मुख्य न्यायाधीश कप गोल्फ प्रतियोगिता का भव्य समापन, युवा और महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
नैनीताल। नैनीताल के लोकभावना गोल्फ ग्राउंड में आयोजित द्वितीय मुख्य न्यायाधीश कप गोल्फ प्रतियोगिता का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हो गया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में युवा, महिला और वेटरन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में कुल 58 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे गोल्फ खेल के प्रति बढ़ती रुचि और उत्साह साफ नजर आया।
राजभवन गोल्फ कोर्स में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने किया था। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में न्यायाधीश सिद्धार्थ साह, पूर्व न्यायाधीश जे.सी.एस. रावत, बी.एस. वर्मा, जैनेंद्र कुमार रांका सहित अनेक अधिवक्ता और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेस्ट नेट श्रेणी में अलाभ्य एस. रावत विजेता तथा आयुष्मान साह उपविजेता रहे। बेस्ट ग्रॉस वर्ग में आशुतोष गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राहुल वर्मा उपविजेता बने। न्यायाधीश वर्ग में बेस्ट नेट का खिताब जितेंद्र के. रांका ने जीता, जबकि मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता उपविजेता रहे। बेस्ट ग्रॉस (जज) वर्ग में बी.एस. वर्मा विजेता और न्यायाधीश सिद्धार्थ साह उपविजेता घोषित किए गए। महिला वर्ग में कमलेश सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि वर्षिता साह उपविजेता रहीं। वेटरन वर्ग में सरताज सिंह टूर विजेता और मुकेश चंद वशिष्ठ उपविजेता रहे। वहीं सुपर वेटरन श्रेणी में जे.सी.एस. रावत ने प्रथम तथा टी.पी. सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। जूनियर वर्ग में नित्यानंत नैथानी विजेता और याना त्यागी उपविजेता बने। अंडर-12 वर्ग में रिदित नैथानी ने पहला तथा रुषांक प्रताप सिजवाली ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में "मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर" का पुरस्कार कुंवर म्यूरेन्द्र रौतेला को दिया गया। वहीं सुचिता जोशी को सर्वाधिक बर्डीज और शिखर को सर्वाधिक पार बनाने के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रदेश में गोल्फ खेल को नई पहचान देने के साथ युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रही हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों और अतिथियों ने आयोजक समिति को बधाई दी।