Good Morning India: एलीट क्लब में भारत की एंट्री, अब हवा में ही नष्ट होंगी दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलें! ईरान ने होर्मुज में दागे ड्रोन! 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, देहरादून आईएमए में पासिंग आउट परेड शुरू, आज होगा शूटर जसपाल राणा का अंतिम संस्कार

Good Morning India: India enters the elite club—enemy ballistic missiles will now be destroyed mid-air! Iran launches drones in the Strait of Hormuz! Storm and rain alert issued for 17 states; Passin

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर रहेंगे। वहीं भारत और अफगानिस्तान के बीच शुरू हो रही एक दिवसीय श्रृंखला का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारतीय जहाजों पर हमलों के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कई ड्रोन दागे हैं। अमेरिकी सेना का दावा है कि उसने कॉमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने के लिए भेजे गए कई ईरानी "वन-वे अटैक ड्रोन" मार गिराए। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने ही होर्मुज स्ट्रेट से निकल रहे भारतीय जहाजों पर भी ड्रोन अटैक की कोशिश की थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कॉमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने के लिए कई अटैक ड्रोन लॉन्च किए थे। CENTCOM के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने इन सभी ड्रोन को मार गिराया। बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए यह अहम समुद्री गलियारा पूरी तरह खुला हुआ है और जहाजों की आवाजाही जारी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट की मानें तो अमेरिकी अधिकारी ने भी पुष्टि की कि अमेरिकी सेना ने कई ईरानी ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया। अधिकारी के मुताबिक, ये ड्रोन कॉमर्शियल समुद्री यातायात के लिए खतरा बन सकते थे।

उधर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और समुद्री खतरों से निपटने के लिए कई अत्याधुनिक तकनीकों का सफल परीक्षण किया है। 10 और 11 जून को किए गए लगातार तीन परीक्षणों में भारत की मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) प्रणाली ने अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया। जिससे भारत अब इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) श्रेणी के खतरों को भी हवा में मार गिराने में सक्षम हो गया है। इसके साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा 'एलीट' देशों की कतार में शामिल हो गया है जिनके पास ऑपरेशनल स्तर की मिसाइल रक्षा क्षमता है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 10 और 11 जून, 2026 को लगातार तीन फ्लाइट टेस्ट किए गए, जिनमें मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) सिस्टम का प्रदर्शन किया गया। इन टेस्ट के दौरान, इंटरसेप्टर ने अपने टारगेट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। इससे एडवांस्ड और नई टेक्नोलॉजी से बने लेयर्ड डिफेंस सिस्टम की असरदार क्षमता साबित हुई, जिसे बदलते मिसाइल खतरों का मुकाबला करने के लिए बनाया गया है।

इधर तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण्-पश्चिम मानसून और उत्तरी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में व्यापक बदलाव आया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर से तटीय कर्नाटक तक गरज और चमक के साथ बारिश हुई है। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान ने भी कहर बरपाया है। बिहार में बिजली गिरने से 10 लोगों की जान चली गई है, पंजाब में भी वर्षा जनित घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई है। मौसम में यह बदलाव कम से कम 18 जून तक जारी रहने की प्रबल संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, शामली, मुरादाबाद, संभल, हाथरस और मथुरा में आंधी-तूफान और गरज के साथ बारिश हुई। हरियाणा के गोहाना, सोनीपत और रोहतक समेत कई जिलों में भी ऐसा ही हाल रहा। राजस्थान के डीग, भरतपुर, बयाना और धौलपुर में भी तेज हवाएं चलीं और छिटपुट बारिश दर्ज की गई। बिहार में बारिश के दौरान बिजली गिरने से खगड़िया में पांच लोगों की मौत हो गई और 7 लोग झुलस गए, जबकि भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा और भोजपुर जिलों में भी वज्रपात से एक-एक लोगों की जान चली गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी व्यापक वर्षा हुई। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। 

