Good Morning India: भारतीयों को मिली बड़ी राहत, H-1B वीजा फीस बढ़ाने वाला कानून कोर्ट ने किया रद्द! उज्ज्वला योजना में अब 9 की जगह मिलेंगे सिर्फ 4 सिलेंडर! विशाखापत्तनम में बड़ा हादसा! उत्तराखंड के तीन निकायों में आज होगा मतदान, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Indians receive significant relief, court strikes down law increasing H-1B visa fees! Ujjwala Yojana now offers only four cylinders instead of nine! Major accident in Visakhapatna

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज गृह मंत्री अमित शाह लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम  लॉन्च करेंगे। वहीं आज नीट-यूजी 2026 से संबंधित मामले में सुनवाई होगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में सोमवार को पिघला हुए लोहा गिरने से कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, स्टील प्लांट के SMS-2 और STC-3 ताप संयंत्र में  ताप संयंत्र में भारी मात्रा में पिघला हुआ लोहा लीक हो गया। हादसे में कई लोग घायल भी हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि अब तक 5 श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये हादसा तब हुआ जब बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी पिघला हुआ लोहा श्रमिकों के ऊपर गिर गया। पुलिस के अनुसार पिघला हुआ लोहा काफी ज्यादा गर्म था और उसका तापमान लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस था। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने लिखा- "विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे से व्यथित हूं। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना। स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुंचा रहे हैं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

इधर अमेरिका में H-1B वीजा पर काम करने का सपना देखने वाले लाखों भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा H-1B वीजा पर 1 लाख डॉलर (करीब 85 लाख रुपये) की भारी फीस लगाने की प्लानिंग को अमेरिकी अदालत ने गैरकानूनी करार देते हुए रद्द कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले से न केवल भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स और छात्रों को राहत मिली है, बल्कि उन कंपनियों को भी बड़ा फायदा होगा जो विदेशी स्किल्ड कर्मचारियों को नियुक्त करती हैं। अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन के उस नियम को रद्द कर दिया है, जिसके तहत नए H-1B वीजा के लिए 1 लाख डॉलर की फीस वसूली जानी थी। बोस्टन के जज लियो सोरोकिन ने कहा कि राष्ट्रपति को ऐसा टैक्स लगाने का अधिकार नहीं है, क्योंकि इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होती है। कोर्ट ने अपने फैसले में साफ कहा कि यह फीस एक तरह का टैक्स था और इसे लागू करने के लिए कानूनी अनुमति नहीं ली गई थी। ट्रंप प्रशासन का दावा था कि H-1B वीजा प्रोग्राम का दुरुपयोग हो रहा है। उनका कहना था कि कई कंपनियां अमेरिकी कर्मचारियों की जगह कम वेतन पर विदेशी कर्मचारियों को रख रही हैं। इसी वजह से फीस बढ़ाकर विदेशी भर्ती को कम करने की कोशिश की गई थी।

उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस बलों के कर्मियों को 7 कीर्ति चक्र (दो मरणोपरांत सहित), 15 वीर चक्र (तीन मरणोपरांत सहित) और 29 शौर्य चक्र (एक मरणोपरांत सहित) प्रदान किए। ये वीरता पुरस्कार नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 के दौरान प्रदान किए गए। ये पुरस्कार गंभीर खतरे के समय असाधारण साहस, उत्कृष्ट वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रदर्शन के लिए दिए गए। पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को राष्ट्र की सेवा करते हुए असाधारण शौर्य और आत्म-बलिदान का प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें अक्सर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बड़ा जोखिम उठाया। बता दें कि कीर्ति चक्र, भारत का दूसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, जो युद्धक्षेत्र से दूर असाधारण शौर्य, साहस और आत्म-बलिदान के लिए प्रदान किया जाता है। वीर चक्र शत्रु की उपस्थिति में वीरतापूर्ण कार्यों के लिए दिया जाता है, जबकि शौर्य चक्र शांतिकालीन अभियानों के दौरान असाधारण साहस और शौर्य को मान्यता देता है। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में सेना, नौसेना, वायु सेना, सीएपीएफ और पुलिस बलों के वे कर्मी शामिल थे, जिन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों, उग्रवाद विरोधी अभियानों, बचाव अभियानों और कर्तव्य की राह में अन्य चुनौतीपूर्ण कार्यों के दौरान उल्लेखनीय वीरता का प्रदर्शन किया।

