नैनीताल:कैंचीधाम में महिला से पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अभद्रता पर भड़के व्यापारी,निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग,बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को रोकने पर भी जताई आपत्ति

Nainital: Traders outraged over alleged misconduct by police personnel towards a woman at Kainchi Dham; demand an impartial investigation and strict action.

कैंची क्षेत्र में एक स्थानीय महिला के साथ दो पुलिस कर्मियों द्वारा कथित अभद्रता और दुर्व्यवहार किए जाने के आरोपों को लेकर व्यापारियों और होटल व्यवसायियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र के व्यापारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि जिस पुलिस बल को कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है, यदि उसी से जुड़े कर्मियों पर इस प्रकार के आरोप लगते हैं तो इससे जनता का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान व्यापारियों और होटल व्यवसायियों ने कैंची धाम मेले के दौरान पुलिस बल की व्यवस्थाओं को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि प्रत्येक वर्ष मेले और अन्य विशेष अवसरों पर अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने के लिए स्थानीय होटल संचालकों पर कमरे उपलब्ध कराने का दबाव बनाया जाता है। छोटे होटल व्यवसायियों के लिए पर्यटन सीजन में अपने व्यवसायिक कमरे पुलिस बल को देना आर्थिक रूप से नुकसानदायक साबित होता है, जिससे उनके कारोबार और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की स्थिति में उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था प्रशासन स्वयं सुनिश्चित करे तथा स्थानीय होटल व्यवसायियों पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। साथ ही महिला से कथित अभद्रता के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

व्यापारियों ने कहा कि कैंची क्षेत्र के व्यापारी हमेशा प्रशासन के सहयोगी रहे हैं और आगे भी रहेंगे, लेकिन स्थानीय लोगों के सम्मान, सुरक्षा और व्यवसायिक हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बता दे कि मामले में धीरज तिवारी (अध्यक्ष), पवन भट्ट (महामंत्री), भुवन तिवारी (वरिष्ठ व्यापारी), पंकज निगल्टिया (ग्राम प्रधान) तथा अखिलेश सेमवाल (सह प्रभारी, कुमाऊँ मंडल, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल) सहित क्षेत्र के व्यापारियों और होटल व्यवसायियों की ओर से प्रमुख रूप से ये मांग उठाई गई है।
इस बीच व्यापारी नेता एवं प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कुमाऊँ मंडल सह प्रभारी अखिलेश सेमवाल ने प्रशासन से अपील की है कि जिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों की कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में पहले से बुकिंग है तथा जिनके लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध है, उन्हें भीमताल, भवाली या नैनीताल में अनावश्यक रूप से न रोका जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे श्रद्धालुओं को अपने वाहनों के साथ गंतव्य तक पहुंचने की अनुमति दी जानी चाहिए ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुविधाजनक बनी रहे।