उधर 'नुक्कड़', 'जबान संभाल के' और 'हेलो ब्रदर' जैसे टीवी शोज और फिल्मों में अपने काम के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता दिनयार तिरंदाज का मुंबई में निधन हो गया। वे लोगों के बीच अपनी कॉमेडी और पारसी किरदारों को मजेदार तरीके से निभाने के लिए जाने जाते थे, जिससे वे कई पीढ़ियों के दर्शकों के बीच एक मोस्ट पॉपुलर स्टार में से एक बन गए। उनके निधन की खबर गुरुवार, 11 जून 2026 को सोशल मीडिया पर आई, जिसके बाद उनके साथियों, फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने शोक व्यक्त किया। यह खबर सबसे पहले फेसबुक ग्रुप पारसी जोरोस्ट्रियन्स वर्ल्डवाइड – द हैदराबादी पेज ने शेयर की थी। पोस्ट में लिखा था, 'स्वर्गीय रुस्तम तिरंदाज के भाई श्री दिनयार तिरंदाज का निधन हो गया है। आज दोपहर 3:45 बजे वाडिया बंगली, बॉम्बे में अंतिम संस्कार (पैदस्त) होगा।' बाद में कई इंस्टाग्राम पेजों ने भी इस खबर को रीपोस्ट किया, जिससे उनके फैंस और परिवार के लोग सदमे में हैं। इस फेसबुक पोस्ट के अनुसार तिरंदाज ने मुंबई के वाडिया बंगली में दोपहर 3:45 बजे आखिरी सांस ली। दिनयार तिरंदाज ने 1984 की फिल्म 'दुनिया' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे मनोरंजन जगत में पहचान बनाई। टेलीविजन पर वह 'नुक्कड़' और 'ब्योमकेश बख्शी' जैसे मशहूर शो में नजर आए, जहां उनकी अलग-अलग तरह के रोल निभाने की काबिलियत और एक्टिंग की तारीफ हुई। हालांकि, मशहूर सिटकॉम 'जबान संभाल के' में मिस्टर केकी दारूवाला का रोल उनके करियर का सबसे अहम हिस्सा साबित हुआ। उनका यह अनोखा और प्यारा किरदार भारतीय टेलीविजन पर पारसी समुदाय और दर्शक का फेवरेट बन गया।

इधर NEET-UG का पेपर लीक होने के बाद देशभर में री-एग्जाम कराया जा रहा है। इसे लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रविवार को 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए एग्जाम सेंटरों की घोषणा कर दी है। एनटीए ने एक पोस्ट में बताया कि अभ्यर्थी अब NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए अपने आवंटित एग्जाम सिटी की जानकारी देख सकते हैं। अपनी एग्जाम सिटी देखने और डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट https://neet.nta.nic.in पर जा सकते हैं। इसके बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं, जिसके बाद परीक्षा शहर से संबंधित जानकारी मिल जाएगी। हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है। एनटीए द्वारा जारी एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक भारत के 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ एग्जाम सिटी की सूचना है, यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसे केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र के शहर के बारे में सूचित करने के लिए जारी किया जा रहा है। एजेंसी ने कहा, "यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसमें केवल आपका परीक्षा शहर दिखाया गया है। एडमिट कार्ड बाद में जारी किया जाएगा।" एनटीए ने कहा कि सभी छात्रों को उनकी पहली पसंद का शहर देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

उधर पटना के प्रतिष्ठित बिस्कोमान भवन में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग भवन की 13वीं मंजिल पर स्थित कार्यालय में लगी और देखते ही देखते लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं। ऊंची मंजिल पर आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से 13वीं मंजिल पर स्थित बेल्ट्रॉन कार्यालय को काफी नुकसान पहुंचा है। आग की वजह से कार्यालय में रखे दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि भवन की ऊपरी मंजिल की खिड़कियों से आग की लपटें और घना धुआं साफ दिखाई दे रहा था। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग और राहगीर रुक गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ऊंचाई के कारण दमकलकर्मियों के सामने आग बुझाना आसान नहीं था। सामान्य फायर टेंडर की पहुंच सीमित होने के कारण विशेष हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और हाईराइज फायर फाइटिंग उपकरणों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद अंदर और बाहर दोनों तरफ से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

