Good Morning India: ट्रंप का बड़ा दावा, आज खत्म होगी जंग, खुलेगा होर्मुज! बिहार में छात्रों का हिंसक प्रदर्शन! राम मंदिर चंदा गबन मामला, कर्मचारी के घर मिले 10 लाख, गोबर के ढेर में छिपाए थे पैसे! उत्तराखंड में पानी के लिए खून-खराबा, भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला

Good Morning India: Trump's bold claim—war to end today, Strait of Hormuz to open! Violent student protests in Bihar! Ram Mandir donation embezzlement case: ₹10 lakh found at an employee's home—cash

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। वहीं आज आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट में फरवरी से जारी टेंशन पर आज विराम लग सकता है। ईरान के साथ शांति समझौते को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ शांति समझौते पर आज साइन होंगे। इसके तुरंत बाद होर्मुज स्ट्रेट खुल जाएगा। वहीं, हालात सामान्य होने पर न्यूक्लियर डस्ट लेने के लिए अमेरिका ईरान जाएगा। ट्रंप ने दावा किया कि अब ईरान परमाणु हथियार नहीं चाहता और न ही उन्हें यह मिलेगा, चाहे खरीदकर, बनाकर या किसी और तरीके से। उन्होंने कहा कि इस डील पर आज साइन होने हैं और साइन होते ही होर्मुज स्ट्रेट सभी के लिए खुल जाएगा। ईरान के साथ हमारे रिश्ते पिछली सरकारों के मुकाबले बहुत अलग और बेहतर हैं। ओबामा ने उन्हें जो अरबों डॉलर दिए थे, जिसमें 1.7 अरब डॉलर नकद भी शामिल थे। उसके उलट, अब कोई पैसे का लेन-देन नहीं होगा। 

इधर बिहार के दानापुर पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह छात्रों ने जबरदस्त हंगामा किया। परीक्षा देने के लिए छात्र परीक्षा केंद्र जा रहे थे, लेकिन ट्रेन होने से परेशान हो गए। गुस्साए छात्रों ने दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। बिहार में पुलिस मद्य निषेध की परीक्षा है। परीक्षा देने जाने के लिए हजारों की संख्या में छात्र पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन लेट हो गई। इससे नाराज छात्र रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात इतने बिगड़े कि छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने प्लेटफार्म पर जमकर तोड़फोड़ की और जबरदस्त पथराव किया। घंटों तक पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा होता रहा, जिसमें आईजी जितेंद्र राणा समेत कई थाना इंचार्ज घायल हो गए। छात्रों का कहना है कि अभ्यर्थियों के लिए ट्रेन का इंतजाम नहीं था, जिससे ज्यादातर छात्र समय से परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसलिए अब इस परीक्षा को रद्द करना चाहिए। 

उधर अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के 7 करोड़ रुपए की चोरी के दावे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट ने शनिवार को सीएम योगी से चोरी के दावे की जांच SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) से कराने की मांग की। इसके कुछ ही घंटों बाद शासन ने 3 सदस्यीय SIT बना दी है। वहीं, मंदिर के कर्मचारी लवकुश मिश्रा (27) के घर से 10 लाख रुपए बरामद हुए हैं। उसने रुपए गोबर में दबाकर छिपाए थे। इसके अलावा, कुछ पैसे बक्से में भी रखे थे। हालांकि, ये रुपए किसके हैं, यह अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं लवकुश के पिता ने भी रुपए मिलने की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, लवकुश मंदिर में चढ़ावे की रकम गिनने का काम करता था। लवकुश की नौकरी उसके ससुर ने लगवाई थी। लवकुश का साला अनुकल्प मिश्रा पहले से मंदिर में नौकरी कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, अनुकल्प और लवकुश दोनों अभी पुलिस हिरासत में हैं। SIT में लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत (IAS), किरन एस. (IPS, आईजी रेंज) और नीलरतन (विशेष सचिव, वित्त) को शामिल किया गया है। किरन एस. सीबीआई में डीआईजी रह चुके हैं। यानी वित्त, कानून के एक्सपर्ट को कमिश्नर लीड करेंगे।