इधर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका लगा है। केंद्र सरकार ने सोमवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की संख्या कम कर दी है। अब साल में 9 की जगह सिर्फ 4 सिलेंडर ही सब्सिडी पर मिलेंगे। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू हुई थी, तब लाभार्थियों को हर साल 12 सब्सिडी वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर मिलते थे। बाद में इसे घटाकर 9 किया गया था और अब इसे और कम करके 4 कर दिया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण मल खानूजा ने बताया कि यह नया फैसला लोगों की औसत सालाना गैस खपत को ध्यान में रखकर लिया गया है। सरकार का मानना है कि ज्यादातर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी साल में औसतन इतने ही सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं। सरकार ने साफ ईंधन को बढ़ावा देने और गैस को सस्ता बनाने के लिए मई 2022 में एक खास सब्सिडी शुरू की थी। इसके तहत 14.2 किलो के हर LPG सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी दी जाती थी, जो हर रिफिल के बाद सीधे लोगों के बैंक खाते में भेजी जाती थी। बाद में अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया गया। इसी तरह 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर पर भी अनुपात के हिसाब से फायदा दिया गया। अब हाल ही में सब्सिडी वाले सिलेंडर की संख्या कम करने का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब LPG के दाम बार-बार बढ़ रहे हैं।

उधर देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, 8 जून को मानसून ने अरब सागर के और अधिक हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ नए इलाकों में दस्तक दे दी है। वहीं अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में 11 और 12 जून को आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर उत्तराखंड और हिमाचल में 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

इधर गुलाम जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर तनाव भड़क गया है। अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे आंदोलनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में चार पुलिसकर्मियों और सात नागरिकों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। सिविल सोसाइटी समूहों के प्रतिबंधित गठबंधन ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने आर्थिक o राजनीतिक मांगों को लेकर मंगलवार को आंदोलन का आह्वान किया है।

उधर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के लिए सोमवार का दिन किसी भूकंप की तरह बीता है। ममता बनर्जी की पार्टी बुरी तरह से टूट गई है। पहले टीएमसी के करीब 60 विधायकों ने अपना अलग गुट बना लिया था। तो वहीं, अब तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने भी ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है। जानकारी के अनुसार, TMC के 20 सांसद टूटकर NDA में शामिल हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दिल्ली में TMC के बागी सांसदों से मुलाकात की है। तो वहीं, सांसद काकोली घोष दस्तीदार, ममता बनर्जी की बागियों की लीडर बनके सामने आ गई हैं। काकोली घोष ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कई बड़े दावे किए हैं।

इधर दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को इंडिया ब्लॉक की बड़ी बैठक संपन्न हो गई है। इस बैठक में केंद्र सरकार को घेरने की विपक्ष की साझा रणनीति पर चर्चा की गई है। बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, सपा सहित 25 पार्टियों के शामिल होने का दावा किया गया है। हालांकि, डीएमके और आम आदमी पार्टी ने गठबंधन से दूरी बनायी थी। बैठक के समाप्त होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के बारे में जानकारी दी है। INDIA गठबंधन की बैठक संपन्न होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया है कि इस बैठक में 25 पार्टियों ने भाग लिया है। बैठक में सभी दलों ने अपने विचार साझा किए हैं। हमने आज यह तय किया है कि हम इन मुद्दों के लिए लड़ेंगे, इन पर काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे। मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया है कि उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन भी वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हुए और अपने विचार साझा किए। वे भी इन सभी मुद्दों पर सहमत हैं।

उधर सीबीआई ने सोमवार की देर रात दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह परमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह परमार को लाल किले के पास से अरेस्ट किया है। उससे पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबित प्रदीप के खिलाफ दवा से जुड़े एक केस में रिश्वत लेने का आरोप है। प्रदीप इस समय क्राइम ब्रांच की दक्षिणी रेंज में तैनात था और इससे पहले वो लाल किला चौकी इंचार्ज भी रह चुका है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के तीन नवगठित नगर निकायों में आज मतदान होगा। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने जिसकी तैयारियों पूर्व में ही पूरी कर ली थी। आज नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर, नगर पंचायत गढ़ीनेगी और नगर पंचायत पाटी पर अध्यक्ष पद और उनके सदस्यों के लिए वोटिंग होगी। मतदान सुबह 8:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा। वहीं मतगणना 11 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुल 10,251 मतदाता 18 वार्डों और 19 मतदान स्थलों पर वोटिंग करेंगे। गौरतलब है कि उधम सिंह नगर ते गढ़ीनेगी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत घोषित किया गया है, जहां पहली बार निकाय चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं गढ़ीनेगी निकाय अध्यक्ष पद और 7 सदस्यों के पदों पर आज मतदान होगा। जबकि यहां नगर पंचायत अध्यक्ष पद अनारक्षित है, जिससे मुकाबला रोचक होगा। चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत घोषित किया गया है।

इधर उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे दामाद ने अपनी ससुराल में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में ससुर, साली और साला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जबकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में उसके ससुर, साली और साले को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।