Good Morning India: व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, सीक्रेट सर्विस एजेंट ने संदिग्ध को मारी गोली! 13 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, यूपी में आंधी-बारिश का कहर, अलग-अलग हादसों में 23 मौतें! उत्तराखण्ड में राजनैतिक पार्टियों में पद और टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

Good Morning India: Gunfire near the White House, Secret Service agent shoots suspect! Torrential rain alert issued in 13 states, storm and rain wreak havoc in Uttar Pradesh, 23 deaths in various inc

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से सुप्रीम कोर्ट में नागरिकता संशोधन अधिनियम पर सुनवाई होगी। वहीं आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राष्ट्रपति से मुलाकात करेंंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास वाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना हुई है। इसके चलते अधिकारियों को यहां कुछ समय के लिए लॉकडाउन लगाना पड़ा और सुरक्षा बढ़ा दी गई। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की कि सोमवार को उसके कर्मियों ने 15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू पर कार्रवाई की, जहां एक हथियारबंद संदिग्ध को गोली मार दी गई। शुरुआती बयान में एजेंसी ने कहा कि उसके अधिकारी गोलीबारी की जगह पर जगह पर मौजूद थे। जब यह घटना हुई, उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वाइट हाउस में मौजूद थे और एक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि यह घटना एक हथियारबंद व्यक्ति और सीक्रेट सर्विस पुलिस के बीच हुई झड़प का नतीजा थी और उसके एक अधिकारी ने फायरिंग की थी। अधिकारियों की व्यक्ति की पहचान या हालत के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी, जिसे गोली लगी है। घटना के साथ राष्ट्रपति ट्रंप वाइट हाउस के अंदर एक बिजनेस इवेंट की मेजबानी कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और वाइट हाउस की सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी है। घटनास्थल की जांच किए जाने के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों आस-पास के इलाकों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था। अधिकारियों ने वाइट हाउस के आसपास की सड़कों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था।

इधर देश के कई राज्यों का मौसम तेजी से बदल रहा है। कुछ दिनों पहले तक जारी भीषण गर्मी से राहत मिलती दिख रही है तो वहीं कुछ राज्यों में भीषण बारिश और आंधी तूफान को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट भी सामने आया है। मौसम विभाग ने आज यूपी, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, तमिलनाडु और केरल यानी 14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का भी अलर्ट है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 6 मई या 7 मई को अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, केदारनाथ में भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को सुरक्षा दे रहे अमेरिकी बेड़ों पर हमला करने की कोशिश की, तो ईरान को धरती के नक्शे से मिटा दिया जाएगा। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में यह सख्त बात कही। यह तनाव तब बढ़ा जब ईरान ने उन जहाजों को निशाना बनाया जिन्हें अमेरिकी सेंट्रल कमांड 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के तहत सुरक्षा दी जा रही थी। राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर यह मिशन शुरू किया गया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया कि ईरान ने कुछ देशों के जहाजों पर हमले किए हैं। इन जहाजों में दक्षिण कोरिया का एक मालवाहक जहाज भी शामिल है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से यह समुद्री रास्ता प्रभावी रूप से बंद पड़ा है।

इधर सूर्यकुमार यादव वैसे तो टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के कप्तान हैं, लेकिन आईपीएल में वे कप्तानी नहीं करते हैं। हालांकि सोमवार को उन्हें अचानक कप्तानी करने का मौका मिला और उन्होंने टीम को जीत भी दिला दी। इतना ही नहीं, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक धमाकेदार पारी खेली, जो इस सीजन ज्यादा उनके बल्ले से नहीं आई थी। इन सबके बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या मुंबई इंडियंस में सब ठीक है या फिर कुछ और चल रहा है। आईपीएल में सोमवार को मुंबई इंडियंस बनाम एलएसजी मैच हुआ। किसी को अंदाजा नहीं था कि हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेलेंगे। जब टॉस का वक्त हुआ तो कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव मैदान में आए। उन्होंने बताया कि हार्दिक ठीक नहीं हैं, इसलिए वे इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी की टीम ने 225 से भी ज्यादा रन बना दिए। उसके बाद जरूरी ये हो गया था कि मुंबई इंडियंस की सलामी जोड़ी बड़ी और आक्रामक पारी खेले। रियान रिकल्टन और रोहित शर्मा ने वहीं किया। 