इधर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर के पास पानी को लेकर खून बह गया। मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो समुदाय के बीच हुई हिंसा में विनोद नाम के युवक को भीड़ ने घेर कर बेरहमी से मार डाला। भीड़ के हमले में दो युवक घायल भी हुए हैं। जिनका इलाज जारी है। युवक पर हमले के आरोपियों पर एक्शन की मांग को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सड़क जाम कर देर रात तक प्रोटेस्ट चलता रहा। जाम हटाने पहुंची पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन और उत्तराखंड में योगी मॉडल की मांग कर रहे लोगों ने जमकर नारेबाजी की। दो समुदाय के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर प्रशासन अलर्ट है। हालात को संभालने के लिए हिंसा प्रभावित इलाके में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। हालात को नियंत्रण में करने के लिए देर रात पीएसी को भी बुलाया गया है।

उधर तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम में आधी रात धरती हिलने लगी। यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दो बजकर 26 मिनट के करीब भूकंप महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.8 मैग्नीट्यूड थी। इस तीव्रता के भूकंप कोई बड़ा नुकसान नहीं करते हैं और इस घटना में भी कोई खास नुकसान नहीं हुआ। देर रात होने के कारण अधिकतर लोग सो रहे थे और उन्हें भूकंप का पता भी नहीं चला। हालांकि, तीव्रता 6 से ज्यादा होने पर भारी नुकसान हो सकता था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में रिक्टर स्केल पर 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटके देर रात दो बजकर 26 मिनट के करीब महसूस किए गए। भूकंप केंद्र की गहराई मात्र 10 किलोमीटर थी। अभी तक किसी जान-माल की हानि या नुकसान की कोई खबर नहीं है। स्थानीय लोगों ने हल्के झटके महसूस किए, लेकिन यह इतना कमजोर था कि बड़े पैमाने पर कोई असर नहीं पड़ा। 

इधर धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ODI में भले ही रोहित शर्मा का बल्ला ज्यादा देर नहीं चला, लेकिन छोटी सी पारी में ही उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिया जिसने दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। हिटमैन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर 16 हजार रन पूरे करते हुए ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही वह वीरेंद्र सहवाग के खास क्लब में भी शामिल हो गए। बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के मुकाबले में भारत को 195 रन का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया की शुरुआत करने उतरे रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर शानदार छक्का जड़ते ही इतिहास रच दिया। इसी शॉट के साथ उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में ओपनर के तौर पर अपने 16 हजार रन पूरे किए।

उधर शिमला से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। दिनदहाड़े वारदात से इलाके में दहशत है और पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि कुछ देर पहले सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मीनाक्षी मित्तल की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षित कर लिया है तथा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। संदिग्धों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इधर देश के आठ राज्यों में प्री मानसून एक्टिव हो गया है। वहीं, राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की कई जगहों पर आंधी और बारिश का कहर देखने को मिला। शनिवार को एमपी के भोपाल समेत चार जिलों में बारिश हुई। आंधी के बाद पेड़ और बिजली के तार टूट गए। वहीं, यूपी में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव और गाजीपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई तो कासगंज में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई। राजस्थान के चुरू में आंधी-बारिश के चलते मकान की दीवार गिरने से परिवार के 4 सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करके इन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रेमनगर स्थित बिधौली के जंगल में स्थानीय निवासियों ने एक हिंदू युवती को मुस्लिम युवक के साथ पकड़ लिया। उन्होंने इसकी सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपित को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार टिहरी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने 29 अप्रैल 2025 को शिकायतीपत्र दिया था कि वह बिधौली स्थित एक होस्टल में काम करते हैं। उनकी नाबालिग पुत्री (अब बालिग) को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित मोहम्मद चांद निवासी ग्राम धौलावड़ा थाना सरसावा जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया। पीड़ित के बयान व साक्ष्यों के आधार पर आरोपित मोहम्मद चांद के विरुद्ध दुष्कर्म व पोक्सो की धाराओं में बढ़ोतरी कर दी।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को गदरपुर पहुंचे। इस दौरान सीएम धामी ने भाजपा विधायक अरविंद पांडे के आवास पर उनसे करीब 45 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की। लंबे समय से अपनी ही सरकार पर सवाल उठाते रहे अरविंद पांडे के तेवर इस मुलाकात के बाद कुछ नरम पड़ते दिखाई दिए। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक अरविंद पांडे के बीच करीब 45 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ समय से अरविंद पांडे लगातार अपनी ही सरकार और संगठन के खिलाफ मुखर रहे हैं।