इधर तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। एक तरफ कथित हस्ताक्षर जालसाजी मामले में जांच चल रही है। वहीं, इस बीच शनिवार सुबह कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम उनके आवास पहुंची। शालबानी पुलिस थाने के अधिकारी शनिवार सुबह कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचे। इस दौरान कोलकाता पुलिस के जवानों के साथ केंद्रीयबल के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। शुरुआती खबरों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी के एक सहायक की खोज में पुलिस उनके आवास पहुंची है। पुलिस फिलहाल घर के भीतर है और तलाशी ली जा रही है। घर के भीतर पुलिस के कई जवान हैं, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी हैं। बता दें कि कथित सिग्नेचर जालसाजी के मामले में भी सीआईडी जांच कर रही है। बीते कुछ दिनों में कई बार सीबीआई और सीआईडी उनके आवास पहुंच चुकी है। फर्जी हस्ताक्षर मामले में गुरुवार को सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी। हेट स्पीच मामले में भी सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस थमाया है।  रिपोर्टों के मुताबिक, सीआईडी पहले भी कालीघाट स्थित परिसर और तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पहुंची थी। जांच का केंद्र उन आरोपों पर है जिनमें कुछ विधायकों के हस्ताक्षर कथित रूप से फर्जी बताए गए हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड शनिवार को ऐतिहासिक होगी, जब नौ महिला सैन्य अफसर यहां से पहली बार पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनेंगी। कुल 515 जेंटलमैन कैडेट पासआउट होंगे। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और सीएम धामी और राज्यपाल परेड के लिए पहुंच चुके हैं। शनिवार को सुबह आईएमए के ऐतिहासिक परेड मैदान में जेंटलमैन कैडेट्स कदमताल करते हुए सेना के अनुशासन, राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए अंतिम पग पार करेंगे। पासिंग आउट सेरेमनी में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट हिस्सा लेंगे। इनमें नौ महिला कैडेट सहित कुल 481 कैडेट भारतीय हैं। उनके साथ 16 मित्र देशों के 34 कैडेट भी पासआउट होकर अपने देश की सेनाओं का हिस्सा बनेंगे। यह दूसरा मौका है जबकि कोई महिला राष्ट्रपति आईएमए की परेड में मुख्य अतिथि हैं। इससे पहले प्रतिभा पाटिल भी परेड की सलामी ले चुकी हैं।

इधर भारत के दिग्गज शूटर और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को दिल्ली में निधन हो गया। उनका पार्थिक शरीर देर शाम को उनके आवास देहरादून पहुंचा। दिवंगत जसपाल राणा के अंतिम दर्शन करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व सीएम हरीश रावत समेत प्रदेश की तमाम राजनीतिक और खेल से जुड़ी हस्तियां उनके घर पहुंची। इस दौरान जसपाल राणा की शिष्य और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी भावुक दिखाई दी। अपने कोच और मार्गदर्शक को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर इस दौरान भावुक नजर आईं। पार्थिव शरीर के सामने पुष्प अर्पित करते समय वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं। मनु भाकर ने जसपाल राणा को भारतीय निशानेबाजी का एक युग बताया और कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। जसपाल राणा के निधन की खबर से पूरे खेल जगत में शोक की लहर है। शनिवार दोपहर 12 बजे तक पार्थिव शरीर को देहरादून स्थित पौंधा में जसपाल राणा शूटिंग रेंज में आमजन के दर्शनार्थ रखा जाएगा। इसके बाद उसे विशेष विमान से वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा।

उधर अल्मोड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ब्राइट एंड कॉर्नर के समीप एक पेड़ पर तेंदुए के चढ़े होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े आबादी वाले इलाके में तेंदुए के दिखाई देने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की खबर कुछ ही देर में पूरे शहर में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र से गुजर रहे लोगों की नजर अचानक सड़क किनारे खड़े एक पेड़ पर पड़ी, जहां एक तेंदुआ ऊंची डाल पर बैठा हुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से तेंदुए की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए। देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने के लिए मौके पर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि तेंदुआ एक बंदर का पीछा करते हुए इस क्षेत्र तक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि बंदर को पकड़ने के प्रयास में वह उसके पीछे.पीछे पेड़ पर चढ़ गया।