उधर मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल सीजफायर चल रहा है। हालांकि, क्षेत्र में एक बार फिर से जंग के भड़कने का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर ड्रोन से हमला किया है। जानकारी के अनुसार, ईरान के इस ड्रोन हमले में एक तेल संयंत्र में आग लग गई। इस हमले में 3 भारतीय लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच फुजैराह यूएई के लिए काफी महत्वपूर्ण है। फुजैराह उस पाइपलाइन का अंतिम छोर (टर्मिनस) है, जिसका उपयोग यूएई ईरान युद्ध के दौरान होर्मुज़ जलडमरूमध्य से होकर अपने तेल के परिवहन से बचने के लिए करता रहा है। यूएई ने युद्धविराम लागू होने के बाद सोमवार को पहली बार मिसाइल अलर्ट जारी किए। सोमवार को ईरान के ड्रोन हमले में यूएई के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन में आग लग गई। इस हमले में अब 3 भारतीय नागरिकों के घायल होने की बात भी सामने आई है। यूएई में भारतीय दूतावास ने सोशल माडिया पर इस बारे में जानकारी दी है और कहा है कि फुजैराह में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। दूतावास ने लिखा, 'हम प्रभावित भारतीय नागरिकों की उचित चिकित्सकीय देखभाल और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।

इधर यूपी में सोमवार को अचानक मौसम बदल गया, जिससे कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। कई जिलों में बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे खेतों में काम कर रहे किसान और खुले स्थानों पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। कुछ जगहों पर तेज आंधी के कारण पेड़ और दीवारें गिरने से भी जान-माल का नुकसान हुआ। इसके चलते प्रदेश में कुल 23 लोगों की मौत हो गई। इनमें अवध के जिलों के भी सात लोग शामिल हैं। इस दौरान संभल में सर्वाधिक 130 मिमी बारिज दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अवध के जिलों में सोमवार सुबह अचानक तेज आंधी और बारिश के दौरान हादसों में सात लोगों की जान चली गई। गोंडा में पेड़ गिरने, बिजली का तार टूटने और खराब मौसम में कार पलटने से चार लोगों ने अलग-अलग जगह दम तोड़ दिया। वहीं बलरामपुर में भी पेड़ गिरने से एक ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। दूसरी ओर बहराइच और अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से दो युवको की मौत हो गई।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह राष्ट्रीय स्तर का एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है जो प्रतिवर्ष देश भर के बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जो वीरता, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और कला एवं संस्कृति के क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के पात्र हैं। देश में रहने वाला कोई भी भारतीय नागरिक, जिसकी आयु 31 जुलाई 2026 तक पांच साल से लेकर 18 वर्ष से अधिक न हो, इन पुरस्कारों के लिए पात्र है। नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से https://awards.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे।

इधर बदरीनाथ धाम में सोमवार को हृदय गति रुकने के चलते दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सुरेश मोतीराम नेमाड़े (60 वर्ष), पुत्र मोतीराम नेमाड़े, निवासी पतोडा आलमपुर, महाराष्ट्र व माखनलाल जगन्नाथ कोठारी (70 वर्ष), पुत्र जगन्नाथ कोठारी, निवासी चंद्रपुर, महाराष्ट्र, दोनों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के तहत भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए आए थे। यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी कारणों से दोनों श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बदरीनाथ धाम में उपचार के लिए लाया गया, जहां उपचार के दौरान हार्ट अटैक से दोनों की मृत्यु हो गई।

उधर एक राष्ट्रीय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सरगना को थाना राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर एक महिला जनप्रतिनिधि से ठगी की थी। बता दें कि भावना पांडे ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कनिष्क सिंह नाम का एक व्यक्ति ने खुद को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताते हुए उनसे उत्तराखंड राज्य में सर्वे और पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलवाने के एवज में 25 लाख रुपए की मांग की गई। 13 अप्रैल को व्यक्ति ने अपने एक साथी को पीड़िता के आवास पीनाकिल रेजिडेंसी जाखन भेजा गया, जहां वादिनी से 25 लाख रुपए लिया गया। धनराशि लेने के बाद व्यक्ति कनिष्क ना तो उनका फोन उठा रहा है ना ही उनके पैसे वापस लौटा रहा है। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया। धोखाधड़ी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

इधर अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां बीते तीन दिनों से लापता चल रहे एक पुलिसकर्मी की गाड़ी और उनका शव गहरी खाई से बरामद किया गया है। शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि यह हादसा ही है, लेकिन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी कि असली वजह क्या थी? जानकारी के मुताबिक, बीती 24 अप्रैल को भतरौजखान थाने से रवाना हुए कांस्टेबल संजीव कुमार का लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिल पाया था। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था, जिससे परिजनों और पुलिस विभाग की चिंता बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि संजीव कुमार रामनगर से अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मछोड़ के पास पाटीगैर क्षेत्र में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना का पता तब चला जब 1 मई से पुलिस ने व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या UK 18 Q 2132 और उसमें सवार कांस्टेबल का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र इकबाल सिंह निवासी साईं कॉलोनी, कुंडेश्वरी, काशीपुर (उधम सिंह नगर) के रूप में हुई है।