Good Morning India: फिलीपींस में भूकंप का कहर, कई घर गिरे, सुनामी को लेकर चेतावनी! मिडिल ईस्ट में हाई अलर्ट, इराक और सीरिया ने बंद किए हवाई क्षेत्र! राहुल गांधी ने 18 साल के सार्थक की जमकर की तारीफ, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज विपक्षी गठबंधन के नेता दिल्ली में अहम बैठक करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह आज अमरनाथ यात्रा के लिए समीक्षा बैठक करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में सोमवार सुबह 7.8 मैग्नीट्यूड का एक जोरदार भूकंप आया। इसके बाद कुछ इलाकों के तटों पर सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भूकंप का केंद्र मिंडानाओ इलाके में था। भूकंप के चलते बिजली गुल होने की खबर है और लोगों से ऊंची जगहों पर जाने की अपील की गई है। भूकंप के केंद्र की गहराई जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे है। अमेरिकी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्रों के साथ-साथ स्थानीय एजेंसियों ने तटीय इलाकों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने और भारी नुकसान की आशंका जताई है, जो अगले कई घंटों तक जारी रह सकती हैं। इस बीच कई जगहों पर भवनों में दरार और कई घर गिरने की भी खबरें हैं। रेडियो डीजेडआरएच के अनुसार, दक्षिणी फिलीपींस के जनरल सैंटोस शहर में एक इमारत का एक हिस्सा ढह गया। फिलीपीन संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि हम लोगों को सलाह देते हैं कि वे ऊंचे स्थानों पर चले जाएं या और अंदरूनी इलाकों में चले जाएं। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु प्रांतों में रहने वाले लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। ताइवान, जापान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र के कई द्वीपीय देशों और क्षेत्रों में छोटी सुनामी लहरें आने की संभावना हैं।
इधर लेबनान पर हालिया हमले के जवाब में इजरायल पर कई मिसाइलें दागने के बाद ईरान ने देश के पश्चिमी हिस्से के ऊपर का एयरस्पेस बंद कर दिया है। ईरान की न्यूज एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, नेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन के प्रवक्ता माजिद अखवन ने कहा कि सुरक्षा और बचाव संबंधी आकलन के कारण देश के पश्चिमी हिस्से के हवाई क्षेत्र को अगली सूचना तक बंद घोषित कर दिया गया है। इराकी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने घोषणा की है कि देश का एयरस्पेस अगले 72 घंटों तक बंद रहेगा। वहीं, सीरिया ने 12 घंटों के लिए अपना दक्षिणी एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और दमिश्क एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी हैं। यह घटना सोमवार को ईरान द्वारा इजरायल पर मिसाइलें दागने के बाद हुई है। 8 अप्रैल को हुए संघर्ष-विराम के बाद यह ईरान का पहला मिसाइल हमला था।
उधर पिंक सिटी जयपुर में आज एक बार फिर प्रशासन का पीला पंजा चलेगा। मालवीय नगर के नंदपुरी अंडरपास के पास सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए JDA बड़ा बुलडोजर अभियान चलाने जा रहा है। इसके तहत रास्ते में आ रहे 5 धार्मिक स्थलों के अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। आज जिन 5 धार्मिक स्थलों को हटाया जाना है उनमें एक मस्जिद, एक मजार, एक सत्संग भवन और दो मंदिर शामिल हैं। धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई से पहले प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे इलाके में भारी पुलिसबल तैनात है। इसके साथ ही प्रशासन ने मालवीय नगर के पूरे इलाके को सील कर दिया है। बुलडोजर एक्शन के दौरान किसी तरह का माहौल खराब ना हो इसके लिए जयपुर पुलिस ने पूरी तैयारी की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस के आला अफसर फोर्स के साथ फ्लैग मार्च कर रहे हैं। प्रशासन ने संवेदनशील में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए साइबर टीम को एक्टिव किया गया है। बुलडोजर एक्शन को लेकर किसी तरह की अफवाह ना फैले इसके लिए 9 जून रात 12 बजे तक इंटरनेट सर्विस को भी सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं SMS और इंटरनेट आधारित मैसेजिंग सेवाओं पर भी रोक रहेगी। इस दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सर्विस सस्पेंड रहेगी।
इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 18 साल के सार्थक की जमकर तारीफ की है और उसका वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। राहुल ने सार्थक की तारीफ करते हुए लिखा, "सार्थक 18 साल का है, पर सोच, साहस और सिद्धांत में किसी से कम नहीं है। उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो कर दिखाया जो देश के बड़े मीडिया हाउस, खोजी पत्रकार नहीं कर पाए - CBSE और COEMPT की मिलीभगत को देश के सामने रख दिया।" राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी चाहते हैं हमारे युवा रील्स बनाते रहें, पकौड़े तलते रहें, सवाल न पूछें, आंखें न खोलें। पर इन बच्चों ने सवाल भी पूछे। और जवाब भी ढूंढ निकाले। देश का 18 साल का बच्चा CBI से तेज निकला- नौजवानों की ये जीत सही मायने में सरकार की हार है। यही है भारत की असली युवा शक्ति- जिज्ञासु, जागरूक, जानकार। और याद रखिए, देश का भविष्य किसी बहकावे में नहीं आएगा।" सीबीएसई OSM (On-Screen Marking) विवाद मई 2026 में सामने आया था, जिसमें कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के डिजिटल मूल्यांकन (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) सिस्टम को लेकर बड़े पैमाने पर शिकायतें सामने आईं थीं। इसके बाद 2 जून 2026 को केंद्र सरकार ने CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया था।
उधर मालवीय नगर के होटल फ्लोरिश स्टे में तीन जून को लगी आग में झुलसे एक और विदेशी नागरिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नाइजीरिया निवासी ओकेले के रूप में हुई है। शनिवार देर रात को ओकेले ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने उनका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। हादसे में मरने वालों की संख्या अब 22 हो गई है। अस्पताल में कई और मरीजों की हालत अभी गंभीर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में ओकेले बुरी तरह झुलस गए थे। पहले उनको मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर होने पर उनको सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। बता दें कि 3 जून को हुए हादसे में कई विदेशी समेत करीब 49 लोगों को होटल से निकाला गया था। इनमें से 21 लोगों की उसी दिन मौत हो गई थी, जबकि कई लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
इधर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि दुष्कर्म से जन्मा बच्चा न तो कोई अपराधी है और न ही कलंक का प्रतीक है। उसे पूरे सम्मान, सांविधानिक संरक्षण और बराबरी का अधिकार है। यह टिप्पणी न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की एकल पीठ ने मेरठ निवासी नाबालिग पीड़िता की याचिका पर की। कोर्ट ने कहा कि बच्चे के जन्म के तरीके या परिस्थितियों से उसके मानवीय मूल्य पर कोई दाग नहीं लगता। पीड़िता के साथ हुई हिंसा, शोषण और अन्याय ही सच्चा कलंक है। वहीं, चंद्रगुप्त मौर्य जैसे ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि कई महान विभूतियों का जन्म विषम परिस्थितियों में हुआ पर उन्होंने इतिहास रच दिया। मेरठ निवासी पीड़िता ने गर्भपात की इच्छा जताई थी पर सीएमओ, पुलिस, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की लापरवाही के चलते 54 दिन बीत गए। अब ऐसे में गर्भपात संभव नहीं रहा। कोर्ट ने कहा कि कानून में गर्भपात के लिए प्रावधान होने के बावजूद नौकरशाही की लापरवाही के चलते पीड़िता को संघर्ष करना पड़ा।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केदारनाथ धाम यात्रा में वीआईपी बनने का सपना लेकर पहुंचे एक वाहन चालक की हकीकत उस समय सबके सामने आ गई, जब रुद्रप्रयाग पुलिस की पैनी नजर उसके फर्जी रुतबे पर पड़ गई। वाहन पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ से लिखकर और अवैध हूटर लगाकर यात्रा मार्ग पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहे लोगों का खेल पुलिस ने चंद मिनटों में खत्म कर दिया। चारधाम यात्रा के दौरान नियम तोड़ने वालों, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वालों और अवैध वीआईपी संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बीते दिन सोनप्रयाग क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका, जिस पर ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगी हुई थी और वाहन में अवैध हूटर भी लगा था। जांच के दौरान जब पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों से पूछताछ की तो पूरा मामला संदिग्ध नजर आया।
इधर कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप से तीन वर्षीय बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही पुलिस ने संदिग्धों के फोटो भी जारी किए हैं। जिससे जल्द से जल्द बच्ची आरोपियों को पकड़कर बच्ची की बरामदगी हो सके। पुलिस के अनुसार ठोकर नंबर 10 बैरागी कैंप से शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक बच्ची अपने घर के पास से लापता हो गई। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जिसमें एक महिला और एक पुरुष बच्ची को गोद में लेकर ले जाते हुए दिखाई दिए। बाद में दोनों संदिग्ध एक टेंपो में बैठकर वहां से जाते नजर आए।