेली टिकट की बुकिंग की है। केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेली सेवा की सबसे ज्यादा मांग रहती है। इसका अंदाज आईआरसीटीसी के पोर्टल पर हुई टिकट बुकिंग से लगाया जा सकता है। बुधवार को आईआरसीटीसी ने शाम छह बजे पोर्टल खोला। पहले चरण में यात्री 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए हेली टिकट बुक करने का मौका दिया। शुरूआत में आईआरसीटीसी के पोर्टल पर लोड बढ़ने से कुछ तकनीकी दिक्कतें भी आईं लेकिन उसके बाद एक घंटे के भीतर 15 जून तक की सभी टिकट फुल हो गए।
उधर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विद्यालयों में नियमित अंतराल पर वाटर बेल बजाने के निर्देश दिए हैं, जिससे छात्र-छात्राएं गर्मियों के मौसम में नियमित अंतराल पर पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव सुनिश्चित हो। मुख्य सचिव ने यह निर्देश बुधवार को ग्रीष्मकाल में हीटवेव से बचने की तैयारियों पर हुई बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते तापमान और हीटवेव की आशंका को देखते हुए सभी स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्राथमिकता पर रखी जाए। विद्यालय के समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन भी किया जाए। साथ ही कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और आवश्यक दवाओं का भंडारण किया जाए। विद्यार्थियों को हीटवेव से बचाव की जानकारी भी दी जाए। बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ.पंकज कुमार पांडेय, सीसीएफ सुशांत कुमार पटनायक, डॉ.पराग मधुकर धकाते, सी.रविशंकर, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान आदि मौजूद थे।
इधर सीबीएसई 10वीं के परिणाम में बेटियों ने फिर बेटों को पछाड़ दिया। परीक्षा देने वाली लड़कियों में से 93.63 फीसदी पास हुईं। जबकि लड़के 90.1 फीसदी पर ही अटक गए। कुल मिलाकर देहरादून संभाग में 91.59 फीसदी छात्र-छात्राएं पास हुए। सीबीएसई के देहरादून संभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस साल 10वीं की परीक्षा में कुल 1,07,803 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ था। इनमें 61,711 लड़के और 46,092 लड़कियां शामिल थीं। हालांकि, परीक्षा में 61,381 लड़के और 45,914 लड़कियां बैठी थीं। इनमें से 55,280 लड़के पास हुए और 42,988 लड़कियाें ने बाजी मारी। देहरादून संभाग में कुल 1,07,295 में से कुल 98,268 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इस हिसाब से देहरादून संभाग का कुल रिजल्ट 91.59 फीसदी रहा। यह पिछले साल 91.60 की तुलना में कुछ अधिक है।
उधर ऑनलाइन बिरयानी ऑर्डर को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब युवाओं ने एक रेस्टोरेंट पर गलत नाम से रजिस्ट्रेशन कर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। मामले ने तूल पकड़ लिया और मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल शहर में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, युवक ने एप के माध्यम से चिकन बिरयानी का ऑर्डर किया गया था। हालांकि, जब ऑर्डर करने वाले युवक को इस बात का संदेह हुआ कि जिस स्थान से बिरयानी मंगाई जा रही है, वहां त्रिशूल चौक क्षेत्र में इस नाम से कोई दुकान मौजूद नहीं है, तो उसने इस मामले की जानकारी अपने अन्य साथियों को दी। शक के आधार पर कुछ युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने डिलीवरी राइडर का इंतजार करना शुरू कर दिया। जैसे ही डिलीवरी राइडर वहां पहुंचा और उसने रेस्टोरेंट संचालित (समुदाय विशेष) करने वाले युवक से बिरयानी ली, तभी मौके पर मौजूद युवाओं ने उसे रोक लिया और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई और विवाद बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को बिगड़ने से रोका।